भारत-पाकिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच इन गांवों से घर खाली कर रहे लोग, हरमनदीप सिंह, फिरोजपुर से बीबीसी पंजाबी के लिए
भारत के पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के कई इलाकों में हमले के बाद पंजाब में कुछ गांवों के लोगों ने अपने घरों को खाली करना शुरू कर दिया है.
लोग अपना सामान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर सीमा से दूर गांवों या अपने रिश्तेदारों के घर जा रहे हैं.
बीबीसी ने कई परिवारों से बात की जो सीमा से दूर जा रहे थे. उन परिवारों का कहना है कि वे सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि हर परिवार से एक या दो सदस्य अपने घरों, संपत्तियों और ज़मीन की रक्षा के लिए वहीं रहेंगे.
फिरोज़पुर जिले में हुसैनीवाला सीमा के पास लगभग 12 से 14 गांव हैं जो सीधे भारत-पाकिस्तान सीमा जुड़े हुए हैं.
झूगे हजारा सिंह गांव के जीत सिंह ने कहा, "यहां डर का माहौल है. लोग अपने रिश्तेदारों के यहां जा रहे हैं."
एक बुज़ुर्ग महिला पंजो बाई ने कहा, "हम अपना अनाज लेकर मोगा ज़िले में सुरक्षा के लिए जा रहे हैं. यहां युद्ध की संभावना है और पाकिस्तान रात में हमला कर सकता है."