BBCHindi.com
अँग्रेज़ी- दक्षिण एशिया
उर्दू
बंगाली
नेपाली
तमिल
 
बुधवार, 22 नवंबर, 2006 को 16:57 GMT तक के समाचार
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
लेबनानी मंत्री के जनाज़े में भीड़ उमड़ी
 
पियेर जमाएल
पियेर जमाएल लेबनान के प्रमुख सीरिया विरोधी नेताओं में थे.
लेबनान के उद्योग मंत्री और प्रमुख ईसाई नेता पियेर जमाएल के सम्मान में वहाँ तीन दिन का शोक रखा गया है और उनके जनाज़े में भारी भीड़ एकत्र हुई.

बुधवार को उनका जनाज़ा उनके पैतृक गाँव ले जाया गया जहाँ उन्हें देखने के लिए भारी संख्या में लोग जमा हो गए.

इस मौक़े पर गाँव में कुछ सुरक्षा व्यवस्था भी की गई. उन्हें गुरूवार को दफ़नाया जाएगा.

34 वर्षीय पियेर जमाएल की राजधानी बेरुत में मंगलवार को कुछ लोगों ने उस समय गोली मार कर हत्या कर दी थी जब वे अपनी कार में कहीं जा रहे थे.

लेबनान में सीरिया विरोधी गठबंधन के नेता साद हरीरी ने हत्या के लिए सीरिया पर आरोप लगाया है लेकिन सीरिया ने इस आरोप से इनकार किया है.

लेबनान के प्रधानमंत्री फ़ुयाद सिनीओरा ने हत्या की निंदा करते हुए कहा है कि इस तरह की घटनाएँ लेबनान को 'आतंकित' नहीं कर सकतीं.

दुनिया भर में नेताओं ने इस हत्या की निंदी की है. संयुक्त राष्ट्र ने पियेर जमाएल को 'देशभक्त' बताया और लेबनान को अस्थिर करने की कोशिशों की निंदा की.

चौंतीस वर्षीय पियेर जमाएल एक प्रमुख सीरिया-विरोधी राजनीतिज्ञ थे और समझा जाता है कि पिछले दो साल में वह ऐसे पाँचवें सीरिया विरोधी नेता हैं जो सीरिया विरोधी रहे हैं और जिनकी हत्या हो चुकी है.

जमाएल की हत्या ऐसे समय में हुई है जब लेबनान में पहले से ही राजनीतिक संकट गहराया हुआ है.

लेबनान के मंत्रिमंडल ने पिछले सप्ताह एक ऐसी योजना को मंज़ूरी दी थी जिसके तहत पूर्व प्रधानमंत्री रफ़ीक हरीरी की हत्या के अभियुक्तों पर मुक़दमा चलाने के लिए एक ट्राइब्यूनल के गठन का प्रस्ताव है.

हालाँकि सीरिया समर्थक छह मंत्रियों ने इस योजना का विरोध किया था लेकिन उनके विरोध के बावजूद मंत्रिमंडल ने इस योजना को मंज़ूरी दी.

हाल ही में संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट में रफ़ीकी हरीरी की हत्या के पीछे सीरिया का हाथ बताया गया था लेकिन सीरिया इन आरोपों से इनकार करता है.

ग़ौरतलब है कि लेबनान के पूर्व प्रधानमंत्री रफ़ीक हरीरी की फ़रवरी 2006 में एक बम विस्फोट में मौत हो गई थी.

 
 
इससे जुड़ी ख़बरें
सुर्ख़ियो में
 
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
 
  मौसम |हम कौन हैं | हमारा पता | गोपनीयता | मदद चाहिए
 
BBC Copyright Logo ^^ वापस ऊपर चलें
 
  पहला पन्ना | भारत और पड़ोस | खेल की दुनिया | मनोरंजन एक्सप्रेस | आपकी राय | कुछ और जानिए
 
  BBC News >> | BBC Sport >> | BBC Weather >> | BBC World Service >> | BBC Languages >>