स्पेन: लोगों के विरोध के बाद राजा फ़िलिप ने दौरा किया रद्द, स्पेन में फिर बारिश की चेतावनी

स्पेन के वेलेंसिया में बाढ़ग्रस्त इलाक़े के दौरे के वक्त लोगों का विरोध झेलने के बाद अब राजा फ़िलिप और रानी लेतिज़िया ने अपना अगला दौरा रद्द कर दिया है.

सारांश

  • स्पेन के वेलेंसिया में बाढ़ग्रस्त इलाक़े के दौरे के वक्त लोगों का विरोध झेलने के बाद अब राजा फ़िलिप और रानी लेतिज़िया ने अपना अगला दौरा रद्द कर दिया है.
  • श्रीनगर के संडे मार्केट में हुआ ग्रेनेड हमला, पांच लोगों के घायल होने की ख़बर
  • तीसरे टेस्ट मैच भी हारी भारतीय टीम, न्यूज़ीलैंड ने किया क्लीन स्वीप.
  • रोहित शर्मा ने कहा- 'कप्तान और बल्लेबाज़ के तौर पर नहीं किया अच्छा प्रदर्शन'
  • अमित शाह ने झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए जारी किया 'संकल्प पत्र', बोले ज़रूर लागू होगा यूसीसी.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार, कीर्ति रावत

  1. अमित शाह आज जारी करेंगे झारखंड चुनाव का घोषणा पत्र, गौरव वल्लभ ने बताईं बड़ी बातें

    बीजेपी में शामिल होने के बाद गौरव वल्लभ

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीजेपी में शामिल होने के बाद गौरव वल्लभ

    गृह मंत्री अमित शाह रविवार को झारखंड में पार्टी का घोषणा पत्र जारी करेंगे.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ अमित शाह झारखंड में तीन रैलियों को संबोधित भी करेंगे.

    पार्टी का घोषणा पत्र जारी होने से पहले बीजेपी नेता गौरव वल्लभ ने इस बारे में बात की है. उन्होंने घोषणा पत्र की संभावित बड़े वादों के बारे में ज़िक्र किया है.

    उन्होंने कहा, "ऐसा संकल्प पत्र होगा जो झारखंड की पिछले पांच साल की बर्बादी से आगे ले जाने का ब्लू प्रिंट हो. ऐसा घोषणा पत्र होगा जहां महिलाओं के सम्मान के लिए, युवाओं के रोज़गार के लिए और किसानों की मर्ज़ी के लिए जगह होगी."

    बीजेपी नेता ने कहा, “घोषणा पत्र में आदिवासियों की ज़मीन पर जो डिजिटल डकैती हुई है उसे बंद कराने का सारा काम होगा. ऐसा घोषणा पत्र और संकल्प पत्र होगा, जिसमें ग़रीब लोग, मज़दूर लोग, दलित, वंचित महिलाओं और युवाओं के लिए ठोस फोक़स कार्यक्रम होगा.”

    झारखंड में बीजेपी और झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच मुक़ाबला है. झारखंड मुक्ति मोर्चा ‘इंडिया गठबंधन’ का हिस्सा है. गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर गौरव वल्लभ ने कहा, "उन्होंने काफी जल्दी सीट शेयरिंग पर फ़ैसला कर लिया. मुझे तो लग रहा था 21 नवंबर को आखिरी वोटिंग के बाद यह फ़ैसला होगा."

    बीजेपी नेता ने इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा, "ये उनकी तैयारी और चुनाव के लिए गंभीरता दिखा रहा है. चुनाव से पहले ही उन्होंने अपनी हार मान ली है. क्योंकि इस तैयारी के साथ वे किसी भी तरह से लोगों के सामने जाने की स्थिति में नहीं हैं."

    गौरव वल्लभ पहले कांग्रेस में थे, लेकिन 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले ही वे बीजेपी में शामिल हुए थे. झारखंड में दो चरण के तहत विधानसभा चुनाव होना है.

    झारखंड में 13 और 20 नवंबर को वोटिंग होगी और 23 नवंबर को नतीजे जारी किए जाएंगे.

  2. रविवार सुबह 'गंभीर' श्रेणी में पहुंचा वायु प्रदूषण, दिल्ली वालों ने कहा सांस लेने में हो रही दिक्कत

    'गंभीर' श्रेणी में पहुंचा वायु प्रदूषण

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 'गंभीर' श्रेणी में पहुंचा वायु प्रदूषण

    रविवार को देश की राजधानी में हवा की गुणवत्ता का स्तर 'गंभीर' की श्रेणी में पहुंच गया.

    सर्दियों के मौसम की शुरुआत के साथ ही हर साल की तरह दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या जारी है.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक़, दिल्ली के नेहरू नगर की हवा में सबसे ज़्यादा प्रदूषण दर्ज किया गया.

    सुबह आठ बजे के आंकड़ों के मुताबिक, नेहरू नगर में एक्यूआई 431 दर्ज किया गया. जो कि हवा की गुणवत्ता का 'गंभीर' स्तर माना जाता है.

    नेहरू नगर के अलावा दिल्ली के आनंद विहार, अशोक विहार, पंजाबी बाग और रोहिणी में भी एक्यूआई 400 से ऊपर ही दर्ज किया गया.

    इन इलाक़ों के अलावा भी दिल्ली के ज़्यदातर इलाकों में एक्यूआई 300 से 400 के बीच दर्ज किया गया. जो कि हवा की गुणवत्ता का 'बहुत ख़राब' स्तर माना जाता है.

    दिल्ली के स्थानीय लोगों को भी वायु प्रदूषण की वजह से सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.

    एक स्थानीय ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "सांस लेने में भी बहुत दिक्कत हो रही है. आखों में भी जलन हो रही है. मैं लोगों को सलाह दूंगा कि वे सुबह एक्सरसाइज़ करने या मॉर्निंग वॉक से परहेज करें."

  3. दुनिया के सबसे बड़े मगरमच्छ की हुई मौत, गिनीज़ बुक में भी दर्ज था नाम

    दुनिया का सबसे बड़ा मगरमच्छ कैसियस

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, दुनिया का सबसे बड़ा मगरमच्छ कैसियस

    दुनिया के सबसे बड़े और 110 साल पुराने मगरमच्छ की मौत हो गई है. इस नर मगरमच्छ का नाम कैसियस था.

    कैसियस नाम का यह मगरमच्छ खारे पानी का जीव था और इसे 1980 के दशक में ऑस्ट्रेलिया के उत्तरी क्षेत्र में रखा गया था.

    इस खारे पानी के मगरमच्छ को पकड़े जाने के बाद ऑस्ट्रेलिया के ही क्वींसलैंड में रखा गया था.

    कैसियस इस क्षेत्र में मवेशियों और पर्यटन के लिए आये लोगों के वाहनों के पहियों पर हमलों के लिए भी ख़ासा मशहूर था.

    दुनिया का यह सबसे बड़ा मगरमच्छ लगभग पांच मीटर लंबा था और इसका वज़न लगभग एक टन था. हालांकि उसकी उम्र के बारे में सटीक जानकारी उपलब्ध नहीं है.

    साल 2011 में कैसियस का नाम गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दुनिया के सबसे बड़े मगरमच्छ के तौर पर दर्ज हुआ था.

    मैरिनलैंड मेलानेशिया के मगरमच्छ संरक्षण संगठन ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर इस मगरमच्छ के लिए भावुक पोस्ट में लिखा, "कैसियस हमारा प्यारा दोस्त और हमारे परिवार का एक गौरवान्वित सदस्य था."

  4. भारत ने न्यूज़ीलैंड को बड़ी बढ़त से रोका, तीसरे दिन के खेल से पहले कीवी टीम के पास 143 रन की लीड

    रवींद्र जडेजा और विराट कोहली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रवींद्र जडेजा और विराट कोहली

    भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच का आज तीसरा दिन है.

    दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने पर भारतीय टीम 263 रनों पर आउट हो गई थी. इसके बाद अपनी दूसरी पारी में बैटिंग करने उतरी न्यूज़ीलैंड की टीम ने नौ विकेट खोकर 171 रन बना लिए हैं.

    न्यूज़ीलैंड की टीम के पास 143 रनों की बढ़त है. दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक एजाज़ पटेल सात रन बनाकर क्रीज़ पर मौजूद थे. तीसरे दिन अब एजाज़ पटेल के साथ विलियम ओ रूरकी खेल को आगे बढ़ाएंगे.

    न्यूज़ीलैंड की दूसरी पारी में विल यंग ने अर्धशतक लगाते हुए 51 रन बनाए लेकिन उनके अलावा और कोई भी बल्लेबाज़ 30 रन के आंकड़े को भी ना छू सका.

    भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने चार और रविचंद्रन अश्विन ने तीन विकेट लिए. इससे पहले अपनी पहली पारी में न्यूज़ीलैंड की टीम 235 रन पर आउट हो गई थी. भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 263 रन बनाए थे.

    न्यूज़ीलैंड की टीम भारतीय दौरे पर है. जहां तीन टेस्ट मैचों की सिरीज़ को मेहमान टीम पहले ही 2-0 से जीत चुकी है.

  5. इसराइली सेना ने कहा- नौसेना एक छापे में पकड़ा गया हिज़्बुल्लाह का वरिष्ठ सदस्य

    घटना स्थल पर मौजूद लेबनान की सेना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, घटना स्थल पर मौजूद लेबनान की सेना

    इसराइली सेना ने कहा है कि उन्होंने उत्तरी लेबनान के शहर बटरून में हिज़्बुल्लाह के एक वरिष्ठ सदस्य को पकड़ा है.

    इसराइली सेना के मुताबिक़, उन्होंने शुक्रवार को बटरून में नौसेना की एक छापेमारी में हिज़्बुल्लाह के वरिष्ठ सदस्य को पकड़ा है.

    इसराइली सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि हमने एक स्पेशल ऑपरेशन के तहत हिज़्बुल्लाह के सदस्य को पकड़ा और उसे इसराइली क्षेत्र में ले गए.

    फ़िलहाल हिज़्बुल्लाह ने इसराइली सेना के दावे पर कोई भी टिप्पणी नहीं की है.

    लेबनान की सरकारी मीडिया के मुताबिक़, अज्ञात सैन्य बलों ने तड़के सुबह समुद्र तट के पास की एक इमारत पर छापा मारा. इमारत से निकलते वक़्त वे एक व्यक्ति को पकड़ कर स्पीड बोट की सहायता से निकल गए.

    इस घटना के बाद लेबनान के प्रधानमंत्री नजीब मिकाती के ऑफ़िस का कहना है कि उन्होंने विदेश मंत्रालय को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में शिकायत दर्ज कराने का निर्देश दे दिया है.

    प्रधानमंत्री के ऑफ़िस के मुताबिक़, लेबनान की सेना और संयुक्त राष्ट्र शांति सेना यूनिफ़िल दोनों ही इस छापे की जांच कर रहे हैं.

    लेबनान के परिवहन मंत्री अली हामिद के मुताबिक़, यह कार्रवाई संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 1701 का उल्लंघन भी हो सकती है.

  6. नमस्कार

    आज सुबह छह बजे से दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.

    साथ ही बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    - ब्रिटेन की कंज़र्वेटिव पार्टी में ऋषि सुनक की जगह लेने वाली केमी बैडनॉक कौन हैं?- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - अमित शाह को लेकर कनाडा के मंत्री के दावों और राजनयिकों की निगरानी पर बोला भारत- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - मध्य प्रदेश: बांधवगढ़ नेशनल पार्क में एक के बाद एक 10 हाथियों की मौत, उठ रहे हैं सवाल- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - चीन के राजदूत ने पाकिस्तानी विदेश मंत्री के आगे ऐसा क्या कहा जिसे विश्लेषक बता रहे ‘तू-तू मैं-मैं’- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.