वेनेज़ुएला के लोगों से विपक्षी नेता मरिया कोरीना मचादो बोलीं- आज़ादी का समय आ गया है
वेनेज़ुएला पर अमेरिका के हमले और राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के अमेरिकी दावे के बाद वेनेज़ुएला की विपक्षी नेता मरिया कोरीना मचादो की प्रतिक्रिया आई है.
न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सिरीज़ के लिए बीसीसीआई ने भारतीय टीम की घोषणा की
लाइव कवरेज
सुरभि गुप्ता, सुमंत सिंह
पाकिस्तानी विदेश मंत्री चीन दौरे के लिए रवाना, इन मुद्दों पर होगी चर्चा
इमेज स्रोत, X/@ForeignOfficePk
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के मुताबिक़, यह यात्रा चीनी विदेश मंत्री के बुलावे पर हो रही है
पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक़ डार चीन दौरे के लिए रवाना हो गए हैं. वह रविवार, 4 जनवरी को होने वाले सातवें पाकिस्तान-चीन रणनीतिक संवाद में शामिल होंगे.
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक़, इसहाक़ डार साल 2026 में चीन की यात्रा करने वाले पहले विदेशी नेता हैं. यह दौरा चीनी विदेश मंत्री के बुलावे पर हो रहा है.
मंत्रालय के मुताबिक़, दोनों विदेश मंत्रियों के बीच बातचीत के दौरान द्विपक्षीय सहयोग के संपूर्ण दायरे की समीक्षा और साझेदारी के नए क्षेत्रों की पहचान की जाएगी.
इसके साथ ही पाकिस्तान और चीन के बीच ऑल वेदर स्ट्रैटेजिक कोऑपरेटिव पार्टनरशिप को आगे बढ़ाया जाएगा.
बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफ़िज़ुर रहमान को लेकर बीसीसीआई ने केकेआर को दिया ये निर्देश
इमेज स्रोत, Tanvin Tamim/Drik/Getty
इमेज कैप्शन, मुस्तफ़िज़ुर रहमान को आईपीएल मिनी ऑक्शन में केकेआर ने ख़रीदा था
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि बीसीसीआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को उसके खिलाड़ी मुस्तफ़िज़ुर रहमान को टीम से बाहर करने का निर्देश दिया है.
देवजीत सैकिया ने बताया, "हाल के घटनाक्रम के बाद बीसीसीआई ने केकेआर को बांग्लादेश के ख़िलाड़ी मुस्तफ़िज़ुर रहमान को उसके स्क्वाड से रिलीज़ करने का निर्देश दिया है. अगर केकेआर किसी रिप्लेसमेंट की मांग करती है तो बीसीसीआई इसकी अनुमति देगा."
बांग्लादेश के क्रिकेटर मुस्तफ़िज़ुर रहमान को लेकर बीते कई दिनों से भारत में विरोध हो रहा है. यह विरोध बांग्लादेश में भीड़ द्वारा एक हिन्दू युवक की हत्या के बाद शुरू हुआ.
भारत में एक बीजेपी नेता और कई हिन्दू धर्म गुरुओं ने मुस्तफ़िज़ुर रहमान को केकेआर में शामिल करने का विरोध किया और केकेआर के संयुक्त मालिकों में से एक बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख़ ख़ान को 'देशद्रोही' तक कहा है.
वहीं, कांग्रेस के कुछ नेताओं ने शाहरुख़ ख़ान को 'देशद्रोही' कहने का कड़ा विरोध करते हुए इसे भारत के बहुलतावादी समाज पर हमला बताया है.
हिमाचल प्रदेश में एक छात्रा की मौत का मामला, परिजनों ने यौन उत्पीड़न और रैगिंग के आरोप लगाए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कांगड़ा के एसपी ने बताया कि छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर एफ़आईआर दर्ज हुई है
हिमाचल प्रदेश में एक छात्रा की मौत के मामले में पुलिस ने यौन उत्पीड़न और रैगिंग का मामला दर्ज किया है.
छात्रा के परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ कॉलेज में रैगिंग हुई और कॉलेज के प्रोफ़ेसर ने यौन उत्पीड़न किया था.
पुलिस ने छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.
कांगड़ा ज़िले के एसपी अशोक रत्तन ने बताया, "हमें एक शिकायत मिली थी, उसकी पुष्टि करने के बाद हमने गुरुवार (1 जनवरी) शाम शिकायत दर्ज कर ली है.... इसमें बीएनएस की विभिन्न धाराएं और रैगिंग एक्ट के तहत धाराएं लगाई गई हैं."
उन्होंने बताया, "मृतका धर्मशाला की रहने वाली थीं. जांच अभी शुरुआती दौर में है. फ़ैकल्टी मेंबर पर यौन उत्पीड़न के आरोप और सहकर्मियों पर रैगिंग के आरोप विचाराधीन हैं और इनकी पुष्टि की जा रही है."
पुलिस अधिकारी ने बताया, "20 तारीख़ की घटना सीएम हेल्पलाइन के ज़रिए रिपोर्ट हुई थी, हमने इसकी भी छानबीन की. उस समय यौन उत्पीड़न के आरोप नहीं शामिल थे. अभी इन आरोपों की पुष्टि की जा रही है."
उन्होंने यह भी बताया कि लड़की का इलाज सात विभिन्न अस्पतालों में हुआ है. पुलिस इलाज की जानकारी अस्पतालों से लेकर मौत के कारणों की जांच करेगी.
एसपी अशोक रत्तन ने जाति आधारित शोषण के आरोपों पर कहा कि 'एफ़आईआर उनके पिता की शिकायत के आधार पर दर्ज हुई है. इसमें कहीं भी इस बात का ज़िक्र नहीं है कि लड़की के किसी ख़ास समुदाय के होने की वजह से रैगिंग हुई है.'
माता-पिता ने क्या कहा?
छात्रा की मां ने अभियुक्तों को गिरफ़्तार करने और इंसाफ़ की मांग की.
उन्होंने कहा, "मैं बस ये चाहती हूं कि जो भी इसमें शामिल हैं, वो पकड़े जाएं. मेरे बच्चे को इंसाफ़ चाहिए."
वहीं, उनके पिता का कहना है कि उनकी बेटी के साथ मारपीट हुई, जिसके बाद वह डिप्रेशन में चली गई. उन्होंने कॉलेज के प्रोफ़ेसर पर यौन उत्पीड़न के आरोप भी लगाए.
पिता ने कहा, "मेरी बच्ची के साथ ग़लत हुआ है. इनके प्रोफ़ेसरों ने ऐसा किया है."
मारपीट की घटना के बारे में वह बताते हैं, "मेरे बच्चे ने मुझे फ़ोन करके बताया कि उसे लड़कियों ने मारा है. उसने लड़कियों का नाम बताया.... वह डरी हुई थी. उसको डराया गया."
मेक्सिको में 6.5 तीव्रता का भूकंप, कम से कम दो लोगों की मौत, क्लेयर कीनन
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भूकंप का केंद्र लोकप्रिय पर्यटक शहर अकापुल्को के नज़दीक था
मेक्सिको में शुक्रवार को आए 6.5 तीव्रता के भूकंप के बाद कम से कम दो लोगों की मौत हो गई है. भूकंप के झटके देश के दक्षिणी और मध्य हिस्से में महसूस किए गए.
अमेरिका में बीबीसी के न्यूज़ पार्टनर सीबीएस ने स्थानीय समय के अनुसार शुक्रवार शाम तक दो लोगों के मारे जाने और कई लोगों के घायल होने की जानकारी दी है.
इस भूकंप का केंद्र दक्षिण-पश्चिमी राज्य गरेरो में सैन मार्कोस के पास, लोकप्रिय पर्यटक शहर एकापुल्को के नज़दीक था.
गुएरेरो की गवर्नर एवेलिन सालगादो ने बताया कि राज्य में 50 साल की एक महिला की मौत होने की आशंका है. वहीं, मेक्सिको सिटी की मेयर क्लारा ब्रुगादा ने 60 साल के एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने यह भी कहा कि 12 लोग घायल हुए हैं.
ब्रुगादा के अनुसार, शुक्रवार के भूकंप के बाद उसके झटके अब भी महसूस किए जा रहे थे. उन्होंने स्थानीय लोगों से "शांत रहने" और "हमेशा लाइफ़ बैकपैक तैयार रखने" की अपील की.
बांग्लादेश और नेपाल के चुनाव भारत के लिए कितने अहम हैं?
2026 में बांग्लादेश और नेपाल में होने वाले चुनाव दक्षिण एशिया की स्थिरता, भारत की सुरक्षा और क्षेत्रीय शक्ति संतुलन से सीधे जुड़े हुए हैं.
ऐसे में क्या भारत अपने पड़ोस में भरोसे और साझेदारी की नीति को आगे बढ़ा पाएगा?
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के साप्ताहिक कार्यक्रम 'द लेंस' में इसी पर चर्चा. देखिए यह एपिसोड.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट YouTube समाप्त
ईरान में 'आठ प्रदर्शनकारियों' की मौत पर संयुक्त राष्ट्र ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, संयुक्त राष्ट्र ने ईरान में 'प्रदर्शनकारियों की हत्या' पर चिंता जताई है (फ़ाइल फ़ोटो)
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद की एक अधिकारी ने ईरान में हो रहे विरोध प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा बलों से हुई झड़पों में आठ लोगों की मौत को 'हत्या' कहा है.
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान मामलों की स्पेशल रैपोर्टियर माई सातो ने ईरान में हालिया प्रदर्शनों के दौरान "आठ प्रदर्शनकारियों की हत्या" पर चिंता व्यक्त की है.
यूएन अधिकारी का कहना है कि वह ईरान में राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के छठे दिन की स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रही हैं और उन्हें मिली रिपोर्ट्स से "प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच बढ़ती झड़पों का संकेत मिलता है."
उन्होंने ईरानी अधिकारियों से अभिव्यक्ति, संगठन और शांतिपूर्ण सभा की स्वतंत्रता के अधिकारों का सम्मान करने और प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ अत्यधिक बल प्रयोग से परहेज करने की अपील की है.
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत और स्थायी प्रतिनिधि अमीर सईद इरवानी ने यूएन महासचिव और सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो गुटेरेस को एक पत्र लिखा है.
इस पत्र में उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणी और "बाहरी दबाव" को लेकर कहा है कि ऐसे प्रयास "ईरान की संप्रभुता, राजनीतिक स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता का घोर उल्लंघन" हैं.
ईरान में पिछले छह दिनों से बढ़ती महंगाई और देश की ख़राब होती आर्थिक स्थिति के विरोध में प्रदर्शन हो रहे हैं. इन प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा बलों से हुई झड़पों में कई लोगों की मौत हुई है.
ज़ेलेंस्की ने भ्रष्टाचार के आरोप के बाद राष्ट्रपति कार्यालय के नए प्रमुख की घोषणा की
इमेज स्रोत, Telegram/Zelenskiy / Official
इमेज कैप्शन, ज़ेलेंस्की ने कीएव में बुदानोव के साथ हुई बैठक की एक तस्वीर भी साझा की है
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने देश के इंटेलिजेंस चीफ़ कायरिलो बुदानोव को अपना नया चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ बनाने की घोषणा की है.
ज़ेलेंस्की के पिछले शीर्ष सहयोगी एंद्री येरमक पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे, जिसके बाद उन्हें इस्तीफ़ा देना पड़ा था. रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान येरमक का राजनीतिक प्रभाव काफ़ी ज़्यादा रहा.
उन्होंने युद्ध ख़त्म करने के उद्देश्य से अमेरिका के साथ हुई अहम बातचीत में यूक्रेन की वार्ता टीम का नेतृत्व भी किया.
येरमक के इस्तीफ़े के एक महीने बाद ज़ेलेंस्की ने बुदानोव के नाम का एलान किया है.
ज़ेलेंस्की ने कीएव में बुदानोव के साथ हुई बैठक की एक तस्वीर साझा करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "इस समय यूक्रेन को सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर ज़्यादा ध्यान देने की ज़रूरत है."
39 साल के बुदानोव सैन्य ख़ुफ़िया एजेंसी 'हुर' का नेतृत्व कर रहे थे. इस एजेंसी ने रूस के ख़िलाफ़ कई बेहद असरदार हमलों का दावा किया है.
ज़ेलेंस्की ने यह भी कहा कि उनका इरादा मौजूदा रक्षा मंत्री देनिस श्मिहाल को बदलने का भी है और वह डिजिटल ट्रांसफ़ॉर्मेशन मंत्री मिखाइलो फ़ेदोरोव को इस पद पर नियुक्त करेंगे.
सऊदी अरब से तनाव के बीच यूएई की सेना की यमन से वापसी पूरी हुई
इमेज स्रोत, Saleh Al-OBEIDI / AFP via Getty
इमेज कैप्शन, यूएई ने यमन से अपने सैनिकों की वापसी की घोषणा की थी (सांकेतिक तस्वीर)
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी कर बताया कि यमन से उसके सशस्त्र बलों की वापसी पूरी हो गई है.
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा, "यूएई के सशस्त्र बलों की यमन से संपूर्ण वापसी पूरी हो गई है. इसे आतंकवाद के ख़िलाफ़ काम कर रही टीमों के बचे हुए कार्यों को समाप्त करने के लिए पहले से घोषित फ़ैसले के तहत किया गया है."
यमन में अलगाववादी समूहों को समर्थन के मुद्दे पर बीते कई दिनों से सऊदी अरब और यूएई के बीच तनाव चल रहा है. यह तनाव उस वक्त शुरू हुआ जब हाल ही में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में एक हवाई हमला किया.
इस हमले में यूएई से आए कथित हथियारों और सैन्य वाहनों को निशाना बनाया गया. इसके बाद सऊदी अरब ने मांग की थी कि यूएई यमन सरकार के अनुरोध पर अमल करते हुए 24 घंटे के भीतर अपनी सेना वापस बुलाए.
इस मांग की प्रतिक्रिया में यूएई ने सभी आरोपों का खंडन तो किया, लेकिन अपनी सेना वापस बुलाने की घोषणा भी की.
ट्रंप की चेतावनी पर ईरान बोला- 'यह हिंसा और आतंकवाद को उकसाने जैसा'
इमेज स्रोत, Iranian Leader Press Office/Anadolu via Getty
इमेज कैप्शन, ईरान में बढ़ती महंगाई और देश की बुरी होती आर्थिक स्थिति के मुद्दे पर कई दिनों से विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं
ईरान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान की कड़ी निंदा की है और इसे उसके आंतरिक मामलों पर "दख़ल देने वाला" बताया है.
ट्रंप ने शुक्रवार को ईरान में चल रहे विरोध प्रदर्शनों को लेकर ईरानी सरकार को चेतावनी दी थी और प्रदर्शनकारियों को मदद का भरोसा दिया था.
उन्होंने कहा था, "अगर ईरान शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाता है और उन्हें बेरहमी से मारता है, जो कि उनकी आदत है, तो अमेरिका उनको (प्रदर्शनकारियों को) बचाने के लिए आएगा."
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ट्रंप के इस बयान पर ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा, "इस प्रकार का ग़ैर-ज़िम्मेदाराना रवैया ईरान को लेकर अमेरिका की दादागिरी और अवैध रवैये का विस्तार है. यह न केवल संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय क़ानून के मूलभूत सिद्धांतों और नियमों का घोर उल्लंघन है, बल्कि ईरान के नागरिकों के ख़िलाफ़ हिंसा और आतंकवाद को उकसाने जैसा है."
ईरान के विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी कि "इस तरह की स्थिति पूरे क्षेत्र को और अधिक अस्थिर कर सकती है और इसके परिणामों की ज़िम्मेदारी पूरी तरह से अमेरिकी सरकार की होगी".
ईरान में बीते छह दिनों से देश की ख़राब होती आर्थिक स्थिति और महंगाई को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. इस दौरान कई शहरों में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें हुईं.
इन झड़पों में कई लोग मारे गए हैं. इसके अलावा पुलिस ने कई लोगों की गिरफ़्तारी भी की है.
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.