ओआईसी ने इसराइल के ‘सोमालीलैंड’ को देश के रूप में मान्यता देने की निंदा की
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सोमालिया से अलग हुए क्षेत्र सोमालीलैंड को एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में मान्यता देने वाला इसराइल पहला देश है जिस फ़ैसले का ओआईसी ने विरोध किया है
ऑर्गनाइजे़शन ऑफ़ इस्लामिक कोऑपरेशन (ओआईसी) ने ‘सोमालीलैंड’ को एक देश के रूप में मान्यता देने के इसराइल के क़दम की निंदा की है.
ओआईसी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर रहा है, “ऑर्गनाइजे़शन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन इसराइल द्वारा ‘सोमालीलैंड’ क्षेत्र को एक आज़ाद देश के रूप में मान्यता देने की कड़ी निंदा करता है और इसे पूरी तरह से ख़ारिज करता है. ओआईसी ने इसे फ़ेडरल रिपब्लिक सोमालिया की संप्रभुता, राष्ट्रीय एकता और उसकी क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन बताया है.”
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, “ओआईसी फ़ेडरल रिपब्लिक ऑफ़ सोमालिया के साथ पूरी एकजुटता से खड़ा है और उसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय एकता का मज़बूती के साथ समर्थन करता है.”
उन्नाव रेप केस और बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर ये बोलीं विनेश फोगाट
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता विनेश फोगाट ने उन्नाव रेप केस को लेकर न्यायिक प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं
भारतीय पहलवान और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने उन्नाव रेप केस में कुलदीप सिंह सेंगर को ज़मानत मिलने और उस पर बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर प्रतिक्रिया दी है.
विनेश फोगाट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “उन्नाव रेप केस सिर्फ़ एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि यह बताता है कि भारत में ताक़तवर लोगों के लिए क़ानून कितना नरम और पीड़ितों के लिए कितना कठोर हो सकता है.”
उन्होंने कहा, “इससे भी ज़्यादा चिंताजनक है, सत्ता से जुड़े नेताओं का दोषियों के पक्ष में खुलकर बोलना. उन्नाव रेप केस में दोषी करार दिए जा चुके कुलदीप सेंगर के समर्थन में पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह का बयान सामने आना बताता है कि समस्या सिर्फ अदालतों तक सीमित नहीं है, बल्कि राजनीतिक संरक्षण की मानसिकता अब भी ज़िंदा है.”
इससे पहले पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा था, “मैं कुलदीप सिंह सेंगर जी को ज़मानत मिलने का स्वागत करता हूं, उनके साथ अन्याय हुआ था.”
उन्नाव रेप मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को ज़मानत दी है. वो इस मामले में उम्रकैद की सज़ा काट रहे थे. कोर्ट के इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है.
यूक्रेन की राजधानी कीएव में हुए रूस के हमले में दो लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन को अभी मदद की ज़रूरत है
यूक्रेन की राजधानी कीएव में बीती रात रूस की ओर से किए ड्रोन हमलों में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है.
कीएव की आपातकालीन सेवाओं का कहना है कि रूसी हमलों में एक महिला की मौत हुई है और पांच लोग घायल हुए हैं.
कीएव प्रशासन का कहना है कि शहर के चार इलाक़ों में राहत एवं बचाव कार्य चलाया जा रहा है. रिहायशी और औद्योगिक इलाक़ों में काफ़ी तबाही हुई है.
एक अलग बयान में कीएव पुलिस ने कहा है कि एक 71 साल की व्यक्ति की भी मौत हुई है और कम से कम 32 लोग घायल हुए हैं.
राष्ट्रपति ट्रंप से मिलने के लिए रवाना होने से पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा है कि विश्व के नेताओं का ध्यान यूक्रेन और रूस के युद्ध को ख़त्म करने पर है लेकिन यूक्रेन को अभी मदद की ज़रूरत है.
उन्होंने चेतावनी दी है, “एयर डिफेंस के लिए सप्लाई काफ़ी और समय पर मिलनी चाहिए, खासकर अभी, जब हमें उनकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत है. लोगों की जान बचाने में कोई देरी नहीं होनी चाहिए.”
ज़ेलेस्की ने कहा, "रक्षा के बिना कूटनीति काम नहीं करेगी."
उन्होंने कहा बीती रात हुए हमले पुतिन और उनके करीबियों की वास्तविक मानसिकता को दिखाते हैं.
रूसी रक्षा मंत्रालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि उसने यूक्रेन के मिलिट्री ठिकानों को निशाने बनाते हुए यह बड़ा हमला किया है, सभी तय लक्ष्यों को निशाना बनाने में कामयाबी मिली है.
रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उसने हमले में "लंबी दूरी के ज़मीन, हवा और समुद्र से सटीक मार करने वाले हथियारों" का इस्तेमाल किया है.
छत्तीसगढ़: जिंदल पावर लिमिटेड की कोयला खदान के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन हुआ हिंसक, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Alok Putul
इमेज कैप्शन, बीते 15 दिनों से प्रदर्शनकारी कोयला खदान के ख़िलाफ़ धरने पर बैठे थे
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ ज़िले के तमनार में जिंदल पावर लिमिटेड की कोयला खदान के
ख़िलाफ़ बीते 15 दिनों से धरना दे रहे ग्रामीणों की गिरफ़्तारी के बाद शनिवार को जमकर
हिंसा हुई.
भीड़ ने एक तरफ़ जहां पुलिस पर पथराव किया, वहीं पुलिस पर भी बल प्रयोग करने का आरोप है.
ज़िले के कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के अनुसार पिछले पखवाड़े भर से कोयला खदान
की जनसुनवाई के ख़िलाफ़ 14 गांवों के लोग शांतिपूर्ण धरने पर बैठे थे. लेकिन कुछ असामाजिक
तत्वों ने भीड़ को उकसाया, जिसके बाद पुलिस
पर पथराव हुआ और उनके साथ मारपीट की गई. इसके बाद पुलिसकर्मी वहां से जान बचाकर भागे.
हालांकि प्रदर्शनकारियों में से एक ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि पुलिस
ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में लेना शुरू किया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को रोकने की कोशिश की.
इमेज स्रोत, Alok Putul
इमेज कैप्शन, हिंसा के दौरान प्रशासन ने कई पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की भी बात कही है
उनका कहना है कि इसी दौरान पुलिस की ग़लती से एक प्रदर्शनकारी ग्रामीण एक वाहन की चपेट में आ गया, जिसके कारण भीड़ आक्रोशित हो गई.
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम के वाहन समेत तीन वाहनों को आग के हवाले कर दिया. इसके अलावा महिला थाना प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट की गई.
मौके पर अतिरक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. कलेक्टर का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत करने की कोशिश कर रहे हैं.
बंगाली बोलना कोई जुर्म नहीं हो सकता: ममता बनर्जी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, ओडिशा में बंगाल के युवक की हुई हत्या के मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रतिक्रिया दी है.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाल ही में ओडिशा में बंगाल के लोगों पर हुए हमलों की निंदा करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा है.
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ममता बनर्जी ने कहा है, “हम बीजेपी शासित हर राज्य में बंगाली बोलने वाले लोगों पर हुए क्रूर अत्याचार की कड़ी निंदा करते हैं. हम डरे-सहमे और परेशान बंगाली बोलने वाले प्रवासी परिवारों के साथ खड़े हैं, हम उन परिवारों को हर मुमकिन मदद देंगे.”
उन्होंने कहा है, “कोई भी कीमत इंसान के जान के बराबर नहीं हो सकती, लेकिन जिन मामलों में मौत हुई है उसमें हम पीड़ित परिजनों को आर्थिक मदद देने का वादा करते हैं.”
ममता बनर्जी ने कहा, “हाल ही में बीजेपी शासित राज्य ओडिशा में जंगीपुर इलाके़ के कुछ प्रवासी मज़दूरों पर कई तरह के अत्याचार हुए हैं.”
उन्होंने कहा, “यह बहुत दुख की बात है कि 24 दिसंबर को जंगीपुर के सुती इलाके़ के एक युवा प्रवासी मज़दूर की संबलपुर में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मुर्शिदाबाद में प्रवासी मज़दूर डर के मारे ओडिशा से घर लौट रहे हैं.”
ममत बनर्जी ने कहा, “बंगाली बोलना कोई जुर्म नहीं हो सकता."
आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का हुआ एलान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अगले महीने शुरू हो रहे अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में वैभव सूर्यवंशी को भी जगह दी गई है
आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का एलान कर दिया गया है.
बीसीसीआई ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी.
आगामी अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 ज़िम्बावे और नामीबिया में खेला जाएगा. इसका आयोजन 15 जनवरी 2026 से छह फ़रवरी 2026 तक किया जाएगा.
इस वर्ल्ड कप 16 टीमें हिस्सा लेंगी. भारतीय टीम को ग्रुप बी में रखा गया है.
अगर आप हमारे लाइव पेज से अभी जुड़ रहे हैं तो अब तक की अहम ख़बरें जानिए
-यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रूस से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए वह रविवार को फ्लोरिडा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे. पढ़ें पूरी ख़बर
-दिल्ली में शनिवार को कांग्रेस की वर्किंग कमेटी की बैठक हुई. बैठक के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा है कि मनरेगा योजना को प्रमुख बिंदू बनाकर पूरे देश में एक बहुत बड़ा आंदोलन किया जाएगा. पढ़ें पूरी ख़बर
-हिमाचल प्रदेश में रेज़िडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने से राज्य में मेडिकल सेवाओं पर बुरा असर पड़ा है. पढ़ें पूरी ख़बर
-ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज़ सिरीज़ का चौथा टेस्ट मैच दूसरे दिन ही नतीजे के क़रीब पहुँच गया है. विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.
-बीते कुछ दिनों से चल रहे संघर्ष के बाद थाईलैंड और कंबोडिया के बीच एक बार फिर से युद्धविराम समझौता हो गया है. यहाँ विवाद से प्रभावित इलाके़ में हिंदू देवी-देवताओं की मूर्ति भी तोड़ दी गई थी. पढ़ें पूरी ख़बर
कुलदीप सेंगर को ज़मानत मिलने के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहीं कांग्रेस नेता और महिला एक्टिविस्ट को पुलिस ने हिरासत में लिया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को रेप केस में ज़मानत मिलने के बाद लगातार कई विरोध प्रदर्शन हुए हैं
उन्नाव रेप केस मामले में बीजेपी नेता कुलदीप सिंह सेंगर को ज़मानत मिलने के ख़िलाफ़ दिल्ली में प्रदर्शन कर रहीं कांग्रेस नेता मुमताज़ पटेल और महिला एक्टिविस्ट योगिता भयाना को पुलिस ने हिरासत में लिया है.
वीडियो में मुमताज़ पटेल और महिला एक्टिविस्ट को यह कहते सुना जा सकता है कि "कैसे पांच लोग उठाने के लिए 15 पुलिसवाले आए हैं."
समाचार एजेंसी एनएआई के मुताबिक़, कांग्रेस नेता मुमताज़ पटेल और महिला एक्टिविस्ट योगिता भयाना उन्नाव रेप केस में कुलदीप सिंह को ज़मानत मिलने और अंकाती भंडारी मर्डर केस को लेकर प्रदर्शन कर रही थीं.
उदयपुर में चलती गाड़ी में आईटी कंपनी की कर्मचारी से गैंगरेप, तीन अभियुक्त गिरफ़्तार, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिंदी के लिए जयपुर से
इमेज स्रोत, Ali Asgar
इमेज कैप्शन, पुलिस को दी शिकायत में बताया गया है कि यह घटना 23 दिसंबर की रात की है
राजस्थान के उदयपुर में एक आईटी कंपनी की महिला मैनेजर के साथ चलती गाड़ी में गैंगरेप का मामला सामने आया है.
महिला ने 23 दिसंबर को उदयपुर के सुखेर पुलिस थाने में गैंगरेप का आरोप लगाते हुए आईटी कंपनी के सीईओ, एग्ज़िक्यूटिव हेड सहित तीन के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करवाई थी.
उदयपुर पुलिस अधीक्षक (एसपी) योगेश गोयल ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से कहा कि, “पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की सामूहिक बलात्कार और जानबूझकर चोट पहुंचाने से जुड़ी धाराओं 70 (1), 115 (2), और 303 के तहत मामला दर्ज कर कंपनी के सीईओ, महिला एग्ज़िक्यूटिव हेड और उनके पति को गिरफ्तार कर चार दिन की रिमांड पर लिया हुआ है.”
मामले की जांच महिला अपराध एवं अनुसंधान प्रकोष्ठ की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माधुरी वर्मा कर रही हैं.
एफ़आईआर दर्ज करवाने वाली महिला मैनेजर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 दिसंबर की रात कंपनी के सीईओ की बर्थडे पार्टी और एंड ऑफ ईयर की पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें महिला ज़्यादा नशा होने पर पार्टी के बाद कंपनी की महिला एग्ज़िक्यूटिव हेड की गाड़ी में रवाना हुईं.
महिला का आरोप है, "गाड़ी में पहले से ही सीईओ और एग्ज़िक्यूटिव हेड के पति बैठे थे. उन्होंने रास्ते में स्मोकिंग कराई जिससे वह होश में नहीं रहीं, जिसके बाद तीनों ने उनको पौने दो बजे से सुबह पांच बजे तक गाड़ी में घुमाया. इस दौरान रेप किया गया."
नए साल से पहले उदयपुर में बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक मौजूद हैं. ऐसे में चलती गाड़ी में गैंगरेप की घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
यूपी: बागपत में एक खाप पंचायत ने बच्चों के स्मार्टफ़ोन इस्तेमाल करने पर लगाई पाबंदी, पारस जैन, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Paras Jain
इमेज कैप्शन, पंचायत ने बच्चों के छोटे कपड़े पहनने पर भी पाबंदी लगाने की बात कही है
बागपत ज़िले के पट्टी मेहर क्षेत्र की एक खाप पंचायत ने बच्चों के स्मार्टफ़ोन इस्तेमाल करने पर पाबंदी लगाने का फ़ैसला लिया है.
पंचायत में शामिल चौधरी ब्रजपाल सिंह सहित अन्य खाप प्रतिनिधियों ने दावा किया कि समाज में बढ़ती कुरीतियां, एमएमएस वायरल होने की घटनाएं और प्रेम-प्रसंग के मामले चिंता का विषय हैं. इसी के चलते निर्णय लिया गया कि बच्चों को स्मार्टफ़ोन से दूर रखा जाएगा, साधारण फ़ोन तक सीमित किया जाएगा.
इसके साथ ही पंचायत ने हाफ़ पैंट जैसे कपड़ों को असामाजिक बताते हुए उन पर भी पाबंदी लगाने की बात कही है.
खाप नेताओं का कहना है कि यह कोई तानाशाही फ़रमान नहीं, बल्कि समाज सुधार की मुहिम है. बच्चों को बैठाकर समझाया जाएगा, संस्कारों की शिक्षा दी जाएगी और माता-पिता से अपील की जाएगी कि वे अपने बच्चों पर ख़ुद से यह नियम लागू करें.
स्थानीय निवासियों ने पंचायत के फ़ैसले पर सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि मोबाइल बच्चों की पढ़ाई का अहम साधन है. ज़रूरत इस बात की है कि बच्चों को मोबाइल का सही और सीमित उपयोग सिखाया जाए, न कि पूरी तरह छीन लिया जाए.
लोगों ने खाप पंचायतों के ऐसे आदेशों को ग़ैर-क़ानूनी बताते हुए इन्हें बंद कराने की मांग उठाई है.
साल 2025 की वो घटनाएं जिन्होंने भारतीय राजनीति पर असर डाला
इमेज कैप्शन, देश-दुनिया की वो ख़बरें जिन्होंने भारतीय राजनीति पर असर डाला
साल 2025 में भारत की राजनीति में हुई कई घटनाओं ने एक बार फिर देश को प्रभावित किया.
साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश में हुए महाकुंभ के दौरान वहां हुई भगदड़ में मारे गए लोगों की संख्या को लेकर विवाद रहा.
उसके बाद भारत-पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष ने पूरे क्षेत्र को प्रभावित किया. भारत पर अमेरिका के टैरिफ़ ने न सिर्फ़ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, बल्कि भारत की राजनीति पर भी असर डाला.
इसके अलावा क्या भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' या अमेरिका के टैरिफ़ ने पीएम मोदी की छवि पर असर डाला? और विभिन्न नियुक्तियों के ज़रिए बीजेपी का अगली पीढ़ी के नेतृत्व को लेकर क्या संदेश है?
द लेंस के आज के एपिसोड में इन्हीं सवालों पर चर्चा हुई.
रूस-यूक्रेन युद्ध को ख़त्म करने के लिए रविवार को ट्रंप से मिलेंगे ज़ेलेंस्की
इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock
इमेज कैप्शन, फ्लोरिडा में ट्रंप से ज़ेलेंस्की मुलाक़ात करने जा रहे हैं
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि रूस से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए वह रविवार को फ्लोरिडा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे.
ज़ेलेंस्की ने कहा है कि वह अमेरिका के मध्यस्थता वाले पीस प्लान और अमेरिकी सुरक्षा गारंटी के लिए अलग-अलग प्रस्तावों पर ध्यान देना चाहते हैं.
हालांकि एक वरिष्ठ रूसी अधिकारी ने कहा है कि यह प्लान उस प्लान से ‘पूरी तरह अलग था’ जिस पर रूस अमेरिका से बातचीत कर रहा था.
रूस ने ज़ेलेंस्की के उस प्रस्ताव पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर रूस अपनी सेना को पीछे लेता है तो यूक्रेन भी पूर्वी डोनबास क्षेत्र से अपनी सेना पीछे हटा लेगा.
उन्नाव रेप केस: दिल्ली हाई कोर्ट के फ़ैसले के ख़िलाफ़ सीबीआई के सुप्रीम कोर्ट जाने पर क्या बोलीं सर्वाइवर
इमेज कैप्शन, उन्नाव रेप सर्वाइवर ने आरोप लगाया है कि सीबीआई शुरू से हमारे साथ नहीं खड़ी थी
उन्नाव रेप केस में पूर्व बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट से ज़मानत मिलने पर सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है. सीबीआई के इस फ़ैसले पर सर्वाइवर ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा है, “अगर सीबीआई मेरे वकील के साथ खड़ी होती तो यह दिन देखना ही नहीं पड़ता. हम लोगों की जीत होती है और उनकी हार होती. अभी उनके चेहरे और परिवार में खुशियां हैं. उनके यहां पटाखे दग रहे हैं.”
उन्होंने कहा, “एक इंसान को जज साहब ने खुली छूट दे दी, इनको छोड़ा तो वो लोग डर जाएंगे, बैठ जाएंगे और मर जाएंगे."
सीबीआई के सुप्रीम कोर्ट जाने के फैसले पर उन्होंने कहा, "मैं उनसे बात करूंगी और पूछूंगी आपने पहले ऐसा क्यों नहीं किया."
सीडब्लूसी की बैठक के बाद कांग्रेस ने मनरेगा को लेकर किया यह एलान
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया था
दिल्ली में शनिवार को कांग्रेस की वर्किंग कमेटी की बैठक हुई. बैठक के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस वार्ता की है.
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "बैठक में हमने यह शपथ ग्रहण की है कि मनरेगा योजना को प्रमुख बिंदू बनाकर पूरे देश में एक बहुत बड़ा आंदोलन किया जाएगा."
उन्होंने कहा है, "भारतीय कांग्रेस पार्टी अग्रणी भूमिका निभाते हुए पांच जनवरी 2026 से मनरेगा बचाओ अभियान की शुरुआत करेगी. हम महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की हर हाल में रक्षा करेंगे."
मल्लिकार्जुन ने कहा, "मनरेगा कोई योजना नहीं है बल्कि भारत के संविधान से मिला काम का अधिकार है. हम यह संकल्प लेते हैं कि ग्रामीण मज़दूर के सम्मान, रोज़गार, मज़दूरी और समय पर भूगतान के अधिकार के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेंगे."
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, "जैसा कि खड़गे जी ने कहा है हम इसका विरोध करेंगे, हम इसके खिलाफ लड़ेंगे. इसके खिलाफ पूरा विपक्ष एक साथ खड़ा होगा."
भारत की सीमा से जबरन 14 लोगों को बांग्लादेश भेजने का आरोप
इमेज स्रोत, Faizar Chowdhury
इमेज कैप्शन, बांग्लादेश में हिरासत में लिए गए लोग
बांग्लादेश की पुलिस ने दावा किया है कि भारत की सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ़) ने बांग्लादेश के चुआडांगा में दर्शना सीमा के रास्ते 14 भारतीय लोगों को जबरन बांग्लादेश भेज दिया है.
पुलिस के दावे के मुताबिक़, इन लोगों को शुक्रवार दोपहर दर्शना सीमा पर स्थित मौजूद एक जगह से बांग्लादेश भेज दिया गया, जिन 14 लोगों को जबरन बांग्लादेश भेजा गया, उनमें से छह महिलाएं, छह पुरुष और दो बच्चे हैं.
दर्शना पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी मेहदी हसन ने बीबीसी न्यूज़ बांग्ला को बताया कि ये सभी अब बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड की हिरासत में हैं.
मेहदी हसन ने बताया, "उन्हें वापस भेजने की कोशिश की जाएगी या उन पर अवैध रूप से बांग्लादेश में प्रवेश करने का आरोप लगाया जाएगा और फिर उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा."
स्थानीय पत्रकार फ़ैज़र चौधरी ने बीबीसी बांग्ला को बताया, "घुसपैठ करने वाले समूह के एक सदस्य ने कहा कि शुक्रवार दोपहर को जब वे खाना बना रहे थे, तब बीएसएफ़ के जवान उन्हें अपने साथ ले गए."
फ़ैज़र चौधरी के मुताबिक़, इन लोगों का कहना है कि बाद में उन सभी के भारत की नागरिकता से जुड़े दस्तावेज़ ज़ब्त कर लिए गए और उन्हें बांग्लादेश की सीमा पर धकेल दिया गया.
हिमाचल प्रदेश में डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, चिकित्सा सेवाएं प्रभावित
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के रेज़िडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सोहिल शर्मा ने पत्रकारों के सामने अपनी मांग रखी है
हिमाचल प्रदेश में रेज़िडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने से राज्य में मेडिकल सेवाओं पर बुरा असर पड़ा है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ हिमाचल प्रदेश के कई अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर, मेडिकल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं.
हिमाचल मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (एचएमओए) ने आईजीएमसी शिमला में हाल ही में हुई एक घटना के बाद शुक्रवार, 26 दिसंबर को डॉक्टरों ने सामूहिक छुट्टी पर जाने की घोषणा की थी और मांग पूरी नहीं होने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी था.
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हाल ही में डॉक्टर और मरीज़ के बीच मारपीट की घटना हुई थी, जिसे सोशल मीडिया पर कई लोगों ने शेयर किया था.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, हड़ताल पर बैठे डॉक्टर
इस घटना के बाद हिमाचल प्रदेश के डायरेक्टोरेट ऑफ़ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (डीएमईआर) ने संबंधित डॉक्टर के ख़िलाफ़ कार्रवाई की थी और उन्हें टर्मिनेट (बर्खास्त) कर दिया था.
आरडीए ने इस डॉक्टर की बर्खास्तगी को रद्द करने की मांग की है.
एचएमओए ने ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कानूनी कार्रवाई करने और अस्पताल की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की थी और कहा था कि अगर मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे सामूहिक छुट्टी पर चले जाएंगे.
नमस्कार
बीबीसी हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.
सुबह से लेकर अभी तक देश दुनिया के तमाम बड़ी ख़बरें बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक पहुंचा रहे थे. अब से लेकर देर रात तक बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आपको देश दुनिया की बड़ी ख़बरों की अपडेट देंगे.
बीबीसी हिन्दी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए हुए लिंक्स पर क्लिक करें.
बांग्लादेश: फ़रीदपुर में रॉक सिंगर जेम्स का कार्यक्रम रद्द, क्या रही वजह
इमेज स्रोत, BBC/Shyadul Islam
इमेज कैप्शन, फ़रीदपुर ज़िला स्कूल में शुक्रवार रात जेम्स का कार्यक्रम होना था
बांग्लादेश के फ़रीदपुर में रॉक सिंगर जेम्स का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है. बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़ लोगों के बीच झड़प के बाद यह फ़ैसला लिया गया.
फ़रीदपुर ज़िला प्रशासन ने कहा कि स्कूल के छात्रों और बाहरी लोगों के बीच हुई झड़प के बाद सुरक्षा चिंताओं के कारण संगीत कार्यक्रम रद्द किया गया.
फरीदपुर के उपायुक्त मोहम्मद कामरुल हसन मोल्लाह ने बीबीसी बांग्ला को बताया, "यह ज़िला स्कूल का अपना कार्यक्रम है. वहाँ जगह कम है. बाहर भारी भीड़ थी. वे अंदर नहीं जा सके और ईंट-पत्थर फेंकने लगे. इस पर मामूली झड़प हुई. सुरक्षा को को ध्यान में रखते हुए, मैंने संगीत कार्यक्रम रद्द करने का आदेश दिया है."
ज़िला स्कूल की 185वीं वर्षगांठ का उत्सव और पुनर्मिलन गुरुवार को एक भव्य समारोह के साथ शुरू हुआ. इस कार्यक्रम में संस्थान के पूर्व और मौजूदा छात्र और शिक्षक शामिल हुए थे.
जेम्स को शुक्रवार रात को दो दिवसीय कार्यक्रम के समापन पर प्रस्तुति देनी थी.
इस बीच, सोशल मीडिया पर झड़प और जेम्स के कॉन्सर्ट के रद्द होने को लेकर तरह-तरह की ख़बरें फैल गईं. कुछ लोगों ने यह अफवाह फैलाई कि कॉन्सर्ट तथाकथित 'तौहीदी जनता' के हमले के कारण रद्द किया गया था.
एक तरफ़ कांग्रेस की बैठक, दूसरी तरफ़ दिग्विजय सिंह की यह पोस्ट
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दिग्विजय सिंह कांग्रेस के पुराने और वरिष्ठ नेता हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने अपनी एक एक्स पोस्ट में जो कुछ लिखा है, उसके कई अर्थ निकाले जा सकते हैं.
दिग्विजय सिंह ने लिखा, “Quora साइट पर मुझे यह चित्र मिला. बहुत ही प्रभावशाली है. किस प्रकार आरएसएस का ज़मीनी स्वयं सेवक और जनसंघ का कार्यकर्ता नेताओं की चरणों में फर्श पर बैठकर प्रदेश का मुख्यमंत्री और देश का प्रधानमंत्री बना. यह संघठन की शक्ति है.”
इस पुरानी तस्वीर में वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और अन्य नेता कुर्सी पर बैठे हुए हैं जबकि ज़मीन पर नरेंद्र मोदी बैठे नज़र आ रहे हैं.
इमेज स्रोत, @kharge
इमेज कैप्शन, कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक
दिग्विजय सिंह ने अपनी पोस्ट कांग्रेस पार्टी, कांग्रेस सांसदों, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद राहुल और प्रियंका गांधी, पार्टी नेता जयराम रमेश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी टैग की है.
दूसरी तरफ शनिवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्लूसी) की बैठक भी चल रही है, जिसमें मनरेगा पर भी चर्चा हुई.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इसकी जानकारी दी.
उन्होंने लिखा, “आज सीडब्लूसी की बैठक में मेरे वक्तव्य के अंश- हाल में संसद के शीतकालीन सत्र में मोदी सरकार ने मनरेगा को समाप्त कर करोड़ों गरीबों और कमजोर तबके के लोगों को बेसहारा कर दिया है. गरीबों के पेट पर लात मारने के साथ उनकी पीठ में मोदी सरकार ने छूरा घोंपा है..”