वेनेज़ुएला पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक, अमेरिका की कार्रवाई को लेकर ये कहा गया

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने वेनेज़ुएला में अमेरिका की कार्रवाई पर चिंता जताई है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और सुरभि गुप्ता

  1. ट्रंप के बाद अमेरिकी सीनेटर ने किया भारत पर टैरिफ़ का ज़िक्र

    अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम एयर फ़ोर्स वन विमान में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ एयर फ़ोर्स वन विमान में मौजूद अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने कहा कि भारत के रूस से तेल ख़रीदने के चलते राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत पर 25 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाया है.

    ग्राहम ने कहा, "क़रीब एक महीने पहले मैं भारतीय राजदूत के घर पर था, और वे केवल इसी बारे में बात करना चाहते थे कि भारत अब रूस से कम तेल ख़रीद रहा है. साथ ही वह राष्ट्रपति ट्रंप से टैरिफ़ कम करने के लिए कहना चाहते थे."

    उन्होंने दावा किया, "मुझे यक़ीन है कि ट्रंप ने भारत के साथ जो रुख अपनाया, उसी की वजह से भारत आज रूस से काफ़ी कम तेल ख़रीद रहा है."

    इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत के रूस से तेल ख़रीदने पर प्रतिक्रिया दी.

    ट्रंप ने कहा, 'वे मुझे ख़ुश करना चाहते थे. मूल रूप से मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं. उन्हें पता था कि मैं ख़ुश नहीं था और मुझे ख़ुश करना ज़रूरी था.'

    अमेरिकी राष्ट्रपति का कहना है कि 'वे आपस में व्यापार करते हैं' और भारत ने हमारी बात नहीं मानी तो 'हम उन पर बहुत जल्दी टैरिफ़ बढ़ा' सकते हैं.

    अमेरिका पहले ही भारत पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगा चुका है, जिसमें से 25 फ़ीसदी टैरिफ़ रूस से तेल ख़रीदने की 'सज़ा' के तौर पर लगाया गया है.

  2. वेनेज़ुएला की विपक्षी नेता कोरीना मचादो से बातचीत के बाद मार्क कार्नी ने ये कहा

    कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोमवार को वेनेज़ुएला की विपक्षी नेता और नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मारिया कोरीना मचादो से बातचीत की है.

    दोनों नेताओं के बीच बातचीत ऐसे समय में हुई है जब वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो अमेरिका में हैं.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ख़ुद यह बताया कि अमेरिका ने वेनेज़ुएला की राजधानी काराकास पर हवाई हमला किया और वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को 'पकड़' लिया.

    कार्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मैंने आज मारिया कोरीना मचादो से बात की. मैंने वेनेज़ुएला में सत्ता के शांतिपूर्ण और वेनेज़ुएलावासियों के नेतृत्व वाले बदलाव के लिए कनाडा के समर्थन की पुष्टि की, ऐसा बदलाव जो वेनेज़ुएला के लोगों की लोकतांत्रिक इच्छा का सम्मान करे."

  3. मुस्तफ़िज़ुर रहमान को आईपीएल से हटाने पर शशि थरूर ने क्या कहा?

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने मुस्तफ़िज़ुर रहमान को आईपीएल से हटाने पर नाराज़गी जताई है

    इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम से बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफ़िज़ुर रहमान को निकाले जाने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने प्रतिक्रिया दी है.

    शशि थरूर ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, "मैं काफ़ी समय से कहता आ रहा हूं कि खेल को राजनीति से अलग रखा जाना चाहिए, या यूं कहें कि राजनीतिक नाकामियों का बोझ खेल पर नहीं डाला जाना चाहिए."

    उन्होंने कहा कि हक़ीक़त ये है कि भारत और बांग्लादेश के बीच बातचीत और जुड़ाव के कई दूसरे रास्ते पहले से मौजूद हैं.

    कांग्रेस सांसद ने कहा, "हमारे विदेश मंत्री अभी कुछ दिन पहले ही वहां थे और उस व्यक्ति से मुलाक़ात की, जिन्हें अगले चुनाव का संभावित विजेता और अगला प्रधानमंत्री माना जा रहा है."

    थरूर ने कहा कि भारत बांग्लादेश के लोगों के साथ अलग-अलग स्तरों पर संपर्क में है.

    उन्होंने कहा, "ऐसे नाज़ुक समय में मुझे लगता है कि यह एक काफ़ी दुर्भाग्यपूर्ण और नासमझी भरा फ़ैसला था."

    क्या है मामला?

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेश के तेज़ गेंदबाज़ मुस्तफ़िज़ुर रहमान को टीम से रिलीज़ करने के लिए कहा था.

    मुस्तफ़िज़ुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 के लिए नौ करोड़ रुपये से अधिक में ख़रीदा था. बॉलीवुड सुपर स्टार शाहरुख़ इस टीम के मालिकों में से एक हैं.

    बीसीसीआई के सेक्रेट्री देवजीत सैकिया ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया था कि ये फ़ैसला हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए लिया गया है.

    उन्होंने बताया कि बोर्ड केकेआर को मुस्तफ़िज़ुर रहमान के बदले किसी दूसरे खिलाड़ी को रखने की इजाज़त देगा.

    इससे पहले भारत में दक्षिणपंथी संगठन और कुछ बीजेपी नेताओं ने मुस्तफ़िज़ुर रहमान को केकेआर टीम में शामिल करने पर शाहरुख़ ख़ान से नाराज़गी जताई थी.

    ये भी पढ़ें:

  4. ट्रंप ने पहले पीएम मोदी की तारीफ़ की, फिर कही भारत पर टैरिफ़ बढ़ाने की बात

    पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले साल व्हाइट हाउस में मुलाक़ात की थी (फ़ाइल फोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के रूस से तेल ख़रीदने पर प्रतिक्रिया दी है.

    एयर फ़ोर्स वन विमान में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा, 'वे मुझे ख़ुश करना चाहते थे. मूल रूप से मोदी बहुत अच्छे इंसान हैं. उन्हें पता था कि मैं ख़ुश नहीं था और मुझे ख़ुश करना ज़रूरी था.'

    अमेरिकी राष्ट्रपति का कहना है कि 'वे आपस में व्यापार करते हैं' और भारत ने हमारी बात नहीं मानी तो 'हम उन पर बहुत जल्दी टैरिफ़ बढ़ा' सकते हैं.

    ट्रंप के ये बयान ऐसे समय में आए हैं जब भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ़ को लेकर बातचीत जारी है. इससे पहले भी ट्रंप दावा कर चुके हैं कि मोदी ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि भारत रूस से तेल ख़रीद सीमित करेगा.

    अमेरिका पहले ही भारत पर 50 फ़ीसदी टैरिफ़ लगा चुका है, जिसमें से 25 फ़ीसदी टैरिफ़ रूस से तेल ख़रीदने की 'सज़ा' के तौर पर लगाया गया है.

  5. निकोलस मादुरो को 'पकड़ने' के बाद ट्रंप ने अब अंतरिम राष्ट्रपति को दी धमकी

    राष्ट्रपति ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप ने वेनेज़ुएला की अंतरिम राष्ट्रपति को चेतावनी दी है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को एयर फ़ोर्स वन विमान में वेनेज़ुएला को लेकर पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए.

    पत्रकारों ने उनसे जब सत्ता परिवर्तन और नेशन बिल्डिंग के ख़िलाफ़ उनके पुराने बयानों को लेकर सवाल किया तब इस पर ट्रंप ने कहा, "ये हमारे इलाक़े में है, डोनरो डॉक्ट्रिन के तहत."

    उन्होंने कहा, "हमारा काम ये सुनिश्चित करना है कि हमारे आसपास के देश स्थिर और सफल हों और वहां से तेल बिना रोक-टोक बाहर आ सके."

    ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को वेनेज़ुएला को 'वापस पटरी पर लाना' होगा. उन्होंने वेनेज़ुएला को 'डेड' बताया.

    उन्होंने कहा, "वेनेज़ुएला में इंफ़्रास्ट्रक्चर को दोबारा खड़ा करने के लिए तेल कंपनियों को बड़े निवेश करने होंगे."

    हालांकि बाद में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका कुछ भी निवेश नहीं करेगा और देश का ख़याल रखेगा और लोगों का भी, जिनमें वे वेनेज़ुएलाई लोग भी शामिल हैं जो मजबूरी में अपना देश छोड़कर हमारे देश में रह रहे हैं.

    इस दौरान एक रिपोर्टर ने पूछा कि क्या वेनेज़ुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज़ अब देश की अगुआई करेंगी?

    इस पर ट्रंप ने कहा कि उनकी टीम उनके (रोड्रिग्ज़ के) संपर्क में है, लेकिन अगर उन्होंने अमेरिका की बात नहीं मानी तो उनका अंजाम भी मादुरो जैसा हो सकता है.

  6. असम में सुबह-सुबह महसूस किए गए भूकंप के झटके

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    असम में सोमवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. इसकी तीव्रता 5.1 बताई गई है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, फिलहाल किसी के घायल होने या संपत्ति को नुक़सान पहुंचने की कोई सूचना नहीं है.

    नेशनल सेंटर फ़ॉर सिस्मोलॉजी की रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप का केंद्र सुबह 4 बजकर 17 मिनट पर मोरीगांव ज़िले में दर्ज किया गया.

    भूकंप की गहराई ज़मीन के भीतर 50 किलोमीटर बताई गई है.

  7. वेनेज़ुएला में अमेरिकी हमले के बाद पाकिस्तान का आया पहला बयान

    पाकिस्तान के पीएम शहबाज़ शरीफ़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान ने कहा है कि वह वेनेज़ुएला में बनती स्थिति को लेकर चिंतित है

    पाकिस्तान ने रविवार को वेनेज़ुएला में जारी 'संकट' को ख़त्म करने के लिए संयम बरतने और तनाव कम करने की अपील की है.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि सभी लंबित मुद्दों का समाधान संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतरराष्ट्रीय क़ानून के सिद्धांतों के तहत किया जाना चाहिए.

    विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया, "पाकिस्तान वेनेज़ुएला के लोगों की भलाई को बहुत महत्व देता है और देश में बनती स्थिति को लेकर चिंतित है."

    बयान में यह भी कहा कि पाकिस्तान हालात पर क़रीबी नज़र बनाए हुए है और वेनेज़ुएला में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार संपर्क में है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को ख़ुद यह बताया कि अमेरिका ने वेनेज़ुएला की राजधानी काराकास पर हवाई हमला किया और वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को 'पकड़' लिया.

    वेनेज़ुएला के राष्ट्रपति को ड्रग्स और हथियारों से जुड़े आरोपों में सोमवार यानी आज कोर्ट में पेश किया जा सकता है. उन्होंने पहले ड्रग कार्टेल का लीडर होने से इनकार किया था.

    वेनेज़ुएला के ख़िलाफ़ अमेरिका के क़दम को दुनिया के कई देशों ने एकतरफ़ा और संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के ख़िलाफ़ बताया.

    इस मामले में भारत ने भी काफ़ी सतर्कता के साथ प्रतिक्रिया दी है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, "वेनेज़ुएला में हालिया घटनाक्रम गहरी चिंता का विषय है. हम वहां की बदलती स्थिति पर क़रीबी नज़र रखे हुए हैं."

    ये भी पढ़ें:

  8. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.