इटली में बनी नई सरकार, शपथग्रहण के वक्त चली गोली

रोम के क्वीरिनल पैलेस में इटली की नई गठबंधन सरकार ने शपथ ग्रहण कर लिया.
आम चुनावों के बाद करीब दो महीने तक चले राजनीतिक गतिरोध के बाद इटली में नई गठबंधन सरकार का गठन हुआ है.
समारोह स्थल से थोड़ी दूर और प्रधानमंत्री कार्यालय के बाहर, गोलीबारी की एक घटना में दो पुलिस अधिकारी घायल हो गए.
एक पुलिसकर्मी की गर्दन में गोली लगी है और उसकी हालत गंभीर बताई गई है.
आतंकी हमला नहीं
पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ़्तार कर लिया है.
पुलिस अधिकारियों ने बीबीसी को बताया कि गिरफ़्तार व्यक्ति की दिमागी हालत ख़राब हो सकती है.
रोम के मेयर ने जियानी अलेमैन्नो ने इसके आतंकी कार्रवाई होने की बात को ख़ारिज कर दिया.
हालांकि उन्होंने कहा कि राजनीतिक तनाव इसके लिए ज़िम्मेदार हो सकता है.
“यह आतंकी हमला नहीं है लेकिन ज़ाहिर है कि पिछले कुछ महीनों से जारी माहौल से हालत सुधरे नहीं है.”
इस गठबंधन सरकार में एनरिको लेट्टा की डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडी) और पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी की पीपुल ऑफ फ्रीडम पार्टी (पीडीएल) शामिल हैं.
राष्ट्रपति जॉर्जो नैप्पोलितानो का कहना है कि यही 'एकमात्र संभावित सरकार' हो सकती थी.
हालांकि संवाददाताओं का कहना है कि इटली की मुख्य दक्षिणंपथी और वामपंथी पार्टियों का यह बड़ा गठबंधन अभूतपूर्व है और इस गठजोड़ को लेकर आशंका बरकरार रहने की पूरी संभावना है.
लेट्टा इटली के नए प्रधानमंत्री होंगे. बर्लुस्कोनी ने कहा है कि वह कोई मंत्री पद नहीं लेंगे लेकिन उन्होंने अपनी पार्टी के प्रमुख लोगों को बड़े पद दिए जाने की सिफारिश की है.
पीडीएल के सचिव और बर्लुस्कोनी के सबसे क़रीबी राजनीतिक सहयोगी एंजेलिनो अलफ़ानो नई सरकार में उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री का पद संभालेंगे.
इसके अलावा जिनको बड़े पद देने का प्रस्ताव रखा गया है उनमें बैंक ऑफ इटली के महानिदेशक फैबरिजियो सैकोमान्नी और पूर्व यूरोपियन कमिश्नर एम्मा बोनिनो का नाम शामिल है. सैकोमान्नी को वित्त मंत्री और बोनिनो को विदेश मंत्री बनाने का प्रस्ताव रखा गया है.
































