लाइव, डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के लिए कहा- वो बस अपनी इज़्ज़त बचाना चाहते हैं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने का कहना है कि ईरान होर्मुज़ स्ट्रेट को खुला रखना चाहता है. ट्रंप का दावा है कि ईरान इसे बंद रखने की बात इसलिए कहता है क्योंकि वह अपनी 'इज़्ज़त बचाना' चाहता है.

सारांश

लाइव कवरेज

रौनक भैड़ा

  1. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के लिए कहा- वो बस अपनी इज़्ज़त बचाना चाहते हैं

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Tasos Katopodis/Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान होर्मुज़ स्ट्रेट को बंद नहीं रखना चाहता (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने का कहना है कि ईरान होर्मुज़ स्ट्रेट को खुला रखना चाहता है. ट्रंप का दावा है कि ईरान इसे बंद रखने की बात इसलिए कहता है क्योंकि वह अपनी 'इज़्ज़त बचाना' चाहता है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने यह बयान तब दिया है, जब उन्होंने ईरान के साथ युद्धविराम को अनिश्चित समय के लिए बढ़ा दिया है.

    डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा, "ईरान नहीं चाहता कि होर्मुज़ स्ट्रेट बंद हो, बल्कि वो चाहते हैं कि यह खुला रहे ताकि रोज़ 500 मिलियन डॉलर कमा सकें (अगर यह बंद है तो उतना ही नुकसान हो रहा है)."

    ट्रंप ने लिखा, "वो सिर्फ़ कहते हैं कि इसे बंद करना चाहिए क्योंकि मैंने इसे पूरी तरह से रोक दिया है. वो बस अपनी इज़्ज़त बचाना चाहते हैं."

    उन्होंने आगे लिखा, "चार दिन पहले लोग मेरे पास आए और बोले- 'सर, ईरान तुरंत होर्मुज़ स्ट्रेट खोलना चाहता है.' लेकिन अगर हम ऐसा करते हैं, तो ईरान के साथ कभी कोई समझौता नहीं हो सकता."

    गौरतलब है कि ट्रंप ने युद्धविराम भले आगे बढ़ा दिया हो लेकिन ईरान के बंदरगाहों की नाकाबंदी जारी रखने की बात भी कही है. दूसरी ओर, ईरान इसे युद्धविराम का उल्लंघन बताता रहा है.

  2. पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने डोनाल्ड ट्रंप का शुक्रिया अदा करते हुए कही ये बात

    शहबाज़ शरीफ़ और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Harun Ozalp/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने शांति की उम्मीद जताई है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्धविराम ख़त्म होने से ठीक पहले इसे अनिश्चित समय तक बढ़ाने का एलान किया. इस पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने ट्रंप का शुक्रिया अदा किया है.

    पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैं दिल से राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने हमारी गुज़ारिश मानकर युद्धविराम बढ़ाया, ताकि कूटनीतिक कोशिशें आगे बढ़ सकें."

    शरीफ़ ने कहा, "पाकिस्तान भरोसे और विश्वास के साथ बातचीत से हल निकालने की कोशिश जारी रखेगा. मुझे उम्मीद है कि दोनों पक्ष युद्धविराम का पालन करेंगे और इस्लामाबाद में होने वाली दूसरे दौर की बातचीत में एक स्थायी 'शांति समझौता' कर पाएंगे, जिससे संघर्ष का हमेशा के लिए अंत हो सके."

    हालांकि, पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने यह स्पष्ट नहीं किया कि इस्लामाबाद में दूसरे दौर की वार्ता कब होगी.

    इससे पहले अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने अपना पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया, क्योंकि ईरान बातचीत के लिए तैयार नहीं हुआ.

  3. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ सीज़फ़ायर आगे बढ़ाया, पाकिस्तान का ज़िक्र करते हुए ये कहा?

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Daniel Heuer/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर युद्धविराम को आगे बढ़ाने का एलान किया

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्धविराम को और बढ़ा दिया है. हालांकि, उन्होंने कहा है कि नाकाबंदी अभी भी जारी रहेगी.

    डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "ईरान की सरकार अंदरूनी तौर पर बंटी हुई है, जैसी उम्मीद थी. पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने मांग की है कि ईरान पर हमला तब तक रोके रखें जब तक उनके नेता और प्रतिनिधि एक साझा प्रस्ताव लेकर नहीं आते."

    ट्रंप ने लिखा, "इसलिए मैंने हमारी सेना को आदेश दिया है कि नाकाबंदी जारी रखी जाए और बाकी मामलों में पूरी तरह तैयार रहें. युद्धविराम को तब तक बढ़ाया जाएगा जब तक उनका प्रस्ताव सामने नहीं आता और बातचीत पूरी नहीं होती, चाहे नतीजा कुछ भी हो."

    इसके बाद व्हाइट हाउस ने यह पुष्टि की है कि उप राष्ट्रपति जेडी वेंस की पाकिस्तान यात्रा रद्द कर दी गई है.

    वेंस इस महीने दूसरी बार इस्लामाबाद जाने वाले थे. वह बुधवार को पहुंचने वाले थे ताकि ईरानी अधिकारियों के साथ समझौते को अंतिम रूप दिया जा सके.

  4. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पन्ने पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ें-