जब धोनी अंपायर से बहस करने मैदान में आ गए थे
साल 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच खेला जा रहा था.
राजस्थान ने पहले बैटिंग की और 151 रनों का स्कोर खड़ा किया. ऐसा लगा कि सीएसके की टीम इसे आराम से चेज़ कर लेगी.
लेकिन फिर सीएसके की शुरुआत बेहद ख़राब रही. पावरप्ले में सिर्फ़ 24 रन पर उसके चार विकेट गिर गए.
मुश्किल में फंसी टीम को बचाने आए एमएस धोनी, जिन्होंने अंबाती रायडू के साथ पारी को संभाला. अब आया मैच का लास्ट ओवर, जहां बहुत कुछ होना बाकी था. सीएसके को छह बॉल में चाहिए थे 18 रन.
गेंद थी बेन स्टोक्स में हाथों में और क्रीज़ पर थी धोनी-जडेजा की जोड़ी. जडेजा ने पहली बॉल पर सिक्स मारकर अपनी टीम में जोश भर दिया.
लेकिन इसी ओवर की तीसरी बॉल पर धोनी आउट हो गए. अब तीन बॉल पर आठ रन चाहिए थे.
स्टोक्स की अगली बॉल वेस्ट हाइट के पास पड़ी. अंपायर ने नो बॉल के लिए हाथ उठाया ही था कि तभी स्क्वायर लेग पर खड़े दूसरे अंपायर ने इसे नो बॉल देने से मना कर दिया.
डगआउट में मौजूद धोनी आख़िरकार खुद को रोक नहीं पाए और मैदान के अंदर चले गए. फिर जो पब्लिक ने देखा, उस पर शायद ही वो यकीन कर पाए. धोनी अंपायर से बहस कर रहे थे. नाराज़गी ज़ाहिर कर रहे थे.
लेकिन आखिरकार वो नो बॉल नहीं दी गई. धोनी गुस्से में लौट गए.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.



