लेबनान: हिज़्बुल्लाह के साथ युद्ध विराम के बाद इसराइल ने अब बेरूत पर हमला क्यों किया?
इमेज स्रोत, REUTERS
इमेज कैप्शन, इसराइली सेना ने हिज़्बुल्लाह की ड्रोन स्टोरेज यूनिट को निशाना बनाया
हिज़्बुल्लाह के साथ नवंबर में युद्ध विराम लागू होने के बाद इसराइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर पहला हवाई हमला किया है, जहां हिज़्बुल्लाह का ठिकाना है.
इसराइली सेना ने कहा कि उसने शुक्रवार को हिज़्बुल्लाह की ड्रोन स्टोरेज यूनिट को निशाना बनाया. इससे पहले वहां से लोगों को निकालने की चेतावनी जारी की गई थी, जिससे दहशत फैल गई.
यह हमला दक्षिणी लेबनान से उत्तरी इसराइल की ओर दो रॉकेट दागे जाने के कुछ घंटों बाद किया गया. इसराइल ने कहा कि उसने दागे गए एक रॉकेट को रोक दिया, जबकि दूसरा रॉकेट सीमा पार नहीं कर सका.
इसराइल ने कहा कि यह हमला युद्धविराम का ‘उल्लंघन’ था, जबकि लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ़ औन के ऑफिस की ओर से भी कहा गया है कि इसराइल का हमला ‘समझौते का उल्लंघन’ था.
वहीं हिज़्बुल्लाह ने कहा है कि वह इसमें शामिल नहीं है.
असम: पत्रकार दिलवर हुसैन को फिर किया गया ग़िरफ़्तार, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए
इमेज स्रोत, FACEBOOK
इमेज कैप्शन, पत्रकार दिलवर हुसैन
असम को-ऑपरेटिव अपेक्स बैंक में कथित भ्रष्टाचार को लेकर रिपोर्टिंग करने गए गुवाहाटी के पत्रकार दिलवर हुसैन मजूमदार को ग़िरफ़्तार कर जेल भेज दिया गया है.
पुलिस ने पत्रकार के ख़िलाफ दो मामले दर्ज किए हैं.
पत्रकार दिलवर हुसैन की गिरफ़्तारी पर प्रेस क्लब ऑफ इंडिया सहित कई संगठनों ने नाराज़गी ज़ाहिर की है, जबकि गुवाहाटी प्रेस क्लब सहित राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पत्रकारों ने अपना विरोध जताया है.
दरअसल, असम को-ऑपरेटिव अपेक्स बैंक में कथित घोटाले के ख़िलाफ मंगलवार को असम जातीय परिषद की युवा शाखा जातीय युवा शक्ति बैंक के सामने विरोध प्रदर्शन कर रही थी. पत्रकार दिलवर हुसैन भी उस प्रदर्शन को कवर करने गए हुए थे.
दिलवर गुवाहाटी प्रेस क्लब के सहायक महासचिव होने के साथ ही 'द क्रॉस करेंट' नाम के एक डिजिटल न्यूज़ पोर्टल में पत्रकार हैं.
'द क्रॉस करेंट' ने घटना वाले दिन का एक वीडियो जारी किया है, जिसमें दिलवर अपेक्स बैंक में कथित वित्तीय अनियमितताओं के संबंध में बैंक के प्रबंध निदेशक से कुछ सवाल पूछते दिख रहें है.
'द क्रॉस करेंट' के संपादक अरूप कलिता ने बताया, "दिलवर ने बैंक के एमडी डोमरु सैकिया से कुछ सवाल पूछे थे. उन्होंने रिपोर्टर को अपने केबिन में आने को कहा. बाद में बैंक अधिकारी ने पुलिस बुला ली और दिलवर के खिलाफ एफ़आईआर कर दी."
इस घटना के बाद पत्रकार की पत्नी समेत गुवाहाटी के कई पत्रकार पुलिस स्टेशन के बाहर जमा हुए, लेकिन पुलिस ने दिलवर को करीब 9 घंटे हिरासत में लेने के बाद ग़िरफ़्तार कर लिया.
पत्रकार के खिलाफ एक मामले में एससी/एसटी एक्ट की गैर-जमानती धाराएं लगाई गई हैं.
दिलवर की पत्नी फरनाज के मुताबिक़ दिलवर पर दो मामले दर्ज किए गए हैं. पहले मामले में पत्रकार पर बैंक के एक गार्ड को जातिसूचक शब्द कहने के आरोप हैं. हालांकि, इस मामले में पत्रकार को कोर्ट से गुरुवार को जमानत मिल गई थी.
इसके बाद पुलिस ने एक दूसरे मामले में पत्रकार को फिर ग़िरफ़्तार कर लिया. दूसरे मामले में दिलवर पर बैंक कार्यालय में अवैध रूप से घुसकर सरकारी फाइलें चोरी करने के प्रयास के आरोप लगाए गए हैं.
दिलवर जिस बैंक में कथित भ्रष्टाचार की रिपोर्ट करने गए थे, उस अपेक्स बैंक के निदेशक असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा हैं. जबकि भाजपा विधायक विश्वजीत फुकन बैंक के अध्यक्ष हैं.
राज्य में पत्रकारों के विरोध प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि दिलवर के पेशे को लेकर उनके पास जो जानकारी है, उसमें वो पत्रकार नहीं एक व्यापारी हैं.
उनके मुताबिक़ सरकार ऑनलाइन पोर्टलों के लिए काम करने वाले व्यक्तियों को पत्रकार नहीं मानती है.
मुख्यमंत्री ने कहा, "वो (दिलवर) पोर्टल में काम करते हैं और पोर्टलों में काम करने वाले लोगों को सरकार ने अब तक मान्यता नहीं दी है. यह व्यक्ति असम सरकार के पत्रकार की श्रेणी में नहीं आते हैं."
उन्होंने आगे कहा, "हमारे पास जानकारी है कि वो (दिलवर) डम्पर व्यवसाय भी करते हैं, वो पार्ट टाइम एक पोर्टल में काम करते हैं."
1948 में स्थापित हुए असम को-ऑपरेटिव अपेक्स बैंक लिमिटेड के राज्य भर में 67 शाखाएं और 6 क्षेत्रीय कार्यालय हैं.
ग्रीनलैंड के लिए रवाना हुए अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस, पिटुफिक मिलिट्री बेस का दौरा करेंगे
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस पत्नी उषा वेंस के साथ
अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस पत्नी उषा वेंस के साथ ग्रीनलैंड के लिए रवाना हो गए हैं. वेंस ग्रीनलैंड के उत्तर-पश्चिमी तट पर स्थित पिटुफिक स्पेस बेस का दौरा करेंगे.
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ग्रीनलैंड को अमेरिका का हिस्सा बनाने की बात कह चुके हैं. ग्रीनलैंड डेनमार्क का एक स्वायत्त क्षेत्र है और दुनिया का सबसे बड़ा द्वीप है.
वेंस के दौरे से पहले ग्रीनलैंड के राजनीतिक दलों ने एक गठबंधन बनाया. ग्रीनलैंड की डेमोक्रेट्स पार्टी और तीन अन्य पार्टियों ने गठबंधन की घोषणा की है.
डेमोक्रेट्स पार्टी के नेता जेन्स फ्रेडरिक नीलसन ने गठबंधन में आए दलों से आपसी मतभेदों को भुलाकर ट्रंप की मंशा के खिलाफ एकजुटता दिखाने की अपील की है.
इलाहाबाद हाई कोर्ट को सुप्रीम कोर्ट का निर्देश- जस्टिस यशवंत वर्मा को फ़िलहाल न सौंपा जाए कोई न्यायिक काम
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट
सुप्रीम कोर्ट ने जस्टिस यशवंत वर्मा के ट्रांसफर मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस को एक निर्देश दिया है.
सुप्रीम कोर्ट की ओर से इलाहाबाद हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस से कहा गया है कि जस्टिस यशवंत वर्मा के इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज का कार्यभार संभालने के बाद फिलहाल उन्हें कोई न्यायिक काम न सौंपा जाए.
वहीं लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक़ केंद्र सरकार ने जस्टिस यशवंत वर्मा को दिल्ली से इलाहाबाद हाई कोर्ट वापस भेजने की अधिसूचना भी जारी की है, जो 24 मार्च को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिशों पर आधारित है.
केंद्र की ओर से जस्टिस वर्मा के ट्रांसफर का आदेश इलाहाबाद हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के विरोध के बावजूद आया है.
बता दें कि जस्टिस वर्मा अपने आधिकारिक परिसर से कैश मिलने के आरोप पर चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया की ओर से बनाई गई तीन जजों की कमिटी की जांच का सामना कर रहे हैं.
कुणाल कामरा को राहत, मद्रास हाई कोर्ट ने दी अंतरिम अग्रिम ज़मानत
इमेज स्रोत, TWITTER/@KUNALKAMRA88
इमेज कैप्शन, कुणाल कामरा को अंतरिम राहत
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी मामले में
कॉमेडियन कुणाल कामरा को कोर्ट से फिलहाल राहत मिल गई है.
क़ानूनी मामलों की वेबसाइट लाइव लॉ के मुताबिक़ मद्रास हाई कोर्ट ने कामरा को 7 अप्रैल तक अंतरिम अग्रिम ज़मानत दे दी है.
इस मामले में कुणाल कामरा के ख़िलाफ़ मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में एफ़आईआर दर्ज कराई गई थी, लेकिन तमिलनाडु का निवासी होने के नाते कामरा ने मद्रास हाई कोर्ट का रुख किया था.
कुणाल कामरा के वकील वी सुरेश ने कामरा को उनके नए स्टैंड-अप वीडियो 'नया भारत' के प्रसारण के बाद मिली जान से मारने की धमकियों का हवाला देते हुए तुरंत राहत की अपील की थी.
मद्रास हाई कोर्ट के जस्टिस सुंदर मोहन ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह लगता है कि कामरा सुरक्षा के लिए महाराष्ट्र की अदालतों का रुख करने में
असमर्थ हैं. इसलिए ये अदालत उन्हें अंतरिम अग्रिम जमानत देने के लिए तैयार है.
नेपाल: पुलिस और राजशाही समर्थक प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प, कई इलाकों में कर्फ्यू
इमेज स्रोत, BBC Nepali
इमेज कैप्शन, नेपाल में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प
नेपाल की राजधानी काठमांडू में आज पुलिस और राजशाही समर्थक प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई.
इसके बाद अधिकारियों ने काठमांडू के कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया है.
काठमांडू के सहायक मुख्य ज़िला अधिकारी अशोक कुमार भंडारी ने बताया कि हालात पर काबू पाने के लिए तीनकुने, सिनामंगल और कोटेश्वर क्षेत्रों में कर्फ्यू के आदेश जारी किए गए हैं.
भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद हिंसा और झड़प की घटनाएं सामने आई हैं.
सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश कर रही भीड़ पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और पानी की बौछारें कीं.
नेपाल पुलिस के प्रवक्ता दिनेश आचार्य ने बीबीसी को बताया कि इलाके में तनाव है और पुलिस स्थिति को काबू में करने की कोशिश कर रही है.
उनके अनुसार, कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है और कुछ लोग घायल हुए हैं.
नेपाली पुलिस प्रवक्ता ने यह भी बताया कि तोड़फोड़ और लूटपाट की कुछ घटनाएं हुई हैं.
इस बीच, नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड के नेतृत्व में विपक्षी दलों के गठबंधन ने काठमांडू में एक अलग रैली और सभा की. उन्होंने 2015 में लागू किए गए धर्मनिरपेक्ष संघीय गणतंत्र संविधान की रक्षा करने की कसम खाई.
भूकंप के बाद थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीयों के लिए जारी किया हेल्पलाइन नंबर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भूकंप में ढही एक इमारत
थाईलैंड में आए भूकंप के बाद राजधानी बैंकॉक स्थित भारतीय दूतावास ने थाईलैंड में भारतीय लोगों के लिए एक आपातकालीन नंबर +66 618819218 जारी किया है.
थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावास ने एक्स पर पोस्ट किया,
“बैंकॉक और थाईलैंड के अन्य हिस्सों में आए भूकंप के तेज़ झटकों के बाद, दूतावास थाईलैंड के अधिकारियों के साथ स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहा है.”
भारतीय दूतावास की ओर से आगे जानकारी दी गई, “अब तक किसी भी भारतीय नागरिक से जुड़ी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है.
किसी भी आपात स्थिति में, थाईलैंड में भारतीय नागरिकों को आपातकालीन नंबर +66 618819218 पर संपर्क करने की सलाह दी जाती है.”
ये भी बताया गया है कि बैंकॉक में भारतीय दूतावास और चियांग माई शहर में वाणिज्य दूतावास के सभी सदस्य सुरक्षित हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने ख़ारिज की जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ एफ़आईआर की मांग वाली याचिका, क्या कहा?
....में
Author, उमंग पोद्दार
पदनाम, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, ALLAHABADHIGHCOURT.IN
इमेज कैप्शन, जस्टिस यशवंत वर्मा
सुप्रीम कोर्ट ने जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ एफ़आईआर दर्ज करने की मांग वाली याचिका ख़ारिज कर दी है.
ये याचिका एडवोकेट मैथ्यूज जे नेदुम्परा ने दायर की थी. उनकी याचिका को जस्टिस अभय ओक की अध्यक्षता वाली दो जजों की बेंच ने 'प्रीमैच्योर' बताया.
'प्रीमैच्योर याचिका' का मतलब है संबंधित मामले में अंतिम निर्णय या कार्रवाई किए जाने से पहले दायर की गई याचिका.
जस्टिस अभय ओक ने कहा, "इन-हाउस जांच पूरी होने के बाद कई विकल्प खुले हैं. सीजेआई एफ़आईआर दर्ज करने का निर्देश दे सकते हैं. आज इस पर विचार करने का समय नहीं है. इन-हाउस रिपोर्ट के बाद सभी विकल्प खुले हैं."
जस्टिस यशवंत वर्मा पर आरोप लगे हैं कि नई दिल्ली स्थित उनके सरकारी आवास से भारी मात्रा में कैश मिला. 14 मार्च को उनके आवास के एक स्टोर रूम में आग लगी थी, जहाँ पर कथित तौर पर उनके घर से बड़ी मात्रा में कैश मिला.
वहीं, जस्टिस यशवंत वर्मा का दावा है कि स्टोर रूम में उन्होंने या उनके परिवार वालों ने कभी कैश नहीं रखा, और उनके ख़िलाफ़ साज़िश रची जा रही है.
इस मामले की जांच के लिए चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया संजीव खन्ना ने तीन जजों की कमिटी बनाई है. साथ ही यह फ़ैसला लिया है कि जस्टिस यशवंत वर्मा को कुछ समय तक कोई न्यायिक ज़िम्मेदारी न सौंपी जाए.
अभी तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करके आप पढ़ सकते हैं.
राणा सांगा पर सपा सांसद के बयान से विवाद के बीच कांग्रेस अध्यक्ष ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, ANI
समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के राणा सांगा पर दिए गए बयान के बाद उनके आवास पर हुई तोड़फोड़ को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रतिक्रिया दी.
मल्लिकार्जुन खड़ने ने संसद में कहा, "हम देशभक्तों का सम्मान करते हैं, लेकिन अगर कोई कानून अपने हाथ में लेकर, किसी के घर तोड़फोड़ करता है और उसकी संपत्ति को नुकसान पहुंचाता है तो मैं इसकी निंदा करता हूं. इन लोगों ने एक मुद्दा उठाकर किसी की जान लेने की कोशिश की, उसकी गाड़ी और घर को तोड़ा."
"दलितों के खिलाफ़ हो रहे इस अपमान को हम कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे."
राज्यसभा में रामजी लाल सुमन ने कहा था, "ये तो बीजेपी के लोगों का तकिया कलाम हो गया है कि मुसलमानों में बाबर का डीएनए है, लेकिन हिंदुस्तान का मुसलमान तो बाबर को अपना आदर्श मानता नहीं है, वे तो मोहम्मद साहब को अपना आदर्श मानते हैं, सूफी-संतों की परंपरा को अपना आदर्श मानते हैं."
रामजी लाल सुमन ने सवाल उठाया कि बाबर को भारत में कौन ले आया था? उन्होंने कहा, "इब्राहिम लोदी को हराने के लिए राणा सांगा ने बाबर को भारत बुलाया था, तो मुसलमान तो बाबर की औलाद हैं और तुम गद्दार राणा सांगा की औलाद हो. ये हिंदुस्तान में तय हो जाना चाहिए."
उन्होंने आगे कहा, "हम लोग बाबर की तो आलोचना करते हैं, लेकिन राणा सांगा की आलोचना नहीं करते हैं."
मामले पर करणी सेना के कार्यकर्ता रामजी लाल सुमन के आगरा में स्थित आवास के बाहर इकट्ठा हुए और तोड़फोड़ करते हुए उनके घर में घुसने की कोशिश की.
विवाद बढ़ने पर रामजी लाल सुमन ने कहा, "मेरा मक़सद किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना नहीं था."
इसके बाद करणी सेना के नेता महिपाल मकराना ने कहा, "अभी तो यह एक ट्रेलर है. ऐसे व्यक्तियों को मुंह तोड़ जवाब हमें बहुत पहले देना चाहिए था. जिसमें हम बहुत लेट हो गए. अगर रामजी लाल सुमन की सदस्यता भंग नहीं की गई, तो एक बहुत बड़ा विरोध प्रदर्शन पूरे देश में देखने को मिलेगा."
तस्वीरें: म्यांमार और थाईलैंड में भूकंप से मची भारी तबाही
थाईलैंड और म्यांमार में शुक्रवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं.
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भूकंप के बाद की तस्वीर
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, म्यांमार में आए भूकंप के बाद मची तबाही
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, बैंकॉक में भूकंप के बाद बचाव अभियान शुरू हो गया है
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, बैंकॉक में आया भूकंप
ब्रेकिंग न्यूज़, म्यांमार में 7.7 तीव्रता का भूकंप, थाईलैंड की राजधानी में भी महसूस किए गए झटके
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, म्यांमार और थाईलैंड में भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए हैं.
थाईलैंड और म्यांमार में शुक्रवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं.
थाईलैंड के कई हिस्सों में भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए और वहां कई इमारतों को खाली कराया गया है.
अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे ने इसे 7.7 तीव्रता का बताया है. जबकि चीन की सरकारी न्यूज़ एजेंसी शिन्हुआ ने चीन के चाइना अर्थक्वेक नेटवर्क्स सेंटर के हवाले से भूकंप की तीव्रता 7.9 बताई है.
कुणाल कामरा ने अग्रिम ज़मानत के लिए मद्रास हाई कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया
इमेज स्रोत, Kunal kamra/ Youtube
इमेज कैप्शन, कॉमेडियन कुणाल कामरा.
कॉमेडियन कुणाल कामरा ने अपने एक स्टैंडअप एक्ट के कारण जारी विवाद में एफ़आईआर दर्ज होने के बाद अब अग्रिम ज़मानत के लिए मद्रास हाई कोर्ट का रुख किया है.
क़ानूनी मामलों की वेबसाइट लाइव लॉ के अनुसार, कुणाल कामरा ने दावा किया कि वो तमिलनाडु के विल्लुपुरम शहर के स्थायी निवासी हैं. इस कारण मामला मद्रास हाई कोर्ट के क्षेत्राधिकार में आता है.
एकनाथ शिंदे के ख़िलाफ़ की गई टिप्पणी पर शिवसेना के विधायक मुरजी पटेल ने एफ़आईआर दर्ज कराई है.
कुणाल कामरा ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का बिना नाम लिए एक टिप्पणी में उन्हें ग़द्दार कहा था.
मामले पर बीबीसी मराठी के 'राष्ट्र महाराष्ट्र' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है. हम व्यंग्य समझते हैं. लेकिन एक सीमा होनी चाहिए. यह किसी के ख़िलाफ़ बोलने की 'सुपारी' लेने जैसा है."
विवाद बढ़ने पर कुणाल कामरा ने माफी मांगने से इनकार कर दिया था.
पीएम मोदी श्रीलंका और थाईलैंड के दौरे पर जाएंगे, ये होगा एजेंडा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी अगले महीने थाईलैंड और श्रीलंका के दौरे पर जाएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन अप्रैल से छह अप्रैल तक थाईलैंड और श्रीलंका के दौरे पर रहेंगे. ये जानकारी भारतीय विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को दी.
विदेश मंत्रालय ने बताया कि तीन और चार अप्रैल को पीएम मोदी थाईलैंड के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वो बैंकॉक में होने वाले बे ऑफ़ बंगाल इनिशिएटिव फॉर मल्टी सेक्टोरल टेक्निकल एंड इकोनॉमिक को-ऑपरेशन (बीआईएमएसटीईसी यानी बिम्सटेक) समिट में हिस्सा लेंगे.
पीएम मोदी तीन अप्रैल को थाईलैंड के प्रधानमंत्री से भी मिलेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थाईलैंड के दौरे के बाद श्रीलंका जाएंगे. पीएम मोदी की श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से द्विपक्षीय वार्ता होगी.
ब्रेकिंग न्यूज़, जम्मू कश्मीर के कठुआ में मुठभेड़, कुछ पुलिसकर्मियों के हताहत होने की ख़बर
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, जम्मू कश्मीर के कठुआ में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़ जारी है (फाइल फोटो)
जम्मू कश्मीर के कठुआ में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच में हुई मुठभेड़ में कुछ पुलिसर्मियों के मारे जाने की ख़बर है.
भारतीय सेना के राइजिंग स्टार कोर ने अपने बयान में कहा है, "जम्मू कश्मीर पुलिस के उन कर्मियों के अदम्य साहस और वीरता को वो सलाम करते हैं, जो कठुआ में जारी मुठभेड़ के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए. उनकी बहादुरी और समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा."
हालांकि ये नहीं बताया गया है कि कितने पुलिसकर्मियों या चरमपंथियों की मौत हुई है.
इमेज स्रोत, @RisingStarCorps
इमेज कैप्शन, भारतीय सेना के राइजिंग स्टार कोर का पोस्ट
राइजिंग स्टार कोर ने बताया था कि कठुआ के सुफियान में गुरुवार से ऑपरेशन जारी है.
कठुआ में पिछले चार दिनों से दो अलग-अलग जगहों पर चरमपंथ विरोधी अभियान चल रहा है.
राणा सांगा के बारे में सपा सासंद के बयान पर मायावती की तीखी प्रतिक्रिया, क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सपा सांसद रामजी लाल सुमन के राणा सांगा पर दिए बयान पर बसपा प्रमुख मायावती ने बयान दिया.
समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन के राणा सांगा पर दिए गए बयान पर बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने प्रतिक्रिया दी है.
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए अपने दलित नेताओं को आगे करके जो घिनौनी राजनीति कर रही है अर्थात् उनको नुकसान पहुँचाने में लगी है, यह उचित नहीं. दलितों को इनके सभी हथकंडों से सावधान रहना चाहिए. आगरा की हुई घटना अति चिंताजनक है."
उन्होंने लिखा, "साथ ही, सपा का अपने स्वार्थ में किसी भी समुदाय का अपमान करना ठीक नहीं, जिसके तहत अब इनको किसी समुदाय में दुर्गंध व किसी में सुगंध आ रही है. इससे समाज में अमन-चैन व सौहार्द बिगड़ेगा. जो ठीक नहीं."
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, रामजी लाल सुमन ने राज्यसभा में राणा सांगा पर बयान दिया था
राज्यसभा में रामजी लाल सुमन ने कहा था कि राणा सांगा ने इब्राहिम लोदी को हराने के लिए मुग़ल सम्राट बाबर को भारत में आमंत्रित किया था.
उन्होंने कहा, "ये तो बीजेपी के लोगों का तकिया कलाम हो गया है कि मुसलमानों में बाबर का डीएनए है, लेकिन हिंदुस्तान का मुसलमान तो बाबर को अपना आदर्श मानता नहीं है, वे तो मोहम्मद साहब को अपना आदर्श मानते हैं, सूफी-संतों की परंपरा को अपना आदर्श मानते हैं."
रामजी लाल सुमन ने सवाल उठाया कि बाबर को भारत में कौन ले आया था? उन्होंने कहा, "इब्राहिम लोदी को हराने के लिए राणा सांगा ने बाबर को भारत बुलाया था, तो मुसलमान तो बाबर की औलाद हैं और तुम गद्दार राणा सांगा की औलाद हो. ये हिंदुस्तान में तय हो जाना चाहिए."
उन्होंने आगे कहा, "हम लोग बाबर की तो आलोचना करते हैं, लेकिन राणा सांगा की आलोचना नहीं करते हैं."
मामले पर करणी सेना के कार्यकर्ता रामजी लाल सुमन के आगरा में स्थित आवास के बाहर इकट्ठा हुए और तोड़फोड़ करते हुए उनके घर में घुसने की कोशिश की.
विवाद बढ़ने पर रामजी लाल सुमन ने कहा, "मेरा मक़सद किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाना नहीं था."
हालांकि उन्होंने अपना बयान वापस लेने से साफ़ मना कर दिया.
ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी में ममता बनर्जी के भाषण के दौरान हंगामा, लगे 'गो अवे' के नारे
इमेज स्रोत, @AITCofficial
इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के ऑक्सफ़ोर्ड यूनिवर्सिटी के केलॉग कॉलेज में दिए गए भाषण के दौरान हंगामा हुआ और वहां बैठे लोगों ने 'गो अवे' के नारे लगाए.
आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के मामले के सवाल पर ममता बनर्जी ने कहा, "यह मामला अदालत में है, यह केस केंद्र सरकार के पास है."
ममता बनर्जी ने साथ ही कहा कि इसे 'राजनीतिक मंच मत बनाएं. आप बंगाल जाएं और अपनी पार्टी को और मजबूत करें."
इस दौरान ममता बनर्जी ने एक फ़ोटो दिखाते हुए कहा, "आप मेरी यह तस्वीर देखिए, मुझे मारने की कोशिश कैसे की गई थी."
इमेज स्रोत, AITC Official/ You tube
हंगामा होने पर ममता बनर्जी ने कहा, "आप मुझे बोलने दें. आप मेरा नहीं, बल्कि अपने संस्थान का अपमान कर रहे हैं. ये लोग हर जगह ऐसा करते हैं, जहां भी मैं जाती हूं. मैं हर धर्म का समर्थन करती हूं. मैं हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी का सम्मान करती हूं."
उन्होंने कहा, "अल्ट्रा लेफ्ट और सांप्रदायिक मित्रों ऐसा व्यवहार मत करो."
लोगों ने ''गो अवे' के नारे लगाए तो इस पर ममता बनर्जी ने कहा कि ये इनकी आदत हो गई है.
ऑस्ट्रेलिया में आम चुनावों की सरगर्मी तेज़, ओपनियन पोल में क्या है रुझान
इमेज स्रोत, EPA/Getty Images
इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ और लिबरल पार्टी के नेता पीटर डटन
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने शुक्रवार को एलान किया कि देश में संघीय चुनाव 3 मई को होंगे. एंथनी अल्बनीज़ की लेबर पार्टी के पास अभी मामूली बहुमत है.
ओपनियन पोल में अनुमान जताया गया है कि ऑस्ट्रेलिया के दो प्रमुख राजनीतिक दलों- लेबर पार्टी और लिबरल पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला होगा. ऐसे में संभावना है कि निर्दलीय सांसदों या अन्य छोटे दलों पर दोनों बड़े राजनीतिक दलों को निर्भर रहना होगा.
साल 2022 में हुए चुनाव में छोटे दलों और स्वतंत्र उम्मीदवारों को रिकॉर्ड स्तर पर वोट मिले थे.
चुनावी अभियान में जीवन यापन की लागत से जुड़े मुद्दों के हावी रहने की संभावना है.
अल्बनीज़ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जीवन यापन की लागत से निपटने के अपने वादे को दोहराया.
उन्होंने पहले ही अधिक मुफ्त स्वास्थ्य सेवा देने, छात्र ऋण कम करने और छोटे कर कटौती लागू करने की योजनाओं की घोषणा कर दी थी.
अल्बनीज़ने कहा कि उनके प्रतिद्वंद्वी पीटर डटन को चुनना देश के लिए एक पीछे जाने वाला कदम होगा.