चार महिला माओवादियों को मारने का दावा

इमेज स्रोत, Alok Putul
छत्तीसगढ़ के सुकमा ज़िले में पुलिस ने एक कथित मुठभेड़ में चार महिला माओवादियों के मारे जाने का दावा किया है.
पुलिस का कहना है कि इस मुठभेड़ में माओवादी कमांडर आयतू को भी गोली लगी है.
पुलिस के मुताबिक़ नागलगुड़ा के पास उन्हें माओवादियों की मलांगीर एरिया कमिटी का कैंप चलने की सूचना मिली और पुलिस मौक़े पर पहुंची, जहां माओवादियों के साथ मुठभेड़ हुई.

इमेज स्रोत, AFP
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नक्सल ऑपरेशन आरके विज के अनुसार “पुलिस और सुरक्षाबलों का एक संयुक्त दल माओवादी ऑपरेशन के लिये निकला था. गादीरस थाने में दंतेवाड़ा और सुकमा की सीमा पर नागलगुड़ा पहाड़ के पास माओवादियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई.”
इस कथित मुठभेड़ के बाद पुलिस ने चार वर्दीधारी महिला माओवादियों का शव बरामद करने की बात कही है.
पुलिस का दावा है कि मौक़े से पुलिस ने कई हथियार और भारी मात्रा में दैनिक उपयोग की सामग्री भी बरामद की है.

इमेज स्रोत, NIRAJ SINHA
पुलिस ने कहा है कि इस मुठभेड़ में दरभा इलाक़े के कमांडर आयतू को भी गोली लगी है, लेकिन वे मौक़े से भागने में कामयाब रहे.
आयतू को बस्तर के इलाक़े में हुई कई हिंसक घटनाओं के लिये जिम्मेदार माना जाता है.
एक अलग घटना में बीजापुर ज़िले के चेरपाल में सुरक्षाबलों के कैंप पर माओवादियों की गोलीबारी की खबर है. इसके अलावा माओवादियों ने गंगालूर मार्ग को काट कर आवागमन में बाधा डाली है.
चेरपाल में सुरक्षाबल के जवानों के सरकारी आश्रमशाला के एक बच्चे के साथ कथित मारपीट की घटना के बाद माओवादियों ने आश्रमशाला को बंद करने की घोषणा की है.

इमेज स्रोत, AP
माओवादियों ने मारपीट में शामिल जवानों को निलंबित करने की मांग की है. इस घटना के बाद से आश्रमशाला के सैकड़ों छात्र अपने गांव लौट गये हैं.
दूसरी ओर माओवादियों की दंडकारण्य ज़ोनल कमेटी ने एक बयान जारी कर 25 नवंबर को माओवादियों पर हवाई हमलों के ख़िलाफ़ बंद का आह्वान किया है.
अपने बयान में समिति ने आरोप लगाया है कि सरकार बस्तर क्षेत्र की संपदा को उद्योगपतियों के हवाले करने के लिए माओवादियों के संघर्ष को ख़त्म करने पर आमदा है.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक </caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link>और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>
































