BBCHindi.com
अँग्रेज़ी- दक्षिण एशिया
उर्दू
बंगाली
नेपाली
तमिल
 
शुक्रवार, 22 जुलाई, 2005 को 10:26 GMT तक के समाचार
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
हमलावरों की तलाश, पुलिस ने एक को गोली मारी
 
अभी पूरी तरह से पता नहीं चल सका है कि वाकई किन परिस्थितियों में गोली मारी गई
लंदन में गुरुवार को हुई घटना के एक दिन बाद एक बार फिर एक भूमिगत रेलवे स्टेशन पर सुबह अफ़रा-तफ़री मच गई.

सादी वर्दी में मौजूद पुलिसकर्मियों ने नॉर्दर्न लाइन पर स्थित स्टॉकवेल स्टेशन पर एक व्यक्ति का पीछा किया और फिर उसे गोली मार दी.

उस व्यक्ति की मौत हो गई. यह घटना सुबह 10 बजे के क़रीब हुई.

पुलिस ने अभी उस व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है.

लेकिन उनका कहना है कि पहले पुलिस ने उस व्यक्ति को रोकने की कोशिश की और जब वह भागने लगा तब उसे गोली मारी गई.

घटना

अभी पक्की तरह से पता नहीं चल सका है कि वाकई क्या हुआ, लेकिन बीबीसी के एक संवाददाता का कहना है कि पुलिस ने गोली तभी चलाई होगी जब उन्हें सचमुच लगा होगा कि कोई बड़ा ख़तरा है.

एक प्रत्यक्षदर्शी मार्क व्हिटबी ने बीबीसी न्यूज़ को बताया कि सादी वर्दी वाले पुलिसकर्मियों ने उस व्यक्ति को पाँच बार गोली मारी.

स्टॉकवेल स्टेशन को बंद कर दिया गया है और वहाँ तलाशी चल रही है

इस घटना के बाद स्टॉकवेल स्टेशन को ख़ाली करा लिया गया.

पुलिस के अनुरोध पर तत्काल विक्टोरिया और नॉर्दर्न लाइन की सभी सेवाओं को स्थगित कर दिया गया जिसे कुछ घंटों के बाद फिर शुरू कर दिया गया.

लेकिन स्टॉकवेल स्टेशन बंद है और वहाँ पुलिस ने घेराबंदी की हुई है.

पुलिस ने स्टॉकवेल स्टेशन पर हुई इस घटना के बाद 200 मीटर के इलाक़े को घेर लिया है.

माहौल

एक प्रत्यक्षदर्शी व्हिटबी ने बीबीसी को बताया, "मैं ट्रेन में बैठकर अख़बार पढ़ रहा था. तभी मैंने शोरग़ुल सुना. लोग चिल्ला रहे थे- बाहर निकलो, नीचे हो जाओ. मैंने देखा कि एक एशियाई व्यक्ति भागते हुए आ रहा था और सादी वर्दी में तीन पुलिसवाले उसका पीछा कर रहे थे."

 मैं ट्रेन में बैठकर अख़बार पढ़ रहा था. तभी मैंने शोरग़ुल सुना. लोग चिल्ला रहे थे- बाहर निकलो, नीचे हो जाओ. मैंने देखा कि एक एशियाई व्यक्ति भागते हुए आ रहा था और सादी वर्दी में तीन पुलिसवाले उसका पीछा कर रहे थे
 
एक प्रत्यक्षदर्शी

व्हिटबी के अनुसार पुलिसवालों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और फिर पाँच गोली मार दी.

एक और यात्री एलिसन बॉडिच ने भी बीबीसी को घटना के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जिस समय गोलीबारी शुरू हुई, ट्रेन स्टेशन पर खड़ी थी.

उन्होंने बताया, "उस समय बहुत शोर-शराबा हो रहा था. तभी गोलियाँ चलने की आवाज़ आई. लोग चिल्ला रहे थे- बाहर निकलो, बाहर निकलो."

ब्रिक्स्टन के जेसन डिनेस ने बताया कि हर ओर अफ़रा-तफ़री का माहौल था और लोग बाहर निकलने के लिए भाग रहे थे.

उन्होंने बताया कि इतना शोर हो रहा था कि ड्राइवर की सलाह भी किसी को सुनाई नहीं दे रही थी.

गुरुवार को लंदन में हुए चार धमाकों के बाद से ही पुलिस संदिग्ध आत्मघाती हमलावरों की तलाश कर रही है. पुलिस ने इसके लिए व्यापक अभियान छेड़ रखा है.

यहाँ हुई थी गुरुवार की घटना


 
 
इससे जुड़ी ख़बरें
 
 
इंटरनेट लिंक्स
 
बीबीसी बाहरी वेबसाइट की विषय सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
 
सुर्ख़ियो में
 
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
 
  मौसम |हम कौन हैं | हमारा पता | गोपनीयता | मदद चाहिए
 
BBC Copyright Logo ^^ वापस ऊपर चलें
 
  पहला पन्ना | भारत और पड़ोस | खेल की दुनिया | मनोरंजन एक्सप्रेस | आपकी राय | कुछ और जानिए
 
  BBC News >> | BBC Sport >> | BBC Weather >> | BBC World Service >> | BBC Languages >>