You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

भारत और पाकिस्तान की स्थिति पर क़रीबी नज़र, दोनों पक्षों के संपर्क में: अमेरिका

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया है कि अमेरिका भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव पर 'क़रीबी नज़र' बनाए हुए है.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, सुरभि गुप्ता और इफ़्तेख़ार अली

  1. भारत-पाकिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच इन गांवों से घर खाली कर रहे लोग, हरमनदीप सिंह, फिरोजपुर से बीबीसी पंजाबी के लिए

    भारत के पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर के कई इलाकों में हमले के बाद पंजाब में कुछ गांवों के लोगों ने अपने घरों को खाली करना शुरू कर दिया है.

    लोग अपना सामान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर सीमा से दूर गांवों या अपने रिश्तेदारों के घर जा रहे हैं.

    बीबीसी ने कई परिवारों से बात की जो सीमा से दूर जा रहे थे. उन परिवारों का कहना है कि वे सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं.

    उन्होंने कहा कि हर परिवार से एक या दो सदस्य अपने घरों, संपत्तियों और ज़मीन की रक्षा के लिए वहीं रहेंगे.

    फिरोज़पुर जिले में हुसैनीवाला सीमा के पास लगभग 12 से 14 गांव हैं जो सीधे भारत-पाकिस्तान सीमा जुड़े हुए हैं.

    झूगे हजारा सिंह गांव के जीत सिंह ने कहा, "यहां डर का माहौल है. लोग अपने रिश्तेदारों के यहां जा रहे हैं."

    एक बुज़ुर्ग महिला पंजो बाई ने कहा, "हम अपना अनाज लेकर मोगा ज़िले में सुरक्षा के लिए जा रहे हैं. यहां युद्ध की संभावना है और पाकिस्तान रात में हमला कर सकता है."

  2. उमर अब्दुल्लाह ने कहा, "भारत-पाकिस्तान में जंग कोई नहीं चाहता, लेकिन..."

    जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह का कहना है कि क्षेत्र में कोई भी भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध नहीं चाहता है, लेकिन तनाव कम करने की ज़िम्मेदारी पाकिस्तान की है.

    पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में भारत के हवाई हमलों पर टिप्पणी करते हुए उमर अब्दुल्लाह ने कहा कि भारत सरकार ने पिछले महीने पहलगाम में हुए हमलों के लिए ज़िम्मेदार लोगों को "करारा जवाब" देने के लिए "सही तरीक़ा" चुना है.

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए चरमपंथी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी. भारत ने इस हमले के तार सीमा-पार से जोड़े हैं, जबकि पाकिस्तान ने भारत के इन आरोपों से इनकार किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "पाकिस्तान में किसी सैन्य या नागरिक क्षेत्र के बजाय आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया, लेकिन पाकिस्तान ने कुछ क्षेत्रों पर बमबारी की और हमारे आम नागरिकों को निशाना बनाया."

    उमर अब्दुल्लाह ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उन्हें घबराने की ज़रूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि लोगों को क्षेत्र छोड़ने की ज़रूरत नहीं है.

  3. 'हमारे घर जल गए, लेकिन ख़ुशकिस्मती से हम बच गए'; बारामुला के लोगों की आपबीती, आमिर पीरज़ादा, बीबीसी न्यूज़

    बीबीसी ने जम्मू-कश्मीर के बारामुला में उस अस्पताल का दौरा किया, जिसमें सीमा पार गोलाबारी में घायल हुए चार लोगों को लाया गया है.

    18 साल के मंज़ूर उरी में नियंत्रण रेखा के नज़दीक अपने घर की पहली मंज़िल पर सो रहे थे, तभी खिड़की के रास्ते आए एक छर्रे ने उनकी बांह को घायल कर दिया.

    डॉक्टरों का कहना है कि छर्रे निकालने के लिए उनकी सर्जरी करनी होगी.

    बदरदीन नाइक और उनके परिवार के दो घायल सदस्यों का भी इसी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

    बुधवार की तड़के नियंत्रण रेखा के निकट स्थित सलामाबाद में उनके घरों के नज़दीक गोलाबारी हुई और इसकी जद में आने की वजह से ये घायल हुए हैं.

    नाइक और उनके आठ साल के बच्चे के सिर में चोट आई है. नाइक कहते हैं, "हमारे घर गए हैं, लेकिन खुशकिस्मती से हम बच गए."

    गौरतलब है कि मंगलवार की रात को भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में कई जगहों पर हवाई हमले किए, जिसमें पाकिस्तानी सैन्य प्रवक्ता के अनुसार 26 नागरिक मारे गए और 46 घायल हो गए.

    भारत के एक सैन्य अधिकारी ने बीबीसी को बताया है कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की तरफ़ से हुई गोलाबारी में कम से कम 10 भारतीयों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं.

  4. भारत और पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति पर क़तर ने क्या अपील की?

    क़तर ने भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर गहरी चिंता जताई है और इस संकट का राजनयिक समाधान निकालने की अपील की है.

    क़तर के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया एक्स पर एक बयान पोस्ट किया है.

    बयान में कहा गया है, "भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ रहे तनाव को लेकर क़तर चिंतित है और दोनों देशों से आग्रह किया है कि वह इस संकट का हल राजनयिक तरीके से खोजें."

    क़तर ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान को तनाव कम करने के लिए बातचीत के रास्ते खोलने पर ज़ोर देना चाहिए. उन्होंने कहा कि दोनों देशों को सकारात्मक बातचीत के ज़रिये अनसुलझे मुद्दों को सुलझाना चाहिए.

    बुधवार की सुबह भारतीय सेना की कर्नल सोफ़िया कुरैशी ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया था कि भारत के सशस्त्र बलों ने 6-7 मई 2025 की रात 1 बजकर 5 मिनट से डेढ़ बजे के बीच 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया.

    उन्होंने बताया, "ये ऑपरेशन 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए वीभत्स आतंकवादी हमले के शिकार मासूम नागरिकों और उनके परिवारों को न्याय देने के लिए लॉन्च किया गया था. इस कार्रवाई में नौ आतंकवादी शिविरों को टारगेट किया गया और पूरी तरह से इन्हें बर्बाद किया गया."

    पाकिस्तान ने भारतीय हवाई हमले में 26 नागरिकों की मौत और 46 लोगों के घायल होने की जानकारी दी है, जबकि भारत ने कहा है कि नियंत्रण रेखा पर सीमापार से हुई गोलाबारी में 10 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है और 32 लोग घायल हुए हैं.

  5. भारतीय राजनयिक को पाकिस्तान ने तलब किया, क्या कहा?

    पाकिस्तानी विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा कि उसने एक भारतीय राजनयिक को तलब कर भारत के हवाई हमलों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है.

    बयान में कहा गया है कि इन हमलों के परिणामस्वरूप महिलाओं और बच्चों सहित कई नागरिक मारे गए हैं.

    विदेश कार्यालय ने कहा है कि भारतीय राजनयिक को बताया गया कि ये हमले पाकिस्तान की संप्रभुता का स्पष्ट उल्लंघन हैं और इस तरह के हमले अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और दोनों देशों के बीच संबंधों को नियंत्रित करने वाली परंपराओं का भी उल्लंघन हैं.

    बयान में कहा गया है कि भारत को चेतावनी दी गई कि इस तरह का ग़ैर-जिम्मेदाराना व्यवहार क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा के लिए गंभीर ख़तरा पैदा करता है.

    गौरतलब है कि मंगलवार की रात को भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में कई जगहों पर हवाई हमले किए, जिसमें पाकिस्तानी सैन्य प्रवक्ता के अनुसार 26 नागरिक मारे गए और 46 घायल हो गए.

    भारत ने भी कहा है कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की तरफ़ से हुई गोलाबारी में कम से कम 10 भारतीयों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हुए हैं.

    भारत ने मुज़फ़्फ़राबाद में जिस जगह हमला किया, वहां क्या हाल है?

  6. भारत के हवाई हमले में परिवार के 10 सदस्यों समेत 14 की मौत: मसूद अज़हर, बीबीसी उर्दू

    चरमपंथी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने कहा है कि पाकिस्तान पर भारत के हमले में संगठन के मुखिया मसूद अज़हर के परिवार के 10 सदस्य और चार करीबी सहयोगी मारे गए हैं.

    इस बारे में जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) की ओर से बुधवार को एक बयान जारी किया गया. बयान में कहा गया है कि मृतकों में मसूद अज़हर की बड़ी बहन और बहनोई, भांजा, भांजे की पत्नी, भांजी और परिवार के पांच बच्चे शामिल हैं.

    जैश-ए-मोहम्मद ने यह भी कहा कि हमले में मसूद अज़हर के तीन करीबी सहयोगी और उनमें से एक सहयोगी की मां की मौत हो गई.

    बयान के मुताबिक़ पाकिस्तान के बहावलपुर में सुभान अल्लाह मस्जिद पर हमले में मसूद अज़हर के रिश्तेदारों की मौत हुई है.

    फरवरी 2019 में जैश-ए-मोहम्मद ने जम्मू-कश्मीर में एक आत्मघाती बम विस्फोट किया था, जिसमें 40 सैनिकों की मौत हो गई थी.

    बुधवार की सुबह भारतीय सेना की कर्नल सोफ़िया कुरैशी ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया था कि भारत के सशस्त्र बलों ने 6-7 मई 2025 की रात 1 बजकर 5 मिनट से डेढ़ बजे के बीच 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया.

    उन्होंने बताया, "ये ऑपरेशन 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए वीभत्स आतंकवादी हमले के शिकार मासूम नागरिकों और उनके परिवारों को न्याय देने के लिए लॉन्च किया गया था. इस कार्रवाई में नौ आतंकवादी शिविरों को टारगेट किया गया और पूरी तरह से इन्हें बर्बाद किया गया."

    पाकिस्तान ने भारतीय हवाई हमले में 26 नागरिकों की मौत और 46 लोगों के घायल होने की जानकारी दी है, जबकि भारत ने कहा है कि नियंत्रण रेखा पर सीमापार से हुई गोलाबारी में 10 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है और 32 लोग घायल हुए हैं.

  7. सीमा पार से गोलाबारी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हुई: भारतीय सैन्य अधिकारी

    एक शीर्ष भारतीय सैन्य अधिकारी ने बीबीसी से पुष्टि की है कि सीमा पार से गोलाबारी में मरने वाले आम भारतीय नागरिकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है. इसके अलावा 32 लोग घायल हुए हैं.

    ये सभी मौतें भारत और पाकिस्तान के बीच पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के करीब हुई हैं.

    वहीं पाकिस्तान ने भारतीय हवाई हमले में 26 नागरिकों की मौत और 46 लोगों के घायल होने की जानकारी दी है.

    पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ़ चौधरी ने कहा है कि नियंत्रण रेखा पर भारतीय हवाई हमले और गोलीबारी में 26 लोग मारे गए हैं.

    हालाँकि भारत ने मीडिया को बताया है कि पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में किए गए हवाई हमले 'नपे-तुले और गैर बढ़ावा देने वाले रहे हैं'. भारत ने ये भी दावा किया उसने किसी भी सैन्य प्रतिष्ठान को निशाना नहीं बनाया है.

  8. पाकिस्तान के ख़िलाफ़ भारत के हमले के बाद चीन ने क्या कहा?

    चीनी विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में भारत के हवाई हमले को 'अफसोसजनक' कहा है.

    भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर एक सवाल के जवाब में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि वे मौजूदा हालात को लेकर 'चिंतित' हैं.

    चीनी विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया, "भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे के पड़ोसी हैं और हमेशा रहेंगे. वे दोनों चीन के पड़ोसी भी हैं. चीन सभी तरह के आतंकवाद का विरोध करता है."

    मंत्रालय के प्रवक्ता ने दोनों देशों से "शांत रहने, संयम बरतने और ऐसी कार्रवाइयों से बचने की अपील की है, जो स्थिति को और जटिल बना सकती हैं."

    बुधवार की सुबह भारतीय सेना की कर्नल सोफ़िया कुरैशी ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया था कि भारत के सशस्त्र बलों ने 6-7 मई 2025 की रात 1 बजकर 5 मिनट से डेढ़ बजे के बीच 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया.

    उन्होंने बताया, "ये ऑपरेशन 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए वीभत्स आतंकवादी हमले के शिकार मासूम नागरिकों और उनके परिवारों को न्याय देने के लिए लॉन्च किया गया था. इस कार्रवाई में नौ आतंकवादी शिविरों को टारगेट किया गया और पूरी तरह से इन्हें बर्बाद किया गया."

  9. पाकिस्तान का दावा- पांच भारतीय लड़ाकू विमान और एक ड्रोन को मार गिराया

    पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसने पांच भारतीय लड़ाकू विमान मार गिराए हैं. हालांकि, भारत की ओर से पाकिस्तान के इस दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के शेयर किए गए वीडियो में पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ़ चौधरी ने कहा है, "अब तक, मैं आपको पुष्टि कर सकता हूं कि पांच भारतीय विमान - जिनमें तीन रफ़ाल, एक एसयू-30 और एक मिग-29 शामिल है - और एक हेरॉन ड्रोन भी मार गिराए गए हैं."

    भारत की ओर से की गई एक प्रेस ब्रीफिंग में पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पर हमले की जानकारी दी गई.

    भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा है कि भारत ने सीमा पार से हो रहे हमलों का जवाब देने के अपने अधिकार का प्रयोग करते हुए हमला किया.

    हालांकि भारत ने भारतीय लड़ाकू विमानों के मार गिराए जाने के पाकिस्तान के दावे पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

  10. कर्नल सोफ़िया कुरैशी ने बताया भारत ने पाकिस्तान में कब और किन ठिकानों पर किया हमला

    नई दिल्ली में प्रेस ब्रीफिंग कर भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पर हुए हमले के बारे में मीडिया को जानकारी दी.

    प्रेस ब्रीफिंग में मौजूद भारतीय सेना की कर्नल सोफ़िया कुरैशी ने बताया कि भारत के सशस्त्र बलों ने 6-7 मई 2025 की रात 1 बजकर 5 मिनट से डेढ़ बजे के बीच 'ऑपरेशन सिंदूर' चलाया.

    उन्होंने बताया, "ये ऑपरेशन 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए वीभत्स आतंकवादी हमले के शिकार मासूम नागरिकों और उनके परिवारों को न्याय देने के लिए लॉन्च किया गया था. इस कार्रवाई में नौ आतंकवादी शिविरों को टारगेट किया गया और पूरी तरह से इन्हें बर्बाद किया गया."

    कर्नल सोफ़िया ने दावा किया कि पाकिस्तान में पिछले तीन दशकों से 'आतंकी इंफ्रास्ट्रक्चर' का निर्माण हो रहा था. कर्नल सोफ़िया ने बताया कि ये 'आतंकी ढाँचे' पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में फैले हुए हैं.

    उधर, पाकिस्तान पहलगाम हमले में अपनी भूमिका से इनकार करता रहा है. पाकिस्तान ने कहा कि भारत के पास अगर इस बारे में कोई सबूत हैं तो उसे दिखाने चाहिए. पाकिस्तान ने भारत के हाल के दावों पर अभी कुछ नहीं कहा है.

    वो जगह जहां भारत ने हमला किया, मुरीदके से बीबीसी की ग्राउंड रिपोर्ट-

  11. पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में हमले पर विक्रम मिसरी ने क्या बताया

    भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा है कि भारत ने सीमा पार से हो रहे हमलों का जवाब देने और इनका प्रतिरोध करने के अपने अधिकार का प्रयोग करते हुए पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर और पाकिस्तान के 'आतंकी ढाँचों' पर हमला किया है.

    प्रेस ब्रीफिंग में मिसरी ने कहा कि 'भारत की कार्रवाई केंद्रित, नपी-तुली और गैर-बढ़ावा देने वाली रही है.'

    उन्होंने कहा कि पहलगाम का हमला अत्यधिक बर्बरतापूर्ण था.

    उन्होंने कहा कि इस हमले का मकसद जम्मू-कश्मीर में सामान्य होती स्थिति को बाधित करने के लिए किया गया था. इसे प्रतिकूल रूप से प्रभावित करना था.

    उन्होंने कहा कि मकसद था इस संघ राज्य क्षेत्र में विकास को नुकसान पहुँचाकर इसे पिछड़ा बनाए रखा जाए. इसके अलावा देश में सांप्रदायिक दंगे भड़काने की कोशिश भी की गई थी.

    मिसरी ने कहा, "पहलगाम हमले की जांच से पाकिस्तान के साथ आतंकियों के संपर्क उजागर हुए हैं."

    उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने 'आतंकवादियों के ढाँचे' को खत्म करने के लिए कोई कदम नहीं उठाए.

    विदेश सचिव ने कहा कि पहलगाम हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र ने भी इस संबंध में एक बयान जारी किया था. उन्होंने कहा कि भारत की आज (मंगलवार रात) की इस कार्रवाई को इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए.

  12. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने संवेदनशील क्षेत्रों के लिए अधिकारियों को ये निर्देश दिए

    जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जानकारी दी है कि उन्होंने ज़िलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों से ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का निर्देश दिया है.

    मनोज सिन्हा ने एक्स पर लिखा कि उन्होंने सभी वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस और जिला अधिकारियों के साथ प्रदेश के सीमावर्ती जिलों की स्थिति का जायजा लिया है.

    उन्होंने लिखा, "मैं स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहा हूँ और सरकार किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है."

    मनोज सिन्हा ने एक और पोस्ट किया, "मैंने डीसी (ज़िलाधिकारियों) को संवेदनशील क्षेत्रों से ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने और उनके लिए भोजन, आवास, चिकित्सा और परिवहन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है. हम हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे."

  13. इसराइली राजदूत ने कहा: इसराइल भारत के आत्मरक्षा के अधिकार के समर्थन में

    भारत में इसराइल के राजदूत रूवेन अज़ार ने भारतीय सेना के 'ऑपरेशन सिंदूर' पर प्रतिक्रिया दी है.

    इसराइली राजदूत ने एक्स पर पोस्ट किया, "इसराइल भारत के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन करता है. आतंकवादियों को पता होना चाहिए कि निर्दोषों के ख़िलाफ़ उनके जघन्य अपराधों से बचने के लिए उनके पास छिपने की कोई जगह नहीं है."

    भारतीय रक्षा मंत्रालय ने कहा, "पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्ज़े वाले जम्मू-कश्मीर में नौ आतंकवादी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर लक्षित हमले किए गए हैं."

    भारत ने इन हमलों को 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया है.

  14. भारत के हवाई हमले के बाद अब तक क्या-क्या हुआ है?

    भारतीय सेना के हवाई हमले के बाद से पिछले कुछ घंटों में घटनाक्रम तेज़ी से बदल रहे हैं. अगर आप हमारे लाइव पेज़ से अभी जुड़े हैं तो जानें कि अब तक क्या-क्या हुआ है..

    • जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए हमले के दो हफ़्ते बाद, भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर की कई जगहों पर हमले किए हैं. भारत ने इन हमलों को 'ऑपरेशन सिंदूर' नाम दिया है.
    • भारत ने कहा है कि उसने पाकिस्तान के नौ ठिकानों पर हमला किया है.
    • पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने हमले में आठ पाकिस्तानी नागरिकों की मौत की पुष्टि की है और बताया कि इन हमलों में अन्य 35 लोग घायल हुए हैं.
    • भारतीय सेना के एक प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया है कि कश्मीर में पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हुई है.
    • पाकिस्तान और भारत ने कई इलाक़ों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए हैं.
    • भारतीय सेना के "ऑपरेशन सिंदूर" शुरू किए जाने के बाद कई एयरलाइंस ने ट्रैवल एडवाइज़री जारी की है.
  15. भारत के हमले के बाद पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से क्या कहा?

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि इस्लामाबाद ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) को "भारत की आक्रामकता और इससे अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए पैदा हुए खतरे" के बारे में सूचित किया है.

    इसमें कहा गया है, "संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को सूचित किया गया है कि पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अनुच्छेद 51 में दिए गए आत्मरक्षा के अधिकार के अनुसार, खुद के चुने गए समय और जगह पर इस आक्रमण का उचित जवाब देने का अधिकार रखता है."

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार ने एक्स पर पोस्ट किया, "पाकिस्तान भारत की आक्रामकता की कड़ी निंदा करता है, जो पाकिस्तान की संप्रभुता, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है."

  16. जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाक़ों में गोलीबारी, माहौल तनावपूर्ण, माजिद जहांगीर, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर से

    पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में भारत के हवाई हमले के बाद जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाक़े पुंछ, राजौरी, मेंढर और उरी सेक्टर में गोलाबारी की ख़बरें सामने आ रही हैं.

    गोलीबारी के कारण इन इलाक़ों में अफ़रा-तफ़री का माहौल है.

    पुंछ के स्थानीय निवासी ज़मरोद मुग़ल ने बीबीसी न्यूज़ को फ़ोन पर बताया कि जम्मू के पुंछ सेक्टर में धमाकों की आवाज़े सुनाई दे रही हैं.

    उन्होंने आगे बताया है कि लोग अस्पतालों और अन्य सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं.

    मुग़ल ने बताया है कि एक गोला पुंछ के मुख्य बाज़ार में स्थित वन विभाग कार्यालय के पास आकर गिरा. वहाँ स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.

    एक पुलिस अधिकारी ने बीबीसी से फ़ोन पर पुष्टि की है कि उरी सेक्टर में बुधवार की सुबह गोलाबारी हुई है.

    हालाँकि, उन्होंने इसको लेकर आगे की जानकारी साझा नहीं की.

  17. पाकिस्तान और भारत ने इन क्षेत्रों में सभी स्कूल और कॉलेज बंद किए

    भारत और पाकिस्तान के बीच बनी मौजूदा स्थिति के मद्देनज़र दोनों ही देशों में कुछ इलाकों में स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए हैं.

    बीबीसी की संवाददाता अज़ादेह मोशिरी के मुताबिक़ पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद और पंजाब प्रांत में स्कूल बंद कर दिए गए हैं.

    कश्मीर से बीबीसी के शफ़त फारूक की रिपोर्ट के मुताबिक़ कश्मीर के कई हिस्सों में स्कूल और कॉलेज बंद किए गए हैं.

    अधिकारियों ने घोषणा की है कि जम्मू-कश्मीर के जम्मू, साम्बा, कठुआ, राजौरी और पुंछ क्षेत्रों में सभी शैक्षणिक संस्थान आज बंद रहेंगे.

  18. इन इंटरनेशनल एयरलाइंस ने पाकिस्तान जाने वाली उड़ानें रोकीं

    कतर एयरवेज़ ने पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण पाकिस्तान के लिए उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं.

    कतर एयरवेज़ ने एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा, "एयरलाइन स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रही है और अपने यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को प्राथमिकता देना जारी रखेगी."

    एयरलाइन ने यात्रियों को कतर एयरवेज़ की आधिकारिक वेबसाइट से प्रभावित उड़ानों पर ताज़ा जानकारी लेने की सलाह दी है.

    पाकिस्तानी अधिकारियों ने लाहौर और कराची के प्रमुख शहरों को कवर करने वाले हवाई क्षेत्र को बंद करने की घोषणा की है.

    सीएनएन को दिए गए एक बयान में एयर फ्रांस एयरलाइन ने कहा कि उसने अगले आदेश तक पाकिस्तान के ऊपर से उड़ानें निलंबित कर दी हैं और वह "कुछ डेस्टिनेशन के लिए अपनी उड़ान योजनाओं में बदलाव कर रहा है."

    जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा ने भी रॉयटर्स समाचार एजेंसी को बताया है कि वह "अगले आदेश तक पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र से गुज़रने से बच रही है."

  19. पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में तीन भारतीय नागरिकों की मौत: रिपोर्ट

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स और एएफ़पी ने भारतीय सेना के हवाले से बताया है कि कश्मीर में पाकिस्तानी सेना की गोलीबारी में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हुई है.

    वहीं पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ़ चौधरी ने बीबीसी को बताया कि भारत के हमले में दो बच्चों सहित सात लोगों की मौत हुई है.

    शरीफ़ चौधरी ने कहा कि हमलों में एक मस्जिद सहित कई स्थानों को निशाना बनाया गया.

    भारत के हमले को लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान को इसका जवाब देने का पूरा अधिकार है.

  20. भारत और पाकिस्तान की स्थिति पर क्या बोले अमेरिका के विदेश मंत्री?

    भारत के हमले पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि हम स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं.

    मार्को रुबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "मैं भारत और पाकिस्तान की स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहा हूँ."

    उन्होंने आगे लिखा, "मैं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इस टिप्पणी से सहमत हूँ कि ये जल्द ही खत्म हो और शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारतीय और पाकिस्तानी नेतृत्व दोनों के साथ बातचीत जारी रखेगी."

    वहीं, कुछ देर पहले ही पाकिस्तानी सेना ने बीबीसी को बताया है कि भारत के हमले में दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई है.

    दूसरी ओर, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा है कि पाकिस्तान को भारतीय हमले का निर्णायक रूप से जवाब देने का पूरा अधिकार है.