BBCHindi.com
अँग्रेज़ी- दक्षिण एशिया
उर्दू
बंगाली
नेपाली
तमिल
 
बुधवार, 25 अगस्त, 2004 को 06:11 GMT तक के समाचार
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
उमा 14 दिन की न्यायिक हिरासत में
 
उमा भारती और बाबूलाल गौर
उमा भारती के उत्तराधिकारी बाबूलाल गौर
हुबली की एक अदालत ने भारतीय जनता पार्टी की नेता नेता उमा भारती को 10 साल पहले भड़के दंगों के एक मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है.

उमा भारती बुधवार को कर्नाटक के शहर हुबली पहुँचीं जहाँ उनके ख़िलाफ़ गिरफ़्तारी वारंट निकला था.

अपने समर्थकों की भीड़ लेकर हुबली पहुँचने के बाद उन्होंने स्थानीय अदालत में समर्पण किया.

उन्होंने ज़मानत के लिए कोई अर्जी नहीं दी.

संभावना है कि उमा भारती को हुबली में किसी गेस्ट हाउस में न्यायिक हिरासत में रखा जाएगा.

वारंट की वजह से ही दो दिन पहले उमा भारती ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.

उनकी जगह पर बाबूलाल गौर को राज्य का नया मुख्यमंत्री बनाया गया है.

भोपाल में इस्तीफ़ा देने के बाद उमा भारती रेलगाड़ी से महाराष्ट्र के रास्ते होते हुए हुबली पहुँचीं.

कर्नाटक के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अनंत कुमार और पार्टी नेता शाहनवाज़ हुसैन भी उनके साथ हुबली पहुँचे.

राजनीति

उमा भारती मामले ने पिछले कुछ दिनों से भारत में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है.

भाजपा इस मुद्दे पर राजनीतिक आँदोलन शुरू करना चाहती है.

मगर सत्ताधारी दल कांग्रेस ने भाजपा की इस रणनीति की निंदा की है और कहा है कि उमा भारती का मामला आपराधिक है जबकि भाजपा इसे उमा भारती की शहादत की तरह पेश कर रही है.

उमा भारती मामले पर इस सप्ताह संसद में भी बड़ा हंगामा हुआ.

विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने आपराधिक मामलों में फंसे मंत्रियों को हटाने की माँग करते हुए संसद के दोनों सदनों में विरोध किया जिसके कारण वहाँ सोमवार और मंगलवार को कोई काम नहीं हो पाया.

उमा भारती के ख़िलाफ़ वारंट 1994 के एक मामले में जारी हुए हैं.

उन्होंने तब हुबली में एक विवादित ईदगाह में कर्फ्यू के बावजूद जाकर तिरंगा झंडा फ़हराया था.

इसके बाद वहाँ दंगे भड़क उठे थे जिसमें अनेक लोग मारे गए थे.

 
 
इससे जुड़ी ख़बरें
 
 
इंटरनेट लिंक्स
 
बीबीसी बाहरी वेबसाइट की विषय सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
 
सुर्ख़ियो में
 
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
 
  मौसम |हम कौन हैं | हमारा पता | गोपनीयता | मदद चाहिए
 
BBC Copyright Logo ^^ वापस ऊपर चलें
 
  पहला पन्ना | भारत और पड़ोस | खेल की दुनिया | मनोरंजन एक्सप्रेस | आपकी राय | कुछ और जानिए
 
  BBC News >> | BBC Sport >> | BBC Weather >> | BBC World Service >> | BBC Languages >>