इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के मामले में सीएम मोहन यादव ने नगर निगम के अपर आयुक्त को इंदौर से हटाने और प्रभारी अधीक्षण यंत्री से जल वितरण कार्य विभाग का प्रभार वापस लेने के निर्देश दिए
लाइव कवरेज
सुमंत सिंह और सौरभ यादव
बीबीसी हिन्दी के आज के लाइव पन्ने को यही रोकने का समय आ गया है. अब मुझे यानी बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव को इजाजत दीजिए.
कल सुबह में हम फिर से एक नए लाइव पन्ने के साथ हाजिर होंगे और आप तक देश दुनिया की तमाम बड़ी खबरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.
स्विट्ज़रलैंड में नए साल के जश्न के दौरान रिसॉर्ट में आग लगने की वजह आई सामने
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, स्विट्ज़रलैंड में नए साल के जश्न के दौरान एक बार में आग लगने से कम से कम 40 लोगों की मौत हुई है
दक्षिणी स्विट्ज़रलैंड के एक स्की रिसॉर्ट में एक बार में लगी भीषण आग में क़रीब 40 लोगों की मौत हुई है, अब इस मामले में आग लगने की वजह सामने आई है.
दक्षिणी स्विट्ज़रलैंड के वलआए की अटॉर्नी जनरल बियुट्रिस पिलाउड ने कहा है कि सभी सबूतों से लगता है कि आग स्पार्कलिंग कैंडल्स यानी फुलझड़ियों से लगी, जिन्हें शैम्पेन की बोतलों पर लगाया गया था.
इन्हें छत के बहुत करीब रख दिया गया था. उन्होंने कहा कि इसी कारण आग बहुते तेज़ी फैल गई. हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि इस मामले में कई अवधारणाओं की जांच की जा रही है.
इस घटना में 119 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 113 लोगों की पहचान हो गई है.
भारत सरकार ने अश्लील सामग्री को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स को नोटिस जारी किया
इमेज स्रोत, Getty Images
भारत सरकार ने 'अश्लील और आपत्तिजनक' कंटेंट बनाने और छापने को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स को नोटिस जारी किया है.
आईटी मंत्रालय की ओर से जारी लेटर में कहा गया है, "समय-समय पर यह रिपोर्ट किया गया है कि आपके प्लेटफ़ॉर्म पर सर्कुलेट हो रहे कुछ खास तरह के कंटेंट शालीनता और अश्लीलता से जुड़े नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं."
ख़त में कहा गया है, "ख़ास तौर पर देखा गया है कि एक्स प्लेटफ़ॉर्म पर इंटीग्रेट करके उपलब्ध कराई गई ग्रोक एआई नाम की सर्विस का यूज़र गलत इस्तेमाल कर रहे हैं. यूजर महिलाओं की अश्लील तस्वीरें या वीडियो को बनाने, पब्लिश करने और शेयर करने के लिए फेक अकाउंट बना रहे हैं, जिससे वे उन्हें बदनाम कर सकें."
"ये चीज़ें दिखाती हैं कि प्लेटफ़ॉर्म स्तरीय सुरक्षा के उपायों और उसे लागू करने के तरीकों में गंभीर विफलता हो रही है. और यह क़ानूनों का उल्लंघन करते हुए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दुरुपयोग है."
मंत्रालय ने एक्स इंडिया से इस संबंध में तत्काल एक्शन लेने और उसकी रिपोर्ट सरकार को देने के निर्देश दिए हैं.
इससे पहले शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव को ख़त लिखकर इस संबंध में कार्रवाई करने की मांग की थी.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "सोशल मीडिया पर महिलाओं की तस्वीरों का बिना उनकी अनुमति के इस्तेमाल कर एआई ऐप्स से उनके आपत्तिजनक और अश्लील फ़ोटो बनाए जा रहे हैं. मैंने ऐसी बढ़ती घटनाओं पर माननीय आईटी मंत्री से तुरंत ध्यान देने और हस्तक्षेप करने की मांग की है."
उन्होंने लिखा, "ग्रोक जैसी सुविधाओं में ऐसे सुरक्षा उपाय होने चाहिए, जो महिलाओं की गरिमा का उल्लंघन न करें. बड़ी टेक कंपनियों को इसकी ज़िम्मेदारी लेनी होगी. और मेरी इच्छा है कि इस तरह की गतिविधियां कर रहे पुरुषों को उनके घरों और स्कूलों में बेहतर शिक्षा और संस्कार दिए जाएं, ताकि वे वयस्क होने पर इस तरह के बीमार और विकृत आचरण में शामिल न हों. "
छत्तीसगढ़: मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को मिली ज़मानत, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Chaitanya Baghel/FB
इमेज कैप्शन, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके बेटे चैतन्य बघेल
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है.
शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार चैतन्य बघेल 18 जुलाई से रायपुर सेंट्रल जेल में न्यायिक हिरासत में थे.
उनके ख़िलाफ़ प्रवर्तन निदेशालय और राज्य की आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने अलग-अलग मामला दर्ज किया था. अदालत ने दोनों एजेंसियों की ओर से दर्ज मामलों में जमानत दे दी है.
चैतन्य बघेल को जमानत मिलने पर कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा "यह बात फिर से प्रमाणित हुई कि सत्य परेशान हो सकता है लेकिन पराजित नहीं. केंद्र और राज्य की सरकारें, जांच एजेंसियों के माध्यम से कांग्रेस नेताओं को डराने और प्रताड़ित करने का काम कर रही हैं. लेकिन हम इनसे डरने वाले नहीं हैं."
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय का आरोप है कि शराब घोटाले से आई रकम में से लगभग 16.70 करोड़ रुपये चैतन्य बघेल तक पहुंचे.
जांच एजेंसी के अनुसार घोटाले की काली कमाई को रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में निवेश किया गया और करीब 1000 करोड़ रुपये की हेराफेरी की गई.
प्रवर्तन निदेशालय का दावा है कि मुख्यमंत्री रहते भूपेश बघेल के कार्यकाल में हुए इस शराब घोटाले की राशि को उनके बेटे चैतन्य बघेल के विट्ठल ग्रीन प्रोजेक्ट, बघेल डेवलपर्स में निवेश किया गया. इस प्रोजेक्ट से जुड़े अकाउंटेंट के ठिकानों पर छापेमारी कर एजेंसी ने महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त किए थे.
हालांकि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल इन आरोपों को मनगढ़ंत और राजनीतिक साजिश बताते रहे हैं.
ताइवान के मुद्दे पर पाकिस्तान ने कहा, 'चीन को हमारा समर्थन रहेगा'
इमेज स्रोत, Getty Images
ताइवान के पास चीन के युद्ध अभ्यान करने बाद चीन के इस कदम को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आ रही हैं अब इस मामले पर अब पाकिस्तान ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से मीडिया के सवालों को लेकर जारी किए बयान में कहा गया है.
“पाकिस्तान और चीन पक्के दोस्त हैं और महत्वपूर्ण रणनीतिक सहयोगी हैं. हम ताइवान सहित चीन के सभी मुख्य हितों के मामलों पर चीन को अपने लगातार समर्थन को दोहराते हैं.”
“हम वन चाइना सिद्धांत का पालन करते रहेंगे और ताइवान को चीन का एक अटूट हिस्सा मानते हैं.”
रायपुर में क्रिसमस के दौरान तोड़फोड़ करने वालों को मिली ज़मानत, बजरंग दल ने उतारी आरती, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, Devendra
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्रिसमस की सजावट से नाराज़ होकर एक मॉल में तोड़फोड़ करने वाले अभियुक्तों को जमानत मिल गई है.
जमानत मिलने के बाद बजरंग दल के सदस्यों और परिजनों ने अभियुक्तों की आरती उतारी, ढोल नगाड़े बजाए और माला पहनाकर उनका स्वागत किया.
इस मुद्दे पर बजरंग दल के ज़िला संयोजक विजेंद्र वर्मा ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए जेल गए थे और हमें अपने कार्यकर्ताओं पर गर्व है.
पिछले सप्ताह हिंदू संगठनों ने क्रिसमस का विरोध करते हुए, कई जगहों पर तोड़फोड़ की थी.
आरोप है कि रायपुर के मैग्नेटो मॉल में कर्मचारियों से उनकी जाति और धर्म पूछ-पूछ कर उन्हें धमकाया गया और वहां तोड़-फोड़ की गई. कई इलाकों में क्रिसमस की सजावट करने वाले दुकानदारों से मारपीट की भी ख़बर आई थी.
इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत बजरंग दल के 7 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था.
इसके विरोध में 27 दिसंबर को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रायपुर के तेलीबांधा थाना के सामने चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था और कई घंटों तक मुख्य सड़क को बंद कर दिया था.
इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के मामले में सीएम मोहन यादव ने लिया ये एक्शन
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, इंदौर में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत हुई है.
इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के मामले में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की है.
इंदौर से दूषित पानी पीन से अब तक 15 लोगों की मौत हुई है.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने लिखा है, “इंदौर में दूषित पेयजल आपूर्ति से हुई दुखद घटना के संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने के बाद प्रदेश के अन्य स्थानों के लिए भी हम सुधारात्मक कदम उठा रहे हैं. इसके लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्यक्रम बनाने के निर्देश दिए हैं.”
उन्होंने कहा, “इस दृष्टि से सभी 16 नगर निगमों के महापौर, अध्यक्ष तथा आयुक्त एवं जिला कलेक्टर, स्वास्थ्य विभाग, नगरीय विकास विभाग,लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग व अन्य संबंधित मुख्यालय स्तर के अधिकारियों की आज शाम वर्चुअल बैठक बुलाई है, जिसमें पूरे प्रदेश की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे”
मोहन यादव ने कहा, “इंदौर नगर निगम आयुक्त और अपर आयुक्त को इस सम्बन्ध में कारण बताओ नोटिस जारी करने, अपर आयुक्त को तत्काल इंदौर से हटाने और प्रभारी अधीक्षण यंत्री से जल वितरण कार्य विभाग का प्रभार वापस लेने के निर्देश दिए गए हैं. इंदौर नगर निगम में आवश्यक पदों पर तत्काल प्रभाव से पूर्ति करने के निर्देश भी दिए गए हैं.”
ईरान के निर्वासित नेता रज़ा पहलवी ने देश में हो रहे प्रदर्शनों पर ये कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
ईरान में बढ़ती मंहगाई और आर्थिक स्थिति को लेकर हो रहे प्रदर्शनों पर ईरान के निर्वासित नेता रज़ा पहलवी ने प्रतिक्रिया दी है.
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा, "मेरे बहादुर और सम्मानित देशवासियों मैं आपके साहस को सलाम करता हूं."
रज़ा पहलवी ने कहा, "आप इतिहास लिख रहे हैं, एक ऐसा इतिहास जो एक राष्ट्र के साहस, एकजुटता और दृढ़ संकल्प से लिखा जा रहा है. पिछले दो दिनों में जो लोग भी इस शासन के हाथों मारे गए हैं वो इस देश के सच्चे हीरो हैं."
उन्होंने कहा, "उनका नाम और बलिदान हमारे देश को हमेशा याद रहेगा."
ग़ज़ा के हालात पर पाकिस्तान, मिस्र और क़तर समेत कई देशों ने जताई चिंता
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में बारिश के कारण कैंपों में पानी भर जाने से लोगों की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं.
ग़ज़ा के अभी के हालात पर पाकिस्तान, मिस्त्र, क़तर, इंडोनेशिया, जॉर्डन, तुर्की, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमिरात के विदेश मंत्रियों ने एक साझा बयान जारी किया है.
इन देशों की ओर से जारी किए गए बयान में कहा गया है, "पाकिस्तान, मिस्त्र, क़तर, इंडोनेशिया, जॉर्डन, तुर्की, सउदी अरब और संयुक्त अरब अमिरात ग़ज़ा पट्टी में बिगड़ते मानवीय हालातों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हैं."
बयान में कहा गया है, "ग़ज़ा में गिरती मानवीय स्थिति ख़राब और अस्थिर मौसम, जिसमें भारी बारिश और तूफान शामिल हैं के कारण और बदतर हो गई है. मानवीय सहायता की लगातार कमी, ज़रूरी जीवन रक्षक सामान की भारी कमी और बुनियादी सेवाओं के पुनर्वास और अस्थायी आवास स्थापित करने के लिए ज़रूरी सामान के आने की धीमी गति से स्थिति और खराब हो गई है."
इन देशों के विदेश मंत्रियों ने जोर देते हुए कहा है कि ख़राब मौसम ने वहां रह रहे लाखों लोगों की मौजूदा स्थिति और कमजोरियों को उजागर किया है.
बयान में आगे कहा गया है, "कैंपों में भरे हुए पानी, टूटे हुए टेंट्स, धराशायी और गिरती इमारतें और ठंड के साथ कुपोषण ने लोगों की जान के जोखिम को काफी बढ़ा दिया है. ख़ासकर बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए."
कार्टून: जल ही जीवन है...
इमेज कैप्शन, आज का कार्टून
इंदौर में में दूषित जल के मामले पर आज का कार्टून.
इंदौर: दूषित पानी से हुई लोगों की मौत के मामले में हाई कोर्ट ने जारी किया नोटिस, समीर ख़ान, इंदौर से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, इंदौर में दूषित पानी से हुई मौत के मामले में जबलपुर हाई कोर्ट जारी किया नोटिस
इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले में जनहित याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने कलेक्टर और निगम आयुक्त को नोटिस जारी किया है.
भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले में हाई कोर्ट में लगातार जनहित याचिकाएं दायर की जा रही हैं. आज इस मामले में स्टेटस रिपोर्ट पेश की गई, वहीं एक नई जनहित याचिका पर भी अदालत में सुनवाई की गई है.
इंदौर में दूषित पानी की सप्लाई से कई लोगों की तबीयत बिगड़ने और मौतों के मामले में 31 दिसंबर को हाई कोर्ट में दो जनहित याचिकाएं दायर की गई थीं. पहली याचिका हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रितेश ईनाणी की ओर से लगाई गई थी, जबकि दूसरी याचिका पूर्व पार्षद महेश गर्ग और कांग्रेस प्रवक्ता प्रमोद कुमार द्विवेदी की ओर से दायर की गई थी.
जिसमें 31 दिसंबर को सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने नगर निगम को अंतरिम आदेश जारी करते हुए सभी प्रभावित लोगों का मुफ्त इलाज कराने और क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे. इन्हीं आदेशों के पालन में आज 2 जनवरी को नगर निगम की ओर से स्टेटस रिपोर्ट अदालत में पेश की गई.
वहीं आज इस मामले में एक तीसरी जनहित याचिका भी हाई कोर्ट में दायर की गई, जिस पर सुनवाई करते हुए अदालत ने इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव को नोटिस जारी किए हैं.
तीसरी याचिका पर अगली सुनवाई 19 जनवरी को होगी, जबकि पहले से दायर दो जनहित याचिकाओं पर 6 जनवरी को सुनवाई निर्धारित की गई है.
इंदौर में दूषित पानी से लोगों की मौत, कांग्रेस ने पीएम मोदी की 'चुप्पी' पर उठाए सवाल
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, इंदौर में नर्मदा की पाइपलाइन में ड्रेनेज का पानी मिल जाने से कई लोगों की मौतें हुई हैं.
इंदौर में दूषित पानी के कारण लोगों की मौतें होने पर और उस मामले में प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी पर कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी को घेरा है.
खड़गे ने सोशल मीडिया पर कहा है, “जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत अभियान का ढिंढोरा पीटने वाले नरेंद्र मोदी जी हमेशा की तरह इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों को लेकर मौन हैं.”
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “यह वही इंदौर शहर है जिसने केंद्र सरकार के स्वच्छ सर्वेक्षण में लगातार आठवीं बार सबसे साफ शहर का ख़िताब जीता है. ये शर्मनाक बात है कि यहां पर भाजपा के निकम्मेपन के चलते लोग साफ़ पानी के मोहताज हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “11 साल से देश केवल लंबे-चौड़े भाषण, झूठ-प्रपंच, खोखले दावे, डबल-इंजन की डींगें सुन रहा है. जब मंत्री जी से सवाल पूछा जाता है तो वो गाली-गलौज पर उतर आते हैं. सत्ता के अहंकार में उल्टा पत्रकार पर हावी हो जाते हैं.”
खड़गे ने कहा, “जल जीवन मिशन समेत, हर योजना में भ्रष्टाचार और धांधली है. याद दिलाना ज़रूरी है कि जल जीवन मिशन का 10% फंड दूषित पानी को साफ़ करने के लिए दिया जाता है.”
रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना की 'धुरंधर' यहां हुई टैक्स फ़्री
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, धुरंधर फ़िल्म की भारत से लेकर पाकिस्तान तक काफी चर्चा हो रही है
केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में बॉलीवुड के अभिनेता रणवीर सिंह की फ़िल्म धुरंधर को टैक्स फ्री कर दिया गया है.
लद्दाख के एलजी (उपराज्यपाल) कविंदर गुप्ता ने लद्दाख में धुरंधर फ़िल्म को टैक्स फ्री कर दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है.
उन्होंने लिखा है, "इस फ़िल्म को बड़े पैमाने पर लद्दाख में शूट किया गया है. ये फ़िल्म लद्दाख से सिनेमैटिक लैंडस्केप को दिखाती है.
एक अलग पोस्ट में उन्होंने लिखा है, "लद्दाख का प्रशासन एक नई फ़िल्म पॉलिसी पर काम कर रहा है और लद्दाख में फ़िल्म की शूटिंग के लिए हम प्रोडक्शन कंपिनयों का पूरा सहयोग करेंगे."
इंदौर दूषित पानी मामला: राहुल गांधी ने कहा, 'घर-घर मातम है, बीजेपी के नेता अहंकार में डूबे हैं'
इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि लोगों की ओर से बार-बार शिकायत के बावजूद सुनवाई क्यों नहीं हुई?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के मामले को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है.
उन्होंने सवाल उठाया कि लोगों की ओर से बार-बार शिकायत के बावजूद सुनवाई क्यों नहीं हुई?
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "इंदौर में पानी नहीं, ज़हर बंटा और प्रशासन कुंभकर्णी नींद में रहा."
कांग्रेस नेता ने मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयान को लेकर भी निशाना साधा. हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया.
राहुल गांधी ने कहा, "घर-घर मातम है, ग़रीब बेबस हैं और ऊपर से बीजेपी नेताओं के अहंकारी बयान. जिनके घरों में चूल्हा बुझा है, उन्हें सांत्वना चाहिए थी. सरकार ने घमंड परोस दिया."
उन्होंने सवाल किया, "लोगों ने बार-बार गंदे, बदबूदार पानी की शिकायत की, फिर भी सुनवाई क्यों नहीं हुई? सीवर पीने के पानी में कैसे मिला? समय रहते सप्लाई बंद क्यों नहीं हुई? ज़िम्मेदार अफ़सरों और नेताओं पर कार्रवाई कब होगी?"
राहुल गांधी ने कैलाश विजयवर्गीय पर निशाना साधते हुए कहा, "ये 'फोकट' सवाल नहीं, ये जवाबदेही की मांग है. साफ पानी एहसान नहीं, जीवन का अधिकार है. और इस अधिकार की हत्या के लिए बीजेपी का डबल इंजन, उसका लापरवाह प्रशासन और संवेदनहीन नेतृत्व पूरी तरह ज़िम्मेदार है."
राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश अब 'कुप्रशासन का एपिसेंटर' बन चुका है.
उन्होंने कहा, "कहीं खांसी की सिरप से मौतें, कहीं सरकारी अस्पताल में बच्चों की जान लेने वाले चूहे, और अब सीवर मिला पानी पीकर मौतें. जब-जब ग़रीब मरते हैं, मोदी जी हमेशा की तरह खामोश रहते हैं."
इंदौर में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौतें हो चुकी हैं. इस घटना में क़रीब 1500 लोग प्रभावित हुए हैं.
नमस्कार
बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.
सुबह से लेकर अभी तक देश दुनिया के तमाम बड़ी ख़बरें बीबीसी संवाददाता सुमंत आप तक पहुंचा रहे थे. अब से लेकर देर रात तक बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आपको देश दुनिया की बड़ी ख़बरों की अपडेट देंगे.
बीबीसी हिन्दी के पेज़ पर मौजूद बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.
एस जयशंकर ने बांग्लादेश से वापस आने के बाद पड़ोसी देशों को लेकर क्या कहा?
इमेज स्रोत, Raj K Raj/Hindustan Times via Getty
इमेज कैप्शन, जयशंकर ने पाकिस्तान पर 'आतंकवाद' के मुद्दे पर निशाना साधा (फ़ाइल फ़ोटो)
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को भारत के साथ पड़ोसी देशों के रिश्तों को लेकर टिप्पणी की है. इसी हफ़्ते जयशंकर बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री ख़ालिदा ज़िया के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देने गए थे.
शुक्रवार को आईआईटी मद्रास में 'नेबरहुड फ़र्स्ट पॉलिसी' से जुड़े एक सवाल पर एस जयशंकर ने कहा, "हमारे कई तरह के पड़ोसी हैं... अगर आपका पड़ोसी आपके साथ अच्छा है और आपको नुक़सान नहीं पहुंचा रहा है तो आप नेचुरल तौर पर उसके साथ अच्छे रहेंगे. आप उसकी मदद करेंगे. अच्छे संबंध बनाए रखने की कोशिश करेंगे... हम एक देश के तौर पर भी यही कर रहे हैं."
उन्होंने कहा कि अच्छे पड़ोसी अपने पड़ोसी की मदद करते हैं.
जयशंकर ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना आतंकवाद के मुद्दे पर निशाना भी साधा.
उन्होंने आगे कहा, "लेकिन, आपके पास बुरे पड़ोसी भी होते हैं. दुर्भाग्य से हमारे पास हैं. अगर आप पश्चिम की तरफ़ देखेंगे तो एक हैं. वे आतंकवाद को लगातार बढ़ावा दे रहे हैं. हमें आतंकवाद से हमारे लोगों की रक्षा करने का अधिकार है. जो भी ज़रूरी कद़म होंगे, हम उठाएंगे. आप हमसे यह उम्मीद नहीं कर सकते कि हम आपके साथ अपना पानी साझा करें और आप हमारे देश में आतंकवाद भी फैलाते रहें."
जयशंकर ने कहा कि अगर भारत विकास करेगा तो उसके पड़ोसी भी उसके साथ विकास करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश की यात्रा के दौरान उन्होंने यह संदेश देने की कोशिश की.
ताइवान के आसपास चीन के सैन्य अभ्यास पर अमेरिका की कड़ी प्रतिक्रिया
इमेज स्रोत, Mandel NGAN / AFP via Gett
इमेज कैप्शन, अमेरिका ने कहा कि वह वर्तमान स्थिति में किसी भी एकतरफ़ा बदलाव का विरोध करता है (फ़ाइल फ़ोटो)
बीते दिनों चीन ने ताइवान के आसपास के इलाक़ों में सैन्य अभ्यास किया. चीन का यह सैन्य अभ्यास 31 दिसंबर को समाप्त हुआ. अब अमेरिका ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
अमेरिकी विदेश विभाग ने एक बयान में कहा कि 'चीन की सैन्य गतिविधियां और ताइवान और क्षेत्र के अन्य पक्षों को लेकर उसकी भाषा ग़ैर-ज़रूरी तनाव बढ़ा रही है'.
अमेरिका ने कहा, "हम चीन से संयम बरतने, ताइवान के ख़िलाफ़ सैन्य दबाव बंद करने और इसके बजाय सार्थक संवाद में शामिल होने की अपील करते हैं."
"अमेरिका ताइवान स्ट्रेट में शांति और स्थिरता का समर्थन करता है और वर्तमान स्थिति में किसी भी एकतरफ़ा बदलाव का विरोध करता है, चाहे वह बल प्रयोग या किसी दबाव के ज़रिए ही क्यों न किया गया हो."
ताइवान ने भी चीन के इस सैन्य अभ्यास का कड़ा विरोध किया था. चीन ने इन सैन्य अभ्यासों को 'जस्टिस मिशन 2025' नाम दिया गया था.
चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, दूसरी ओर, ताइवान ख़ुद को एक आज़ाद मुल्क मानता है.
इंदौर की घटना पर उमा भारती का सरकार पर हमला, बोलीं- 'इस पाप का प्रायश्चित करना होगा'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, उमा भारती ने इंदौर की स्वच्छता और वहां की व्यवस्था पर भी सवाल उठाया (फ़ाइल फ़ोटो)
इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों पर मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी की वरिष्ठ नेता उमा भारती ने कहा है कि इस 'पाप का प्रायश्चित करना होगा'.
उन्होंने यह भी कहा कि सीएम मोहन यादव के लिए यह 'परीक्षा की घड़ी' है.
उमा भारती ने कहा कि साल के अंत में हुई यह घटना पूरे प्रदेश, सरकार और व्यवस्था को शर्मिंदा और कलंकित कर गई. उन्होंने इंदौर की स्वच्छता और वहां की व्यवस्था पर भी सवाल उठाया.
उमा भारती ने एक्स पर लिखा, "प्रदेश के सबसे स्वच्छ शहर का अवार्ड पाने करने वाले शहर में इतनी बदसूरती, गंदगी, ज़हर मिले पानी ने कितनी जिंदगियों को निगल लिया और निगलता जा रहा है. मौतों का आंकड़ा बढ़ रहा है."
मध्य प्रदेश सरकार ने इस घटना में मारे गए परिवारों को दो-दो लाख रुपये मुआवज़ा देने का एलान किया है. उमा भारती ने इस पर टिप्पणी की है.
उन्होंने कहा, "ज़िंदगी की क़ीमत दो लाख रुपये नहीं होती क्योंकि उनके परिजन जीवन भर दुख में डूबे रहते हैं. इस पाप का घोर प्रायश्चित करना होगा, पीड़ितजनों से माफ़ी मांगनी होगी और नीचे से लेकर ऊपर तक जो भी अपराधी हैं उन्हें अधिकतम सज़ा देनी होगी."
इसके थोड़ी देर बाद उमा भारती ने फिर से एक्स पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने ज़िम्मेदारी से पीछे हटने वालों पर निशाना साधा. उन्होंने फिर से दोहराया कि 'ऐसे पापों का कोई स्पष्टीकरण नहीं होता, या तो प्रायश्चित करना होगा या तो सज़ा देनी होगी'.
उन्होंने लिखा, "यह कौन कह रहा है कि हमारी चली नहीं. जब आपकी नहीं चली तो आप पद पर बैठे हुए बिसलेरी का पानी क्यों पीते रहे? पद छोड़कर जनता के बीच क्यों नहीं पहुंचे? ऐसे पापों का कोई स्पष्टीकरण नहीं होता, या तो प्रायश्चित या दंड!"
इंदौर में दूषित पानी पीने से अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं. दूषित पानी से शहर के क़रीब 1400 से 1500 लोग प्रभावित हुए हैं.
इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों पर बीएसपी प्रमुख मायावती ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मायावती ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए राज्य और केंद्र से सख़्त और ज़रूरी क़दम उठाने की मांग की (फ़ाइल फ़ोटो)
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की अध्यक्ष मायावती ने इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के मामले में राज्य सरकार पर निशाना साधा है.
मायावती ने इस घटना की वजह से सरकार के ख़िलाफ़ लोगों की नाराज़गी को जायज ठहराया है.
उन्होंने कहा, "लोगों को साफ हवा और पानी आदि मुहैया कराना हर सरकार की पहली ज़िम्मेदारी होती है, लेकिन अपराध नियंत्रण और क़ानून व्यवस्था की तरह ही बुनियादी जनसुविधा के संबंध में भी सरकारी लापरवाही और भ्रष्टाचार आदि काफ़ी घातक है."
उन्होंने कहा कि 'परिवार उजड़ रहे हैं और यह बहुत दुखद और चिंता की बात है'.
इसके साथ ही मायावती ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए राज्य और केंद्र से सख़्त और ज़रूरी क़दम उठाने की मांग की.
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक़, अब तक इस घटना में आठ लोगों की मौत हुई है. जब कई लोग अब भी भर्ती हैं.
मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गुरुवार को बताया, "क़रीब 1400 से 1500 लोग प्रभावित हुए थे, जिनमें से 198 लोग अस्पताल में भर्ती हैं. अभी दो और लोगों को भर्ती कराया गया है. कुछ लोगों को डिस्चार्ज भी किया गया है."
ईरान में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पें, सात की मौत
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, ईरान में लगातार पांचवें दिन भी प्रदर्शन जारी रहे
ईरान में बढ़ती महंगाई और बिगड़ती आर्थिक स्थितियों को लेकर पिछले तीन साल में सबसे बड़े विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं.
बीबीसी अरबी सेवा के मुताबिक़, प्रदर्शन के पांचवें दिन, गुरुवार को ईरान के विभिन्न शहरों में कम से कम सात लोगों की मौत हुई है.
इन प्रदर्शनों के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने ईरान के सर्वोच्च नेता के शासन को समाप्त करने की मांग की, जबकि अन्य ने राजशाही की वापसी की मांग की.
गुरुवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़पों के दौरान वाहनों को आग लगाते हुए देखा गया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों पर पत्थर फेंके. वहीं, सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में गोलियों और आंसू गैस का इस्तेमाल किया.
ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी फ़ार्स और मानवाधिकार संगठन हेंगाव ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी ईरान के शहर लोरेस्तान में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई झड़पों में तीन लोग मारे गए.
फ़ार्स ने यह भी बताया कि देश के पश्चिमी हिस्से में स्थित अज़ना में तीन और कुहदाश्त में एक व्यक्ति की मौत हुई है.