BBCHindi.com
अँग्रेज़ी- दक्षिण एशिया
उर्दू
बंगाली
नेपाली
तमिल
 
बुधवार, 18 अप्रैल, 2007 को 12:25 GMT तक के समाचार
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
पाकिस्तान में सुनवाई को ही चुनौती
 
इफ़्तिख़ार मोहम्मद चौधरी
इफ़्तिख़ार मोहम्मद चौधरी के समर्थन में व्यापक प्रदर्शन हुए हैं
पाकिस्तान में अपने अधिकारों का दुरुपयोग करने के आरोप में बर्ख़ास्त पूर्व मुख्य न्यायाधीश इफ़्तिख़ार मोहम्मद चौधरी ने उस संस्था की संरचना को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है जो उनके ख़िलाफ़ जाँच कर रही है.

राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने इफ़्तिख़ार मोहम्मद चौधरी को अपने अधिकारों का दुरुपयोग करने के आरोप में नौ मार्च को मुख्य न्यायाधीश पद से बर्ख़ास्त कर दिया था और इन आरोपों की जाँच के लिए एक न्यायिक परिषद का गठन किया था.

सर्वोच्च न्यायिक परिषद जजों के आचरण पर नज़र रखने वाली संस्था है. इफ़्तिख़ार मोहम्मद चौधरी को बर्ख़ास्त किए जाने के ख़िलाफ़ देश भर में व्यापक प्रदर्शन हुए थे जिसमें वकीलों, राजनीतिक पार्टियों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया था.

 एक मुख्य न्यायाधीश के ख़िलाफ़ इस तरह की जाँच के लिए उपयुक्त फ़ोरम सुप्रीम कोर्ट है न कि सर्वोच्च न्यायिक परिषद
 
मुख्य न्यायाधीश के वकील

इफ़्तिख़ार मोहम्मद चौधरी के वकीलों ने बुधवार को कहा है कि सुप्रीम न्यायिक परिषद की संरचना को चुनौती दी गई है.

इन वकीलों का आरोप है कि पाँच सदस्यों वाली इस परिषद के कम से कम तीन सदस्य चौधरी के ख़िलाफ़ दुर्भावना रखते हैं इसलिए उन्हें ख़ुद ही सुनवाई से बाहर हो जाना चाहिए.

इससे पहले भी चौधरी के वकीलों ने दलील दी थी कि जजों की दुर्भावना के मामले की जाँच होनी चाहिए लेकिन वे दलीलें ठुकरा दी गई थीं.

इस याचिका में पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश के ख़िलाफ़ शुरू की गई जाँच की सुनवाई के सर्वोच्च न्यायिक परिषद के प्राधिकार को चुनौती दी गई है, साथ ही परिषद की संरचना को भी चुनौती दी गई है.

इफ़्तिख़ार मोहम्मद चौधरी के एक वकील मुनीर ए मलिक ने पत्रकारों से कहा, "एक मुख्य न्यायाधीश के ख़िलाफ़ इस तरह की जाँच के लिए उपयुक्त फ़ोरम सुप्रीम कोर्ट है न कि सर्वोच्च न्यायिक परिषद."

इस बीच वकीलों, राजनीतिक और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने इफ़्तिख़ार मोहम्मद चौधरी के मामले की पाँचवीं बार सुनवाई के मौक़े पर विरोध प्रदर्शन किए हैं.

राजधानी इस्लामाबाद में नाराज़ प्रदर्शनकारियों ने कुछ सरकार समर्थक व्यक्तियों की पिटाई कर दी और उनके हाथों में मौजूद राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ के पोस्टर भी फाड़ दिए.

 
 
इससे जुड़ी ख़बरें
पाकिस्तान में असंतोष बढ़ा
16 मार्च, 2007 | भारत और पड़ोस
सुर्ख़ियो में
 
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
 
  मौसम |हम कौन हैं | हमारा पता | गोपनीयता | मदद चाहिए
 
BBC Copyright Logo ^^ वापस ऊपर चलें
 
  पहला पन्ना | भारत और पड़ोस | खेल की दुनिया | मनोरंजन एक्सप्रेस | आपकी राय | कुछ और जानिए
 
  BBC News >> | BBC Sport >> | BBC Weather >> | BBC World Service >> | BBC Languages >>