इराक़ी मीडिया का दावा- 'ईरान ने रोकी गैस सप्लाई', क्या है वजह?

इराक़ के मीडिया ने बिजली मंत्रालय के हवाले से कहा है कि ईरान से गैस आयात बंद हो गया है. यह रोक ईरान की गैस सुविधाओं पर हमलों के बाद लगी है.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, रौनक भैड़ा

  1. सरकार ने हवाई यात्रा के लिए जारी किए नए निर्देश

    हवाई जहाज़

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डीजीसीए ने हवाई यात्रियों की सुविधा और अधिकारों को लेकर नए निर्देश जारी किए हैं (सांकेतिक तस्वीर)

    भारत में फ़्लाइट्स के मुसाफ़िरों के लिए सुविधाओं और उनके अधिकारों से जुड़े नए निर्देश जारी किए गए हैं.

    यह निर्देश नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने डीजीसीए के ज़रिए जारी किए हैं.

    1. सभी उड़ानों में कम से कम 60% सीटें बिना किसी शुल्क के आवंटित की जाएं. इसका मक़सद हर किसी को समान अवसर देना है और सीटों के लिए अतिरिक्त पैसे न देने पड़ें.

    2. एक ही PNR पर यात्रा करने वाले यात्रियों को एक साथ बैठाया जाए. जहां तक संभव हो उन्हें अगल-बगल की सीटें दी जाएं.

    3. फ़्लाइट में स्पोर्ट्स के सामान और संगीत से जुड़े यंत्रों को ले जाने की सुविधा पारदर्शी और यात्रियों के अनुकूल हो.

    हालाँकि इसमें कहा गया है कि ऐसी सुविधा सुरक्षा और फ़्लाइट ऑपरेशन नियमों के मुताबिक़ होनी चाहिए.

    एयरलाइंस से पालतू जानवरों को ले जाने के संबंध में भी स्पष्ट और पारदर्शी नीतियां बनाने को भी कहा गया है.

    4. यात्रियों के अधिकारों से जुड़े नियमों का सख़्ती से पालन किया जाए. यह सख़्ती विशेष रूप से उड़ानों में देरी, रद्द होने या बोर्डिंग से मना किए जाने की स्थिति में हो.

    5. यात्रियों के अधिकारों की जानकारी एयरलाइन की वेबसाइट्स, मोबाइल ऐप्स, बुकिंग प्लेटफॉर्म और हवाई अड्डे के काउंटरों पर प्रमुखता से लिखी जाएं.

    6. यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं और अधिकारों की जानकारी क्षेत्रीय भाषाओं में स्पष्ट रूप से दी जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक यह जानकारी पहुंच सके और उनमें जागरूकता बढ़ सके.

  2. मध्य प्रदेश के इंदौर में कार चार्जिंग के दौरान विस्फोट, 7 लोगों की मौत, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    इंदौर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, आग लगने के बाद घर में रखे गैस सिलेंडर में धमाका हो गया

    मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार तड़के आग लगने की एक घटना में 7 लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

    यह हादसा शहर के बंगाली चौराहे के पास स्थित एक कॉलोनी में सुबह क़रीब चार बजे हुआ, जब अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे.

    इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के अनुसार इंदौर के पुगलिया परिवार के घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक कार रात में चार्जिंग पर लगी हुई थी.

    उन्होंने बताया, “शुरुआती जांच के अनुसार सुबह क़रीब चार बजे चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे कार में आग लग गई. कुछ ही मिनटों में यह आग घर के भीतर फैल गई, जहां बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे हुए थे.”

    बताया जा रहा है कि घर में क़रीब 15 गैस सिलेंडर मौजूद थे. आग की वजह से इनमें विस्फोट शुरू हो गया.

    चश्मदीदों के मुताबिक़ कम से कम चार सिलेंडर एक के बाद एक फटे, जिससे जोरदार धमाके हुए और पूरा इलाक़ा दहल गया. इन धमाकों की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि मकान का एक हिस्सा ढह गया और अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौक़ा तक नहीं मिल सका.

    परिवार में एक पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था, जिसके लिए कई रिश्तेदार उनके घर में ठहरे हुए थे.

    इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “आशंका है कि विस्फोट के बाद बिजली कटने से इलेक्ट्रॉनिक डोर लॉक सिस्टम सक्रिय हो गया, जिससे बाहर निकलना और मुश्किल हो गया.”

    पुलिस का कहना है कि आग पर अब पूरी तरह काबू पा लिया गया है और आसपास के घरों की जांच की जा रही है.

  3. इसराइल पर ईरान ने दाग़ी कई मिसाइलें, देखिए तस्वीरों में

    ईरानी मिसाइल हमला

    इमेज स्रोत, Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान से दाग़ी गई मिसाइलें तेल अवीव के आसमान में देखी गईं
    इसराइल की राजधानी तेल अवीव के बाहरी इलाक़े में ईरानी मिसाइल हमले के बाद की तस्वीर

    इमेज स्रोत, Alexi J Rosenfeld via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल की राजधानी तेल अवीव के बाहरी इलाक़े में ईरानी मिसाइल हमले के बाद की तस्वीर
    इसराइली इमरजेंसी सेवा

    इमेज स्रोत, Ilia Yefimovich via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी मिसाइल हमलों के बाद इसराइल की इमरजेंसी सेवा राहत कार्य के लिए पहुंची
    ईरानी मिसाइल हमले में तेल अवीव के बाहरी इलाक़े में एक बुज़ुर्द दंपति की मौत हो गई है

    इमेज स्रोत, Alexi J. Rosenfeld/Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरानी मिसाइल हमले में तेल अवीव के बाहरी इलाक़े में एक बुज़ुर्ग दंपति की मौत हो गई है
    इसराइल की राजधानी तेल अवीव में ईरानी मिसाइल हमले में क्षतिग्रस्त हुई एक रिहायशी इमारत

    इमेज स्रोत, Ilia YEFIMOVICH / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल की राजधानी तेल अवीव में ईरानी मिसाइल हमले में क्षतिग्रस्त हुई एक रिहायशी इमारत
  4. ईरान ने कहा, 'लारिजानी की हत्या का निर्णायक बदला लेंगे'

    ईरान के सेना प्रमुख अमीर हातामी (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान के सेना प्रमुख अमीर हातामी (फ़ाइल फ़ोटो)

    ईरान के सेना प्रमुख अमीर हातामी ने एक इसराइली हवाई हमले में मारे गए अली लारिजानी की हत्या का "निर्णायक" बदला लेने की धमकी दी है.

    ईरान ने मंगलवार को देश की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिव अली लारिजानी की मौत की पुष्टि की. इससे पहले इसराइल ने लारिजानी के मारे जाने का दावा किया था.

    हातामी ने एक बयान में कहा, "सही समय और सही जगह पर, अपराधी अमेरिका और खून के प्यासे ज़ियोनिस्ट शासन को एक निर्णायक और ऐसा जवाब दिया जाएगा जो दूसरों के लिए सबक बने, उन्हें अपने किए पर पछतावा होगा."

    उन्होंने आगे कहा कि लारिजानी और अन्य "शहीदों" की मौत का बदला लिया जाएगा.

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) ने कहा है कि उसने लारिजानी की मौत के "बदले में" मध्य इसराइल पर पहले ही मिसाइलें दाग दी हैं.

    आईआरजीसी ईरान की सेना से अलग संगठन है.

  5. ईरान के परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर एक प्रोजेक्टाइल गिरा, संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी ने ये बताया

    रफ़ाएल ग्रोसी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रफ़ाएल ग्रोसी ने एक बार फिर से कहा है कि संघर्ष के दौरान परमाणु दुर्घटना को टालने के लिए अत्यधिक संयम बरता जाए (फ़ाइल फ़ोटो)

    अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) का कहना है कि उसे ईरान ने देश के दक्षिण-पश्चिम में स्थित एक परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर एक प्रोजेक्टाइल गिरने की सूचना दी है.

    परमाणु तकनीकों की देखरेख करने वाली संयुक्त राष्ट्र की संस्था आईएईए ने एक बयान में कहा कि ईरान ने मंगलवार शाम को बुशहर परमाणु ऊर्जा संयंत्र में हुई इस घटना की जानकारी दी.

    बयान में कहा गया है, "संयंत्र को किसी तरह का नुक़सान होने या कर्मचारियों को चोट लगने की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है."

    आईएईए के महानिदेशक रफ़ाएल ग्रोसी ने एक बार फिर अपील की है कि "संघर्ष के दौरान ज़्यादा से ज़्यादा संयम बरता जाए, ताकि किसी भी परमाणु दुर्घटना के जोखिम को टाला जा सके."

  6. इराक़ की राजधानी बग़दाद में अमेरिकी दूतावास पर ताज़ा हमले

    अमेरिकी दूतावास

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, बग़दाद में अमेरिकी दूतावास काफ़ी सुरक्षित इलाक़े में है

    इराक़ की राजधानी बग़दाद में अमेरिकी दूतावास पर ताज़ा हमले हुए हैं. समाचार एजेंसी एएफ़पी और रॉयटर्स ने इन हमलों की ख़बर दी है.

    इसके मुताबिक़ स्थानीय समय के अनुसार बुधवार तड़के ये हमले हुए हैं.

    इन एजेंसियों ने सुरक्षा सूत्रों का हवाला दिया है और शहर में मौजूद एएफ़पी के पत्रकारों ने दूतावास के पास धमाकों की आवाज़ सुनी.

    यह अमेरिकी दूतावास अत्यधिक सुरक्षा वाले 'ग्रीन ज़ोन' इलाक़े में स्थित है, जहाँ कई राजनयिक मिशन और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के दफ़्तर मौजूद हैं.

    अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिकी ठिकानों पर कई हमले हो चुके हैं.

  7. ईरान ने इसराइल में किए कई मिसाइल हमले, दो लोगों की मौत

    ईरानी मिसाइल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईरान ने तेल अवीव और इसके आसपास कई जगहों पर मिसाइलें दागी हैं

    ईरान ने मंगलवार रात इसराइल की राजधानी तेल अवीव और इसके आसपास कई मिसाइल हमले किए हैं. स्थानीय पुलिस का कहना है कि एक ईरानी मिसाइल हमले में दो लोगों की मौत हो गई है.

    इसराइल की एम्बुलेंस सेवा के एक आपातकालीन कर्मचारी ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि उन्होंने एक इमारत से "धुआँ उठते हुए" देखा, साथ ही उन्होंने "काफ़ी नुक़सान और टूटे हुए काँच" भी देखे.

    उन्होंने आगे बताया, "हमने दो लोगों को देखा, जिनकी नब्ज़ नहीं चल रही थी और वे साँस भी नहीं ले रहे थे; उनके शरीर पर गंभीर चोटें थीं."

    बाद में डॉक्टरों ने तेल अवीव के पूर्वी इलाक़े में एक पुरुष और एक महिला की मौत की पुष्टि की, जिन्हें "मिसाइल के टुकड़ों से गंभीर चोटें" आईं थीं.

  8. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.