गद्दाफ़ी के बेटे 10 साल से लेबनान की जेल में, ह्यूमन राइट्स वॉच ने की रिहा करने की अपील

ह्यूमन राइट्स वॉच ने लेबनान सरकार से लीबिया के दिवंगत शासक मुअम्मर गद्दाफ़ी के बेटे की कैद ख़त्म करने की अपील की है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, संदीप राय

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता संदीप राय को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. गद्दाफ़ी के बेटे 10 साल से लेबनान की जेल में, ह्यूमन राइट्स वॉच ने की रिहा करने की अपील

    मुअम्मर गद्दाफ़ी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लीबिया के भूतपूर्व शासक मुअम्मर गद्दाफ़ी के बेटे को 2015 में गिरफ़्तार किया गया था.

    ह्यूमन राइट्स वॉच ने लेबनान सरकार से लीबिया के दिवंगत शासक मुअम्मर गद्दाफ़ी के बेटे की कैद ख़त्म करने की अपील की है.

    संगठन का कहना है कि हनीबल गद्दाफ़ी को पिछले दस साल से ग़लत तरीक़े से जेल में रखा गया है.

    उन्हें 2015 में गिरफ़्तार किया गया था. उन पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने एक लेबनानी धर्मगुरु के लापता होने की जानकारी छिपाई थी.

    2011 में पिता मुअम्मर गद्दाफ़ी के शासन के पतन के बाद से वह पड़ोसी देश सीरिया में रह रहे थे.

    आरोप है कि उन्हें एक नकली इंटरव्यू के बहाने लेबनान बुलाया गया और फिर गिरफ़्तार कर लिया गया.

    फ़रवरी 2011 में बेनग़ाज़ी शहर में एक मानवाधिकार कार्यकर्ता की मौत के बाद लीबिया में विद्रोह शुरू हुआ और 20 अक्तूबर 2011 को मुअम्मर गद्दाफ़ी की मौत के साथ उनके शासन का अंत हुआ था.

    इसके साथ ही गद्दाफ़ी के 42 वर्ष का शासन भी समाप्त हो गया.

  3. 'इस्लाम नहीं रहेगा ये सोचने वाला हिंदू सोच का नहीं है'- मोहन भागवत के भाषण की पांच बड़ी बातें

    मोहन भागवत

    इमेज स्रोत, Youtube/Rashtriya Swayamsevak Sangh

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सौ साल पूरे होने पर तीन दिवसीय कार्यक्रम का आज अंतिम दिन था और संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कई मुद्दों पर अपनी राय ज़ाहिर की.

    उन्होंने अपने रिटायरमेंट, बीजेपी और संघ के रिश्ते, घुसपैठ और इस्लाम पर बात की.

    उनके भाषण की पांच प्रमुख बातें-

    मोहन भागवत रिटायर होंगे?

    '75 साल के बाद क्या राजनीति से रिटायर हो जाना चाहिए' सवाल के जवाब में मोहन भागवत ने कहा, "मैंने ये बात मोरोपंत जी के बयान का हवाला देते हुए उनके विचार रखे थे...मैंने ये नहीं कहा कि मैं रिटायर हो जाऊंगा या किसी और को रिटायर हो जाना चाहिए... हम जिंदगी में किसी भी समय रिटायर होने के लिए तैयार हैं और संघ हमसे जिस भी समय तक काम कराना चाहेगा, हम संघ के लिए उस समय तक काम करने के लिए भी तैयार हैं."

    संघ और बीजेपी के बीच झगड़ा है?

    बीजेपी और संघ के बीच संबंधों पर भागवत ने कहा, "सिर्फ इस सरकार के साथ नहीं हर सरकार के साथ हमारा अच्छा समन्वय रहा है...कहीं कोई झगड़ा नहीं है..."

    उन्होंने कहा, "मतभेद के कोई मुद्दे नहीं होते. हमारे यहां मतभेद के विचार कुछ हो सकते हैं लेकिन मनभेद बिल्कुल नहीं है. एक दूसरे पर विश्वास है...क्या बीजेपी सरकार में सब कुछ संघ तय करता है? ये पूर्णतः ग़लत बात है. मैं कई साल से संघ चला रहा हूं, वे सरकार चला रहे हैं. सलाह दे सकते हैं लेकिन उस क्षेत्र में फैसला उनका है, इस क्षेत्र में हमारा है...हम तय करते तो इतना समय लगता क्या? हम तय नहीं करते..."

    इस्लाम पर क्या बोले

    मोहन भागवत ने कहा, "पहले दिन इस्लाम जब भारत में आया उस दिन से इस्लाम यहां है और रहेगा. ये मैंने पिछली बार भी कहा था. इस्लाम नहीं रहेगा ये सोचने वाला हिंदू सोच का नहीं है. हिंदू सोच ऐसी नहीं है. दोनों जगह ये विश्वास बनेगा तब ये संघर्ष खत्म होगा. पहले ये मानना होगा कि हम सब एक हैं."

    उन्होंने कहा, “घुसपैठ को रोकना चाहिए. सरकार कुछ प्रयास कर रही है, धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है. अपने देश में भी मुसलमान नागरिक हैं. उन्हें भी रोज़गार की ज़रूरत है. मुसलमान को रोज़गार देना है तो उन्हें दीजिए. जो बाहर से आया है उन्हें क्यों दे रहे हो? उनके देश की व्यवस्था उन्हें करनी चाहिए."

    त्योहार के दौरान मांसाहार पर क्या बोले

    भागवत ने कहा, "व्रत में लोग शाकाहारी रहना चाहते हैं और अगर उन दिनों कोई ऐसा दृश्य सामने आए तो हो सकता है भावनाओं को ठेस पहुंचे. दो तीन दिन की बात है. समझदारी की बात है कि ऐसे समय इन चीजों से परहेज रखना चाहिए. तो क़ानून भी नहीं बनाना पड़ेगा."

    'तीन बच्चे होने चाहिए'

    भागवत ने कहा कि भारत के हर नागरिक के तीन-तीन बच्चे होने चाहिए.

    उन्होंने कहा, “जनसंख्या नियंत्रित रहे और पर्याप्त रहे. इस लिहाज से तीन ही बच्चे होने चाहिए. तीन से ज़्यादा नहीं होने चाहिए. ये हर किसी को स्वीकार करना चाहिए."

  4. अमेरिकी फेडरल रिज़र्व की गवर्नर लिसा कुक ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर किया मुकदमा

    लिसा कुक

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने लिसा कुक को पद से हटाने का आदेश दिया था. अब राष्ट्रपति और अमेरिकी केंद्रीय बैंक के बीच टकराव की स्थिति बन सकती है.

    अमेरिकी फेडरल रिज़र्व की गवर्नर लिसा कुक ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर मुकदमा किया है.

    यह मामला ट्रंप द्वारा उन्हें पद से हटाने की कोशिश को लेकर है और इससे अमेरिकी केंद्रीय बैंक की स्वायत्तता को लेकर क़ानूनी लड़ाई खड़ी हो गई है.

    कुक ने अदालत से अपील की है कि ट्रंप ने उनकी बर्खास्तगी का जो आदेश दिया है उसे 'ग़ैरक़ानूनी और अमान्य' घोषित किया जाए. उन्होंने फेड चेयरमैन जेरोम पॉवेल और बोर्ड ऑफ़ गवर्नर्स को भी प्रतिवादी बनाया है.

    ट्रंप का कहना है कि कुक ने मॉर्टगेज को लेकर झूठे बयान दिए थे, ये मानने के उनके पास 'पर्याप्त कारण' हैं. उन्होंने संवैधानिक अधिकारों का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें हटाने का उनके पास अधिकार है.

    यह पहला मौक़ा है जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति ने फ़ेडरल रिजर्व के किसी गवर्नर को हटाने की कोशिश की है.

    लिसा कुक, जेरोम पॉवेल और बोर्ड के ज़्यादातर अन्य सदस्यों ने जुलाई के अंत में हुई फ़ेडरल रिज़र्व की पिछली बैठक में अमेरिकी ब्याज दरों को बरकरार रखने के पक्ष में वोट दिया था.

    ट्रंप केंद्रीय बैंक पर ब्याज दरों में कटौती का लगातार दबाव बना रहे हैं और एक टकराव जैसी स्थिति बनी हुई है.

    लिसा कुक को 2022 में ट्रंप के पूर्ववर्ती डेमोक्रेट राष्ट्रपति जो बाइडेन ने नियुक्त किया था. वह इस पद पर काम करने वाली पहली अफ्रीकी-अमेरिकी महिला हैं.

  5. बीजेपी अध्यक्ष चुनने के सवाल पर बोले मोहन भागवत, 'सब कुछ संघ तय नहीं करता'

    मोहन भागवत

    इमेज स्रोत, Youtube/Rashtriya Swayamsevak Sangh

    इमेज कैप्शन, मोहन भागवत ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर की टिप्पणी

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि सब कुछ संघ तय करता है ये पूरी तरह ग़लत है.

    उन्होंने कहा, “हम सिर्फ सलाह देते हैं और सरकार काम करती है. लेकिन फ़ैसला उनका होता है.”

    क्या बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने में भी संघ का दख़ल होता है, ये पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “हम तय नहीं करते...अगर हम तय करते तो इतना समय लगता क्या? हमें तय नहीं करना है...आप अपना समय लीजिए...हम कुछ नहीं कहेंगे.”

    कुछ पार्टियों के आरएसएस विरोध पर भागवत ने कहा, “परिवर्तन होते हुए भी हमने देखा है. 1948 में जय प्रकाश बाबू हाथ में जलती मशाल लेकर संघ का कार्यालय जलाने चले थे...बाद में इमरजेंसी के दौरान उन्होंने कहा कि परिवर्तन की आशा आप लोगों से ही है.”उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम से लेकर प्रणव मुखर्जी का ज़िक्र करते हुए कहा कि ‘वो संघ के आयोजन में आए, उन्होंने मत नहीं बदले लेकिन संघ के बारे में जो ग़लतफ़हमियां थीं वो दूर हुईं.’

  6. दिनभर, पूरा दिन पूरी ख़बरः अमेरिका भारत पर गरम भी है नरम भी, ऐसा क्यों? LIVE

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  7. आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, 'हर किसी के तीन बच्चे होने चाहिए'

    मोहन भागवत

    इमेज स्रोत, Youtube/Rashtriya Swayamsevak Sangh

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि भारत के हर नागरिक के तीन-तीन बच्चे होने चाहिए.

    आरएसएस के शताब्दी समारोह में बोलते हुए उन्होंने कहा, "हमारे देश की पॉलिसी हर नागरिक को 2.1 बच्चे रिकमंड करती है. ये देश का एवरेज है. संतान 0.1 तो हो नहीं सकती. इसलिए भारत के हर नागरिक को चाहिए कि उसके घर में तीन बच्चे हों."

    "ये देश की दृष्टि से कह रहा हूं. जनसंख्या नियंत्रित रहे और पर्याप्त रहे. इस लिहाज से तीन ही बच्चे होने चाहिए. तीन से ज़्यादा नहीं होने चाहिए. ये हर किसी को स्वीकार करना चाहिए."

    उन्होंने ये भी कहा, "जन्म दर हर किसी की कम हो रही है. हिंदुओं की पहले से ही कम थी तो ज़्यादा कम हो रही है लेकिन दूसरे समुदायों की उतनी कम नहीं थी तो अब उनकी भी कम हो रही है."

    इस साल संघ की स्थापना के सौ साल पूरे हो रहे हैं. इसी उपलक्ष्य में राजधानी दिल्ली में 26 से 28 अगस्त तक संघ का विशेष समारोह चल रहा है.

  8. स्वदेशी की अपील पर बोले पवन खेड़ा, 'नोटबंदी के वक़्त स्वदेशी याद नहीं आया'

    पवन खेड़ा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी टैरिफ़ को लेकर सरकार की ओर से स्वदेशी पर ज़ोर दिया जा रहा है.

    अमेरिकी टैरिफ़ के बीच मोदी सरकार के स्वदेशी अपनाने के आह्वान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने निशाना साधा है.

    कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "पिछले 11 सालों में जिन्होंने हमारे मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स को तबाह कर दिया, वे अब 'स्वदेशी' की सलाह दे रहे हैं. क्या नोटबंदी या जीएसटी लागू करते समय उन्हें 'स्वदेशी' याद नहीं आया?"

    उन्होंने कहा, "जब उन्होंने दो-तीन उद्योगपतियों को फ़ायदा पहुंचाने और एमएसएमई सेक्टर को बर्बाद करने वाली नीतियां बनाई, तब क्या उन्हें 'स्वदेशी' याद नहीं था?... बीजेपी सरकार ने इस देश का मज़ाक बना दिया है."

    टैरिफ़ से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वदेशी और मेक इन इंडिया पर ज़ोर दिया था.

    स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान दिल्ली के लाल किले से प्रधानमंत्री मोदी ने आत्मनिर्भर भारत बनाने का आह्वान किया था और छोटे दुकानदारों और बिजनेसमैन से अपील की कि वो "स्वदेशी" या "मेड इन इंडिया" के बोर्ड लगाएं.

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने भी स्वदेशी अपनाने की बात कही और कहा, "गर्मी के दिनों में आप नींबू की शिकंजी बनाकर पी सकते हो, तो कोका कोला और स्प्राइट, बाहर के पेय क्यों लाना."

    अमेरिका ने भारत से आने वाले सामान पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ यानी आयात शुल्क लगा दिया है, जो 27 अगस्त से लागू हो गया है.

  9. उर्सुला वॉन डेर ने कहा, 'रूस नागरिकों की अंधाधुंध हत्या कर रहा है'

    कीएव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन एयर फ़ोर्स का कहना है कि रातभर हुए हमले में रूस की ओर से 600 से अधिक ड्रोन और मिसाइलें दागी गईं.

    यूक्रेन की राजधानी कीएव पर हुए रूसी हमले में यूरोपीय संघ और ब्रिटिश काउंसिल के दफ़्तर को भी नुकसान पहुंचा है.

    ब्रिटिश काउंसिल ने बताया कि उसके कार्यालय को गंभीर नुक़सान पहुंचा है.

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि इस हमले में 16 लोगों की मौत हुई है जिनमें चार बच्चे हैं. उन्होंने रूस को कड़ा जवाब देने की बात कही है.

    कीएव के मेयर ने एक दिन के शोक की घोषणा की है जबकि यूरोपीय संघ की ओर से भी रूस की निंदा की गई है.

    ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने कीएव पर रातभर हुए बड़े हमलों के बाद रूस के राजदूत को तलब करने की बात कही है. ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने इस बात की पुष्टि की है.

    यूरोपीय संघ की शीर्ष राजनयिक कजा कैलास ने कहा कि "रूस शांति प्रयासों का मज़ाक बना रहा है."

    यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयन ने रूस पर यूरोपीय संघ को निशाना बनाने और यूक्रेन को आतंकित करने के लिए किसी भी हद तक जाने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने कहा कि रूस ‘अंधाधुंध नागरिकों की हत्या’ कर रहा है.

    रूस के रक्षा मंत्रालय ने यूक्रेन युद्ध पर ताज़ा अपडेट में कहा है कि रूसी बलों ने सूमी, दोनेत्स्क, ज़ापोरीझिया, निप्रोपेत्रोव्स्क, खेरसोन और खारकीएव क्षेत्रों में सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं. हालांकि कीएव का नाम नहीं लिया है.

  10. एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप में गुरप्रीत सिंह ने जीता गोल्ड, अमनप्रीत सिंह को सिल्वर

    गुरप्रीत सिंह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने भारत के ही अमनप्रीत सिंह को पछाड़ कर गोल्ड हासिल किया.

    भारत के ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, जबकि अमनप्रीत सिंह ने इसी स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया.

    कज़ाख़स्तान के शिमकेंट में चल रही एशियाई शूटिंग चैंपियनशिप 2025 में में गुरप्रीत सिंह ने पुरुषों की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में व्यक्तिगत और टीम दोनों ख़िताब जीते.

    37 वर्षीय गुरप्रीत ने कुल 572 अंक हासिल किए और अमनप्रीत सिंह को पछाड़ा.

    चीन के सू लियानबोफान ने 570 अंक के साथ कांस्य जीता.

    टीम स्पर्धा में भी भारत का दबदबा रहा. गुरप्रीत, अमनप्रीत और हर्ष गुप्ता ने मिलकर 1709 अंक जुटाए और स्वर्ण पदक अपने नाम किया. कोरिया गणराज्य (1704) ने रजत और वियतनाम (1677) ने कांस्य हासिल किया.

    हालांकि पुरुषों की 50 मीटर राइफ़ल प्रोन टीम स्पर्धा में भारत को निराशा हाथ लगी. परीक्षित सिंह बरार, समरवीर सिंह और गोल्डी गुर्जर की तिकड़ी 1839.6 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रही.

    कज़ाख़स्तान 1841.2 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा. दक्षिण कोरिया ने 1854.5 अंकों के साथ स्वर्ण और चीन ने 1852.9 अंकों के साथ रजत जीता.

    गुरुवार को मिले इन दो पदकों के साथ भारत का सीनियर श्रेणी में कुल पदक आंकड़ा 26 पर पहुंच गया है जिसमें 11 स्वर्ण, 7 रजत और 8 कांस्य पदक हैं.

  11. ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ ने कहा- यूक्रेन से होने वाली बैठक एक 'बड़ा संदेश' देगी

    स्टीव विटकॉफ़

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ ने कहा है कि कल यूक्रेन के प्रतिनिधियों से न्यूयॉर्क में बैठक होने वाली है.

    अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ ने कहा है कि कल न्यूयॉर्क में यूक्रेन के प्रतिनिधियों से होने वाली बैठक एक 'बड़ा संदेश' होगी.

    स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूक्रेन की ओर से राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ आंद्रेई यरमाक और सुरक्षा परिषद के प्रमुख रुस्तम उमेरोव इसमें शामिल होंगे.

    सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो में ज़ेलेंस्की ने कहा कि इस बैठक में यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी के 'सैन्य, राजनीतिक और आर्थिक पहलुओं' पर चर्चा होगी.

    उन्होंने कहा, "काम यह है कि जितनी जल्दी हो सके आगे बढ़ा जाए, ताकि यह भी दबाव बनाने का एक साधन बने."

    इससे पहले, इस महीने की शुरुआत में वॉशिंगटन में हुए एक शिखर सम्मेलन में ज़ेलेंस्की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देने पर चर्चा की थी.

    फॉक्स न्यूज़ को मंगलवार को दिए इंटरव्यू में विटकॉफ़ ने कहा कि यह बातचीत एक 'बड़ा संदेश' देगी. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका रूस के साथ रोज़ संपर्क में है.

    उधर, रूस ने पिछली रात कीएव पर बड़े हवाई हमले किए हैं जिनमें मरने वालों की संख्या 15 तक पहुंच गई है, जिसमें 3 बच्चे शामिल हैं.

    यूक्रेन एयरफ़ोर्स ने कहा है कि रूस ने 600 से अधिक ड्रोन और मिसाइलें दागीं, जोकि जंग शुरू होने के बाद दूसरी सबसे बड़ी संख्या है.

    उधर, रूस ने कहा है कि उसने रात भर में यूक्रेन की ओर से दागे गए 102 ड्रोन को इंटरसेप्ट किया है. जबकि ऐसी भी ख़बरें आ रही हैं कि रूस के क्रासनोडर इलाक़े में मौजूद तेल रिफ़ाइनरी में आग लग गई है.

  12. बीजेपी ने राहुल गांधी की यात्रा में पीएम मोदी के अपमान का लगाया आरोप

    संबित पात्रा

    इमेज स्रोत, @BJP4India

    इमेज कैप्शन, संबित पात्रा ने कहा कि 'देश अमर्यादित भाषा पसंद नहीं करता'

    बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कांग्रेस के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर 'अपमानजनक टिप्पणी' किए जाने का आरोप लगाया है.

    पात्रा ने एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, “दरभंगा की रैली के मंच से जिस प्रकार प्रधानमंत्री जी की मां और प्रधानमंत्री जी के लिए कहा गया, उससे ठीक पूर्व लगभग 5-7 दिन से राहुल गांधी प्रधानमंत्री जी को तू कहकर संबोधित कर रहे हैं...राहुल गांधी, पीएम मोदी 140 करोड़ जनता के प्रधानमंत्री हैं...भारतवर्ष अमर्यादित भाषा को पसंद नहीं करता है.”

    वहीं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, "जिन्होंने दशकों तक बिहार में वोट चोरी की और गरीबों के वोट को लूटा वही आज वोट चोरी के बारे में ज़्यादा चिल्ला रहे हैं. इन्होंने तो आज सारी हदें पार कर दीं. पीएम मोदी को उन्होंने अपशब्द कहे. क्या यही उनके राजनीतिक आदर्श हैं."

    उधर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, “ये सब ध्यान भटकाने की बातें हैं. ये ना हमारी परंपरा है और ना हम ऐसी बात करते हैं. हमारे सवाल इतने तीख़े हैं कि भाजपा जवाब नहीं दे पा रही है इसलिए वो ऐसे मुद्दों को उठा रहे हैं. हमारे यहां ऐसा नहीं हो सकता है."

    कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ‘मताधिकार यात्रा’ आज मोतीहारी पहुंची है.

    इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार तीखे हमले कर रहे हैं और 'वोट चोरी' का आरोप लगा रहे हैं.

  13. सरकार ने कपास पर आयात शुल्क की छूट दिसंबर तक बढ़ाई, किसान संगठनों ने किया विरोध

    कपास उत्पादक किसान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, किसान संगठनों ने सरकार के इस क़दम का विरोध किया है.

    कपास पर आयात शुल्क की छूट को भारत सरकार ने बढ़ाकर 31 दिसंबर 2025 तक कर दिया है.

    इस संबंध में वित्त मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा है कि 19 अगस्त से 30 सितंबर 2025 तक कपास पर आयात शुल्क से छूट दी गई थी. अब इसे 31 दिसंबर 2025 तक बढ़ा दिया गया है.

    इस बीच आज प्रेस कॉन्फ़्रेंस में आप के नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, "मोदी जी ने ट्रंप के दबाव में कपास पर लगने वाली 11 फ़ीसदी ड्यूटी हटा दी है. अब अमेरिका से आने वाली कपास पर कोई ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी."

    किसान संगठनों ने भी विरोध जताया है और सरकार से इसे तुरंत रद्द करने की मांग की है.

    संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने तीन दिन पहले एक बयान जारी कहा था कि आयात शुल्क हटाने से पहले से ही संकट से जूझ रहे कपास उत्पादक किसान और आर्थिक संकट में फंस जाएंगे.

    बयान के अनुसार, “अमेरिका में कपास पर लगभग 12% सब्सिडी दी जाती है, जबकि भारत में यह केवल 2.37% है. यही भारी असमानता अमेरिका के किसानों को विकासशील देशों के कपास उत्पादकों पर बढ़त देती है.”

  14. सांसदों के वेतन भत्ते के ख़िलाफ़ इंडोनेशिया की संसद के बाहर प्रदर्शन

    इंडोनेशिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सांसद अपने भत्ते बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि मज़दूरों की वेतन बढ़ाने की मांगों को नज़रअंदाज़ किया जा रहा है.

    इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में संसद भवन के सामने सैकड़ों प्रदर्शनकारी सांसदों के वेतन और सुविधाओं का विरोध कर रहे हैं.

    इस हफ़्ते यह दूसरा बड़ा प्रदर्शन है, जो राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की सरकार से बढ़ती नाराज़गी को दिखाता है. हालांकि उनके कार्यकाल को अभी एक साल से भी कम समय हुआ है.

    प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सांसदों को मिलने वाले वेतन, भत्ते और सुविधाएं ज़रूरत से ज़्यादा हैं, जबकि देश में वेतन वृद्धि नहीं की जा रही है.

    इस प्रदर्शन की शुरुआत मज़दूर संगठनों ने की और उन्होंने न्यूनतम मज़दूरी बढ़ाने, साथ ही टैक्स कम करने की मांग की.

    इसके बाद छात्र भी विरोध में शामिल हुए और राजनेताओं की आलीशान जीवनशैली पर नाराज़गी जताई. राजधानी जकार्ता में चार हज़ार से ज़्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.

    बीते सोमवार को पुलिस ने आंसू गैस और पानी की बौछार से भीड़ को तितर-बितर किया था और 300 से ज़्यादा लोगों को गिरफ्तार किया था.

    प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सांसद अपने भत्ते बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि मज़दूरों की वेतन बढ़ाने की मांगों को नज़रअंदाज़ किया जा रहा है.

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  16. अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रपति ट्रंप को कहा 'कायर', पीएम मोदी पर लगाया ये आरोप

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, 'आप' नेता अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमेरिका के सामने झुकने का आरोप लगाया है

    आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 'कायर' कहा है. साथ ही 'आप' नेता केजरीवाल ने केंद्र की मोदी सरकार पर राष्ट्रपति ट्रंप के सामने झुकने का आरोप लगाया.

    अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा, "ट्रंप एक कायर आदमी हैं. जो देश ट्रंप के ख़िलाफ़ खड़ा हुआ, उस देश के सामने ट्रंप को झुकना पड़ा."

    "मोदी जी की पता नहीं क्या मजबूरियां हैं जो मोदी जी ट्रंप के सामने पूरी तरह झुके हुए हैं."

    उन्होंने कहा, "अगर ट्रंप ने 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाया, तो हमें बदले में 100 फ़ीसदी टैरिफ़ लगा देना चाहिए था. 140 करोड़ लोग कम नहीं होते, बहुत बड़ी मार्केट है हमारी."

    केजरीवाल ने कहा, "पिछले दिनों मोदी जी ने ट्रंप के दबाव में कपास पर लगने वाली 11 फ़ीसदी ड्यूटी हटा दी है. अब अमेरिका से आने वाली कपास पर कोई ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी."

    उनका कहना है कि ये ड्यूटी केवल 40 दिनों (19 अगस्त से 30 सितंबर तक) तक हटाई गई है. अब जो अमेरिका से कपास आएगी, वो भारत के किसानों के कपास से सस्ती होगी.

  17. पाकिस्तान: 30 रुपये के विवाद से शुरू हुआ मामला, रायविंड में पुलिस मुठभेड़ में दो अभियुक्तों की मौत

    रायविंड इलाके़ में पुलिस मुठभेड़ में दो संदिग्धों की मौत

    इमेज स्रोत, MD. SAJID

    इमेज कैप्शन, परिवार और पुलिस दोनों का कहना है कि दो भाइयों की हत्या की वजह महज़ 30 रुपये का झगड़ा था

    लाहौर के पास रायविंड इलाके़ में पुलिस मुठभेड़ में दो संदिग्धों की मौत हो गई है. ये वही संदिग्ध थे जिन्हें 30 रुपये के विवाद में दो भाइयों की हत्या के आरोप में हिरासत में लिया गया था.

    पुलिस का दावा है कि संदिग्धों की हत्या उनके ही साथियों ने की.

    राशिद और वाजिद नामक दो भाइयों की हत्या 21 अगस्त को हुई थी. इसके बाद उनके पिता सईद इक़बाल की शिकायत पर ओवैस, तैमूर और पांच अज्ञात व्यक्तियों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया था.

    दोनों नामज़द अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया था और आगे की जांच अपराध नियंत्रण विभाग को सौंप दी गई थी.

    जांच कर रहे एसपी मोअज़्ज़म अली ने बताया कि गुरुवार सुबह पुलिस दोनों संदिग्धों को पहचान के लिए रायविंड ले जा रही थी.

    इसी दौरान संदिग्धों के साथियों ने अचानक पुलिस टीम पर हमला कर दिया और उन्हें छुड़ाने की कोशिश की.

    पुलिस के मुताबिक़, हमले के दौरान ओवैस और तैमूर गोलीबारी में मौके पर ही मारे गए, जबकि उनके साथी भाग निकले.

  18. यूक्रेन में रूसी हमले में आठ लोगों की मौत, गृह मंत्री बोले- मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल

    रूस-यूक्रेन जंग

    इमेज स्रोत, Reuters

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने गुरुवार को बताया कि कीएव में रात हुए रूसी हमले में आठ लोगों की मौत हो गई है, जिसमें एक बच्चा भी शामिल है.

    वहीं गृह मंत्री इहोर क्लीमेनको ने टेलीग्राम पर कहा कि मरने वालों में दो बच्चे शामिल हैं, जबकि कीएव के मेयर विताली क्लिट्स्को ने बताया कि बड़े पैमाने पर हुए ड्रोन और मिसाइल हमले में कम से कम 38 लोग घायल हुए हैं.

    ज़ेलेंस्की ने एक्स पर बयान जारी करते हुए कहा कि रूस ने 'बातचीत की मेज़ की बजाय बैलिस्टिक मिसाइलें चुनी हैं.'

    साथ ही उन्होंने रूस पर 'नए और सख़्त प्रतिबंधों' की बात दोहराई.

    यह मिसाइल हमला ऐसे समय हुआ जब बुधवार को रूसी ड्रोन हमलों से यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे को नुक़सान हुआ, जिसकी वजह से एक लाख से ज़्यादा यूक्रेनी घरों में बिजली चली गई थी.

  19. ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने रूस-यूक्रेन युद्ध को 'मोदी का युद्ध' बताया

    व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने भारत पर आरोप लगाया कि वह यूक्रेन में रूस के युद्ध को वित्तपोषित करने में मदद कर रहा है.

    साथ ही उन्होंने इस युद्ध को 'मोदी का युद्ध' बताया.

    नवारो ने बुधवार को ब्लूमबर्ग टेलीविज़न के कार्यक्रम में कहा, "अगर भारत रूसी तेल ख़रीदना बंद कर दे, तो उसे कल ही 25 फ़ीसदी की छूट मिल सकती है."

    उन्होंने कहा, "मोदी एक महान नेता हैं, भारत एक परिपक्व लोकतंत्र है, लेकिन फिर भी वे हमें सीधे देखकर कहते हैं कि उनके यहां दुनिया में सबसे ज़्यादा टैरिफ़ नहीं हैं, जबकि हक़ीक़त में हैं."

    व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने कहा, "फिर वे कहते हैं कि हम रूसी तेल ख़रीदना नहीं रोकेंगे. इसका मतलब क्या है? रूस उस पैसे का इस्तेमाल अपनी युद्ध मशीन चलाने के लिए करता है, और ज़्यादा यूक्रेनियों को मारता है, फिर यूक्रेन हमारे पास और यूरोप के पास आता है और कहता है कि हमें और पैसे दो."

    "इस तरह अमेरिकी लोगों का नुक़सान होता है क्योंकि हमें मोदी के युद्ध को फंड करना पड़ता है."

    नवारो ने कहा, "जब भारत रूस से सस्ता तेल खरीदता है और फिर भारतीय रिफ़ाइनरी, रूसी रिफ़ाइनरी के साथ मिलकर उसे दुनिया के बाकी हिस्सों को महंगे दामों पर बेचती हैं, तो हर अमेरिकी का नुक़सान होता है."

    उन्होंने कहा, "शांति का रास्ता कम से कम आंशिक रूप से भारत के युद्ध से होकर गुजरता है."

  20. महाराष्ट्र: पालघर में इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हुई

    पालघर में गिरी  इमारत

    इमेज स्रोत, ANI

    महाराष्ट्र के पालघर ज़िले के विरार इलाक़े में इमारत ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है.

    अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि रातभर में तीन और शव मलबे से निकाले गए.

    क़रीब 50 फ़्लैट वाली यह चार मंज़िला अवैध इमारत मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात क़रीब 12:05 बजे विजय नगर क्षेत्र में पास के खाली मकान पर गिर गई.

    चश्मदीदों के मुताबिक़, चौथी मंज़िल पर एक साल की बच्ची का जन्मदिन मनाया जा रहा था, तभी इमारत के एक हिस्से के 12 फ़्लैट अचानक ढह गए और कई निवासी और मेहमान मलबे में दब गए.

    पालघर ज़िला कलेक्टर डॉक्टर इंदु रानी जाखड़ ने गुरुवार सुबह पुष्टि की कि मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है.