लॉस एंजेलिस में लगी आग किन इलाक़ों में कितनी फैली

अमेरिका के लॉस एंजेलिस में लगी आग पर अभी तक पूरी तरह से काबू नहीं पाया गया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और अश्वनी पासवान

  1. फ़्रांस के स्ट्रासबर्ग में दो ट्राम टकराईं, 30 लोग घायल, विकी वॉन्ग, बीबीसी न्यूज़

    स्ट्रासबर्ग ट्राम हादसा

    इमेज स्रोत, @Malo.zrnld/X

    इमेज कैप्शन, ट्राम के बीच आमने-सामने से टक्कर हुई है

    फ़्रांस के स्ट्रासबर्ग के सेंट्रल स्टेशन में शनिवार को दो ट्राम के टकराने से कम से कम 30 लोग घायल हो गए हैं.

    सोशल मीडिया पर इस घटना के फ़ोटो और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं, जिनमें दोनों ट्रामों में दर्जनों लोग सवार दिख रहे हैं.

    एक वीडियो में धुआं उठता दिखाई दे रहा है और अलार्म की आवाज़ के साथ अफ़रा-तफ़री का माहौल दिख रहा है.

    स्थानीय मीडिया के मुताबिक़ एक ट्राम ने ट्रैक बदला, जिसकी वजह से वह ट्रैक पर खड़ी दूसरी ट्राम से टकरा गई. कुछ अन्य रिपोर्ट्स में कहा गया कि हादसे के वक्त एक ट्राम पीछे जा रही थी.

    प्रांत के एक प्रवक्ता ने कहा कि हादसे का कारण पता करने के लिए एक जांच शुरू की गई है. अब तक किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.

    स्ट्रासबर्ग की मेयर जीन बर्सेगियन ने घटनास्थल पर मीडिया को बताया कि एक ट्राम के साथ टक्कर हुई थी, लेकिन इसका कारण पता नहीं चल पाया है.

    बीएफ़एम टीवी के अनुसार, बर्सेगियन ने लोगों से जांच रिपोर्ट आने का इंतज़ार करने का अनुरोध किया है.

  2. कन्नौज स्टेशन पर निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा गिरने पर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाया है (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश के कन्नौज रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा गिरने से लगभग 20 लोग दब गए थे. इस हादसे में कुछ लोगों की हालत गंभीर है.

    हादसे को लेकर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा है.

    अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, "कन्नौज के रेलवे विभाग का हादसा बीजेपी के महाभ्रष्टाचार के महालालच के कारण हुआ है."

    उन्होंने कहा, "जब सारे ठेके कमीशन लेकर दिए जाएंगे और ठेकेदार भी किसी और को ठेके पर रखकर बिना काम किए अपना लाभ कमाकर निकल जाएगा, तो आधे से भी कम बचे पैसों में ऐसे ही थर्ड क्लास जानलेवा निर्माण कार्य होंगे, जिनमें न तो क्वॉलिटी होगी, न ही सिक्योरिटी का ध्यान रखा जाएगा."

    "मतलब गुणवत्ता और सुरक्षा दोनों की बुरी तरह उपेक्षा होगी, जिसके परिणामस्वरूप ऐसे हादसे होंगे."

    अखिलेश यादव ने कहा, "हमारी मांग है कि बीजेपी सरकार ख़़ुद को इस हादसे का ज़िम्मेदार मानते हुए, घायलों के लिए तत्काल मुआवज़े का एलान करे."

    जानकारी मे मुताबिक़ इस हादसे के कारण मलबे में फंसे लोगों में अधिकतर मज़दूर हैं.

    कन्नौज हादसा

    इमेज स्रोत, @samajwadiparty/X

    इमेज कैप्शन, मलबे में फंसे लोगों में अधिकतर मज़दूर हैं

    रेल मंत्रालय के प्रवक्ता (ईडीआईपी) दिलीप कुमार ने बताया कि इस घटना की जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई है.

    एक बयान जारी कर दिलीप कुमार ने बताया, "इस घटना की जांच के लिए चार वरिष्ठ अधिकारियों की कमेटी गठित की गई है, जो घटना के कारणों की जांच करेगी."

    उन्होंने कहा, "मज़दूरों की अनुकंपा राशि को बढ़ाकर रेलवे प्रशासन भुगतान कर रहा है. इसके तहत मामूली तौर पर घायलों को पचास हज़ार रुपये और गंभीर रूप से हुए घायलों को ढाई लाख रुपये दिए जाएंगे."

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, स्पैडेक्स मिशन की डॉकिंग प्रक्रिया का ट्रायल, 3 मीटर तक क़रीब आए अंतरिक्ष यान

    स्पैडेक्स मिशन

    इमेज स्रोत, @isro/X

    इमेज कैप्शन, स्पैडेक्स मिशन के अंतरिक्ष यानों ने 15 मीटर की दूरी से एक-दूसरे की तस्वीर ली

    भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने एक अपडेट जारी कर बताया कि उसने स्पैडेक्स मिशन के डॉकिंग प्रकिया के लिए एक ट्रायल किया है.

    इसके लिए स्पेसक्राफ्ट को पहले 15 मीटर और फिर 3 मीटर करीब तक ले जाया गया.

    इसरो ने बताया, "अंतरिक्ष यानों को 15 मीटर और फिर 3 मीटर करीब तक पहुंचने का परीक्षण किया गया. इसके बाद अंतरिक्ष यानों को सुरक्षित दूरी पर वापस ले जाया जा रहा है."

    "डॉकिंग प्रक्रिया डेटा का विश्लेषण करने के बाद आगे की जाएगी."

    इसरो ने एक तस्वीर और 12 सेकंड का एक वीडियो भी जारी किया है, जिन्हें स्पैडेक्स सैटेलाइट ने 15 मीटर की दूरी से कैप्चर किया है.

    इसके अलावा एक अन्य तस्वीर भी शेयर की गई है, जिसे 105 मीटर की दूरी से कैप्चर किया गया है.

    इसरो ने 30 दिसंबर को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से भारतीय समयानुसार रात दस बजे के क़रीब स्पैडेक्स मिशन लॉन्च किया था.

    इसका उद्देश्य अंतरिक्ष यानों को 'डॉक' और 'अनडॉक' करने के लिए आवश्यक तकनीक को विकसित करना और प्रदर्शित करना है.

    स्पैडेक्स का अर्थ है स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट.

  4. यूक्रेन का दावा- रूस में उत्तर कोरिया के दो सैनिकों को पकड़ा, लुसी क्लार्क-बिलिंग्स और सारा रेन्सफ़र्ड, बीबीसी न्यूज़

    उत्तर कोरियाई सैनिक

    इमेज स्रोत, @ZelenskyyUa/X

    इमेज कैप्शन, यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने फोटो शेयर करते हुए दावा किया कि इन लोगों को रूस से पकड़ा गया है

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने शनिवार को दावा किया कि यूक्रेन के सैनिकों ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में उत्तर कोरिया के दो घायल सैनिकों को युद्ध बंदी के तौर पर पकड़ा है.

    ज़ेलेंस्की के मुताबिक़ दोनों सैनिकों को "ज़रूरी मेडिकल सहायता" दी जा रही है. इन दोनों को राजधानी कीएव में सेक्योरिटी सर्विस ऑफ़ यूक्रेन (एसबीयू) की कस्टडी में रखा गया है.

    यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि वो उत्तर कोरिया के सैनिकों को पकड़ने के लिए यूक्रेनी पैराट्रूपर्स और स्पेशल ऑपरेशन फ़ोर्सेज़ के सैनिकों के प्रति "आभारी" हैं.

    उन्होंने कहा कि यह "आसान काम नहीं था".

    उत्तर कोरियाई सैनिक

    इमेज स्रोत, @ZelenskyyUa/X

    इमेज कैप्शन, ज़ेलेंस्की ने दूसरी तस्वीर भी शेयर की जिसमें एक कथित युद्ध बंदी के हाथों पर पट्टी बंधी दिखी

    ज़ेलेंस्की ने दावा किया कि रूसी और उत्तर कोरियाई सैनिक आमतौर पर घायल उत्तरी कोरियाई लोगों को मार देते हैं, जिससे कि "यूक्रेन के ख़िलाफ़ युद्ध में उत्तर कोरिया की भागीदारी के किसी भी सबूत को मिटाया जा सके."

    यूक्रेन की ख़ुफ़िया सेवा ने एक बयान में कहा कि उत्तर कोरियाई सैनिकों को 9 जनवरी को पकड़ा गया और उन्हें तत्काल "जेनेवा कन्वेंशन के तहत निर्धारित ज़रूरी मेडिकल सुविधा दी गई", जिसके बाद उन्हें कीएव लाया गया.

  5. लॉस एंजेलिस की आग: मौसम विभाग की चेतावनी, फिर तेज़ हो सकती हैं हवाएं

    लॉस एंजेलिस की आग

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आग बुझाने के लिए हेलीकॉप्टर और हवाई जहाज़ की मदद से ऊपर से पानी छोड़ा जा रहा है

    अमेरिका के लॉस एंजेलिस के जंगलों में लगी आग को रिहायशी इलाक़ों में फैलने से रोकने के लिए फ़ायर फ़ाइटर्स अपनी पूरी ताक़त लगा रहे हैं.

    हवाई दल भी पैलिसेड्स की आग को रोकने के लिए आसमान से पानी की बौछार डाल रहे हैं. पैलिसेड्स की आग एक हज़ार एकड़ क्षेत्र में फैल चुकी है और अब ब्रेंटवुड की ओर बढ़ रही है.

    दूसरी तरफ़ पानी की कमी आने के कारण लोगों के बीच बढ़ते गुस्से को देखते हुए अधिकारी बचाव की मुद्रा में आ गए हैं.

    अब तक आग से जुड़ी घटनाओं में कम से कम 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है.

    ऐसी आशंका है कि रात में हवाएं तेज़ हो सकती हैं, जिसकी वजह से आग और भड़क सकती है.

    नेशनल वेदर सर्विस ने चेतावनी दी है कि जिन तेज़ सेंटा एना हवाओं की वजह से आग भड़की थी, ये हवाएं शनिवार और रविवार को फिर तेज़ हो सकती हैं.

    कैलिफ़ोर्निया के सात पड़ोसी राज्य और संघीय सरकार ने आग से निपटने के लिए मदद भेजी है. साथ ही पड़ोसी देश कनाडा और मेक्सिको ने भी मदद की है.

    ये भी पढ़ें:

  6. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज में आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

    इस समय बीबीसी हिंदी के पन्ने पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.