यूक्रेन की राजधानी कीएव में बीती रात रूस की ओर से किए ड्रोन हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है.
कीएव की आपातकालीन सेवाओं का कहना है कि रूसी हमलों में एक महिला की मौत हुई है और पांच लोग घायल हुए हैं.
कीएव प्रशासन का कहना है कि शहर के चार इलाक़ों में राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है. रिहायशी और औद्योगिक इलाक़ों में काफ़ी तबाही हुई है.
एक अलग बयान में कीएव पुलिस ने कहा है कि एक 71 साल की व्यक्ति की भी मौत हुई है और कम से कम 32 लोग घायल हुए हैं.
राष्ट्रपति ट्रंप से मिलने के लिए रवाना होने से पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा है कि विश्व के नेताओं का ध्यान यूक्रेन और रूस के युद्ध को ख़त्म करने पर है लेकिन यूक्रेन को अभी मदद की ज़रूरत है.
उन्होंने चेतावनी दी है, “एयर डिफेंस के लिए सप्लाई काफ़ी और समय पर मिलनी चाहिए, खासकर अभी, जब हमें उनकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत है. लोगों की जान बचाने में कोई देरी नहीं होनी चाहिए.”
ज़ेलेस्की ने कहा, "रक्षा के बिना कूटनीति काम नहीं करेगी."
उन्होंने कहा बीती रात हुए हमले पुतिन और उनके करीबियों की वास्तविक मानसिकता को दिखाते हैं.
रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि उसने यूक्रेन के मिलिट्री ठिकानों को निशाने बनाते हुए यह बड़ा हमला किया है, सभी तय लक्ष्यों को निशाना बनाने में कामयाबी मिली है.
रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने हमले में "लंबी दूरी के ज़मीन, हवा और समुद्र से सटीक मार करने वाले हथियारों" का इस्तेमाल किया है.