डोनाल्ड ट्रंप की सज़ा पर फ़ैसले को कोर्ट ने फिर से टाला

न्यूयॉर्क की एक अदालत की ओर से अमेरिका के चुने गए नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आपराधिक सज़ा पर दिए जाने वाले निर्णय को फिर से टाल दिया गया है.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और सौरभ यादव

  1. ट्रंप के आलोचक मार्को रूबियो को नई अमेरिकी सरकार में शीर्ष पद मिलने की संभावना

    Marco Rubio

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, मार्को रूबियो ट्रंप प्रशासन में अमेरिका के अगले विदेश मंत्री हो सकते हैं

    अमेरिका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में मार्को रूबियो को अहम पद मिल सकता है. यह ऐसा फ़ैसला होगा जिसके बारे में किसी वक़्त सोचा भी नहीं जा सकता था.

    मार्को रूबियो अपने राजनीतिक करियर में साल 2016 से लगातर आगे बढ़ रहे हैं. वो साल 2010 से अमेरिकी सीनेट के सदस्य हैं. वो साल 2016 में रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रेस से दौरान से ही ट्रंप के बड़े आलोचक रहे हैं.

    ट्रंप सार्वजनिक तौर पर उन्हें “लिटिल मार्को” कहा करते हैं, जबकि मार्को ट्रंप को “स्मॉल हैंड्स” कहते थे.

    बाद में मार्को और ट्रंप के रिश्ते बेहतर हो गए और मार्को ने ट्रंप के साथ उनका चुनाव प्रचार भी किया.

    रिपोर्ट्स के मुताबिक़ 53 साल के मार्को रूबियो ट्रंप प्रशासन में विदेश मंत्री बनाए जा सकते हैं. यह अमेरिकी सरकार के शीर्ष पदों में शामिल है.

  2. दिल्ली के कई इलाक़ों में हवा ख़तरनाक स्तर पर, दिखी स्मॉग की मोटी परत

    इंडिया गेट (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली में एक्यूआई के आंकड़े बताते हैं कि शहर की हवा लगातार सेहत के लिए ख़राब बनी हुई है

    भारत की राजधानी दिल्ली के कई इलाक़ों में मंगलवार को एयर क्वालिटी ख़तरनाक स्तर पर पहुंच गई.

    दिल्ली में कई इलाक़ों में मंगलवार सुबह स्मॉग की मोटी परत देखी गई है.

    केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी सीपीसीबी के आंकड़ों के मुताबिक़ मंगलवार सुबर 9 बजे आनंद विहार के एक्यूआई 401 दर्ज किया गया है.

    रोहिणी में यह आंकड़ा 414 तक पहुंच गया है. आईटीओ का एक्यूआई 348 जबकि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का एक्यूआई 342 रिकॉर्ड किया गया है.

    एक्यूआई यानी एयर क्वालिटी इंडेक्स के 400 से ज़्यादा होने पर इसे ख़तरनाक माना जाता है और यह बीमार लोगों के अलावा स्वस्थ इंसान को भी नुक़सान पहुंचा सकता है.

    जबकि सीपीसीबी के मुताबिक़ एक्यूआई के 300 से 400 के बीचे होने पर ऐसी हवा में लंबे वक़्त तक रहने पर श्वसन संबंधी बीमारी हो सकती है.

  3. ईडी की झारखंड में छापेमारी, मामला बांग्लादेश से कथित घुसपैठ का

    ईडी की छापेमारी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, झारखंड में विधानसभा चुनाव चल रहे हैं

    झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठियों से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने छापेमारी की है.

    ईडी ने रांची के एक होटल में इस मामले को लेकर छापेमारी की है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ ईडी ने सितंबर महीने में पीएमएलए यानी प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉनंड्रिंग एक्ट के तहत एक मामाला दर्ज किया था. इस मामले में मानव तस्करी के ज़रिए बांग्लादेश से महिलाओं को झारखंड लाने के आरोपों की जांच की जा रही है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ इस मामले में झारखंड और पश्चिम बंगाल में दर्जनभर से ज़्यादा ठिकानों पर छापेमारी की गई है.

    झारखंड में फ़िलहाल विधानसभा चुनाव चल रहे हैं और इसके लिए पहले फेज की वोटिंग 13 नवंबर यानी बुधवार को होनी है.

    इसे पढ़िए-

  4. धर्म के आधार पर व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने के मामले में केरल में आईएएस अधिकारी निलंबित

    विजयन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, धर्म के आधार पर वाट्सऐप ग्रुप बनाने पर केरल में एक आईएएस अधिकारी को निलंबित कर दिया है

    केरल सरकार ने दो आईएएस अधिकारी के गोपालकृष्णन और एन प्रशांत को निलंबित कर दिया है. इन दोनों अधिकारियों पर अनुशासन तोड़ने का आरोप लगाया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ केरल सरकार ने आधिकारित तौर पर इस निलंबन की पुष्टि की है.

    गोपालकृष्ण पर धर्म के आधार पर वाट्सएप ग्रुप बनाने का आरोप है जबकि एन प्रशांत पर वरिष्ठ अधिकारियों की आलोचना करने का आरोप लगा है.

    अंग्रेज़ी अख़बार द टाइम्स ऑफ़ इंडिया के मुताबिक़ गोपालकृष्णन से जुड़ा विवाद अक्तूबर महीने के अंत में शुरू हुआ था, जब केरल कैडर के कई आईएएस अधिकारियों को मल्लू हिन्दू अधिकारी के नाम से बनाए गए एक वाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया था, जिसपर कई अधिकारियों ने आपत्ति जताई थी.

    हालाँकि गोपालकृष्णन ने दावा किया था कि उनका फ़ोन हैक कर लिया गया था.

  5. सूर्यकुमार यादव ने क्यों कहा, "अरे भैया हमारे हाथ में थोड़े ही है"

    सूर्यकुमार यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सूर्यकुमार यादव दक्षिण अफ़्रीका के दौरे पर अच्छे फ़ॉर्म में नज़र आ रहे हैं

    दक्षिण अफ़्रीका के दौरे पर गई भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ सूर्यकुमार यादव से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर कई लोग साझा कर रहे हैं.

    दक्षिण अफ़्रीका में एक क्रिकेट फ़ैन ने सूर्यकुमार यादव से पूछा, "मुझे एक बात बता सकते हैं आप, पाकिस्तान क्यों नहीं आ रहे हैं?"

    यह सवाल एक वीडियों में क़ैद हो गया है, हालाँकि सवाल पूछने वाले का चेहरा वीडियो में नज़र नहीं आ रहा है, लेकिन वह पाकिस्तान का बताया जा रहा है.

    अंग्रेज़ी अख़बार हिन्दुस्तान टाइम्स के मुताबिक़ वीडियो में सूर्यकुमार यादव और इस क्रिकेट फ़ैन के बीच बातचीत रिकॉर्ड हो गई है.

    इस सवाल के जवाब में सूर्यकुमारयादव ने जवाब दिया, "अरे भैया हमारे हाथ में थोड़े ही है."

    पाकिस्तानी मीडिया में रविवार से ही इस बात को लेकर हंगामा है कि भारत ने पाकिस्तान में अगले साल होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के लिए अपनी टीम भेजने से इनकार कर दिया है.

    पाकिस्तानी मीडिया में कहा जा रहा है कि बीसीसीआई ने आईसीसी को सूचित किया था और आईसीसी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को बता दिया है कि अगले साल भारत पाकिस्तान में चैंपियंस ट्रॉफ़ी खेलने नहीं आएगा.

    पाकिस्तानी मीडिया में कहा जा रहा है कि आईसीसी ने पाकिस्तान को लिखित रूप में यह जानकारी दी है.

    सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के लोग इसपर अपनी नाराज़गी ज़ाहिर कर रहे हैं और उनका कहना है कि पाकिस्तान को कड़ा जवाब देना चाहिए.

  6. यूपी लोकसेवा आयोग के दफ़्तर के बाहर छात्रों का प्रदर्शन जारी

    प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, यूपी लोक सेवा आयोगा के दफ़्तर के बाहर छात्रों का प्रदर्शन

    उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में यूपी लोक सेवा आयोग के दफ़्तर के बाहर छात्रों का प्रदर्शन सोमवार देर रात भी जारी रहा.

    सोमवार को विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था.

    ये छात्र पीसीएस-2024 की प्री और आरओ एआरओ प्री परीक्षा को दो दिन में कराए जाने का विरोध कर रहे हैं. इसके ख़िलाफ़ सोमवार सुबह क़रीब 11 बजे से अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है.

    अभ्यर्थियों की मांग है कि परीक्षा एक दिन और एक ही शिफ्ट में कराई जाएं. साथ ही वो नॉर्मलाइज़ेशन व्यवस्था लागू होने का भी विरोध कर रहे हैं.

    इस मामले पर प्रयागराज के ज़िलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदार ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा है कि सरकार को कई छात्र केमेटी ने सुझाव दिया था कि परीक्षा में धोखाधड़ी, पेपर लीक जैसी घटनाएं होती हैं, इसलिए केवल सरकारी संस्थानों को ही परीक्षा केंद्र बनाया जाना चाहिए.

    उनके मुताबिक़, “इसलिए आयोग ने सरकारी संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया है और क्योंकि इसमें अभ्यर्थियों की संख्या काफ़ी ज़्यादा है इसलिए परीक्षा को दो दिनों में आयोजित कराने का फ़ैसला किया गया. ”

    वहीं अभ्यर्थियों का कहना है कि नोटिफिकेशन के बाद कोई नया नियम नहीं लाया जा सकता. उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.

    प्रदर्शनकारी छात्रों के मुताबिक, आयोग ने नोटिफिकेशन में एक ही दिन परीक्षा कराए जाने की बात कही है. नियमों के मुताबिक नोटिफिकेशन के अनुसार ही परीक्षा कराई जानी चाहिए.

    पीसीएस प्री 2024 परीक्षा 7 और 8 दिसंबर को आयोजित की जाएगी. जबकि आरओ/एआरओ प्रारंभिक 2023 परीक्षा 22 और 23 दिसंबर को कराई जाएगी.

  7. मणिपुर के ज़िरीबाम ज़िले में अनिश्चितकाल के लिए लगा कर्फ़्यू

    सुरक्षाबल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सोमवार को ज़िरीबाम में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़ हुई थी

    भारत के उत्तर पूर्वी राज्य मणिपुर के ज़िरीबाम ज़िले में अनिश्चतकाल के लिए कर्फ़्यू लगा दिया गया है. यह कर्फ़्यू ज़िले में सोमवार को संदिग्ध चरमपंथियों के साथ मुठभेड़ के बाद लगाया गया है.

    मणिपुर पुलिस ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया है कि सोमवार दोपहर बाद क़रीब 3 बजे ज़िरीबाम के जकुराडोर और बोरोबेकरा पुलिस स्टेशन के क़रीब मौजूद सीआरपीएफ़ कैंप को हथियारबंद चरमपंथियों ने निशाना बनाया.

    मणिपुर पुलिस ने इस घटना के बारे में लिखा है, "हथियारबंद चरमपंथियों ने जिरीबाम जिले के जकुराडोर इलाके में स्थित सीआरपीएफ के एक पोस्ट पर हमला कर दिया. जिसके बाद बचाव में सुरक्षाबलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की. यह मुठभेड़ क़रीब 40 मिनट तक चली और बाद में 10 हथियारबंद चरमपंथियों के शव बरामद किए गए."

    पुलिस के मुताबिक़ "इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ के एक जवान संजीव कुमार को गोली लगी है. फिलहाल उन्हें असम के सिलचर स्थित मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ ज़िले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ़िलहाल ज़िले में कर्फ़्यू लगा दिया गया है.

    मणिपुर में लंबे समय से हिंसा का दौर चल रहा है. इस हिंसा में कई लोगों की जान जा चुकी है और संपत्ति को भी भारी नुक़सान हुआ है.

    इस हिंसा पर विपक्षी दल लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हैं.

  8. नमस्कार

    आज सुबह छह बजे से दोपहर के दो बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप सभी तक बड़ी ख़बरों को पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के होम पेज पर जाने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    कल के लाइव पन्ने की ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    इस वक़्त हमारे पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें-

    - सऊदी अरब के सेना प्रमुख ईरान में, फिर क्राउन प्रिंस और मसूद पेज़ेश्कियान के बीच क्या हुई बात? ख़बर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - वो इलाक़ा जहां शादी से बाहर निकलने के लिए लड़कियों को देने पड़ते हैं रुपये, क्या है ये प्रथा? जानने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - अज़रबैजान में जारी सीओपी29 को लेकर क्या सवाल उठ रहे हैं और क्यों हैं अहम. ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.