महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफ़ी: भारत ने थाईलैंड को 13-0 से हराया

बिहार के राजगीर में हो रहे महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफ़ी के एक मैच में भारतीय महिला हॉकी टीम ने गुरुवार को थाईलैंड को एकतरफा मुक़ाबले में 13-0 से हरा दिया.

सारांश

  • आम आदमी पार्टी के महेश खिची ने जीता दिल्ली मेयर चुनाव, बीजेपी के कृष्ण लाल को तीन वोटों से हराया
  • कनाडा में अर्श डल्ला की गिरफ़्तारी से जुड़ी ख़बरों पर भारत ने कहा- 50 से अधिक मामलों में नामित हैं
  • बांग्लादेश ने भारत से कहा- वो पूर्व पीएम शेख हसीना को बयान देने से रोके
  • यूपी लोकसेवा आयोग ने प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगें मानी
  • डोमिनिका ने अपना सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार पीएम मोदी को देने का एलान किया है

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार और अश्वनी पासवान

  1. नवाज़ शरीफ़ ने भारतीय टीम के चैंपियंस ट्रॉफ़ी में जाने से जुड़े सवाल पर क्या कहा?

    नवाज़ शरीफ़ (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, नवाज़ शरीफ़ (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान मुस्लिम लीग (एन) के अध्यक्ष नवाज़ शरीफ़ का कहना है कि भारत को चैंपियंस ट्रॉफ़ी में खेलने के लिए पाकिस्तान आना चाहिए.

    जिनेवा से लंदन लौटते हुए नवाज़ शरीफ़ मीडिया से मुखातिब हुए. इस दौरान उन्होंने कहा, "अगर भारत के साथ संबंध ख़राब हो गए हैं तो उनको सुधारा जा सकता है और मुझे इसमें कोई दिक्कत नज़र नहीं आती."

    पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री के अनुसार दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार हो सकता है और होना भी चाहिए.

    अगले साल पाकिस्तान में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफ़ी में भारतीय टीम के जाने या न जाने पर छिड़ी चर्चा के बारे में जब सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, "भारतीय टीम को पाकिस्तान आना चाहिए था. क्योंकि दोनों देशों के बीच रिश्तों को सुधारने की ज़रूरत है."

    गौरतलब है कि भारत ने चैंपियंस ट्रॉफ़ी के लिए पाकिस्तान जाने से मना कर दिया है. भारतीय टीम ने आख़िरी बार साल 2008 में पाकिस्तान में कोई मैच खेला था.

  2. उत्तर प्रदेश : प्रयागराज में गुरुवार को भी छात्रों का प्रदर्शन, प्रशासन ने क्या कहा?

    प्रयागराज में लोकसेवा आयोग के सामने प्रदर्शन करते छात्र

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रयागराज में लोकसेवा आयोग के सामने प्रदर्शन करते छात्र

    गुरुवार को भी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में राज्य लोक सेवा आयोग के दफ़्तर के बाहर छात्रों का प्रदर्शन जारी है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, छात्रों ने पुलिस की लगाई बैरिकेडिंग को भी तोड़ दिया.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, लोक सेवा आयोग के सामने भारी पुलिस बल भी तैनात है.

    गुरुवार को प्रदर्शन कर रहे छात्रों से प्रयागराज के डीसीपी अभिषेक भारती ने उनको समझाने की कोशिश करते हुए संयम बरतने की अपील की.

    एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, “लोकसेवा आयोग के सामने छात्र अपनी कुछ मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं. वहां पर छात्रों से अनुरोध किया जा रहा है कि वे संवैधानिक तरीके से अपना धरना करें. उनकी जो बात है वह प्रशासन तक पहुंचाई जाएगी.”

    बुधवार को हुई गिरफ़्तारियों पर उन्होंने कहा,''कल सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया था. इसमें कुछ आपराधिक और अराजक लोग थे. उनमें से दो लोगों की गिरफ़्तारी हुई है. वे छात्र नहीं थे. उनका आपराधिक इतिहास था. इसी तरीके से कुछ और आपराधिक और अराजक तत्व छात्रों के बीच शामिल हो रहे हैं. वे छात्रों को भड़काने का काम कर रहे हैं.

    धरना स्थल पर मौजूद एक छात्र ने कहा, ''योगी आदित्यनाथ पर पूरा भरोसा है. वे हमारे अभिभावक हैं. उनसे गुज़ारिश है कि वे हम पर ध्यान दें. हम आंदोलनकारी नहीं हैं हम छात्र हैं. हम अपना कीमती समय बर्बाद करके धरना कर रहे हैं. हमारी केवल एक ही मांग है कि परीक्षा को एक ही शिफ़्ट और दिन में कराया जाए.”

    सोमवार को प्रयागराज में यूपी लोक सेवा आयोग के दफ़्तर के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था.

    अभ्यर्थियों की मांग है कि परीक्षा एक दिन और एक ही शिफ्ट में कराई जाए. साथ ही वो नॉर्मलाइज़ेशन व्यवस्था लागू होने का भी विरोध कर रहे हैं.

    बीते पांच नवंबर को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने नोटिस जारी कर यह सूचना दी कि पीसीएस-प्री की परीक्षा 7-8 नवंबर को दो शिफ़्ट में और आरओ-एआरओ की परीक्षा 22-23 नवंबर को तीन शिफ़्ट में होगी.

  3. ब्राज़ील में सुप्रीम कोर्ट के बाहर धमाके में एक व्यक्ति की मौत

    ब्रज़ील में तैनात पुलिस

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, ब्रज़ील में तैनात पुलिस

    ब्राज़ील की सुप्रीम कोर्ट के बाहर धमाके की घटना मे एक व्यक्ति की मौत हुई है.

    बुधवार की शाम ब्राज़ील की सुप्रीम कोर्ट इमारत के बाहर धमाका हुआ था.

    धमाके के बाद सुप्रीम कोर्ट को ख़ाली करा दिया गया था. ब्रासीलिया के डिप्टी गवर्नर ने धमाके के बारे में बयान दिया था कि यह उस समय हुआ, जब एक व्यक्ति को अदलात में प्रवेश करने से रोका जा रहा था.

    पुलिस ने भी बताया है कि इमारत के बाहर एक व्यक्ति का शव मिला है. हालांकि अभी तक उसकी शिनाख़्त नहीं हो पाई है.

    ब्राज़ील के महाधिवक्ता जॉर्ज मेसियस ने एक एक्स पोस्ट में इस हमले की निंदा करते हुए कहा, “यह जानबूझकर किया गया हमला था और इसकी पूरी जांच की जाएगी.”

  4. तिलक वर्मा बने टी-20 में शतक लगाने वाले भारत के दूसरे सबसे कम उम्र के बल्लेबाज़

    तिलक वर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तिलक वर्मा

    तिलक वर्मा इंटरनेशनल टी-20 मैच में शतक लगाने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के भारतीय बल्लेबाज़ बन गए हैं.

    तिलक वर्मा ने यह उपलब्धि 22 साल पांच दिन की उम्र में ही हासिल कर ली है.

    तिलक वर्मा ने बुधवार को दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ 56 गेंदों में 107 रनों की आतिशी पारी खेली. अपनी पारी में तिलक वर्मा ने आठ चौके और सात छक्के लगाए.

    तीसरे टी-20 मैच में भारत ने दक्षिण अफ़्रीका को 11 रन से हराया था. इसी के साथ चार मैचों की टी-20 सिरीज़ में भारत को 2-1 से बढ़त मिल चुकी है.

    तीसरे टी-20 मैच में तिलक वर्मा ने खुद कप्तान सूर्य कुमार यादव से तीसरे नंबर पर बल्लेबाज़ी करने देने के लिए कहा था.

    इस पर सूर्य कुमार यादव ने भी बताया, “मैं तिलक वर्मा के बारे में क्या कह सकता हूँ? वह मेरे पास आया और मुझसे पूछा कि क्या वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकता है.”

    भारत के लिए टी-20 में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज़

    1- यशस्वी जायसवाल- 21 साल 279 दिन

    2- तिलक वर्मा- 22 साल पांच दिन

    3- शुभमन गिल- 23 साल 146 दिन

    4- सुरेश रैना- 23 साल 156 दिन

    5- अभिषेक शर्मा- 23 साल 307 दिन

  5. गुरुवार की सुबह ‘गंभीर श्रेणी’ में पहुंचा वायु प्रदूषण, दिल्ली में 400 से ऊपर रहा एक्यूआई

    सुबह के समय इंडिया गेट पर छाई धुंध

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सुबह के समय इंडिया गेट पर छाई धुंध

    गुरुवार की सुबह दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार सुबह आठ बजे दिल्ली की लगभग सभी जगहों पर एक्यूआई 400 से ऊपर ही रहा.

    इनमें से भी कई जगहों पर एक्यूआई 450 से भी ऊपर दर्ज किया गया. यह हवा में प्रदूषण का ‘गंभीर’ स्तर माना जाता है, जो कि स्वास्थ्य के लिए भी क़तरनाक हो सकता है.

    गुरुवार की सुबह दिल्ली के आनंद विहार इलाक़े की हवा में सबसे ज़्यादा प्रदूषण दर्ज किया गया.

    सुबह आठ बजे आनंद विहार का एक्यूआई 472 था. आनंद विहार के साथ ही साथ पटपड़गंज का एक्यूआई भी 472 ही रहा. यह हवा में प्रदूषण का ‘गंभीर’ स्तर है.

    एनसीआर क्षेत्र में ही आने वाले उत्तर प्रदेश के शहर नोएडा भी भी एक्यूआई लगभग 400 के आसपास रहा.

    ठंडियों के मौसम की शुरुआत के साथ ही दिल्ली सहित एनसीआर के कई इलाकों में हवा में प्रदूषण का स्तर तेज़ी से बढ़ जाता है.

    हवा में प्रदूषण के साथ-साथ दिल्ली में बहने वाली यमुना नदी में भी पिछले कई दिनों से झाग की मोटी परत देखी जा चुकी है.

  6. तुलसी गबार्ड को ट्रंप ने नेशनल इंटेलिजेंस का निदेशक बनाया

    तुलसी गाबार्ड (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तुलसी गाबार्ड (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पूर्व सांसद तुलसी गबार्ड को नेशनल इंटेलिजेंस का डायरेक्टर बनाया है.

    ट्रंप की इस घोषणा के बाद तुलसी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “अमेरिकी लोगों की सुरक्षा और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए आपके मंत्रिमंडल के सदस्य के रूप में सेवा करने का अवसर देने के लिए शुक्रिया डोनाल्ड ट्रंप. आपके साथ मैं काम करने के लिए उत्सुक हूँ.”

    डोनाल्ड ट्रंप ने तुलसी को यह ज़िम्मेदारी देते हुए कहा, “मुझे यह ऐलान करते हुए खुशी हो रही है कि कांग्रेस की पूर्व महिला सदस्य, लेफ़्टिनेंट कर्नल तुलसी गबार्ड नेशनल इंटेलिजेंस के निदेशक (डीएनआई) के तौर पर काम करेंगी.”

    ग़ौरतलब है कि तुलसी गाबार्ड दो दशकों से भी ज़्यादा समय तक अमेरिकी सेना के लिए काम कर चुकी हैं. तुलसी आर्मी नेशनल गार्ड के तौर पर इराक़ और क़ुवैत में तैनात रहीं. उन्होंने होमलैंड सिक्योरिटी कमिटी में भी दो साल से ज़्यादा समय तक काम किया.

    हालांकि तुलसी को उनके नाम की वजह से अक्सर भारतीय मूल का समझ लिया जाता है, लेकिन उनका भारत से कोई संबंध नहीं है. तुलसी के पिता ईसाई हैं और उनकी माँ ने हिन्दू धर्म स्वीकार कर लिया था.

  7. ब्रिटेन के अख़बार द गार्डियन ने एक्स पर कुछ भी पोस्ट नहीं करने का फ़ैसला क्यों किया

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    ब्रिटेन के अख़बार द गार्डियन ने कहा है कि अब वह सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर कुछ भी पोस्ट नहीं करेगा.

    गार्डियन ने कहा, “हम अपने आधिकारिक एडिटोरियल अकाउंट से ‘एक्स’ पर पोस्ट करना बंद रहे हैं. लेकिन एक्स इस्तेमाल करने वाले हमारी रिपोर्ट साझा कर सकते हैं.”

    इसका कारण बताते हुए गार्डियन ने लिखा, “हमें लगता है कि ‘एक्स’ पर अब नकारात्मकता ज़्यादा है. हम अपनी पत्रकारिता को और बढ़ावा देने के लिए संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर सकते हैं.”

    अख़बार ने बताया कि वे इस बारे में लंबे समय से विचार कर रहे थे क्योंकि ‘एक्स’ पर अक्सर परेशान करने वाले कॉन्टेंट पाए जाते हैं. इसमें अति-दक्षिणपंथी प्रोपेगैंडा और नस्लवाद से जुड़े कॉन्टेंट भी शामिल हैं.

    गार्डियन के मुताबिक़, “अमेरिकी चुनाव ने भी इस बात को साबित कर दिया है कि 'एक्स' एक ‘टॉक्सिक’ प्लेटफ़ॉर्म है और इसके मालिक एलन मस्क राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने के लिए इसका उपयोग कर सकते हैं.''

    हालांकि 'एक्स' के यूजर्स गार्डियन के लेखों को साझा कर सकते हैं. इसके अलावा गार्डियन ने यह भी कहा कि उसके रिपोर्टर ख़बरें इकट्ठा करने के लिए 'एक्स' का उपयोग कर सकेंगे.

  8. डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बाइडन से कहा- राजनीति बहुत मुश्किल है

    डोनाल्ड ट्रंप और जो बाइडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप और जो बाइडन

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बुधवार शाम व्हाइट हाउस में अगवानी की.

    ट्रंप के व्हाइट हाउस पहुँचने पर जो बाइडन ने ग़र्मजोशी से हाथ मिलाया. दोनों शांतिपूर्वक सत्ता के हस्तांतरण पर भी सहमत हुए.

    जो बाइडन ने मुलाक़ात की शुरुआत में डोनाल्ड ट्रंप को संबोधित करते हुए कहा, “चुनाव में जीत के लिए आपको बहुत बधाई. हम सत्ता के सहज हस्तांतरण की आशा करते हैं. हम यह सुनिश्चित करने की हर संभव कोशिश करेंगे कि आपको कोई दिक़्क़त ना हो. हमें आज इस बारे में बात करने का मौक़ा मिलेगा. आपका फ़िर से स्वागत है.”

    बाइडन के संबोधन के बाद ट्रंप ने उनका शुक्रिया करते हुए कहा, “बहुत-बहुत धन्यवाद. राजनीति कठिन है और कई मामलों में यह बहुत अच्छी दुनिया नहीं है. लेकिन आज यह दुनिया बेहतर है और मैं इसकी सराहना करता हूं. एक ऐसा सत्ता हस्तांतरण जो सहज है, हर मायने में अच्छा होगा. मैं इसकी बहुत सराहना करता हूं.”

    उपराष्ट्रपति और चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस मुलाक़ात के दौरान ग़ैर मौजूद रहीं.

    जो बाइडन ने ही व्हाइट हाउस में मुलाक़ात के लिए ट्रंप को न्योता भेजा था. हालांकि साल 2020 में जो बाइडन से हारने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने जो बाइडन को मुलाक़ात का निमंत्रण नहीं दिया था.

    यहां तक कि ट्रंप ने बाइडन के शपथ ग्रहण समारोह का भी बहिष्कार किया था. साल 2020 में चुनाव हारने पर ट्रंप के समर्थकों ने भी व्हाइट हाउस के पास उपद्रव किया था.

    लेकिन ऐसी उम्मीद है कि 20 जनवरी 2025 को डोनाल्ड ट्रंप के होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में जो बाइडन शिरकत करेंगे.

  9. भारत ने दक्षिण अफ़्रीका को 11 रनों से हराया, तिलक वर्मा प्लेयर ऑफ़ द मैच

    शतक लगाने के बाद तिलक वर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शतक लगाने के बाद तिलक वर्मा

    बुधवार की शाम दक्षिण अफ़्रीका के सेंचुरियन में भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच खेले गए तीसरे टी-20 मैच को भारत ने जीत लिया है.

    इस क़रीबी मुक़ाबले को भारत ने 11 रनों से जीता है. इसी के साथ ही भारत ने टी-20 सिरीज़ में 2-1 की बढ़त भी बना ली है.

    तिलक वर्मा को उनके शानदार शतक के लिए प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया. मैच में टॉस जीतकर दक्षिण अफ़्रीका ने पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.

    बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी. पहले टी-20 मैच में शतक लगाने वाले संजू सैमसन दूसरी ही गेंद पर बिना खाता खोले मार्को यैनसन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए.

    लेकिन इसके बाद अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला और 107 रनों की साझेदारी की. अभिषेक शर्मा ने मात्र 25 गेंद में 50 रन बनाए. इसमें तीन चौके और पांच छक्के शामिल थे.

    तिलक वर्मा ने भी 56 गेंदें खेलते हुए सात छक्कों और आठ चौकों की मदद से 107 रनों की पारी खेली. भारत ने 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 219 रन बनाए थे.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेज़बान दक्षिण अफ़्रीकी टीम की शुरुआत भारत के मुक़ाबले बेहतर रही. लेकिन शुरुआत और मध्यक्रम में कोई भी बल्लेबाज़ अच्छी मिली शुरुआत को मैच विनिंग पारी में तब्दील ना कर सका.

    निचले क्रम में मार्को यैनसन ने केवल 17 गेंदों में चार चौकों और पांच छक्कों की सहायता से 54 रनों की आतिशी पारी खेली. मध्यक्रम में भी केवल हेनरिक क्लासेन ने 22 गेंदों में 41 रन बनाए.

    लेकिन ये दोनों अपनी टीम को जीत दिला पाने में नाकाम ही रहे और दक्षिण अफ़्रीका की टीम 20 ओवरों में सात विकेट खोकर केवल 208 रन ही बना सकी.

    सिरीज़ का आख़िरी टी-20 मैच 15 नवंबर को जोहानिसबर्ग में खेला जाएगा.

  10. नमस्कार,

    आज सुबह छह बजे से दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    - डोनाल्ड ट्रंप की अब तक की पसंद उनके दूसरे कार्यकाल के बारे में क्या इशारा करती है? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - केरलः 'धार्मिक व्हाट्सएप ग्रुप' और दो आईएएस अफ़सरों के निलंबन का क्या है मामला- इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - रूस-यूक्रेन की जंग से क्या सबक सीख सकते हैं सैन्य प्रमुख?- इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - चेन्नई: सरकारी अस्पताल में घुसकर डॉक्टर को चाकू मारने वाला कौन है और इसकी वजह क्या है?- इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.