ज़ेलेंस्की बोले, अमेरिका ने यूक्रेन को 15 साल की सुरक्षा गारंटी की पेशकश की

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि अमेरिका ने यूक्रेन को 15 साल की सुरक्षा गारंटी देने का प्रस्ताव दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, सुमंत सिंह

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, सुप्रीम कोर्ट ने कुलदीप सेंगर की सज़ा के निलंबन पर रोक लगाई

    कुलदीप सेंगर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर (फ़ाइल फ़ोटो)

    सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सज़ा को निलंबित करने के दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगा दी है.

    मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अगुवाई वाली सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की पीठ ने कहा, "हम इस तथ्य से अवगत हैं कि जब किसी ट्रायल कोर्ट या हाई कोर्ट ने किसी दोषी या विचाराधीन अभियुक्त को ज़मानत पर रिहा किया हो, तो आम तौर पर इस अदालत को उस व्यक्ति को सुने बिना ऐसे आदेश पर रोक नहीं लगानी चाहिए."

    "लेकिन इस मामले में हालात अलग हैं, क्योंकि प्रतिवादी अभियुक्त को आईपीसी की धारा 304-II के तहत भी सजा सुनाई गई है, जो महिला के पिता की गै़र-इरादतन हत्या से जुड़ा मामला है, और वह इस केस में हिरासत में है."

    पीठ ने कहा, "मामले की विशेष परिस्थितियों को देखते हुए हम उस आदेश पर रोक लगाते हैं. यानी अभियुक्त को उस आदेश के आधार पर रिहा नहीं किया जाएगा."

    इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार 23 दिसंबर को कुलदीप सिंह सेंगर की सज़ा निलंबित करते हुए उन्हें ज़मानत दे दी थी.

    जिसके बाद रेप सर्वाइवर, उनकी माँ, कई सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ विपक्ष के नेताओं ने इस फ़ैसले का विरोध किया था.

    ये भी पढ़ें:

  2. चांदी ने तोड़ा रिकॉर्ड, उच्चतम स्तर तक पहुंची क़ीमत

    चांदी की क़ीमत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    सोमवार को भी चांदी की क़ीमतों ने अपनी बढ़त जारी रखी और एक नया रिकॉर्ड बनाया.

    चांदी के दाम 6 फ़ीसदी उछलकर 2,54,174 रुपये प्रति किलोग्राम के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए.

    अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों में मज़बूत रुझान और निवेशकों की मज़बूत मांग के चलते चांदी में लगातार ख़रीदारी देखी जा रही है.

    एमसीएक्स पर फरवरी डिलीवरी का सोना 357 रुपये यानी 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,40,230 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया.

  3. जानिए अब तक की 5 बड़ी ख़बरें, बस एक क्लिक में

    क्या आप अभी-अभी बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज से जुड़े हैं?

    अगर हाँ, तो देश-दुनिया की हलचल से अपडेट होने के लिए बस एक क्लिक करें.

    नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें और जानें आज सुबह से अब तक की 5 बड़ी ख़बरें.

  4. चीन ने ताइवान के आसपास शुरू की मिलिट्री ड्रिल

    चीन की सेना की ओर से जारी वीडियो

    इमेज स्रोत, Eastern Theater Command

    इमेज कैप्शन, चीन की सेना ने सोमवार को एक वीडियो जारी किया है, जिसमें युद्धपोतों की तैनाती दिखाई गई है

    चीन ने ताइवान के आसपास सैन्य अभ्यास शुरू किए हैं, जिनमें नाकाबंदी जैसे हालात का अभ्यास किया जा रहा है.

    चीन ने कहा है कि ये अभ्यास 'अलगाववादी ताक़तों' को चेतावनी देने के लिए हैं.

    चीन की सेना के मुताबिक़, इन अभ्यासों में थलसेना, नौसेना, वायुसेना और रॉकेट फ़ोर्स को तैनात किया गया है. इन अभ्यासों में लाइव फ़ायर ड्रिल भी शामिल हैं.

    इन सैन्य अभ्यासों को 'जस्टिस मिशन 2025' नाम दिया गया है.

    ये अभ्यास अमेरिका की ओर से ताइवान को 11 अरब डॉलर के बड़े हथियार पैकेज की बिक्री की घोषणा के कुछ ही दिनों बाद हो रहे हैं.

    अमेरिका के इस फ़ैसले पर चीन ने कड़ा विरोध जताया था और इसके जवाब में अमेरिकी रक्षा कंपनियों पर प्रतिबंध लगाए थे.

    इस साल ताइवान की ओर से अपनी रक्षा तैयारियों को और मज़बूत करने की कोशिशों से भी चीन नाराज़ है.

    चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है, दूसरी ओर, ताइवान ख़ुद को एक आज़ाद मुल्क मानता है.

  5. उन्नाव रेप केस: कुलदीप सिंह सेंगर की सज़ा निलंबन पर आज सुनवाई, सुप्रीम कोर्ट के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई

    उन्नाव रेप केस

    इमेज स्रोत, ANI

    उन्नाव रेप केस के दोषी पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की सज़ा निलंबित किए जाने के फ़ैसले पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी.

    सुनवाई से पहले सुप्रीम कोर्ट के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

    जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन-जजों की वेकेशन बेंच आज कुलदीप सेंगर की उम्रकै़द की सज़ा पर रोक लगाने के दिल्ली हाई कोर्ट के फै़सले को चुनौती देने वाली सीबीआई की याचिका पर सुनवाई करेगी.

    दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार 23 दिसंबर को कुलदीप सिंह सेंगर की सज़ा निलंबित करते हुए उन्हें ज़मानत दे दी थी.

    जिसके बाद रेप सर्वाइवर, उनकी माँ, कई सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ विपक्ष के नेताओं ने इस फ़ैसले का विरोध किया.

  6. ईरान में 2025 में मौत की सज़ा की संख्या दोगुनी होने का अनुमान

    ईरान में मौत की सज़ा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ईरान में 2025 के दौरान मौत की सज़ाओं की संख्या 2024 की तुलना में दोगुने से भी ज़्यादा होने का अनुमान है.

    नॉर्वे स्थित ईरान ह्यूमन राइट्स (आईएचआर) समूह ने बीबीसी को बताया कि उसने दिसंबर की शुरुआत तक कम से कम 1,500 मौत की सज़ाओं की पुष्टि की है. समूह का कहना है कि इसके बाद भी कई और मौत की सज़ाएं दी जा चुकी हैं.

    पिछले साल आईएचआर 975 सजाओं की पुष्टि कर पाया था. हालांकि ईरान की सरकार आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं करती, इसलिए वास्तविक संख्या पूरी तरह स्पष्ट नहीं होती.

    ये आंकड़े दूसरे निगरानी समूहों की ओर से दिए गए आंकड़ों से भी मेल खाते हैं.

    ईरान की सरकार पहले भी मौत की सज़ा के इस्तेमाल का बचाव करती रही है. सरकार का कहना है कि मौत की सज़ा सिर्फ 'सबसे गंभीर अपराधों' के मामलों में ही दिया जाता है.

  7. मेक्सिको में बड़ा ट्रेन हादसा, कम से कम 13 की मौत और लगभग 100 घायल

    मेक्सिको में बड़ा ट्रेन हादसा

    इमेज स्रोत, Rusvel RASGADO / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, हादसे की जगह से सामने आई तस्वीरों में बचावकर्मी यात्रियों को ट्रेन से बाहर निकालते हुए दिखाई दे रहे हैं

    मेक्सिको के वहाका इलाक़े में एक ट्रेन के पटरी से उतर जाने से कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है और लगभग 100 लोग घायल हुए हैं. यह जानकारी मेक्सिकन नौसेना ने दी है.

    ट्रेन में 241 यात्री और नौ क्रू सदस्य सवार थे.

    नौसेना ने बताया कि इस हादसे में कुल 98 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 36 का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

    अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन निज़ाना शहर के पास एक मोड़ पर पटरी से उतर गई. मेक्सिको के अटॉर्नी जनरल ने पुष्टि की है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

    मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लॉडिया शीनबॉम ने कहा है कि घायलों में से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है.

    उन्होंने बताया कि नौसेना सचिव समेत शीर्ष स्तर के अधिकारी दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं.

  8. टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगने से 1 व्यक्ति की मौत

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एलमंचिली रेलवे स्टेशन पर टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस की दो बोगियों में आग लग गई (सांकेतिक तस्वीर)

    बीबीसी तेलगू के मुताबिक, आंध्र प्रदेश में टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस में आग लगने से एक शख़्स की मौत हो गई.

    टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस की दो बोगियों में एलमंचिली रेलवे स्टेशन पर आग लग गई.

    रेलवे अधिकारियों के मुताबिक़, आग लगने की सूचना रात 12:44 बजे मिली.

    साउथ सेंट्रल रेलवे ने एक बयान जारी कर कहा, "विजयवाड़ा डिवीजन के एलमंचिली रेलवे स्टेशन पर टाटानगर से एर्नाकुलम जाने वाली ट्रेन संख्या 18189 में आग लगने की घटना की सूचना मिली. दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया."

    रेलवे ने यात्रियों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं.

    • एलमंचिली: 7815909386
    • अनाकापल्ली: 7569305669
    • तुनी: 7815909479
    • सामलकोट: 7382629990
    • राजमंड्री: 088-32420541, 088-32420543
    • एलूरु: 7569305268
    • विजयवाड़ा: 0866-2575167
  9. घने कोहरे के कारण कई उड़ानें प्रभावित, दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइज़री

    फ़ाइल फ़ोटो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, फ़ाइल फ़ोटो

    दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ है.

    एयरपोर्ट पर कैट-थ्री परिस्थितियों में संचालन किया जा रहा है.

    घने कोहरे की वजह से कई उड़ानों में देरी हुई है और कुछ उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

    वहीं इस बीच दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एक एडवाइज़री जारी की है और उनसे उड़ानों से जुड़े ताज़ा अपडेट पर नज़र रखने को कहा है.

    प्रशासन का कहना है कि हमारी टीम मौके़ पर मौजूद हैं और यात्रियों की सहायता के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही हैं.

  10. शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की तूफ़ानी बल्लेबाज़ी, भारत की श्रीलंका पर जीत के साथ बना ये रिकॉर्ड

    स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, श्रीलंका के ख़िलाफ़ स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार अर्धशतक लगाए

    भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 30 रनों से हरा दिया.

    तिरुवनंतपुरम में खेले गए इस मैच में जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की सिरीज़ में 4-0 की लीड ले ली.

    भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में दो विकेट पर 221 रन बनाए. इसके जवाब में श्रीलंका की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 191 रन ही बना सकी.

    भारत की ओर से शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने शानदार अर्धशतक लगाए और रिकॉर्ड ओपनिंग साझेदारी की.

    शेफाली वर्मा ने 79 और स्मृति मंधाना ने 80 रनों की पारी खेली. दोनों ने मिलकर 162 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की.

    यह महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है.

    यह इस सिरीज़ में शेफाली वर्मा का लगातार तीसरा अर्धशतक भी रहा.

  11. ज़ेलेंस्की से मिलने के बाद पुतिन की तारीफ़ करते हुए ये बोले ट्रंप

    राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से अमेरिका में मुलाक़ात की है

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ़्लोरिडा में हुई अपनी मुलाक़ात को 'बेहतरीन' और 'शानदार' बताया है.

    ज़ेलेंस्की का कहना है कि 20 सूत्रीय शांति योजना पर 90 फ़ीसदी सहमति बन चुकी है.

    वहीं ट्रंप ने कहा है कि यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी का मसला क़रीब 95 फ़ीसदी तक तय हो चुका है.

    हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि 'एक या दो बेहद पेचीदा मुद्दे' अब भी बचे हुए हैं. उनके मुताबिक़ ज़मीन से जुड़ा सवाल सबसे मुश्किल बना हुआ है.

    ट्रंप ने यह भी कहा कि डोनबास में फ्री-ट्रेड ज़ोन को लेकर समझौता अब तक नहीं हो पाया है.

    प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान एक रिपोर्टर ने सवाल किया कि क्या यूक्रेन के पुनर्निर्माण में रूस की भी कोई ज़िम्मेदारी होगी.

    इस पर ट्रंप ने कहा कि रूस इसमें मदद करेगा. उन्होंने कहा, "रूस चाहता है कि यूक्रेन सफल हो."

    ट्रंप के मुताबिक़, पुतिन यूक्रेन की सफलता देखने की इच्छा को लेकर काफ़ी उदार रहे हैं. उन्होंने कहा कि इसमें 'बहुत कम दामों पर ऊर्जा, बिजली और दूसरी चीज़ों की आपूर्ति' भी शामिल है.

    हालांकि ट्रंप ने यह भी कहा कि पुतिन युद्धविराम पर इसलिए सहमत नहीं हुए हैं, क्योंकि वे लड़ाई रोककर बाद में फिर से शुरू नहीं करना चाहते.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "मैं उस रुख को समझता हूं."

    युद्ध को ख़त्म होने में कितना समय लगेगा? इस सवाल पर ट्रंप ने कहा कि यह 'कुछ हफ्तों' में ख़त्म हो सकता है, लेकिन ऐसा न भी हो इसकी संभावना है.

    उन्होंने कहा, "कुछ हफ़्तों में हमें पता चल जाएगा कि यह एक तरह से आगे बढ़ेगा या दूसरी तरह से."

  12. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.