You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

चन्नी पर #MeToo के आरोप फिर सामने लाई बीजेपी, क्या था मामला?

चरणजीत सिंह चन्नी पर कुछ साल पहले #MeToo मुहिम के दौरान एक महिला आईएएस अफ़सर को कथित तौर पर आपत्तिजनक मेसेज भेजने के आरोप लगे थे.

लाइव कवरेज

विभुराज and शुभम किशोर

  1. धन्यवाद

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया.

    यह लाइव पेज अब यहीं बंद हो रहा है.

    20सितंबर, सोमवार के अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं.

  2. चन्नी पर #MeToo के आरोप फिर सामने लाई बीजेपी, क्या था मामला?

    पंजाब के नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के नाम के एलान के कुछ ही समय बाद उनसे जुड़े विवाद एक बार फिर सामने आने लगे.

    बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने राहुल गांधी पर तंज़ कसते हुए कहा कि नए सीएम पर #Metoo मुहिम के दौरान आरोप लगे थे.

    मालवीय ने लिखा, “कांग्रेस के सीएम पर तीन साल पहले #Metoo के तहत आरोप लगे थे. उन्होंने कथित तौर पर एक महिला आईएस अफ़सर को आपत्तिजनक मेसेज भेजे थे.''

    मालवीय ने लिखा, ''सबकुछ छुपा दिया गया था लेकिन मामले ने फिर से तूल पकड़ा जब पंजाब महिला आयोग ने नोटिस भेजा.बहुत अच्छा राहुल.”

    मालवीय ने मई महीने की एक खबर ट्वीट की है.

    इस ख़बर में लिखा है कि पंजाब के विधायक आरोप लगा रहे हैं कि अमरिंदर सिंह अपने ख़िलाफ़ उठ रही आवाज़ों को दबाने के लिए विधायकों के पुराने केस निकाल रहे हैं.

    ख़बर के मुताबिक इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं किया था.

    मालवीय ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, “कुछ दिनों पहले कांग्रेस ने राजस्थान में बाल विवाह को पंजीकृत कराने के लिए बिल पास किया, इसे मान्यता दी और कई लड़किय़ों के साथ बुरा किया."

    "अब उन्होंने मीटू का आरोप झेल रहे व्यक्ति को पंजाब का सीएम बना दिया है. अब इंतज़ार करिए राहुल गांधी के महिला सशक्तीकरण पर बातें करने का.”

  3. IPL14: CSKvsMI: गायकवाड़, ब्रावो, जडेजा की पारियों की बदौलत चेन्नई ने बनाए 156 रन

    ऋतुराज गायकवाड़ के नाबाद 88 रन, अंतिम ओवरों में ड्वेन ब्रावो की आतिशी बल्लेबाज़ी और रवींद्र जडेजा की जुझारू पारी की बदौलत शुरुआती ओवरों में लड़खड़ाई चेन्नई सुपरकिंग्स ने मुंबई इंडियंस के सामने जीत के लिए 157 रनों का लक्ष्य रखा है.

    ड्वेन ब्रावो ने केवल 8 गेंदों पर 23 रन बनाए.

    वहीं रवींद्र जडेजा ने 33 गेंदों पर 26 रन बनाए वहीं गायकवाड ने अपने 88 रनों के लिए 58 गेंदों का सामना किया.

    इससे पहले टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी के लिए उतरी चेन्नई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके पहले चार विकेट केवल 24 रन पर आउट हो गए.

    इसके बाज जडेजा और ऋतुराज गायकवाड़ ने पांचवें विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी निभाई.

    मुंबई की ओर से ट्रेंट बोल्ट, एडम मिल्ने और जसप्रीत बुमराह ने दो दो विकेट लिए.

  4. अमरिंदर सिंह ने कहा- आंदोलन में मारे गए किसानों के परिजनों को नौकरी न दे पाने का दुख है

    पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि उन्हें दुख है कि वो उन किसानों के परिवारों को नौकरियां नहीं दे पाए जिन्होंने कृषि क़ानूनों के ख़िलाफ़ प्रदर्शन के दौरान अपनी जान गँवाई.

    अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहकार ने उनके हवाले से ट्वीट किया, “मुझे दुख है कि मैं किसान आंदोलन में जान गँवा चुके 150 किसानों के परिवार के सदस्य को नौकरी की चिट्ठी नहीं दे पाया. उम्मीद करता हूं कि नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी जल्द से जल्द ऐसा करेंगे.”

    कृषि कानूनों के ख़िलाफ आंदोलन के दौरान कई किसानों की जान चली गई थी.

    कैप्टन अमरिंदर सिंह ने एलान किया था कि आंदोलन जान गँवाने वाले किसानों के परिवार के एक-एक सदस्य को नौकरी और पांच-पांच लाख रुपये का मुआवज़ा दिया जाएगा.

  5. आईपीएल-18 का दूसरा चरण शुरू, पहले मैच में चेन्नई को शुरुआती झटके

    महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स और कीरोन पोलार्ड के नेतृत्व वाली मुंबई इंडियंस के बीच रोमांचक मुक़ाबले के साथ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल-14) के दूसरे चरण की रविवार से शुरुआत हो गई है.

    टॉस जीत कर महेंद्र सिंह धोनी ने पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला लिया लेकिन कप्तान धोनी समेत चेन्नई के चार विकेट जल्द ही गिर गए.

    ट्रेंट बोल्ट ने फाफ डुप्लेसी को शून्य पर आउट कर पहले ही ओवर में चेन्नई को झटका दिया. इसके बाद एडम मिल्ने ने मोईन अली को आउट कर दिया. मिल्ने की इसी ओवर की आखिरी गेंद पर अंबाति रायुडू की कोहनी में चोट लगी और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा

    इसके बाद बोल्ट ने अपने दूसरे और मैच के तीसरे ओवर में सुरेश रैना को भी चलता किया. बोल्ट की इस गेंद पर रैना का बल्ला भी टूट गया.

    इसके बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी मिल्ने की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे. धोनी ने केवल तीन रनों का योगदान दिया. चार विकेट गिरने तक चेन्नई के 24 रन बने.

    टूर्नामेंट का पहला मुक़ाबला जीत चुकी है मुंबई इंडियंस

    दोनों टीमें इस टूर्नामेंट में दूसरी बार आपस में भिड़ रही हैं. दोनों टीमों के बीच पहला मैच पहली मई को खेला गया था जिसमें मुंबई को 4 विकेट से जीत मिली थी. तब चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाए थे और मुंबई इंडियंस ने आखिरी गेंद जीत दर्ज की थी.

    आईपीएल-14 के दूसरे चरण के सभी मैच संयुक्त अरब अमीरात में खेले जा रहे हैं. शुरुआती चरण के सभी 29 मुक़ाबले भारत में खेले गए.

  6. बीबीसी हिंदी का डिजिटल रेडियो बुलेटिन 'दिनभर'

  7. कल सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे चरणजीत सिंह चन्नी

    चरणजीत सिंह चन्नी कल सुबह 11 बजे पंजाब के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे.

    यह जानकारी उन्होंने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात के बाद दी.

    मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "हमने राज्यपाल के सामने अपना दावा पेश किया जिसे पार्टी के विधायकों ने सर्वसम्मति से समर्थन दिया. अब कल सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा."

    इस बीच चंडीगढ़ में राजभवन के सामने चन्नी के समर्थक जश्न मनाते भी देखे गए. उनके परिजन भी राजभवन पहुँचे और उन्हें हँसते-मुस्कुराते देखा गया.

    चन्नी के नाम के ऐलान के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी ट्वीट कर बधाई दी.

    उन्होंने लिखा,"चरणजीत सिंह चन्नी को मेरी शुभकामनाएं. मुझे उम्मीद है कि वह पंजाब को सुरक्षित रखने और सीमा पार से बढ़ते सुरक्षा ख़तरे से हमारे लोगों की रक्षा करने में सक्षम होंगे."

    चन्नी कैप्टन अमरिंदर सिंह के धुर विरोधी माने जाते हैं और वे उन लोगों में से थे जिन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू को अध्यक्ष बनाया.

  8. चरणजीत चन्नी: दलित-सिख चेहरा कांग्रेस का 'मास्टरस्ट्रोक'?

    चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के नए मुख्यमंत्री होंगे. कांग्रेस के पंजाब प्रभारी हरीश रावत ने चरणजीत सिंह चन्नी के नाम का एलान किया है.

    भारी उलटफेर और तीन नामों के सामने आने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी के नाम पर मुहर लगी. वे पंजाब के पहले दलित मुख्यमंत्री होंगे.

    पिछले कुछ समय से पंजाब में दलित नेताओं के शीर्ष भूमिका में आने की बात हो रही थी.

    बीबीसी पंजाबी सेवा के संवाददाता अरविंद छाबड़ा के मुताबिक़ चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया जाना एक 'मास्टरस्ट्रोक' के तौर पर देखा जा रहा है.

    पूरी ख़बर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक कीजिए.

  9. पंजाब के होने वाले मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कौन हैं?

    58 वर्षीय चरणजीत सिंह चन्नी एक दलित सिख हैं. कैप्टन अमरिंदर सिंह के मंत्रिमंडल में वो तकनीकी शिक्षा मंत्री की भूमिका निभा रहे थे.

    पिछले कुछ समय से पंजाब में दलित नेताओं के शीर्ष भूमिका में आने की बात हो रही थी.

    बीबीसी पंजाबी सेवा के संवाददाता अरविंद छाबड़ा के मुताबिक़ चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया जाना एक 'मास्टरस्ट्रोक' के तौर पर देखा जा रहा है.

    इससे पहले सुखजिंदर सिंह रंधावा का नाम मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे बताया जा रहा था लेकिन आख़िर में पद चन्नी को मिला.

    चरणजीत सिंह चन्नी के नाम की घोषणा के बाद रंधावा ने पत्रकारों से कहा, "ये हाईकमान का फ़ैसला है. चन्नी मेरे छोटे भाई की तरह हैं. मैं बिल्कुल निराश नहीं हूँ."

  10. पंजाब राजभवन से लाइव: चरणजीत चन्नी होंगे पंजाब के नए मुख्यमंत्री

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, चरणजीत सिंह चन्नी होंगे पंजाब के नए मुख्यमंत्री

    चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के नए मुख्यमंत्री होंगे. कांग्रेस महासचिव और पंजाब के पार्टी प्रभारी हरीश रावत ने अभी-अभी ट्वीट कर यह जानकारी दी है.

    उन्होंने ट्वीट किया, "मुझे यह एलान करते हुए बेहद ख़ुशी हो रही है कि चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब में आम सहमति से विधायक दल का नेता चुन लिया गया है."

  12. पंजाब: नए मुख्यमंत्री की घोषणा में अभी होगी देरी, सोशल मीडिया पर चुटकुले और मीम्स

    एक तरफ़ सबकी निगाहें जहाँ पंजाब के नए मुख्यमंत्री पर लगी हैं, वहीं दूसरी तरफ़ नए नाम की घोषणा होने में देरी होती दिख रही है.

    मुख्यमंत्री पद की रेस में आगे माने जा रहे कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि अभी इस पर कोई फ़ैसला नहीं लिया गया है.

    उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “आपको अभी 2-3 घंटे और इंतज़ार करना होगा...लेकिन, घोषणा आज ही हो जाएगी.”

    नाम में देरी को लेकर सोशल मीडिया पर लोग अब चुटकियाँ ले रहे है..

    'तब तक आईपीएल शुरू हो जाएगा, फिर कौन ध्यान देगा?'

    गर्व नाम के ट्विटर यूज़र ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस की पगड़ी पहने तस्वीर ट्वीट की और लिखा, “देवेंद्र फडणवीस अब भी रेस में हैं.”

    एक ट्विटर यूज़र ने कांग्रेस के उस पुराने ट्वीट का ज़िक्र किया है जिसमें भूपेंद्र पटेल को गुजरात का मुख्यमंत्री बनाए जाने पर पार्टी ने उनके कम ट्विटर फ़ॉलोअर्स को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा था.

    रंधावा के ट्विटर पर सिर्फ़ 5,823 फ़ॉलोअर्स हैं और उन्हें मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे बताया जा रहा है.

    अंजू चोपड़ा ने एक मीम शेयर करते हुए कांग्रेस के आंतरिक कलह पर चुटकी ली है. मीम में लिखा है- जी भरकर लड़ो, समाप्त कर दो एक दूसरे को.

    भाई साहब नाम के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया है, “किसी को भी बना दो हारना ही है इलेक्शन में.”

    शशांक शेखर ने लिखा है, “चुनाव तक इंतज़ार कर लो.”

    खुशांशु ने लिखा है, “अरे यार...तब तक आईपीएल शुरू हो जाएगा. फिर कौन ध्यान देगा?”

    पंजाब में कांग्रेस के सामने कैसे आई ये नौबत?

    पंजाब कांग्रेस में कैप्टन अमरिंदर सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू के बीच लंबे वक्त से तनाव चल रहा था.

    आख़िरकार इसका नतीजा शनिवार को अमरिंदर सिंह के इस्तीफ़े के रूप में देखा गया.

    उन्होंने अपने इस्तीफ़े का ऐलान करते हुए कहा कि पार्टी उनके नेतृत्व पर बार-बार संदेह कर रही है और वो ख़ुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं.

    कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू पर ‘देशद्रोही’ होने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि सिद्धू के पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान ख़ान और पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख जनरल बाजवा से दोस्ताना सम्बन्ध हैं.

    अमरिंदर सिंह ने यह भी कहा है कि अगर सिद्धू को पंजाब को मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो वो देशहित में इसका विरोध करेंगे.

    पंजाब में शुरू हुए इस सियासी संकट के बाद कांग्रेस की वरिष्ठ नेता अंबिका सोनी को मुख्यमंत्री बनाने की पेशकश की गई लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया और कहा कि किसी सिख को ही पंजाब का मुख्यमंत्री होना चाहिए.

    अब मुख्यमंत्री पद के लिए सुखजिंदर रंधावा, नवजोत सिंह सिद्धू और सुनील जाखड़ के नाम पर चर्चा ज़ोरों में हैं. हालाँकि इन सबमें सबसे आगे रंधावा ही बताए जा रहे हैं.

    62 वर्षीय सुखजिंदर रंधावा डेरा बाबा नानक सीट से तीन बार विधायक चुने गए हैं

  13. वीडियो: कौन बनेगा पंजाब का नया मुख्यमंत्री?

  14. पंजाब: किसी भी समय हो सकती है नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा

    पंजाब में नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा अब किसी भी समय हो सकती है.

    बीबीसी पंजाबी सेवा के मुताबिक़ कांग्रेस हाईकमान की राहुल गांधी के दिल्ली स्थित घर पर पंजाब में नए मुख्यमंत्री के मुद्दे पर बैठक हुई.

    मिली जानकारी के मुताबिक़ मीटिंग में नवजोत सिंह सिद्धू, अजय माकन, हरीश चौधरी और परगट सिंह शामिल थे.

    बैठक के बाद सिद्धू ने मीडिया से बात नहीं की. वहीं, परगट सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का चुनाव सोनिया गांधी करेंगी और उन्हीें का फ़ैसला अंतिम होगा.

    बताया जा रहा है कि मीटिंग में सुखजिंदर रंधावा, नवजोत सिंह सिद्धू और सुनील जाखड़ के नाम पर चर्चा हुई.

    हालाँकि इस रेस में सबसे आगे रंधावा ही बताए जा रहे हैं.

  15. हांगकांग में चुनाव: मक़सद- सिर्फ़ 'देशभक्त' ही चुने जाएं

    हांगकांग में 5,000 से कम लोगों ने चुनाव समिति के उम्मीदवारों के लिए रविवार को मतदान किया. यह समिति शहर के नेता का चयन करती है.

    हांगकांग की मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैरी लैम ने चुनाव कोसार्थक बताया है.

    कैरी लैम ने कहा, ‘‘आज चुनाव समिति के लिए हो रहे मतदान बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि यह चुनावी व्यवस्था में सुधार के बाद हो रहे पहले चुनाव हैं. ये सुधार यह सुनिश्चित करने के लिए किए गए कि केवल देशभक्त ही निर्वाचित हों.’’

    'देशभक्त' ही चुनाव में हिस्सा लें

    अभी यह मालूम नहीं चला है कि क्या लैम मार्च में होने वाले चुनावों में उम्मीदवार होंगी या नहीं.

    इससे पूर्व मई में विधायिका ने यह सुनिश्चित करने के लिए हांगकांग के चुनावी कानूनों में संशोधन किया गया था कि केवल ‘‘देशभक्त’’ यानी चीन के प्रति वफ़ादार लोग ही चुनाव में हिस्सा लें.

    रविवार को चुनाव पुलिस की भारी सुरक्षा के बीच पांच मतदान केंद्रों में हो रहे हैं. उम्मीद की जा रही है कि रात तक चुनाव के नतीजे आ जाएंगे.

  16. सिद्धू पर 'देशद्रोह' के आरोप पर बीजेपी ने पूछा- सोनिया, राहुल और प्रियंका चुप क्यों हैं?

    कैप्टन अमरिंदर सिंह के नवजोत सिंह सिद्धू को ‘देशद्रोही’ बताए जाने के बाद बीजेपी ने कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि इस ‘गंभीर’आरोप पर वो चुप क्यों हैं?

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक बीजेपी नेता प्रकाश जावडेकर ने कहा, “पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी पार्टी के प्रदेश प्रमुख नवजोत सिंह सिंधु को देशद्रोही कहा है. यह एक बहुत ही गंभीर आरोप है.''

    उन्होंने कहा, ''भाजपा कांग्रेस से केवल एक ही सवाल पूछ रही है- सोनिया, राहुल और प्रियंका इस पर चुप क्यों हैं?"

    'इमरान ख़ान और पाकिस्तान सैन्य प्रमुख से सिद्धू के दोस्ताना रिश्ते'

    शनिवार को इस्तीफ़ा देने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा थाकि देश हित में वो पंजाब मुख्यमंत्री के पद के लिए नवजोत सिंह सिद्धू के नाम का विरोध करेंगे.

    समाचार एजेंसी एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, "देश के लिए मैं मुख्यमंत्री के पद के लिए उनके नाम का विरोध करूंगा.''

    अमरिंदर सिंह ने कहा था, ''पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान उनके मित्र हैं और वहां के आर्मी प्रमुख जनरल क़मर जावेद बाजवा के साथ उनके दोस्ताना रिश्ते हैं."

  17. बंगाल की खाड़ी के 'कॉन्टिनेंटल शेल्फ़' पर भारत के दावे से बांग्लादेश को एतराज

    बांग्लादेश ने बंगाल की खाड़ी के कॉन्टिनेंटल शेल्फ़ पर भारत के दावे पर विरोध जताते हुए संयुक्त राष्ट्र के महासचिव को चिट्ठी लिखी है.

    कॉन्टिनेंटल शेल्फ़ समुद्र की सतह के नीचे जलमग्‍न भूक्षेत्र को कहते हैं.

    अप्रैल में भारत ने 'कमीशन ऑन द लिमिट्स ऑफ़ द कॉन्टिनेंटल शेल्फ़' (सीएलसीएस) को बताया कि बंगाल की खाड़ी के कॉन्टिनेंटल शेल्फ़ के जिन इलाकों पर बांग्लादेश दावा कर रहा है, उस पर भारत का हक है.

    उस वक़्त बांग्लादेश ने भारत के दावे पर एतराज जताते हुए कहा था कि इसका कोई क़ानूनी आधार नहीं है.

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव को लिखी चिट्ठी में बांग्लादेश ने लिखा है कि भारत के साथ उसकी सामुद्रिक सीमा का निर्धारण 'परमानेंट कोर्ट ऑफ़ एट्रिब्यूशन' के फ़ैसले के अनुसार किया गया था.

    'परमानेंट कोर्ट ऑफ़ एट्रिब्यूशन' ने सात जुलाई, 2014 को ये फ़ैसला दिया था. बांग्लादेश ने लिखा है, "भारत सरकार के 23 मार्च, 2016 और 29 मार्च, 2016 के गज़ट नोटिफिकेशन में परमानेंट कोर्ट ऑफ़ एट्रिब्यूशन के फ़ैसले का जिक्र है जिसके मुताबिक़ भारत और बांग्लादेश के बीच एक मात्र सामुद्रिक सीमा रेखा है. इसमें वो जगह भी शामिल है जहां दो सामुद्रिक सीमा रेखा एक दूसरे को काटती है. ये वही जगह जिसका जिक्र बांग्लादेश ने अपने संशोधित जवाब में किया है. इसलिए बंगाल की खाड़ी में 200 मील तक की दूरी तक बांग्लादेश के हक को लेकर दोनों देशों के बीच कोई विवाद नहीं है."

    बांग्लादेश का कहना है कि सीएलसीएस की भूमिका केवल यही तय करने तक सीमित थी लेकिन भारत का एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक ज़ोन बांग्लादेश के कॉन्टिनेंटल शेल्फ़ वाले क्षेत्र में आ रहा है और इस पर फ़ैसला करने का हक़ सीएलसीएस को नहीं है.

    अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा क्या है?

    किसी भी देश की समुद्री सीमाओं को अलग-अलग ज़ोन में बांटा जाता है. देश के समुद्र तट पर एक बेसलाइन बनाई जाती है. उस बेसलाइन से 12 नॉटिकल मील समुद्र की ओर तक के पानी को टेरिटोरियल (अधीनस्थ क्षेत्र) वॉटर कहा जाता है.

    ये ही देश की रक्षात्मक समुद्री हद होती है. ये बिल्कुल वैसा ही होता है जैसे कि ज़मीनी सरहद, अंतर केवल पानी का होता है. इसकी सीमाएं समुद्री हद में होती हैं. 12 नॉटिकल मील के बाद के अगले 12 नॉटिकल मील को 'कन्टिग्यूअस ज़ोन' यानी 'साथ लगे इलाक़े' का पानी कहलाता है जो पारंपरिक रूप से चौबीस नॉटिकल मील बनता है.

    इसमें किसी देश के कस्टम और व्यापार से जुड़े क़ानून लागू होते हैं. एक तीसरा ज़ोन भी होता है जो विशेष आर्थिक ज़ोन कहलाता है. इसकी सीमा उस देश की बेसलाइन से 200 नॉटिकल मील आगे तक होती है.

    इस क्षेत्र मे कोई भी देश सिर्फ़ आर्थिक गतिविधियां कर सकता है, जैसे कि तेल की खोज या मछली पकड़ना आदि. इससे भी आगे फिर एक्सटेंशन ऑफ़ कॉन्टिनेंटल शेल्फ़ की सीमा शुरू हो जाती है.

    इसमें भी संयुक्त राष्ट्र के तहत उस देश को समुद्र पर कुछ अधिकार हासिल होते हैं. किसी भी देश के टेरिटोरियल वॉटर यानी सुरक्षात्मक समुद्री सीमा और कन्टिग्यूअस ज़ोन में किसी और देश के जंगी जहाज़ों और पनडुब्बियों को दाख़िल होने की अनुमति नहीं होती है.

    हालांकि अन्य देशों के मालवाहक जहाज़ों को इस पानी से गुज़रने की इजाज़त दी जा सकती है.

    समुद्र तो बहुत बड़ा है लिहाज़ा विशेष आर्थिक ज़ोन यानी 200 नॉटिकल मील से आगे के समंदर को 'कॉमन हेरीटेज़ ऑफ़ मैनकाइंड' यानी मानवता की साझा विरासत कहा जाता है. ये समुद्र सभी देशों के लिए साझा है और इस पानी में किसी भी देश के कोई भी जहाज़ जा सकते हैं.

  18. पंजाब कांग्रेस के विधायक दल की बैठक टली, आम सहमति बनाने की कोशिशें जारी

    पंजाब कांग्रेस के विधायक दल की बैठक को टाल दिया गया है. यह बैठक रविवार को सुबह 11 बजे होनी थी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने पार्टी सूत्रों के हवाले से लिखा है कि नए सीएलपी नेता के नाम पर अभी सहमति नहीं बन सकी है. पार्टी के एक नेता ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक टाल दी गई है.

    पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़, नए अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, राजिंदर सिंह बाजवा और सुखजिंदर सिंह रंधावा के नाम को लेकर चर्चा है. ये वो संभावित नाम हैं जो मुख्यमंत्री बन सकते हैं.

    पार्टी के एक नेता ने कहा, "पार्टी नेतृत्व जो भी फ़ैसला करेगा, कार्यकर्ता उसका पालन करेंगे."

    एआईसीसी महासचिव और पंजाब मामलों के प्रभारी हरीश रावत और पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक अजय माकन और हरीश चौधरी पंजाब में ही मौजूद हैं.

    पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी नये सीएलपी नेता के नाम पर मुहर लगाएंगी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया.

    पंजाब में फरवरी 2022 में विधानसभा के चुनाव होने हैं, ऐसे में जो भी नेता नया मुख्यमंत्री बनेगा उसके आगे चुनौतियां निश्चित तौर पर होंगी.

    अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह अपमानित महसूस कर रहे थे इसलिए उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफ़ा दे दिया.

    इस्तीफ़ा देने के बाद अमरिंदर सिंह ने सिद्धू पर निशाना साधा. कांग्रेस सूत्रों ने कहना है कि पार्टी राजस्थान और छत्तीसगढ़ में भी असंतोष से जूझ रही है.

  19. डल झील पर तैरते एटीएम को देखिए

    जम्मू और कश्मीर की डल झील में हर साल कई पर्यटक आते हैं.

    अब इन पर्यटकों की एक बड़ी समस्या का समाधाना हो गया है.

    अब डल झील पर ही एसबीआई की तरफ से एक एटीएम लगा दिया गया है.

    ये एटीएम एक हाउसबोट पर लगाया गया है.

  20. तालिबान ने एक महीने में अफ़ग़ानिस्तान को कितना बदला

    बीते 20 वर्षों के अफ़ग़ानिस्तान को तालिबान ने अपने एक महीने के शासन में ही काफ़ी बदल दिया है.

    पर क्या तालिबान बदला है. तालिबान ने आश्वासन दिया था कि महिलाओं पर ज़्यादती नहीं होगी, लेकिन अब कई पाबंदियां लगा दी गई हैं.

    रोज़ाना नए नियम जारी किए जा रहे हैं. उन्होंने महिलाओं से जुड़े मंत्रालय का नाम बदल दिया है.

    आरोप है कि उन्होंने देश की कला और संस्कृति को लगभग ख़त्म कर दिया है.

    तमाम कलाकार डरे हुए हैं. एक महीने के तालिबान के शासन में कितना बदला अफ़ग़ानिस्तान, कवर स्टोरी में आज इसी की बात.