वैभव सूर्यवंशी ने बुमराह की पहली ही गेंद पर मारा आसमानी छक्का, सोशल मीडिया पर बँधे तारीफ़ों के पुल

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया
पढ़ने का समय: 6 मिनट

मंगलवार को आईपीएल का मैच राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया.

गुवाहाटी में बारिश हो रही थी. एक बार तो ऐसा लगा कि ये मैच रद्द न करना पड़े.

लेकिन बारिश रुकी और मैच भी हुआ, लेकिन 11-11 ओवर का.

गुवाहाटी में बारिश तो रुक गई थी, लेकिन राजस्थान के खिलाड़ियों ने रनों की बारिश की और मुंबई इंडियंस की टीम की हार हुई.

राजस्थान रॉयल्स ने ये मैच 27 रनों से जीता. वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल ने जो धमाकेदार शुरुआत की, उसकी गूँज इस आईपीएल में लंबे समय तक सुनाई देगी.

11 ओवर के इस मैच में राजस्थान ने तीन विकेट पर 150 रन बनाए. लेकिन जब यशस्वी और वैभव बल्लेबाज़ी कर रहे थे, उस समय ऐसा लग रहा था कि राजस्थान की टीम 11 ओवर में 200 रन से ज़्यादा बना लेगी.

यशस्वी ने 77 रनों की पारी खेली, वो भी सिर्फ़ 32 गेंदों पर. जबकि वैभव ने सिर्फ़ 14 गेंदों पर 39 रन बना डाले.

लेकिन सबसे ज़्यादा हो रही है वैभव सूर्यवंशी के उस छक्के की, जो उन्होंने इस मैच में जसप्रीत बुमराह की पहली ही गेंद पर मारा.

उस छक्के पर बुमराह समेत मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों की रिएक्शन की भी चर्चा है और साथ ही सूर्यवंशी की तारीफ़ के पुल भी बँध रहे हैं.

माफ़ी चाहते हैं, हम इस स्टोरी का कुछ हिस्सा लाइटवेट मोबाइल पेज पर नहीं दिखा सकते.
छोड़कर पॉडकास्ट आगे बढ़ें
कहानी ज़िंदगी की

मशहूर हस्तियों की कहानी पूरी तसल्ली और इत्मीनान से इरफ़ान के साथ.

एपिसोड

समाप्त

इस समय दुनिया के शीर्ष गेंदबाज़ों में शुमार बुमराह अपनी सटीक लाइन-लेंथ के लिए जाने जाते हैं, लेकिन वैभव ने उनकी पहली ही गेंद पर छक्का मारकर उन्हें परेशान ज़रूर कर दिया.

हालाँकि बुमराह ने अपना संयम बनाए रखा और मुस्कुराते हुए रनअप पर लौटे. इस ओवर में वैभव ने बुमराह की गेंद पर एक और छक्का लगाया.

बुमराह भारत के सबसे सफल और घातक गेंदबाज हैं. जबकि वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट का 'वंडर किड' माना जा रहा है.

आईपीएल में पहली बार वैभव बुमराह का मुक़ाबला करने जा रहे थे. लिहाजा इसकी काफ़ी चर्चा थी.

क्रिकेट फै़न्स देखना चाहते थे कि दुनिया के सबसे ख़तरनाक गेंदबाज़ समझे जाने जाने वाले बुमराह भारतीय क्रिकेट की नई सनसनी माने जाने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को रोक पाते हैं या नहीं.

टॉस हारने के बाद राजस्थान की टीम पहले बैटिंग के लिए उतरी.

पहले ही ओवर में यशस्वी ने चौके-छक्कों की बारिश करते हुए 22 रन बना लिए.

दूसरे ओवर में वैभव सूर्यवंशी को स्ट्राइक मिली. सामने थे जसप्रीत बुमराह. बुमराह के ओवर की पहली ही गेंद पर वैभव ने ज़ोरदार छक्का जड़ दिया.

इसके बाद भी वैभव का आक्रामक अंदाज़ जारी रहा. अगली गेंद पर उन्होंने सिंगल लेकर यशस्वी जायसवाल को स्ट्राइक दी, जिसके बाद तीसरी गेंद पर यशस्वी ने भी सिंगल लिया.

अब एक बार फिर वैभव और बुमराह आमने-सामने थे. वैभव ने एक बार फिर बुमराह की गेंद पर छक्का लगा दिया.

इस बार बुमराह की एक 'स्लोअर बॉल' को भाँपते हुए वैभव ने मिडविकेट पर बाउंड्री के पार स्टैंड्स में पहुँचा दिया.

इस तरह वैभव ने बुमराह की तीन गेंदों पर दो छक्के लगाए. हालाँकि ओवर की बची दो गेंदें डॉट रहीं.

वैभव ने 39 रनों की तूफ़ानी पारी खेली.

' तेरे जिगर में बहुत दम है रे'

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ 39 रनों की तूफ़ानी पारी खेली

वैभव की इस धमाकेदार पारी की ख़ूब तारीफ़ हो रही है. सोशल मीडिया पर फ़ैंस, सीनियर खिलाड़ी और यूजर्स उनकी इस पारी की तारीफ़ में रिएक्शन दे रहे हैं.

मैच के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या वैभव सूर्यवंशी उनसे मिलकर उनकी सराहना करते नज़र आए.

मैच के बाद उन्होंने कहा, ''हमारे पास वैभव सूर्यवंशी के लिए कोई ख़ास योजना नहीं थी. वह बिल्कुल 'आउट ऑफ़ सिलेबस' खिलाड़ी निकले और उन्होंने बेहद शानदार खेल दिखाया."

उन्होंने कहा कि वो वैभव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं.

भारत के पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने कहा, ''सच कहूँ तो यह वंडर किड कमाल की बल्लेबाज़ी कर रहा है. दिन-ब-दिन मैं उसकी बल्लेबाज़ी का और भी बड़ा फ़ैन बनता जा रहा हूँ. कल तो सिर्फ़ उसे खेलते देखने के लिए मैं और मेरी पत्नी टीवी के सामने बैठ गए थे. उसने बिल्कुल भी निराश नहीं किया.''

'' दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह के ख़िलाफ़ पहली ही गेंद पर छक्का मारना, ये वाकई अविश्वसनीय टैलेंट है.''

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ़्रेंस में यशस्वी जायसवाल ने कहा, "मुझे लग रहा था कि वैभव सूर्यवंशी जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाज़ का सामना कर सकते हैं. जिस तरह से वह खेल रहे हैं, वह शानदार है. वह बहुत मेहनत कर रहे हैं. उन्हें देखकर मुझे भी प्रेरणा मिली कि मुझे अपने खेल में कुछ नए शॉट्स डेवलप करने चाहिए."

वैभव सूर्यवंशी की प्रतिभा के सभी कायल

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी को लोग भारतीय क्रिकेट टीम के संभावित खिलाड़ियों में देख रहे हैं

आईपीएल में भी वैभव ने तेज़ स्ट्राइक रेट से रन बनाते हुए ख़ुद को एक प्रभावशाली बल्लेबाज़ के तौर पर स्थापित किया है.

पावरप्ले में आक्रामक बल्लेबाज़ी, नए-नए शॉट्स और बड़े शॉट खेलने की क्षमता ने उन्हें बाक़ी युवा खिलाड़ियों से अलग बनाया है.

कम उम्र में इस स्तर की बल्लेबाज़ी और बड़े मंच पर बेख़ौफ़ रवैया उन्हें एक "रिकॉर्ड मेकिंग टैलेंट" के रूप में पेश करता है.

क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर उनका यही प्रदर्शन जारी रहता है, तो वह जल्द ही भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं और नए रिकॉर्ड भी बना सकते हैं.

पिछले साल से आईपीएल में खेल रहे वैभव सूर्यवंशी के लिए 28 अप्रैल 2025 का दिन कभी न भूलने वाला दिन साबित हुआ था.

उस दिन राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ सिर्फ़ 35 गेंदों पर शतक बना दिया था.

अपनी पारी में उन्होंने 11 छक्के और सात चौके लगाए. उसी पारी से उन्होंने ख़ूब सुर्ख़ियाँ बटोरीं.

इमेज स्रोत, ANI

इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ 39 रनों की तूफ़ानी पारी खेली

वैभव की पारियों को देखने के बाद भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज़ सबा करीम ने कहा था, ''मैंने वैभव की यूथ टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ अंडर-19 और कुछ दूसरी पारियों के वीडियो हाइलाइट्स देखे थे. ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ उस मैच में उन्होंने 58 गेंदों में 100 रन बनाए थे. इसे देखने के बाद ही मैं समझ गया था कि इस बच्चे में ख़ास प्रतिभा है.''

उन्होंने कहा था, ''मैं उनसे धुआंधार शतक की उम्मीद तो नहीं कर रहा था. लेकिन इस 14 साल के बल्लेबाज़ को 145 किलोमीटर प्रति घंटा से भी ज़्यादा रफ़्तार से फेंकी गई बेहद उम्दा गेंदों के ख़िलाफ़ खेलते देखना एक शानदार अनुभव था.''

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़ रूम की ओर से प्रकाशित

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और व्हॉट्सऐप पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)