लाइव, ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई की सेहत को लेकर पूर्व मंत्री ने ये बताया

ईरान के एक पूर्व मंत्री ने दावा किया है कि सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई "पूरी तरह स्वस्थ" हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई की सेहत को लेकर पूर्व मंत्री ने ये बताया

    मोजतबा ख़ामेनेई

    इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मोजतबा ख़ामेनेई 8 मार्च को सर्वोच्च नेता बने थे, लेकिन वो अभी तक सार्वजनिक रूप से नज़र नहीं आए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के एक पूर्व मंत्री ने दावा किया है कि सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई "पूरी तरह स्वस्थ" हैं.

    ईरान ब्रॉडकास्टिंग के पूर्व प्रमुख और पर्यटन मंत्री रह चुके इज़्ज़तुल्लाह ज़रग़ामी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "भरोसेमंद जानकारों" का मानना है कि सुरक्षा कारणों से अभी ख़ामेनेई की तस्वीरें या ऑडियो जारी करना ठीक नहीं होगा."

    ज़रग़ामी ने लोगों से अपील की कि वे बेकार की बातों पर ध्यान न दें. यह इशारा उन लोगों की ओर था जो लंबे समय से मोजतबा ख़ामेनेई की सेहत को लेकर सवाल उठाते रहे हैं.

    मोजतबा ख़ामेनेई 8 मार्च को सर्वोच्च नेता बने थे, उसके बाद से उन्होंने कोई भाषण नहीं दिया है, न कैमरे पर आए हैं और न ही उनकी कोई हाल की तस्वीर जारी की गई है.

    हालांकि, पिछले 40 दिनों में कई बार लिखित बयान जारी किए, जिन्हें उनका बताया गया है. 20 अप्रैल को उन्होंने सुन्नी धर्मगुरुओं को धन्यवाद दिया, जिन्होंने उनके पिता की मौत पर संवेदना जताई थी.

  2. टिम कुक छोड़ेंगे एप्पल का सीईओ पद, अब कौन संभालेगा कमान

    टिम कुक

    इमेज स्रोत, ANGELA WEISS/AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, टिम कुक का लगभग 15 साल का कार्यकाल ख़त्म हो रहा है (फ़ाइल फ़ोटो)

    एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टिम कुक अपने पद से इस्तीफ़ा देने जा रहे हैं.

    एप्पल ने घोषणा की है कि टिम कुक 1 सितंबर 2026 से कंपनी के बोर्ड ऑफ़ डायरेक्टर्स के एग्ज़ीक्यूटिव चेयरमैन बनेंगे और जॉन टर्नस नए सीईओ होंगे. जॉन टर्नस फ़िलहाल हार्डवेयर इंजीनियरिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट हैं.

    स्टीव जॉब्स के बाद टिम कुक ने सीईओ का पद संभाला था. अब उनका लगभग 15 साल का कार्यकाल ख़त्म हो रहा है.

    भविष्य में कार्यकारी चेयरमैन के तौर पर टिम कुक कंपनी के कुछ कामों में मदद करेंगे, जैसे दुनिया भर के नीति-निर्माताओं से जुड़ना.

    वहीं, जॉन टर्नस 2001 में एप्पल की प्रोडक्ट डिज़ाइन टीम से जुड़े थे. 2013 में वे हार्डवेयर इंजीनियरिंग के वाइस प्रेसिडेंट बने.

    टर्नस ने 2021 में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट ऑफ़ हार्डवेयर इंजीनियरिंग के तौर पर एग्ज़ीक्यूटिव टीम जॉइन की. अब वो सितंबर के महीने से सीईओ का पद संभालेंगे.

  3. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी हटाने को लेकर क्या कहा?, सोफिया फेरेरा सैंटोस

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि नाकाबंदी ईरान को पूरी तरह तबाह कर रही है (फ़ाइल फ़ोटो)

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ईरानी बंदरगाहों पर लगी नाकाबंदी तब तक नहीं हटाएगा, जब तक ईरान के साथ कोई समझौता नहीं हो जाता.

    ट्रंप का यह बयान उस समय आया है जब यह साफ़ नहीं है कि युद्ध ख़त्म करने के लिए दूसरे दौर की बातचीत होगी या नहीं.

    डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "नाकाबंदी ईरान को पूरी तरह तबाह कर रही है. वे हर दिन 500 मिलियन डॉलर गंवा रहे हैं, ऐसा लंबे समय तक चलना नामुमकिन है."

    दूसरी ओर, ईरान कह चुका है कि जब तक ईरान के बंदरगाहों से अमेरिकी नाकाबंदी नहीं हटाई जाएगी, तब तक बातचीत नहीं होगी.

    गौरतलब है कि पाकिस्तान की राजधानी में बैठक की संभावना को देखते हुए सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. लेकिन बैठक में अमेरिका का प्रतिनिधित्व करने वाले उप राष्ट्रपति जेडी वेंस अभी तक वॉशिंगटन से रवाना नहीं हुए हैं.

    वहीं ईरान ने कहा है कि उसने अब तक यह तय नहीं किया है कि वह बैठक में शामिल होगा या नहीं.

  4. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पन्ने पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ें-