मार्को रुबियो ने वेनेज़ुएला पर कार्रवाई से पहले अमेरिकी कांग्रेस की मंज़ूरी न लेने की वजह बताई

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो से एबीसी न्यूज़ ने पूछा कि वेनेज़ुएला में अमेरिका के ऑपरेशन से पहले कांग्रेस की मंज़ूरी क्यों नहीं ली गई. इस पर रुबियो ने जवाब दिया है, "यह ज़रूरी नहीं था क्योंकि यह कोई हमला नहीं था."

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और सुरभि गुप्ता

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, वेनेज़ुएला में निकोलस मादुरो के बाद राष्ट्रपति पद की ज़िम्मेदारी को लेकर सुप्रीम कोर्ट का ये आदेश

    वेनेज़ुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, वेनेज़ुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज़ (फ़ाइल फ़ोटो)

    वेनेज़ुएला की सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गै़रमौजूदगी में उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज़ को अंतरिम राष्ट्रपति का पदभार संभालना चाहिए.

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, इससे पहले वेनेज़ुएला की हाई कोर्ट ने कहा कि डेल्सी रोड्रिग्ज़ को यह ज़िम्मेदारी सौंपना 'प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखने और देश की रक्षा सुनिश्चित करने' के लिए ज़रूरी है.

    अदालत ने यह भी कहा कि वह इस मामले पर आगे चर्चा करेगी, ताकि यह तय किया जा सके कि राष्ट्रपति की जबरन अनुपस्थिति की स्थिति में देश की निरंतरता, सरकार के संचालन और संप्रभुता की रक्षा के लिए कौन-सा क़ानूनी ढांचा लागू होगा.

  2. वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को कहां ले जाया गया?

    वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनकी पत्नी के साथ 'पकड़ा गया है' (फ़ाइल फ़ोटो)

    वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति को लेकर जा रहा विमान न्यूयॉर्क पहुंच चुका है. माना जा रहा है कि निकोलस मादुरो को ले जा रहा काफ़िला ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (डीईए) मुख्यालय से निकलकर मैनहैटन के वेस्ट साइड हाईवे से उत्तर की ओर गया, इसके बाद वह फिर हेलिपोर्ट लौट आया.

    ऐसा समझा जा रहा है कि इसके बाद वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी दोबारा हेलिकॉप्टर में सवार हुए और उन्हें ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर ले जाया गया.

    तीन हेलिकॉप्टर हडसन नदी के ऊपर से गुज़रे और न्यूयॉर्क हार्बर में स्टैच्यू ऑफ़ लिबर्टी के पास से निकले.

    अब ऐसा लगता है कि हेलिकॉप्टर उतर चुके हैं और मादुरो के साथ उनकी पत्नी को क़ानून प्रवर्तन वाहनों के काफ़िले में डिटेंशन सेंटर ले जाया गया है.

    हालांकि, बीबीसी को अभी भी इस बात की आधिकारिक पुष्टि का इंतज़ार है.

    वेनेज़ुएला की राजधानी काराकास में शनिवार तड़के धमाकों के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ने वेनेज़ुएला पर हमला करके राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को 'पकड़ लिया है.'

  3. वेनेज़ुएला पर अमेरिकी हमले के बाद भारत ने जारी की एडवाइज़री

    वेनेज़ुएला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत ने शनिवार रात अपने नागरिकों को वेनेज़ुएला की यात्रा को लेकर एक एडवाइज़री जारी की है.

    भारत सरकार ने लोगों से कहा है कि वे वेनेज़ुएला की सभी गै़र-ज़रूरी यात्राओं से बचें.

    वेनेज़ुएला में मौजूद भारतीय नागरिकों से विदेश मंत्रालय ने अपील की है कि वे सतर्क रहें और अपनी आवाजाही सीमित रखें.

    यह सलाह ऐसे समय में जारी की गई है जब अमेरिका ने एक सैन्य कार्रवाई में वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में ले लिया है.

    अमेरिका ने वेनेज़ुएला की राजधानी काराकास में यह सैन्य अभियान चलाया. अमेरिका लगातार राष्ट्रपति मादुरो पर मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल होने के आरोप लगाता रहा है.

  4. ज़ोहरान ममदानी ने वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को 'पकड़े' जाने पर क्या कहा?

    ज़ोहरान ममदानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ज़ोहरान ममदानी ने वेनेज़ुएला पर अमेरिकी हमले के बाद प्रतिक्रिया दी

    अमेरिका के न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने शनिवार को कहा कि उन्हें वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को न्यूयॉर्क में क़ैद करने की योजना के बारे में जानकारी दी गई है.

    उन्होंने इसे 'युद्ध की कार्रवाई' और 'संघीय और अंतरराष्ट्रीय क़ानूनों का उल्लंघन' बताया है.

    वेनेज़ुएला की राजधानी काराकास में शनिवार तड़के धमाकों के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका ने वेनेज़ुएला पर हमला करके राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को 'पकड़ लिया है.'

    यह कार्रवाई वेनेज़ुएला सरकार से कथित रूप से जुड़े मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले जहाज़ों पर महीनों से चल रहे हमलों के बाद की गई.

    मेयर ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "सत्ता परिवर्तन की यह खुली कोशिश न्यूयॉर्क के लोगों और शहर में रहने वाले वेनेज़ुएलावासियों पर सीधा असर डालेगी."

    उन्होंने कहा, "मेरी प्राथमिकता उनकी सुरक्षा और हर न्यूयॉर्कवासी की सुरक्षा है. मेरा प्रशासन हालात पर लगातार नज़र रखेगा और ज़रूरत के मुताबिक़ दिशा-निर्देश जारी करता रहेगा."

    ये भी पढ़ें:

  5. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.