यूपी के झांसी में मेडिकल कॉलेज में लगी आग, 10 नवजात बच्चों की मौत
उत्तर प्रदेश के झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भीषण आग लगने से 10 बच्चों की मौत हो गई है.
सारांश
दिल्ली में शुक्रवार की सुबह भी हवा में प्रदूषण का स्तर रहा ‘गंभीर’.
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने बताया है कि पीसीएस-प्री की परीक्षा 7-8 नवंबर की जगह एक ही दिन 22 दिसंबर को दो शिफ़्ट में होगी.
श्रीलंका के वामपंथी गठबंधन ने देश में चल रहे संसदीय चुनावों में जीत हासिल कर ली है.
डोनाल्ड ट्रंप ने रॉबर्ट एफ़ कैनेडी जूनियर को अमेरिका का स्वास्थ्य मंत्री नियुक्त किया है.
तेलंगाना सरकार ने दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट 'दिल-लुमिनाटी' के आयोजकों को एक नोटिस जारी किया है.
लाइव कवरेज
अभिषेक पोद्दार, कीर्ति रावत
दिल्ली में जीआरएपी 3 लागू, क्या प्रतिबंधित है और किन चीज़ों की है इजाज़त
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, लगातार तीसरे दिन दिल्ली एनसीआर में वायु की गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में बनी हुई है.
दिल्ली एनसीआर में शुक्रवार को भी वायु प्रदूषण की स्थिति लगातार ‘गंभीर’ स्थिति में है और वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रेडेड रेस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) 3 प्रतिबंधों को लागू कर दिया गया है.
यह प्रतिबंध अगले आदेश तक शुक्रवार की सुबह आठ बजे से लागू कर दिया गया है.
पाकिस्तान सरकार को अपने बजट पर कड़े नियंत्रण की ज़रूरत: आईएमएफ़
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आईएमएफ़ के मुताबिक़ वित्तीय वर्ष 2017 के बाद से ही पाकिस्तान का कर्ज़ भुगतान दोगुना हो गया है. तस्वीर में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ (फ़ाइल फ़ोटो)
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ़) का कहना है कि पाकिस्तान को आने वाले सालों में अपने बजट पर कड़े नियंत्रण लगाने की ज़रूरत है.
आईएमएफ़ के मुताबिक़, "पाकिस्तान के कुल राजस्व का 60 फ़ीसदी हिस्सा ब्याज चुकाने पर ख़र्च हो रहा है."
आईएमएफ़ ने पाकिस्तान के लिए तकनीकी सहायता रिपोर्ट जारी की है. इस रिपोर्ट के मुताबिक़, "पाकिस्तान को सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन पर ध्यान देने और इस पर काम करने की ज़रूरत है."
आईएमएफ़ का मानना है कि वित्तीय वर्ष 2017 के बाद से ही पाकिस्तान का कर्ज़ भुगतान दोगुना हो गया है.
आईएमएफ़ का यह भी कहना है कि ख़र्चों में कटौती के बाद भी पाकिस्तान सरकार को इस मोर्चे पर नाकामी का सामना करना पड़ा है.
बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर क्या बोलीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
इमेज स्रोत, @rashtrapatibhvn
इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस दौरान साल 1855 में संथाल-हूल का नेतृत्व करने वाले बहादुर भाइयों सिद्धो-कान्हू और चांद-भैरव का ज़िक्र किया (फ़ाइल फ़ोटो)
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी है.
उन्होंने एक संदेश में कहा, “सभी देशवासियों को मैं ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की बधाई देती हूं. हम सब, ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के साल भर चलने वाले उत्सव का शुभारंभ कर रहे हैं.”
उन्होंने लिखा है, “18वीं सदी से ही, जनजातीय समाज ने, ब्रिटिश हुक़ूमत के अन्याय का संगठित विरोध किया था. साल 1855 में संथाल-हूल का नेतृत्व करने वाले बहादुर भाइयों सिद्धो-कान्हू और चांद-भैरव के साथ फूलो-झानो जैसी वीरांगना बहनों ने भी असाधारण साहस का परिचय दिया था.”
राष्ट्रपति ने कहा, “वर्ष 2021 से भारत सरकार ने प्रतिवर्ष 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर ‘जनजातीय गौरव दिवस’ मनाने की परंपरा की शुरुआत की है.”
15 नवंबर को बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाई जा रही है. इस मौके पर प्रधानमंत्री ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए एक संदेश साझा किया है.
बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर, 1875 को हुआ था. 25 साल से कम की उम्र में ही उन्होंने अंग्रेज़ों के ख़िलाफ़ विद्रोह कर दिया था.
सामान्य तौर पर उनको 'भगवान बिरसा मुंडा' कह कर संबोधित किया जाता है.
ऑक्सफ़ोर्ड यूनियन सोसाइटी के बाहर भारतीय छात्रों ने क्यों किया विरोध प्रदर्शन?
इमेज कैप्शन, ऑक्सफ़ोर्ड यूनियन के बाहर प्रदर्शन करते छात्र
भारतीय छात्रों के एक समूह ने गुरुवार को ब्रिटेन में ऑक्सफ़ोर्ड यूनियन सोसाइटी के बाहर विरोध प्रदर्शन किया.
यह प्रदर्शन ऑक्सफ़ोर्ड यूनियन की एक औपचारिक बहस के ख़िलाफ़ था, जिसका विषय था, "यह सदन कश्मीर के स्वतंत्र राज्य होने पर यकीन रखता है."
विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने, “फ्री स्पीच, नो हेट स्पीच, ऑक्सफ़ोर्ड यूनियन आतंकवादियों के साथ है और भारत माता की जय” जैसे नारे लगाए.
प्रदर्शनकारी छात्र भारत के गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक और उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं और वे ऑक्सफ़ोर्ड के अलग-अलग कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे हैं.
उनमें से कुछ छात्र ब्रिटेन के नागरिक भी हैं, हालांकि वे भारतीय मूल के हैं.
कश्मीर से जुड़े विषय पर बहस ऑक्सफ़ोर्ड यूनियन ने आयोजित की थी जो कि ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी की एक डिबेटिंग सोसाइटी है.
दिलजीत दोसांझ के 'दिल-लुमिनाटी' कॉन्सर्ट को मिला सरकारी नोटिस, क्या है मामला?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दिलजीत दोसांझ (फ़ाइल फ़ोटो)
तेलंगाना सरकार ने दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट 'दिल-लुमिनाटी' के आयोजकों को एक नोटिस जारी किया है.
शुक्रवार को हैदराबाद में दिलजीत दोसांझ का
कॉन्सर्ट आयोजित होना है. समाचार एजेंसी एएनआई ने नोटिस की प्रति साझा की है.
तेलंगाना सरकार की तरफ़ से जारी हुए नोटिस में
कहा गया है कि दिलजीत को अपने कॉन्सर्ट के दौरान शराब, ड्रग्स या हिंसा को बढ़ावा देने वाले किसी भी गाने से बचना
चाहिए.
नोटिस में यह भी कहा गया है कि आयोजकों और गायक
को लाइव शो के दौरान स्टेज पर बच्चों को नहीं बुलाना चाहिए.
इस नोटिस में तेलंगाना सरकार ने कहा है,
“विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक़, वयस्क लोगों को 140 डीबी प्रेशर की आवाज़ से दूर रहना चाहिए. बच्चों के लिए यह
120 डीबी है. इसी वजह से कॉन्सर्ट के दौरान बच्चों
को स्टेज से दूर रखना चाहिए.”
नोटिस के मुताबिक़, “दिलजीत दोसांझ ने 26 और 27 अक्तूबर को अपने दिल्ली कॉन्सर्ट के दौरान
शराब, ड्रग्स और हिंसा को बढ़ावा देने वाले गाने गाए
थे. दिलजीत के कॉन्सर्ट में 13 साल से ज़्यादा की
उम्र के बच्चों को प्रवेश की अनुमति दी गई है.”
नोटिस में लिखा गया है कि कॉन्सर्ट के दौरान
तेज़ आवाज़ और रोशनी का भी इस्तेमाल किया जाएगा. तेज़ आवाज़ और रोशनी दोनों ही
बच्चों के लिए ख़तरनाक है.
चैंपियंस ट्रॉफ़ी: अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने भारतीय टीम के पाकिस्तान जाने के मामले पर क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, वेदांत पटेल (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता वेदांत पटेल ने
गुरुवार की दोपहर एक प्रेस वार्ता में पाकिस्तान में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफ़ी
पर प्रतिक्रिया दी है.
गुरुवार को वेदांत पटेल से चैंपियंस ट्रॉफ़ी को
लेकर सवाल पूछा गया.
एक पत्रकार ने उनसे सवाल पूछा, "भारत को इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेना है, लेकिन
भारत सरकार ने क्रिकेट टीम को पाकिस्तान भेजने से मना कर दिया है."
"भारतीय टीम आख़िरी बार 2008 में पाकिस्तान में
खेलने गई थी. लेकिन राजनीतिक तनाव की वजह से उसके बाद भारत ने पाकिस्तान की यात्रा
नहीं की है. मैं पूछना चाहता हूं कि क्या खेल को राजनीति से जोड़ना बेहतर है?"
वेदांत पटेल ने इस सवाल पर कहा, "यह मामला भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों का है. उन
दोनों को खेल या फिर दूसरे मामलों को लेकर आपस में बातचीत करनी चाहिए."
उन्होंने राय ज़ाहिर करते हुए कहा, "उनको अपने द्विपक्षीय संबंधों को लेकर बातचीत करनी चाहिए. यह ऐसा नहीं है कि
हमें बीच में पड़ना चाहिए. लेकिन खेल एक ऐसा क्षेत्र है जो कि दोनों को आपस में जोड़ सकता है."
उन्होंने कहा कि आख़िरकार खेल एक दूसरे से लोगों को
जोड़ता है.
चैंपियंस ट्रॉफ़ी के लिए भारतीय टीम के पाकिस्तान जाने पर अभी भी संशय बरक़रार है.
एसडीएम को थप्पड़ मारने वाले नरेश मीणा पर किन मामलों में दर्ज हुआ केस
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, आईजी रेंज अजमेर ओम प्रकाश
राजस्थान विधानसभा उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा की गिरफ़्तारी के
बाद अब आईजी रेंज अजमेर ने उन पर दायर मुक़दमों की जानकारी दी है.
आईजी रैंक के अधिकारी ओम प्रकाश ने सामाचार एजेंसी एएनआई को दिए बयान में कहा, "उन पर (नरेश मीणा) हत्या का प्रयास, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने,
प्रशासनिक अधिकारी के साथ धक्का मुक्की करने, मारपीट करने, राजकार्य में बाधा
पहुंचाने, मतदान को प्रभावित करने के तहत मामला दर्ज किया गया है."
पुलिस अधिकारी ओम प्रकाश के मुताबिक़, "जब नरेश मीणा को गिरफ़्तार करके ला रहे थे, तभी उनके समर्थकों ने पथराव और
आग़ज़नी की. एक में गाड़ी में आग भी लगा दी. मामले में 60 लोगों को गिरफ़्तार किया
गया है. कुल चार मामले दर्ज हुए हैं. अपराधी के खिलाफ कई मुक़दमे हैं. सभी में
गिरफ़्तारी की गई है. इसमें स्पीड ट्रायल करके सज़ा दिलवाई जाएगी."
आईजी रेंज अजमेर ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर कोई ऐसे आपराधिक और
अराजक तत्वों का साथ देगा तो उस पर भी सख़्त क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही
उन्होंने सोशल मीडिया पर अफ़वाहें फैलाने वालों को भी सावधान किया.
टोंक ज़िले की देवली-उनियारा सीट पर निर्दलीय
प्रत्याशी नरेश मीणा ने बुधवार को उपचुनाव की वोटिंग के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक
एसडीएम अधिकारी को थप्पड़ मार दिया था.
नरेश मीणा का आरोप था कि एसडीएम अधिकारी तीन
लोगों से फर्ज़ी वोटिंग करवा रहे थे, जिसके बाद क्षेत्र में बवाल बढ़ गया था.
दिल्ली में शुक्रवार की सुबह भी हवा में प्रदूषण का स्तर ‘गंभीर’
इमेज स्रोत, Getty Images
शुक्रवार की सुबह दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज किया
गया.
हवा में प्रदूषण का यह स्तर स्वास्थ्य के लिए भी ख़तरनाक माना जाता है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की वेबसाइट पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक़
सुबह सात बजे दिल्ली में अधिकतर जगहों पर एक्यूआई 400 से ऊपर ही रहा.
दिल्ली में कई जगहों पर एक्यूआई 450 से भी ऊपर रहा. शुक्रवार की सुबह सबसे
ज़्यादा प्रदूषित हवा जहांगीरपुरी इलाक़े में दर्ज की गई, जहां एक्यूआई 459 रहा जो प्रदूषण के स्तर की ‘गंभीर’ श्रेणी है.
दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए मुख्यमंत्री आतिशी ने प्राइमरी स्कूलों के लिए ऑनलाइन क्लास का एलान कर दिया है. उन्होंने कहा है कि अगली घोषणा तक यह व्यवस्था लागू रहेगी.
एनसीआर क्षेत्र में ही आने वाले उत्तर प्रदेश के शहर नोएडा भी भी एक्यूआई लगभग
400
के
आसपास रहा.
सर्दियों के मौसम की शुरुआत
के साथ ही दिल्ली सहित एनसीआर के कई इलाकों में हवा में प्रदूषण का स्तर तेज़ी से
बढ़ जाता है.
हवा में प्रदूषण के साथ-साथ दिल्ली में बहने वाली यमुना नदी में भी पिछले कई
दिनों से झाग की मोटी परत देखी जा रही है.
डोनाल्ड ट्रंप ने रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर को अमेरिका का स्वास्थ्य मंत्री बनाया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रॉबर्ट एफ़ कैनेडी जूनियर (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका के नए चुने गए
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रॉबर्ट एफ़ कैनेडी जूनियर को अमेरिका का स्वास्थ्य मंत्री नियुक्त किया
है.
ट्रंप ने अपनी एक पोस्ट
में इस बारे में जानकारी दी. रॉबर्ट एफ़ कैनेडी जूनियर ने भी 2024 में राष्ट्रपति चुनावों में अपनी
स्वतंत्र उम्मीदवारी पेश की थी.
लेकिन बाद में उन्होंने
ट्रंप को अपना समर्थन दे दिया था. वह कोविड के लिए इस्तेमाल की जा रही वैक्सीन के
विरोधी के तौर पर भी जाने जाते रहे हैं.
सीनेट ने भी स्वास्थ्य
मंत्री के तौर पर कैनेडी के नाम पर मुहर लगा दी है. अमेरिकी स्वास्थ्य मंत्रालय
खाद्य और दवाइयों के प्रशासन सहित 11 एजेंसियों की देखरेख करता है.
रॉबर्ट एफ़ कैनेडी जूनियर ने अपनी एक एक्स पोस्ट में डोनाल्ड ट्रंप का धन्यवाद
करते हुए उनके कार्यकाल में अमेरिका को फिर से सेहतमंद बनाने का नारा दिया.
डोनाल्ड ट्रंप ने हश मनी केस के वकील को बनाया अमेरिका का डिप्टी अटॉर्नी जनरल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप के साथ टॉड ब्लैंच
अमेरिका के नए चुने गए
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टॉड ब्लैंच को नए अमेरिकी डिप्टी अटॉर्नी जनरल के तौर
पर नामांकित किया है.
टॉड ब्लैंच वही वकील
हैं जिन्होंने हश मनी केस में ट्रंप के लिए मुक़दमा लड़ा था.
हश मनी मामले में
डोनाल्ड ट्रंप को व्यवसायिक रिकॉर्ड में हेराफ़ेरी करने का दोषी ठहराया गया था.
वह पहले ऐसे अमेरिकी
राष्ट्रपति थे जिनको ऐसे किसी मामले में दोषी ठहराया था.
हालांकि अभी भी टॉड ब्लैंच
को नियुक्ति के लिए सीनेट की मंज़ूरी चाहिए होगी.
डोनाल्ड ट्रंप ने ब्लैंच की
नियुक्ति पर एक सोशल पोस्ट में कहा, “टॉड
एक बेहतरीन वकील हैं जो न्याय विभाग में एक महत्वपूर्ण नेता होंगे और वे बहुत लंबे समय से न्याय की ख़राब हो चुकी प्रणाली को ठीक करेंगे.”
नमस्कार,
आज दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.
कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-
- मरियम नवाज़ को कौन सी बीमारी है, क्या इसका इलाज अमेरिका और स्विट्ज़रलैंड में ही संभव है? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
- बांग्लादेश के अटॉर्नी जनरल ने संविधान से 'सेक्युलर' शब्द हटाने का दिया सुझाव, क्या बताई वजह?- इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
- अमेरिका की तुलसी गबार्ड कौन हैं जिन्हें ट्रंप ने इतना अहम पद दिया? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
- उत्तर प्रदेश: डीजीपी की नियुक्ति पर योगी सरकार की नई नियमावली में ऐसा क्या है, जिस पर हो रहा है विवाद? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.