इजिप्ट एयर का विमान आख़िर गया कहां?

इमेज स्रोत, Reuters
इजिप्ट एयर के लापता विमान को खोजने का बड़ा अभियान दूसरे दिन भी चल रहा है. ये विमान भूमध्य सागर के ऊपर से ग़ायब हो गया था.
ग्रीस के कार्पाथोस द्वीप के नजदीक चल रहे अभियान में ग्रीस, मिस्त्र, फ्रांस और ब्रिटेन की सेनाओं की टुकड़ियां शिरकत कर रहीं हैं.
मिस्त्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतेह अल-सीसी ने विमान के मलबे का पता लगाने के लिए देश के नागरिक उड्डयन मंत्रालय, सेना के खोज और बचाव केंद्र, नौ सेना और वायुसेना को सभी आवश्यक कदम उठाने का आदेश दे दिया है.
फ्रांस के हवाई दुर्घटना जांच ब्यूरो ने तीन जांचकर्ताओं के साथ एक तकनीकी सलाहकार, जांच में सहयोग के लिए मिस्त्र भेज दिया है.

इमेज स्रोत, Reuters
गुरुवार सुबह पूर्वी भूमध्यसागर के ऊपर से गुज़र रहे एजिप्ट एयर के लापता विमान का अब तक कोई सुराग़ नहीं मिला है.
कई देशों के जहाज़ और विमान लापता विमान के मलबे की तलाश कर रहे हैं लेकिन अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है.
अमरीका ने मलबा ढूंढने के काम में मदद की पेशकश की है.
अमरीकी राष्ट्रपति भवन व्हाट हाउस के प्रवक्ता जोश अर्न्स्ट ने बताया है कि लापता विमान की तलाशी के लिए अमरीकी नौसेना पी-3 ओरियन विमान भेज रही है.

इमेज स्रोत, Reuters
इससे पहले ख़बरें आईं थीं कि लापता विमान का मलबा मिल गया है लेकिन बाद में मिस्र और ग्रीस के अधिकारियों ने बताया कि ग्रीस के कार्पाथोस द्वीप के पास समंदर में मिला मलबा लापता विमान का नहीं है.
मिस्र के उड्डयन मंत्री शेरीफ़ फ़ाथी ने कहा है कि इजिप्ट एयर के विमान हादसे के पीछे तकनीकी गड़बड़ी की जगह चरमपंथी साज़िश की संभावना ज़्यादा है.
फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांसुआ ओलांद ने कहा है कि उन्हें मिली रही सारी जानकारियों के मुताबिक़ इजिप्ट एयर का एमएस804 विमान क्रैश हो गया है और कारण की जांच में किसी भी विकल्प को नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए.

इमेज स्रोत, AFP
ये विमान 56 यात्रियों और चालक दल के 10 सदस्यों के लेकर पेरिस से काहिरा जा रहा था जब भूमध्यसागर के ऊपर ये ग़ायब हो गया.
ग्रीस के रक्षा मंत्री पैनोस कैमेनॉस ने बताया कि भूमध्यसागर में गिरने से पहले विमान ने दो तीखे मोड़ लिए थे.
उन्होंने कहा, ''एयर बस ए320 विमान 90 डिग्री बाएं मुड़ा और फिर दाएं 360 डिग्री घूम गया.'' उनके मुताबिक़ इसका मलबा क्रीट टापू के पास देखा गया है और कई देशों के पोत और विमान उसकी जांच में जुट गए हैं.
यह विमान जब रडार से ग़ायब हुआ तो वह पूर्वी भूमध्यसागर के ऊपर 37 हज़ार फ़ुट की ऊंचाई पर था.

इमेज स्रोत, AP
बीबीसी के अनुसार उड़ान के दौरान मौसम साफ़ था. इसलिए मौसम के कारण उड़ान में कोई व्यवधान पैदा नहीं हुआ होगा.
फ्रांस के अख़बार ले फ़िगारो ने फ्रांस सीमा पुलिस के हवाले से ख़बर दी है कि जांचकर्ता चार्ल्स डे गॉल हवाई अड्डे के ग्राउन्ड क्रू सदस्यों को जांच के दायरे में ले आई हैं.
जांचकर्ता ये स्थापित करना चाहते हैं कि हवाई अड्डे पर कर्मचारियों से सुरक्षा के लिए कोई ख़तरा तो नहीं पैदा हुआ था.
सूत्रों का कहना है कि पहले भी, कट्टरपंथी सलाफ़ी मुस्लिम लोगों पर विमान के लोडिंग और अनलोडिंग इलाक़े तक पहुंचने का शक रहा है.
यात्रियों में 30 मिस्त्र के, 15 फ्रांस के, एक ब्रिटिश, दो इराक़ी नागरिकों के अलावा कनाडा, बेल्जियम, क़ुवैत, सऊदी अरब, अल्जीरिया, सूडान, चाड और पुर्तगाल के नागरिक हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> क्लिक करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
































