उत्तराखंड में बादल फटा, छह की मौत

इमेज स्रोत, shiv joshi
उत्तराखंड के टिहरी ज़िले के एक गांव में बादल फटने से छह लोगों की मौत हो गई है. ये घटना गुरुवार तड़के लगभग तीन बजे की है.
हादसा टिहरी ज़िले की घनसाली तहसील के नैलचामी नौताड़ गांव में हुआ. इस इलाके में करीब 5,000 लोग रहते हैं.
टिहरी के ज़िलाधिकारी जुगल किशोर पंत ने कहा है कि तीन शव मिल गए हैं और तीन की तलाश जारी है. उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति इस हादसे में घायल भी हुआ है.
पंत के अनुसार कुछ मवेशी भी बादल फटने की वजह से मलबे में दबकर मर गए हैं.
घनसाली विधानसभा सीट के विधायक भीमलाल आर्य ने बीबीसी को बताया, ''बादल क़रीब तीन बजे फटा है. बचाव दल मौके पर हैं.

इमेज स्रोत, GETTY
भीमलाल आर्य ने बीबीसी को ये भी बताया कि प्रभावित इलाक़े में खेती की ज़मीन भी बह गई है, पेयजल व्यवस्था और बिजली के तार क्षतिग्रस्त हो गए हैं.
बीते दो हफ्ते से उत्तराखंड में मॉनसून अपना असर दिखा रहा है. ख़राब मौसम की वजह से चारधाम यात्रा रुकी हुई है.
जगह-जगह सड़कें टूट गई हैं और रास्ते बंद हो गए हैं. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>
































