ट्रंप ने थाईलैंड-कंबोडिया संघर्ष रोकने का श्रेय लिया, कहा- अमेरिका ही असली संयुक्त राष्ट्र
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने थाईलैंड और कंबोडिया के बीच युद्ध विराम कराने का श्रेय लिया है
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि थाईलैंड और कंबोडिया के बीच संघर्ष तुरंत रुक जाएगा और दोनों देश शांति से रहेंगे. हाल में हुए वास्तविक समझौते पर सहमति बन गई है.
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "मैं दोनों महान नेताओं को इस बात के लिए बधाई देना चाहता हूं कि वो इस बेहद सही नतीजे पर बहुत तेज़ी से पहुंच गए. ये बेहद निर्णायक तौर पर और तेज़ी से हुआ."
"अमेरिका को हमेशा की तरह मदद करके गर्व का अहसास हुआ. पिछले 11 महीनों में मैंने आठ संघर्ष रोके हैं. देखा जाए तो अमेरिका ही असली संयुक्त राष्ट्र बन गया है.’’
कंबोडिया और थाईलैंड लगभग 20 दिनों की लड़ाई के बाद संघर्ष रोकने को तैयार हो गए हैं. इस संघर्ष में कई लोगों की मौत हो चुकी है.
बांग्लादेश में पाकिस्तान के उच्चायुक्त इमरान हैदर ने मोहम्मद यूनुस से की मुलाकात
इमेज स्रोत, @ChiefAdviserGoB
इमेज कैप्शन, बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने दोनों देशों के बीच बढ़ते संबंधों का स्वागत किया है
बांग्लादेश में पाकिस्तान के उच्चायुक्त इमरान हैदर ने रविवार को बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस से मुलाकात की है.
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने व्यापार, निवेश और एविएशन में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर बात की.
साथ ही दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए सांस्कृतिक, शैक्षिक और मेडिकल आदान-प्रदान बढ़ाने पर भी बात हुई है.
पाकिस्तान के उच्चायुक्त ने बताया कि दोनों देशों के बीच पिछले साल की तुलना में व्यापार 20 प्रतिशत बढ़ा है.
बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने दोनों देशों के बीच बढ़ते संबंधों का स्वागत किया है और सार्क सदस्य देशों के बीच ज्यादा मुलाकातों पर भी ज़ोर दिया है.
बांग्लादेश के नए मुख्य न्यायाधीश बने ज़ुबैर रहमान चौधरी
इमेज स्रोत, CA Press Wing
इमेज कैप्शन, जस्टिस जुबैर रहमान चौधरी बने बांग्लादेश के 26वें मुख्य न्यायाधीश
बांग्लादेश में जस्टिस ज़ुबैर रहमान चौधरी ने देश के 26वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली है.
रविवार सुबह बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने उन्हें इस पद की शपथ दिलाई.
बांग्लादेश की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने यह ख़बर दी है.
इससे पहले बांग्लादेश के कानून मंत्रालय ने 23 दिसंबर को राष्ट्रपति के आदेश से एक नोटिफिकेशन जारी किया था. जिसमें कहा गया था राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 95 (1) द्वारा दी गई शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए जस्टिस ज़ुबैर रहमान चौधरी को बांग्लादेश का चीफ़ जस्टिस नियुक्त किया है.
क्या आप अभी-अभी बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज से जुड़े हैं?
अगर हाँ, तो देश-दुनिया की हलचल से अपडेट होने के लिए बस एक क्लिक करें.
नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें और जानें आज सुबह से अब तक की 5 बड़ी ख़बरें.
इंटरनेशनल क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने वाली चौथी महिला क्रिकेटर बनीं स्मृति मंधाना
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, स्मृति मंधाना ने इंटरनेशनल क्रिकेट 10 हजार रन पूरे कर लिए हैं
भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे चौथे महिला टी20 मैच में स्मृति मंधाना ने 80 रन बनाए हैं. इसके साथ ही वो इंटरनेशनल क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने वाली चौथी महिला क्रिकेटर बन गई हैं.
क्रिकेट न्यूज़ वेबसाइट ईएसपीएन के मुताबिक़ स्मृति मंधाना और मिताली राज (10,868) के अलावा न्यूज़ीलैंड की सूज़ी बेट्स (10,652) और इंग्लैंड की शार्लेट एडवर्ड्स (10,273) ने यह मुक़ाम हासिल किया है.
तिरुवनंतपुरम में खेले जा रहे इस टी20 मैच में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया था.
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 162 रन जोड़े. ओपनिंग करने उतरी स्मृति मंधाना ने 80 रन बनाए वहीं शेफाली वर्मा ने 79 रन की पारी खेली
भारत ने श्रीलंका को जीत के लिए 222 रन का लक्ष्य दिया है.
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ हिंसा के मुद्दे पर क्या बोले असदुद्दीन ओवैसी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि बांग्लादेश में स्थिरता बेहद ज़रूरी है
एआईएमआईएम के प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ हिंसा और भारत-बांग्लादेश के रिश्तों पर प्रतिक्रिया दी है.
असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "बांग्लादेश का निर्माण सेक्युलर बांग्ला नेशनलिज्म के आधार पर हुआ था. बांग्लादेश में 2 करोड़ अल्पसंख्यक, जो मुसलमान नहीं हैं, वो रहते हैं. बांग्लादेश के संविधान का अनुच्छेद 12 सेक्युलरिज्म की बात करता है."
उन्होंने कहा, "मैं यह आशा करता हूं कि भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव और अधिक ना बढ़े. दीपू चंद्र दास और अमृत मंडल के साथ जो कुछ भी हुआ वह उनके संविधान में दिए हुए प्रावधानों के ख़िलाफ़ है. मैं उम्मीद करता हूं कि मोहम्मद यूनुस बांग्लादेश में रह रहे सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे."
ओवैसी ने कहा, "हमें यह भी याद रखना ज़रूरी है कि पूर्वोत्तर राज्यों की सुरक्षा के लिए बांग्लादेश में स्थिरता ज़रूरी है."
अल्पसंख्यकों के हालात पर भारतीय विदेश मंत्रालय के बयान पर बांग्लादेश यह बोला
इमेज स्रोत, SCREEN GRAB
इमेज कैप्शन, बांग्लादेश ने भारत में अलग-अलग पक्षों से अपील की है कि वे गुमराह करने वाले बयान फैलाने से बचें
बांग्लादेश ने हाल ही में भारतीय विदेश मंत्रालय की ओर से बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की स्थिति पर दिए गए बयान को ख़ारिज किया है और इसे टारगेटेड बयान बताया है.
रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ़ेंस में बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता एसएम महबूबुल आलम ने यह बातें कही हैं.
बांग्लादेशी विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है, "उनके (भारत) बयान वास्तविक हालात को बयां नहीं करते हैं. बांग्लादेश सरकार किसी भी ग़लत, बढ़ा-चढ़ाकर बताई गई या जानबूझकर गढ़ी गई कहानी को सिरे से ख़ारिज करती है, जो बांग्लादेश में सांप्रदायिक सद्भाव की लंबी परंपरा को ग़लत तरीके़ से पेश करती है.”
बांग्लादेश ने भारत में अलग-अलग पक्षों से अल्पसंख्यक मुद्दों पर गुमराह करने वाली बातें फैलाने से बचने की अपील की है.
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने जिस व्यक्ति का उदाहरण दिया था, वह एक लिस्टेड अपराधी था.
मंत्रालय ने कहा, "उसकी मौत तब हुई जब वह अपने मुस्लिम साथी से पैसे वसूल रहा था, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया. इस घटना को अल्पसंख्यकों के साथ होने वाले बर्ताव के नज़रिए से पेश करना सही नहीं है बल्कि गुमराह करने वाला है."
इससे पहले भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बांग्लादेश के मैमनसिंह में दीपू चंद्र दास की हत्या का ज़िक्र करते हुए इसकी निंदा की थी.
रणधीर जायसवाल ने प्रेस ब्रीफ़िंग में कहा था, "भारत ने बांग्लादेश में फैलाए जा रहे झूठे भारत-विरोधी नैरेटिव को ख़ारिज किया है और दोहराया है कि क़ानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखना बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की ज़िम्मेदारी है."
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था, "भारत को उम्मीद है कि इस अपराध के दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा."
नेशनल कॉन्फ्रेंस के सांसद ने क्यों कही ख़ुद को हाउस अरेस्ट किए जाने की बात?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, जम्मू कश्मीर में आरक्षण पॉलिसी के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे स्टूडेंट्स को हिरासत में लिया गया है
जम्मू कश्मीर में आरक्षण को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हिरासत में लिए जाने पर नेशनल कॉन्फ़्रेंस के सांसद रूहुल्लाह मेहदी ने प्रतिक्रिया दी है.
एक वीडियो जारी करते हुए रूहुल्लाह मेहदी ने कहा, "इन बेगुनाह स्टूडेंट्स को छोड़ा जाए. इनका सिर्फ़ इतना जुर्म था कि उन्होंने अपने हक़ के बारे में बात की, किसी भी क़ानून को नहीं तोड़ा और कोई गैर क़ानूनी काम नहीं किया."
उन्होंने कहा, “मैं यह सवाल पूछना चाहता हूं कि यह किसके कहने पर हुआ, स्टूडेंट्स की गिरफ्तारी, मेरा हाउस अरेस्ट ये सारी चीज़ें यह किसके कहने पर हुईं.”
रूहुल्लाह मेहदी ने कहा, “मुझे पूरी उम्मीद है कि हमें इसका जवाब मिलेगा, क्योंकि हम यह मानना चाहते हैं कि यह हमारी चुनी हुई सरकार के कहने पर नहीं हुआ. यह सब तथाकथित एलजी एडमिनिस्ट्रेशन के कहने पर हुआ है.”
फ़्रेंच सिनेमा की मशहूर एक्टर ब्रिजिट बार्डोट का 91 साल की उम्र में निधन
इमेज स्रोत, Philippe Caron/Sygma/Getty Images
इमेज कैप्शन, मशहूर एक्टर ब्रिजिट बार्डोट की मौत कहां और कैसे हुई इसके बारे में जानकारी सामने नहीं आई है
फ्रेंच सिनेमा की मशहूर एक्टर और गायिका ब्रिजिट बार्डोट का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है. ब्रिजिट बार्डोट के फाउंडेशन ने इसकी जानकारी दी है.
फाउंडेशन की ओर से जारी किए बयान में यह नहीं बताया गया है कि उनकी मौत कहां और कैसे हुई.
ब्रिजिट ऐनी-मैरी बार्डोट का जन्म 28 सितंबर 1934 को पेरिस में हुआ था.
उन्होंने फ्रेंच सिनेमा की कई हिट फ़िल्मों में काम किया, जिसमें 1956 की 'एंड गॉड क्रिएटेड वुमन' भी शामिल है.
इमेज स्रोत, Gilles BASSIGNAC/Gamma-Rapho via Getty Images
इमेज कैप्शन, फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ब्रिजिट बर्डोट के निधन पर दुख जताया है
"बीबी" के नाम से मशहूर बार्डोट 1950 के दशक में सेक्सुअल लिबरेशन की प्रतीक बन गई थीं. उन्होंने लगभग 50 फिल्मों में काम किया.
ब्रिजिट बार्डोट के निधन पर फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने दुख जताया है.
मैक्रों ने दुख जताते हुए कहा, “उनकी फ़िल्में, उनकी आवाज़, उनकी शानदार शोहरत, उनके दुख और जानवरों के लिए उनका जुनून... ब्रिजिट बार्डोट ने आज़ादी भरी ज़िंदगी जी.”
बांग्लादेश: अंतरिम सरकार के कार्यकाल में ही पूरा किया जाएगा उस्मान हादी की हत्या का मुक़दमा
इमेज स्रोत, Osman Hadi/facebook
इमेज कैप्शन, बांग्लादेश के आंतरिक मामलों के सलाहकार ने दस दिनों के भीतर उस्मान हादी हत्या मामले में चार्जशीट दाख़िल करने की बात कही है
बांग्लादेश के आंतरिक मामलों के सलाहकार जहांगीर आलम चौधरी ने कहा है कि इंक़लाब मंच के प्रवक्ता शरीफ़ उस्मान हादी की हत्या का मुक़दमा इस अंतरिम सरकार के कार्यकाल में चलाया जाएगा.
उन्होंने रविवार को सचिवालय में एक प्रेस ब्रीफिंग में यह बयान दिया है.
जहांगीर आलम चौधरी ने कहा, "हादी भाई की हत्या का मुक़दमा इस मौजूदा अंतरिम सरकार के कार्यकाल में पूरा हो जाएगा."
जहांगीर आलम चौधरी ने ब्रीफिंग में उस्मान हादी हत्याकांड की प्रगति के बारे में जानकारी दी है.
उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि अगले दस दिनों के भीतर 7 जनवरी 2026 को इस मामले में चार्जशीट दाख़िल करना संभव होगा. हम जल्द ही इस हत्या का मुख्य कारण और इसमें शामिल लोगों की पूरी सूची जारी करेंगे, जिसमें उनके नाम और पते शामिल हैं."
बर्फ़ीले तूफ़ान के कारण स्वीडन में दो लोगों की मौत, फ़िनलैंड और नॉर्वे में बिजली सेवाएं प्रभावित
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बर्फ़ीले तूफ़ान के कारण स्वीडन में 40 हज़ार से ज़्यादा घरों में बिजली आपूर्ति ठप हुई है
नॉर्डिक देशों में आए बर्फ़ीले तूफ़ान के कारण स्वीडन में दो लोगों की मौत हो गई है. जोहान्स तूफ़ान के कारण नॉर्डिक देशों में यातायात और बिजली की सेवाएं प्रभावित हुई हैं.
स्वीडन के मौसम और जल विज्ञान संस्थान ने तूफ़ान जोहान्स के कारण तेज़ हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है.
स्थानीय मीडिया और पुलिस के मुताबिक़, देश के दक्षिणी हिस्से में स्थित कुंग्सबर्ग स्की रिसॉर्ट में एक पेड़ की चपेट में आने से 50 वर्ष के एक व्यक्ति की मौत हुई है.
वहीं क्षेत्रीय बिजली कंपनी हेमाब ने कहा कि उसके एक कर्मचारी की काम के दौरान दुर्घटना में मौत हो गई है.
इस तूफ़ान के कारण स्वीडन, फ़िनलैंड और नॉर्वे में दसों हज़ार से ज़्यादा घरों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है.
'आसमान में सुराख़' करने का हुनर बताने वाले शायर दुष्यंत कुमार
इमेज स्रोत, Alok Tyagi
इमेज कैप्शन, दुष्यंत कुमार उन गिने-चुने लेखकों में से थे जिन्होंने आपातकाल का पुरज़ोर विरोध किया.
दुष्यंत कुमार के गुज़र जाने के पांच दशकों बाद भी हिंदी में लिखे उनके शेर आज भी सड़कों, सभाओं और महफ़िलों में गूंज रहे हैं.
दुष्यंत को हिंदी ग़ज़ल का एक प्रकाश स्तंभ माना जाता है. मीर ने ग़ज़लों को दर्द में ढाला. ग़ालिब ने उसे सोच की ऊंचाई दी. दाग़ ने उसे आसान लहजा दिया. नज़ीर ने उसे लोकभाषा दी.
दुष्यंत की ग़ज़लों ने आम आदमी की तड़प को आवाज़ दी —
हो गई है पीर पर्वत-सी पिघलनी चाहिए,
इस हिमालय से कोई गंगा निकलनी चाहिए
दुष्यंत कुमार ने अपनी ग़ज़लों में आम आदमी की रोज़मर्रा की पीड़ा और उसका विरोध जोड़ा. उनके असरदार शेर लाखों लोगों के लिए नारे बने और उनकी शायरी में रूमानियत और ख़ूबसूरती भी कायम रही.
विवेचना में रेहान फ़ज़ल सुना रहे हैं दुष्यंत कुमार की कहानी.
यूपी: फ़ायरिंग रेंज में धमाका होने से सेना के चार जवान घायल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सहारनपुर में फ़ायरिंग अभ्यास के दौरान धमाका हुआ (प्रतीकात्मक तस्वीर)
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में फ़ायरिंग रेंज में अभ्यास के दौरान धमाका होने से सेना के चार जवान घायल हुए हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, यह धमाका बदकला फ़ायरिंग रेंज में हुआ है.
एसपी (ग्रामीण) सागर जैन ने पीटीआई को बताया है कि यह घटना शनिवार रात रूटीन अभ्यास के दौरान हुई है. उन्होंने बताया कि अचानक धमाका होने से जवान घायल हुए हैं.
हावड़ा-दिल्ली मेन लाइन पर मालगाड़ी के डिब्बे पलटने से दर्जनों ट्रेनें प्रभावित, चंदन कुमार जजवाड़े, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, हावड़ा-दिल्ली मेन लाइन पर मालगाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए हैं (प्रतीकात्मक तस्वीर)
हावड़ा- दिल्ली मेन लाइन पर जसीडीह और झाझा स्टेशन के बीच एक मालगाड़ी के कुछ डिब्बे पटरी से उतरने की वजह से कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं.
रेलवे के मुताबिक़ शनिवार देर रात क़रीब साढ़े ग्यारह बजे लाहाबन और सिमुलतला स्टेशन के बीच एक मालगाड़ी के 8 डिब्बे पटरी से उतर गए. इसकी वजह से इस लाइन पर अप-डाउन दोनों ही ट्रेनें बंद पड़ी हैं.
यह घटना रेलवे के आसनसोल डिवीज़न में हुई है. पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया है कि इससे कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है.
अब तक मिली जानकारी के मुताबिक़ इस हादसे का असर दर्जनों ट्रेनों पर पड़ा है, जिनमें कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है.
कई ट्रेनों के रूट बदल दिए गए हैं जबकि कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट भी किया गया है, यानी उनका सफ़र पूरा होने से पहले ही ख़त्म कर दिया गया है.
प्रभावित होने वाली प्रमुख ट्रेनें -
हावड़ा-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस
हावड़ा-पटना वंदेभारत एक्सप्रेस
वाराणसी-देवघर वंदेभारत एक्सप्रेस
हावड़ा-देहरादून कुंभ एक्सप्रेस
नमस्कार!
अब बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.
अब से रात 10 बजे तक इस लाइव पेज के ज़रिए बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
आरएसएस-बीजेपी को लेकर दिग्विजय सिंह के बयान पर सुप्रिया श्रीनेत ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सुप्रिया श्रीनेत का कहना है कि 'संघ जैसे नफ़रती' संगठन से हमें कुछ भी सीखने की ज़रूरत नहीं
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 'संगठन' की तारीफ़ करने पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी दिग्विजय सिंह के बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रही है.
सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "संघ जैसे नफ़रती संगठन से हमें कुछ भी सीखने की ज़रूरत नहीं है. हम भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस हैं, हमने ब्रिटिश हुकूमत और उसके अन्याय के ख़िलाफ़ आज़ादी की लड़ाई लड़ी और इसको जन आंदोलन बनाकर लड़े."
"हमें किसी से कुछ सीखने की ज़रूरत नहीं हैं बल्कि लोगों को हमसे सीखना चाहिए."
दिग्विजय सिंह ने क्या कहा था?
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने शनिवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक से पहले सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर एक तस्वीर पोस्ट कर पार्टी संगठन को लेकर बहस छेड़ दी.
दिग्विजय सिंह ने बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक तस्वीर पोस्ट कर लिखा कि चित्र बेहद प्रभावशाली है. उन्होंने लिखा, "आरएसएस का ज़मीनी स्वयंसेवक और जनसंघ-बीजेपी का कार्यकर्ता नेताओं के चरण में बैठकर प्रदेश के मुख्यमंत्री और देश का प्रधानमंत्री बना. ये संगठन की शक्ति है."
इस पोस्ट के बारे में पत्रकारों ने जब ये पूछा कि इसका क्या मतलब है, कांग्रेस संगठन में क्या वो सुधार चाहते हैं तो दिग्विजय सिंह ने कहा कि वो आरएसएस और बीजेपी के घोर विरोधी हैं. उन्होंने केवल 'संगठन' की तारीफ़ की है.
दिग्विजय के इस पोस्ट पर बीजेपी ने कहा है कि ये कांग्रेस का अंदरूनी मामला है.
ख़ालिदा ज़िया की तबीयत 'नाज़ुक', मेडिकल टीम ने दिया ये अपडेट
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ख़ालिदा ज़िया का इलाज 23 नवंबर से ढाका के एक अस्पताल में चल रहा है
बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष ख़ालिदा ज़िया की सेहत को लेकर उनकी चिकित्सा टीम ने जानकारी दी है.
बीबीसी बांग्ला के मुताबिक़, उनकी चिकित्सा टीम के सदस्य और पार्टी की स्थायी समिति के सदस्य एजेडएम ज़ाहिद हुसैन ने बताया कि ख़ालिदा ज़िया 'नाजु़क स्थिति' से गुजर रही हैं.
शनिवार रात 11:30 बजे अस्पताल के सामने एक प्रेस ब्रीफ़िंग में उन्होंने यह बात कही है.
ब्रीफ़िंग के कुछ घंटों बाद रविवार सुबह 6:30 बजे बीएनपी मीडिया सेल ने एक पोस्ट में एजेडएम ज़ाहिद हुसैन के हवाले से कहा, "बेगम ख़ालिदा ज़िया पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. बीएनपी के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक़ रहमान ने देशवासियों से उनकी मां के लिए प्रार्थना करने का अनुरोध किया है."
इससे पहले, तारिक़ रहमान और उनकी पत्नी जुबैदा रहमान रविवार को रात 9:30 बजे के बाद ख़ालिदा ज़िया को देखने अस्पताल गए और वे वहां लगभग दो घंटे तक रहे थे.
अरावली पहाड़ियों पर बढ़ते विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान
इमेज स्रोत, Getty Images
अरावली पहाड़ियों की 'नई परिभाषा' को लेकर उठे विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में स्वतः संज्ञान लिया है. अदालत सोमवार को इस पर सुनवाई करेगी.
लाइव लॉ और बार एंड बेंच के मुताबिक़, 'इन री: अरावली हिल्स और रेंज की परिभाषा और उससे जुड़े मुद्दे' शीर्षक वाले इस मामले की सुनवाई 29 दिसंबर को होगी.
इस पर भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ सुनवाई करेगी. इस पीठ में जस्टिस जेके महेश्वरी और जस्टिस एजी मसीह भी शामिल होंगे.
इससे पहले केंद्र सरकार की सिफ़ारिशों के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अरावली की जिस परिभाषा को स्वीकार किया है, उसके अनुसार आसपास की ज़मीन से कम से कम 100 मीटर (328 फीट) ऊँचे ज़मीन के हिस्से को ही अरावली पहाड़ी माना जाएगा.
दो या उससे ज़्यादा ऐसी पहाड़ियाँ, जो 500 मीटर के दायरे के अंदर हों और उनके बीच ज़मीन भी मौजूद हो, तब उन्हें अरावली शृंखला का हिस्सा माना जाएगा.
पर्यावरणविदों का कहना है कि सिर्फ़ ऊँचाई के आधार पर अरावली को परिभाषित करने से कई ऐसी पहाड़ियों पर खनन और निर्माण के लिए दरवाज़ा खुल जाने का ख़तरा पैदा हो जाएगा, जो 100 मीटर से छोटी हैं, झाड़ियों से ढँकी हैं और पर्यावरण के लिए ज़रूरी हैं.
अरावली पहाड़ियों की 'नई परिभाषा' पर हो रहे विरोध के बीच पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने एक बयान जारी किया है.
बयान के मुताबिक़, केंद्र सरकार ने राज्यों को निर्देश जारी कर अरावली क्षेत्र में किसी भी नई माइनिंग लीज़ को देने पर पूरी तरह रोक लगा दी है. यह प्रतिबंध पूरी अरावली पर समान रूप से लागू होगा.