BBCHindi.com
अँग्रेज़ी- दक्षिण एशिया
उर्दू
बंगाली
नेपाली
तमिल
 
शुक्रवार, 01 जुलाई, 2005 को 07:04 GMT तक के समाचार
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
मतभेदों के बीच ब्रिटेन को मिली अध्यक्षता
 
ब्लेयर और बरोज़ो
ब्लेयर यूरोपीय संघ के नेताओं से मिल रहे हैं
यूरोपीय संघ में चल रहे मतभेदों के बीच ब्रिटेन ने संघ की अध्यक्षता संभाल ली है. अगले छह महीने तक यूरोपीय संघ की अध्यक्षता ब्रिटेन के पास रहेगी.

ब्रिटेन ने वादा किया है कि इस कार्यकाल के दौरान उसका सबसे बड़ा एजेंडा होगा यूरोपीय संघ में सुधार लाना.

लेकिन जानकारों का कहना है कि पिछले दिनों कृषि सब्सिडी और ब्रिटेन को बजट में मिलने वाली राहत को लेकर यूरोपीय नेताओं के बीच मतभेद ब्रिटेन के लिए सबसे बड़ी मुश्किल साबित हो सकता है.

साथ ही यूरोपीय संघ के संविधान को फ़्रांस और नीदरलैंड के नकारने के बाद यूरोपीय संघ पर उठ रहे सवाल भी इस कार्यकाल में ब्रिटेन का पीछा नहीं छोड़ेंगे.

ब्रिटेन के विदेश मंत्री जैक स्ट्रॉ ने गुरुवार को कहा कि ब्रिटेन इस साल के अंत तक यूरोपीय संघ में वित्तीय मुद्दों पर सहमति बनाने की कोशिश करेगा.

मुद्दे

बीबीसी के यूरोप संवाददाता टिम फ़्रैंक का कहना है कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर का लक्ष्य वादा करने से ज़्यादा काम करके दिखाना है. शुक्रवार को यूरोपीय आयोग के सदस्य लंदन में ब्रितानी मंत्रियों से मिलेंगे.

ब्रिटेन और फ़्रांस के बीच गहरे मतभेद हैं

लंदन रवाना होने से पहले यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष ज़ोज़े मैनवेल बरोज़ो ने कृषि सब्सिडी और बजट रियायतों को जोड़ने के मुद्दे पर प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर की आलोचना की. उन्होंने कहा कि ये दोनों मुद्दे बिल्कुल अलग-अलग हैं.

लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि यूरोपीय संघ के सदस्य देशों को वित्तीय मुद्दों पर सहमति के लिए ब्रिटेन की कोशिशों का समर्थन करना चाहिए.

बरोज़ो ने ब्रिटेन को चेतावनी दी कि उसे बजट रियायत के मुद्दे पर समझौता करना पड़ सकता है और कृषि सब्सिडी हासिल करने वाले देशों को भी पहल करनी पड़ेगी.

अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल के दौरान ब्रिटेन के सामने एक और बड़ा मुद्दा होगा- संघ का विस्तार.

इस मामले पर विदेश मंत्री जैक स्ट्रॉ ने कहा कि ब्रिटेन की सरकार तुर्की को संघ में शामिल किए जाने को लेकर विचार-विमर्श के लिए तैयार है. लेकिन उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कुछ सदस्य देशों में इस मुद्दे पर विवाद है.

अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान ब्रिटेन भारत, चीन, यूक्रेन, रूस और कनाडा के साथ होने वाले यूरोपीय संघ शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता भी करेगा.

इसके साथ-साथ ब्रिटेन को मध्य-पूर्व, ईरान और इराक़ के मुद्दे पर भी यूरोपीय संघ की विदेश नीति को सामने रखना होगा.

 
 
इससे जुड़ी ख़बरें
 
 
इंटरनेट लिंक्स
 
बीबीसी बाहरी वेबसाइट की विषय सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.
 
सुर्ख़ियो में
 
 
मित्र को भेजें कहानी छापें
 
  मौसम |हम कौन हैं | हमारा पता | गोपनीयता | मदद चाहिए
 
BBC Copyright Logo ^^ वापस ऊपर चलें
 
  पहला पन्ना | भारत और पड़ोस | खेल की दुनिया | मनोरंजन एक्सप्रेस | आपकी राय | कुछ और जानिए
 
  BBC News >> | BBC Sport >> | BBC Weather >> | BBC World Service >> | BBC Languages >>