BBCHindi.com
अँग्रेज़ी- दक्षिण एशिया
उर्दू
बंगाली
नेपाली
तमिल
 
रविवार, 13 अगस्त, 2006 को 18:16 GMT तक के समाचार
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
आंध्र में 130 की मौत, महामारी का ख़तरा
 

 
 
आंध्र प्रदेश
कई इलाक़ों में बाढ़ का पानी कम नहीं हुआ है
आंध्र प्रदेश में अधिकारियों ने कहा है कि पिछले दो हफ़्तों के दौरान बाढ़ के कारण राज्य में 130 लोगों की मौत हो गई है.

बाढ़ से प्रभावित 16 ज़िलों में जलस्तर कम तो हो रहा है लेकिन अब राज्य के अधिकारी नई मुसीबत से दो-चार हो रहे हैं.

उन्हें आशंका है कि इतने दिनों के जल-जमाव के कारण कोई महामारी न फैले. उनकी चिंता इसलिए भी बढ़ रही है क्योंकि राज्य के सबसे ज़्यादा प्रभावित खम्माम ज़िले में वायरल बुख़ार और डायरिया के कारण पाँच लोगों के मारे जाने का समाचार है.

कुछ दिन पहले ही ये लोग राहत शिविरों से अपने गाँव वापस लौटे थे. राज्य के अधिकारियों का कहना है कि उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती महामारी फैलने से रोकने की है.

गोदावरी नदी में पानी का स्तर कम होने के बाद अधिकारियों ने प्रभावित इलाक़ों के लोगों को अपने-अपने गाँव वापस लौटने की सलाह दी है.

ख़तरा

लेकिन स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इलाक़ों में पीने के पानी की भारी किल्लत है. इस कारण कई तरह की बीमारियाँ फैलने का ख़तरा बढ़ गया है.

पूर्वी गोदावरी ज़िले के एक डॉक्टर पवन कुमार ने बताया कि उनके पास वायरल बुख़ार, डायरिया और चर्म रोग के कई मरीज़ आ रहे हैं.

राज्य सरकार ने दूर-दराज़ के गाँवों तक सहायता पहुँचाने के लिए चिकित्सा टीम का भी गठन किया है लेकिन मुश्किल ये है कि बाढ़ के कारण वे कई गाँवों तक पहुँच ही नहीं पा रहे.

इस बीच अधिकारियों को ये भी आशंका है कि राज्य के विजयनगरम और श्रीकाकुलम ज़िले में एक बार फिर बाढ़ आ सकती है क्योंकि पड़ोसी राज्य उड़ीसा में भारी बारिश हो रही है.

प्रशासन को सतर्क कर दिया गया है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.

 
 
इससे जुड़ी ख़बरें
पश्चिम भारत में बाढ़ से राहत नहीं
10 अगस्त, 2006 | भारत और पड़ोस
महाराष्ट्र में बाढ़, 35 की मौत
07 अगस्त, 2006 | भारत और पड़ोस
इंटरनेट लिंक्स
बीबीसी बाहरी वेबसाइट की विषय सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
सुर्ख़ियो में
 
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
 
  मौसम |हम कौन हैं | हमारा पता | गोपनीयता | मदद चाहिए
 
BBC Copyright Logo ^^ वापस ऊपर चलें
 
  पहला पन्ना | भारत और पड़ोस | खेल की दुनिया | मनोरंजन एक्सप्रेस | आपकी राय | कुछ और जानिए
 
  BBC News >> | BBC Sport >> | BBC Weather >> | BBC World Service >> | BBC Languages >>