भोजपुरी गायिका शारदा सिन्हा की तबीयत बिगड़ी, एम्स के आईसीयू में भर्ती

भोजपुरी गायिका शारदा सिन्हा की तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सारांश

  • उत्तराखंड के अल्मोड़ा में खाई में गिरी यात्री बस, कम से कम 32 लोगों की मौत
  • पीडीपी के विधायक वहीद-उर-रहमान पर्रा ने जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा वापस दिलाने और अनुच्छेद 370 को हटाने के विरोध में जम्मू-कश्मीर विधानसभा में प्रस्ताव रखा.
  • कनाडा के हिंदू मंदिर पर रविवार को हुए हमले की जस्टिन ट्रूडो ने निंदा की है.
  • दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर बना गंभीर, अधिकतर जगहों पर 400 से ऊपर एक्यूआई.
  • जम्मू-कश्मीर विधानसभा के स्पीकर चुने गए अब्दुल रहीम राथर.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार, कीर्ति रावत

  1. जम्मू-कश्मीर में विधानसभा सत्र की शुरुआत, सबकी नज़रें नई सरकार के रुख़ पर

    उमर अब्दुल्लाह (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उमर अब्दुल्लाह

    जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 ख़त्म होने के बाद पिछले महीने ही चुनाव हुआ था और अब नई सरकार बनने के बाद सोमवार को विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने जा रही है. केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की विधानसभा की यह पहली कार्यवाही है.

    विधानसभा सत्र सुबह साढ़े 10 बजे उपराज्यपाल के संबोधन के साथ शुरू होगा.

    जम्मू कश्मीर विधानसभा के इस पहले सत्र में सबकी नज़रें नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के रुख़ पर टिकी है. कहा जा रहा है कि उमर अब्दुल्लाह की सरकार अनुच्छेद 370 बहाल करने के लिए प्रस्ताव पास कर सकती है.

    नेशनल कॉन्फ़्रेंस ने विधानसभा चुनावों के वक़्त भी राज्य की जनता से ऐसा वादा किया था कि अगर वे जीते तो जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा वापस कराएंगे.

    पिछले महीने हुए जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस ने 42 सीटें जीती थीं.

  2. न्यूज़ीलैंड से शर्मनाक हार के बाद सचिन और सहवाग ने क्या कहा?

    एक पुरानी तस्वीर में सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एक पुरानी तस्वीर में सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग

    टेस्ट सिरीज़ में न्यूज़ीलैंड से 0-3 से हार के बाद टीम इंडिया भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों के निशाने पर है. भारत को ऐसी शर्मनाक हार का सामना अपनी ज़मीन पर करना पड़ा है.

    रविवार को तीसरा टेस्ट मैच भी भारत ने 25 रनों से गंवा दिया था. इसके बाद से ही टीम की आलोचना हो रही है.

    पूर्व भारतीय बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर ने भारत की हार पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    सचिन ने लिखा, "घर में 3-0 से हार के बाद आत्ममंथन की ज़रूरत है. क्या इसके पीछे तैयारी की कमी, ख़राब शॉट सेलेक्शन या फिर प्रैक्टिस मैच की कमी, वजह थी?"

    सचिन ने तीसरे टेस्ट मैच में अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभमन गिल और ऋषभ पंत की तारीफ़ भी की.

    पूर्व भारतीय बल्लेबाज़ ने लिखा, "शुभमन गिल ने पहली पारी में लचीला प्रदर्शन दिखाया और ऋषभ पंत ने दोनों पारियों में अच्छा प्रदर्शन दिखाया. उनके फ़ुटवर्क ने एक कठिन पिच को पूरी तरह से अलग बना दिया. वह बस शानदार थे."

    न्यूज़ीलैंड के लिए सचिन ने लिखा, "पूरी सिरीज़ में लगातार प्रदर्शन करने के लिए न्यूज़ीलैंड की टीम श्रेय की हक़दार है. भारत में 3-0 से जीतना सबसे अच्छा रिज़ल्ट है."

    पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफ़ान पठान ने भारत के प्रदर्शन को शर्मनाक बताया. एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, टीम इंडिया का अपने घर में यह शर्मनाक प्रदर्शन है. न्यूज़ीलैंड को इस शानदार जीत के लिए बधाई.

    पूर्व भारतीय ओपनर बल्लेबाज़ वीरेंद्र सहवाग ने भी भारत की हार पर इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट लिखी. अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, "टीम इंडिया का समर्थन करना ज़रूरी है पर हमारी टीम ने बहुत ख़राब प्रदर्शन किया है. स्पिन खेलने की कला को बेहतर बनाने की ज़रूरत है."

    सहवाग ने सलाह देते हुए लिखा, "कुछ प्रयोग छोटे फ़ॉर्मैट में अच्छे हो सकते हैं लेकिन टेस्ट क्रिकेट में ग़ैर ज़रूरी प्रयोग करना असल में बहुत बुरा था. टॉम लैथम और उनके लड़कों को बधाई. आपने वह कर दिखाया जो हर मेहमान टीम के लिए एक सपना होता है."

  3. झारखंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो चुनावी रैलियां

    एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को झारखंड में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे.

    बीजेपी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ से एक पोस्ट में इस बारे में जानकारी दी है.

    बीजेपी की ‘एक्स’ पोस्ट के मुताबिक़, प्रधानमंत्री झारखंड के गढ़वा में सुबह साढ़े 11 बजे पहली जनसभा करेंगे. उनकी दूसरी जनसभा दोपहर तीन बजे चाइबासा में होगी.

    रविवार को गृह मंत्री अमित शाह ने भी झारखंड में तीन रैलियों को संबोधित किया था. उन्होंने राज्य में बीजेपी के चुनावी संकल्प पत्र भी जारी किया.

    अपनी रैली में अमित शाह ने कहा था, “राज्य में यूसीसी ज़रूर लागू होगा लेकिन इससे आदिवासियों को बाहर ही रखा जाएगा.”

    झारखंड में दो चरणों के तहत विधानसभा चुनाव होना है. राज्य में पहले चरण का मतदान 13 नवंबर और दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर को होगा. नतीजे 23 नवंबर को आएंगे.

  4. दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर बना गंभीर

    दिल्ली की सड़कों पर हो रहा पानी की छिड़काव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली की सड़कों पर हो रहा पानी की छिड़काव

    सोमवार को देश की राजधानी दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर एक बार फिर से 'गंभीर श्रेणी' में दर्ज किया गया है.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वेबसाइट पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक़, सुबह 6 बजे दिल्ली के अधिकतर इलाक़ों की हवा में प्रदूषण का स्तर 'गंभीर' या 'बहुत ख़राब' की श्रेणी में दर्ज किया गया.

    सोमवार की सुबह दिल्ली के आनंद विहार इलाक़े की हवा सबसे ज़्यादा प्रदूषित रही. आनंद विहार में सुबह के 6 बजे एक्यूआई 432 दर्ज किया गया. यह हवा की गुणवत्ता का 'गंभीर' स्तर है.

    आनंद विहार के अलावा, अशोक विहार, बवाना, जहांगीरपुरी, मुंडका, द्वारका, न्यू मोती बाग, पटपड़गंज,पंजाबी बाग, रोहिणी, विवेक विहार और वज़ीरपुर में भी एक्यूआई 400 के पार ही रहा.

    इन इलाक़ों के अलावा दिल्ली की अधिकतर जगहों पर एक्यूआई का स्तर 300 से 400 के बीच में दर्ज किया गया.

    यह हवा की गुणवत्ता का बहुत ख़राब स्तर माना जाता है. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वेबसाइट के मुताबिक़, दिल्ली की हवा में प्रदूषण की बड़ी वजह पीएम 2.0 कण हैं.

    पीएम 2.0 धूल के बहुत ही छोटे और महीन कण होते हैं. इसी के मद्देनज़र धूल को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली की सड़कों पर रोज़ाना एंटी स्मॉग वाहनों से पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है.

    दिल्ली में वायु प्रदूषण के साथ-साथ यमुना नदी में भी प्रदूषण देखने को मिल रहा है. पिछले कई दिनों से दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाक़े से होकर गुज़रने वाली यमुना नदी में झाग की मोटी परत बनी हुई है.

  5. कनाडा में ब्रैम्पटन के एक हिन्दू मंदिर में हमला, ट्रूडो ने क्या कहा?

    जस्टिन ट्रूडो (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जस्टिन ट्रूडो (फ़ाइल फ़ोटो)

    कनाडा के टोरंटो के ब्रैम्पटन इलाक़े में स्थित एक हिंदू मंदिर के परिसर में रविवार को हमला हुआ था.

    कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने हिंदू मंदिर पर किए गए इस हमले की निंदा की है.

    उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर में हुई हिंसा अस्वीकार्य है. हर कनाडाई को अपने धर्म का स्वतंत्र और सुरक्षित तरीक़े से पालन करने का अधिकार है. क्षेत्रीय पुलिस ने इस घटना की जांच और प्रभावित समुदाय की सुरक्षा के लिए तुरंत क़दम उठाया.''

    इस मामले को लेकर कनाडा के हिंदू सांसद चंद्रा आर्या ने जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखी है.

    सांसद चंद्रा आर्या ने हिंदू मंदिर में हमले का विडिया शेयर करते हुए लिखा, “कनाडा के खालिस्तानी अतिवादियों ने सीमा लांघ दी है. ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर के परिसर में हिंदू-कनाडाई भक्तों पर खालिस्तानियों का हमला दिखाता है कि कनाडा में खालिस्तानी हिंसक चरमपंथ कितना गहरा और बेशर्म हो गया है.”

    चंद्रा ने लिखा, “मुझे लगने लगा है कि इन रिपोर्टों में थोड़ी सच्चाई है कि कनाडा के राजनीतिक तंत्र के अलावा, खालिस्तानियों ने हमारी क़ानूनी एजेंसियों में भी प्रभावी रूप से घुसपैठ कर ली है.”

    कनाडा के सांसद के मुताबिक़, “ इस बात में कोई हैरानी नहीं है कि 'अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता' के तहत खालिस्तानी चरमपंथियों को कनाडा में खुली छूट मिल रही है. जैसा कि मैं लंबे समय से कह रहा हूं, हिंदू-कनाडाई लोगों को अपने समुदाय की सुरक्षा और बचाव के लिए आगे आना चाहिए और अपने अधिकारों का दावा करना चाहिए और राजनेताओं को जवाबदेह बनाना चाहिए.''

  6. नमस्कार

    आज सुबह छह बजे से दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.

    साथ ही बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    -ट्रंप क्या इमरान ख़ान को रिहा करा सकते हैं, अमेरिकी चुनाव का पाकिस्तान पर क्या होगा असर?- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - टीम इंडिया के दिग्गजों का दौर ख़त्म हुआ या 'आख़िरी सपना' होगा सच?- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - मध्य प्रदेश: अस्पताल में ख़ून से सने बेड को साफ़ कराने का पूरा मामला क्या है, गर्भवती महिला ने क्या बताया?- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - ईरान की यूनिवर्सिटी में लड़की ने उतारे अपने कपड़े, क्या है पूरा मामला?- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.