डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी संसद से 139 लाख करोड़ रुपये के रक्षा बजट की माँग की, बर्न्ड डेबुसमैन जूनियर, व्हाइट हाउस संवाददाता
व्हाइट हाउस 2027 वित्तीय वर्ष के लिए कांग्रेस (अमेरिकी संसद) से 1.5 ट्रिलियन डॉलर (क़रीब 139 लाख करोड़ रुपये) के रक्षा बजट को मंज़ूरी देने की मांग कर रहा है.
यह पिछले साल की तुलना में अमेरिकी रक्षा बजट में 42 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़ोतरी होगी.
अगर कांग्रेस इस बजट को मंज़ूरी दे देती है और इसे लागू किया जाता है, तो यह आधुनिक अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा रक्षा बजट होगा.
हालांकि, रक्षा ख़र्च बढ़ाने का ट्रंप का यह क़दम ईरान के साथ मौजूदा संघर्ष शुरू होने से पहले का है और यह ट्रंप प्रशासन के घरेलू उत्पादन और बड़े प्रोजेक्ट्स पर फोकस को दिखाता है.
इसमें उनके प्रस्तावित 'गोल्डन डोम' मिसाइल डिफ़ेंस सिस्टम के लिए फंडिंग भी शामिल है, जिसका मक़सद अगली पीढ़ी के हवाई ख़तरों से अमेरिका की रक्षा करना है.
ऑफ़िस ऑफ़ मैनेजमेंट एंड बजट की ओर से साझा किए गए बजट के खाके में कहा गया है कि इस मांग में दर्जनों सैन्य जहाज़ों के लिए फंड शामिल होगा, जिनमें भारी हथियारों से लैस अमेरिकी नौसेना के नए 'ट्रंप-क्लास' बैटलशिप की एक नई श्रृंखला भी शामिल है, जिसका एलान अमेरिकी राष्ट्रपति ने दिसंबर में किया था.
डोनाल्ड ट्रंप की ओर से इस रक्षा बजट की मांग विशेष रूप से ईरान के साथ युद्ध से जुड़े बजट की मांग से अलग है. पेंटागन ने ईरान में चल रहे 'ऑपरेशन एपिक फ़्यूरी' के समर्थन और हथियारों और आपूर्ति की भरपाई के लिए 200 अरब डॉलर (क़रीब 18.5 लाख करोड़ रुपये) का प्रस्ताव रखा था.