You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अमेरिका के जवाब में ईरान ने जंग ख़त्म करने के लिए रखीं ये 5 शर्तें

अमेरिका की ओर से संघर्ष विराम के लिए 15 सूत्रीय प्लान दिए जाने की ख़बरों के बीच ईरान ने संघर्ष विराम समझौते के लिए अपनी शर्तें बताई हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा

  1. ऑस्ट्रेलिया के सरकारी मीडिया संस्थान में 24 घंटे की हड़ताल, वेतन को लेकर है विवाद, लाना लैम, सिडनी से

    ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (एबीसी) के सैकड़ों पत्रकार बुधवार को वेतन, कामकाजी हालात और उनकी जगह एआई के संभावित इस्तेमाल के विरोध में काम बंद रखेंगे.

    एबीसी ऑस्ट्रेलिया का सरकारी मीडिया संस्थान है. यह 20 सालों में पहली बार होगा जब एबीसी के कर्मचारी हड़ताल पर होंगे.

    यूनियन के अधिकांश सदस्यों ने महंगाई से कम वेतन बढ़ोतरी के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है.

    हड़ताल की वजह से प्रमुख कार्यक्रम जैसे 7.30 शाम का करंट अफ़ेयर्स शो और गुरुवार के सुबह के कार्यक्रम प्रसारित नहीं होंगे. उनकी जगह कार्यक्रमों को दोबारा प्रसारित किया जाएगा और पहले से तैयार शो और बीबीसी का कंटेंट दिखाया जाएगा.

    एबीसी प्रबंधन ने कहा कि वेतन प्रस्ताव उस "अधिकतम स्तर" को दर्शाते हैं जिसे वह "स्थायी रूप से दे सकता है". लेकिन यूनियन अधिक नौकरी सुरक्षा और एआई के इस्तेमाल पर सीमाएं चाहते हैं.

    कर्मचारी बुधवार को स्थानीय समयानुसार 11:00 बजे से हड़ताल शुरू करेंगे और 24 घंटे तक काम पर नहीं लौटेंगे.

    सिडनी और मेलबर्न में एबीसी के मुख्य दफ़्तरों पर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है. इस हड़ताल में शामिल होने वाले लोग काले कपड़े पहनेंगे.

    वेतन बढ़ोतरी का क्या है प्रस्ताव?

    एबीसी में 4,400 से ज़्यादा कर्मचारी हैं, जिनमें क़रीब दो हज़ार लोग न्यूज़ में काम करते हैं. यह एबीसी का सबसे बड़ा डिविज़न है.

    कर्मचारियों को तीन साल में चरणबद्ध तरीक़े से 10 प्रतिशत वेतन बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया गया था, जिसमें पहले साल 3.5 प्रतिशत और उसके बाद के दो सालों में 3.25-3.25 प्रतिशत की बढ़ोतरी शामिल थी. जनवरी में ऑस्ट्रेलिया की वार्षिक महंगाई दर 3.8 प्रतिशत थी.

    इसके अलावा कर्मचारियों को एक हज़ार डॉलर का एकमुश्त बोनस भी देने का प्रस्ताव था, लेकिन यह अस्थायी कर्मचारियों के लिए नहीं था.

  2. अमेरिकी और इसराइली मीडिया का दावा, अमेरिका ने समझौते के लिए ईरान को 15 सूत्रीय प्लान सौंपा

    न्यूयॉर्क टाइम्स, रॉयटर्स और इसराइल के 'चैनल 12' की रिपोर्ट्स के मुताबिक़, अमेरिका ने पाकिस्तान के ज़रिए ईरान को 15 सूत्रीय प्लान सौंपा है.

    इन रिपोर्ट्स में अज्ञात सूत्रों का हवाला दिया गया है. बीबीसी ने इस दस्तावेज़ को नहीं देखा है और इन ख़बरों की पुष्टि करने की कोशिश कर रहा है.

    पाकिस्तान ने इससे पहले जंग में शामिल देशों के बीच शांति वार्ता की मेज़बानी की पेशकश की थी.

    चैनल 12 के मुताबिक़, अमेरिका ने ईरान के सामने जो मांगें रखी हैं, उनमें होर्मुज़ स्ट्रेट को खुला रखने और उसे एक मुक्त समुद्री क्षेत्र घोषित करने की बात शामिल है.

  3. आरसीबी को आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले समूह ने इतनी रक़म में ख़रीदा

    आदित्य बिड़ला ग्रुप (एबीजी) के नेतृत्व वाले एक कंसोर्टियम (कंपनियों का समूह) ने मंगलवार को आईपीएल फ़्रेंचाइज़ी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी ख़रीद ली है.

    इसके लिए कंसोर्टियम ने यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड से 1.78 अरब डॉलर (क़रीब 16,706 करोड़ रुपये) में डील की.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, इस समूह में आदित्य बिड़ला ग्रुप के अलावा ब्लैकस्टोन की परपेचुअल प्राइवेट इक्विटी स्ट्रैटेजी बीएक्सपीई, बोल्ट वेंचर्स और मीडिया समूह टाइम्स ऑफ़ इंडिया शामिल हैं.

    बीएक्सपीई के सीईओ विरल पटेल हैं, जबकि बोल्ट वेंचर्स अमेरिकी निवेशक डेविड ब्लिट्ज़र की कंपनी है.

    यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड ने एक बयान में कहा, "अपने निदेशक मंडल की बैठक के बाद कंपनी ने आज यह घोषणा की है कि उसने अपने पूरे मालिकाना हक़ वाली सहायक कंपनी रॉयल चैलेंजर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में अपनी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी की बिक्री के लिए एक कंसोर्टियम के साथ अंतिम समझौते किए हैं."

    आरसीबी की इस डील के अलावा बीते दिन आईपीएल की एक अन्य फ़्रेंचाइज़ी राजस्थान रॉयल्स की बिक्री से जुड़ी ख़बरें भी आईं.

    आरसीबी की डील पर क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने कहा, "यह राशि राजस्थान रॉयल्स को मिली रक़म से बहुत ज़्यादा नहीं है, लेकिन यह एक अलग तरह का इकोसिस्टम है, जहां किसी फ़्रेंचाइज़ी की आय और खर्च लगभग बराबर होते हैं. इसलिए कुछ ही घंटों के भीतर आईपीएल में 3.4 अरब डॉलर के सौदे हुए हैं."

  4. इसराइली सेना ने ईरान की राजधानी तेहरान में नए हमले शुरू किए

    इसराइल डिफ़ेंस फोर्सेस (आईडीएफ़) ने कहा है कि उसने ईरान की राजधानी तेहरान में "नए हमले" शुरू किए हैं.

    आईडीएफ़ के मुताबिक़, इन हमलों में तेहरान में "ईरानी आतंकवादी शासन" से जुड़े इन्फ़्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया जा रहा है.

    बीबीसी को तेहरान के भीतर मौजूद सूत्रों ने बताया कि उन्होंने तेहरान के पूर्व, उत्तर और मध्य हिस्सों में धमाकों की आवाज़ें सुनी हैं.

    इस बीच तेहरान से कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें इमारतों के ऊपर धुआँ उठता दिखाई दे रहा है.

  5. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत को लेकर दी यह अहम जानकारी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनका प्रशासन ईरान में "सही लोगों" से बात कर रहा है और "वे समझौता करने के लिए बेताब हैं".

    उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो इन चर्चाओं में शामिल हैं.

    व्हाइट हाउस में हुई प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ट्रंप ने कहा कि ईरानी शासन इस बात पर सहमत हो गया है कि वह कभी परमाणु हथियार नहीं बनाएगा. यह दावा वह पहले भी कर चुके हैं.

    जब ट्रंप से पूछा गया कि ईरान के साथ शांति समझौते के सफल होने की उन्हें कितनी उम्मीद है, तो उन्होंने जवाब दिया, "यह युद्ध जीत लिया गया है".

    बीबीसी के व्हाइट हाउस संवाददाता के मुताबिक़, प्रेस कॉन्फ़्रेंस में इस बात का बहुत कम ज़िक्र था कि यह जंग वास्तव में कैसे ख़त्म हो सकती है.

  6. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.