You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
'राहुल गांधी में बिल्कुल हिम्मत नहीं है'
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नरेंद्र मोदी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है.
केजरीवाल ने ट्वीट पर लिखा, ''राहुल (गांधी) में हिम्मत नहीं है कि वो मोदी जी के ख़िलाफ़ कोई ख़ुलासा करे. जिस दिन वो ऐसा करेंगे, मोदीजी रॉबर्ट वाड्रा को गिरफ़्तार कर लेंगे.''
राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि उनके पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भ्रष्टाचार में शामिल होने के सबूत हैं और उन्हें इसी वजह से संसद में बोलने से रोका जा रहा है.
ये सवाल उठ रहे थे कि अगर वाकई उनके पास ऐसे सबूत हैं, तो उन्हें संसद या बाहर ख़ुलासा करना चाहिए.
पीएम मोदी से मिले राहुल गांधी
लेकिन ऐसा करने के बजाय किसानों का कर्ज़ माफ़ करने की मांग के साथ राहुल गांधी ने कांग्रेसी नेताओं के संग शुक्रवार को प्रधानमंत्री से मुलाक़ात की.
वरिष्ठ पत्रकार बरखा दत्त के ट्वीट पर केजरीवाल ने राहुल पर हमला बोला. दत्त ने ट्वीट किया, ''कनफ़्यूज़. राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के भ्रष्टाचार में शामिल होने के सबूतों की बात की, और कोई ख़ुलासा नहीं किया. जिस दिन पूरा विपक्ष राष्ट्रपति से मिलता है, वो प्रधानमंत्री से मुलाक़ात करते हैं. इसका क्या मतलब बनता है?''
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक प्रधानमंत्री से मिलने के बात राहुल ने कहा कि मोदी ने संयम से उनकी बात सुनी, लेकिन कोई वादा नहीं किया.
किसानों की हालत पर हुई चर्चा
राहुल गांधी ने कहा, ''देश में किसानों की ख़राब स्थिति पर कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की. हर रोज़ पंजाब में किसान ख़ुदकुशी कर रहा है. वो देश भर में जान दे रहे हैं.''
पीटीआई के अनुसार प्रधानमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बात ग़ौर से सुनी और राहुल गांधी से कहा कि उन दोनों को मुलाक़ात करते रहना चाहिए.
उधर भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने राहुल गांधी के ख़िलाफ़ मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है.
स्वामी के मुताबिक किसी अपराध की जानकारी रखना और उसकी जानकारी ना देने पर तीन साल क़ैद हो सकती है.
संसद के बाहर स्वामी ने कहा, ''क़ानून के मुताबिक उन्हें इसकी जानकारी पुलिस या अदालत को देनी चाहिए और ऐसा ना करने पर तीन साल की सज़ा हो सकती है.''
खड़गे को जानकारी नहीं
मोदी के ख़िलाफ़ राहुल जिन सबूतों की बात कर रहे हैं, उनकी जानकारी कांग्रेस के कुछ नेताओं को भी नहीं हैं.
लोकसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, ''उन्होंने इसकी जानकारी हमसे साझा नहीं की है. ना मैंने उनसे पूछा और ना उन्होंने मुझे बताया.''
ये पूछने पर कि राहुल गांदी संसद के बाहर जानकारी का ख़ुलासा क्यों नहीं कर रहे, खड़गे ने कहा, ''मैंने उनसे इस बारे में पूछा नहीं. इस पर हमारी कोई चर्चा नहीं हुई है.''