BBCHindi.com
अँग्रेज़ी- दक्षिण एशिया
उर्दू
बंगाली
नेपाली
तमिल
 
सोमवार, 27 नवंबर, 2006 को 15:54 GMT तक के समाचार
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
बिजली पैदा करनेवाले क्षेत्र की ही बिजली गुल
 

 
 
रेणुकूट के ग्रामीण
रेणुकूट के ग्रामीणों की एक बड़ी पीड़ा है कि उन्हें बिजली नहीं मिलती है
भारत के बिजली उत्पादन की राजधानी माने जानेवाले उत्तर प्रदेश के सोनभद्र ज़िले के रेणुकूट में बिजली की भारी कमी है.

रेणुकूट उत्तरी ग्रिड की जान माना जाता है और यहाँ की किसी भी इकाई पर संकट आता है तो पूरी ग्रिड ही गड़बड़ा जाती है.

यहाँ ऐसे गाँवों की बड़ी संख्या है जहाँ बिजली की रोशनी नहीं पहुँची है और जिन गाँवों में बिजली आती भी है तो भी वह कुछ ही घंटों के लिए.

जबकि आसपास की औद्योगिक इकाइयाँ इस बिजली से जगमगाती रहती हैं.

 स्थिति यह है कि जो स्थान देश के विभिन्न हिस्सों में बिजली की आपूर्ति करता है, उसी के बैरपान, सिधवाडाड और पिपरी जैसे आसपास के गाँवों में आज तक बिजली नहीं पहुँची है
 
रामकेवल यादव, कुलडुमरी गाँव के प्रधान

यहाँ रिहंद बाँध और नेशनल थर्मल पावर कोर्पोरेशन की तीन इकाइयों से लगभग 2300 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता है.

देश की सबसे पुराने बिजली परियोजनाओं में एक रिहंद पनबिजली योजना से लगभग 300 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता है.

रेणुकूट के उपजनसूचना अधिकारी शैलेश सिंह ने जानकारी दी कि सोनभद्र ज़िले में विभिन्न इकाइयों से लगभग 10500 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता है और जैसीकि व्यवस्था है, यह बिजली उत्तरी ग्रिड में डाल दी जाती है.

लोगों की पीड़ा

स्थानीय पत्रकार अभय भार्गव बताते हैं कि भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के प्रयासों से रिहंद बिजली परियोजना की नींव पड़ी थी. लेकिन उसका लाभ स्थानीय निवासियों को नहीं मिल पाया.

 रिहंद बाँध बन गया लेकिन हमारे गाँव को न तो पानी उपलब्ध है और न ही बिजली
 
संजय, मढ़ैया गाँव के निवासी

रेणुकूट के मढैया गाँव के नवयुवक संजय एक कारखाने में मजदूरी करते हैं, वो इस बात को लेकर बेहद खफ़ा हैं.

उनका कहना है कि रिहंद बाँध बन गया लेकिन उनके गाँव को न तो पानी उपलब्ध है और न ही बिजली.

रेणुकूट के कुलडुमरी गाँव के प्रधान रामकेवल यादव का कहना है कि जब रिहंद बाँध बना था तो 363 गाँव डूब गए थे लेकिन उन्हें पर्याप्त मुआवज़ा कभी नहीं मिला.

उनका कहना था कि अब स्थिति यह है कि जो स्थान देश के विभिन्न हिस्सों में बिजली की आपूर्ति करता है, उसी के बैरपान, सिधवाडाड और पिपरी जैसे आसपास के गाँवों में आज तक बिजली नहीं पहुँची है.

वो कहते हैं कि अनपरा तापीय परियोजना के लिए लोगों को विस्थापित किया गया और डिबुलगंज गाँव में बसाया गया लेकिन लोगों को वहाँ पानी उपलब्ध नहीं है और उन्हें कोई काम नहीं दिया जा रहा.

उनका कहना था कि यह तो दीपक तले अँधेरा है लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है.

रेणुकूट के टेलिफ़ोन विभाग के एक अधिकारी डीके उपाध्याय का कहना है कि नेहरूजी जब यहाँ आए थे तो उन्होंने कहा था कि यह स्थान भारत का स्विट्जरलैंड बनेगा लेकिन यह सपना पूरा नहीं हो पाया.

 
 
इससे जुड़ी ख़बरें
दिल्ली में बिजली का भारी संकट
08 जुलाई, 2006 | भारत और पड़ोस
कानपुर में करंट लगने से नौ की मौत
02 जुलाई, 2006 | भारत और पड़ोस
टिहरी बांध से बिजली उत्पादन शुरु
17 जुलाई, 2006 | भारत और पड़ोस
सुर्ख़ियो में
 
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
 
  मौसम |हम कौन हैं | हमारा पता | गोपनीयता | मदद चाहिए
 
BBC Copyright Logo ^^ वापस ऊपर चलें
 
  पहला पन्ना | भारत और पड़ोस | खेल की दुनिया | मनोरंजन एक्सप्रेस | आपकी राय | कुछ और जानिए
 
  BBC News >> | BBC Sport >> | BBC Weather >> | BBC World Service >> | BBC Languages >>