'असल ज़िंदगी में हीरो टाइप का हूं'

आर माधवन अपने आपको काफ़ी ज़िंदादिल और हीरो किस्म का इंसान मानते हैं.
मुंबई में फ़िल्म तनु वेड्स मनु के प्रमोशन पर मीडिया से बात करते हुए माधवन कहते हैं, "इस फ़िल्म में मनु का किरदार निभाना मेरे लिए बहुत मुश्किल रहा, क्योंकि मनु बहुत ही बोरिंग किस्म का लड़का है, जैसा मैं असल ज़िंदगी में बिलकुल नहीं हूं. मैं तो बड़ा स्टाइलिश और हीरो टाइप का आदमी हूं."
माधवन इस बात से भी हैरान हैं कि उनकी अब तक चॉकलेटी लड़के की इमेज क्यों है.
वो कहते हैं, "दक्षिण भारत में भी मुझे चॉकलेटी लड़का समझा जाता है. ना तो मैं चॉकलेटी हूं और ना ही लड़का. मैं 40 साल का हो चुका हूं. दरअसल मैंने रोमांटिक फ़िल्में ज़्यादा की हैं. शायद इस वजह से मेरी ये इमेज बन गई है."
फ़िल्म तनु वेड्स मनु में कंगना रानावत के साथ काम करने को माधवन बेहतरीन अनुभव बताते हैं.
वो कहते हैं, "हमने सेट पर बहुत मौज मस्ती की. फ़िल्म में भी काफ़ी हंसी मज़ाक है. और ऐसी फ़िल्में बॉक्स ऑफ़िस पर ज़्यादातर कामयाब ही होती हैं."
अपने अब तक के करियर से माधवन काफ़ी संतुष्ट हैं. वो कहते हैं कि उनकी पहली फ़िल्म रहना है तेरे दिल में से लेकर अब तक उन्होंने काफ़ी अलग किस्म के रोल किए हैं. माधवन के मुताबिक उन्होंने कभी भी किसी फ़िल्म में अपने किरदार को दोहराने की कोशिश नहीं की.




























