नेतन्याहू ने ग़ज़ा में सैन्य अभियान तेज़ करने के फ़ैसले के समर्थन में दी ये दलील
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनका उद्देश्य ग़ज़ा पर कब्ज़ा करना नहीं, बल्कि उसे आज़ाद कराना है
ग़ज़ा में इसराइल के सैन्य अभियान तेज़ करने के फै़सले पर इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अपना पक्ष रखा है.
नेतन्याहू ने मीडिया से कहा, "मैं यहां झूठ की धज्जियां उड़ाने और सच को सामने रखने आया हूं. ग़ज़ा में अब भी हमास के हज़ारों हथियारबंद आतंकी मौजूद हैं, जिनका मक़सद इसराइल को तबाह करना है."
उन्होंने कहा, "ग़ज़ा के लोग हमास से छुटकारा पाने के लिए हमसे और दुनिया से गुहार लगा रहे हैं. हमास लोगों को मारने वाला संगठन है."
नेतन्याहू ने कहा है, "इसराइल का उद्देश्य ग़ज़ा पर कब्ज़ा करना नहीं बल्कि उसे आज़ाद करना है. यह जंग तभी ख़त्म होगी जब हमास बंधकों को रिहा करेगा और हथियार डालेगा."
रविवार को नेतन्याहू ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ये बातें कहीं.
उनका ये बयान ऐसे वक्त सामने आया है जब गज़ा में सैन्य अभियान तेज़ करने के फ़ैसले की घोषणा के बाद से इसराइल में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. विपक्षी नेता यायर लैपिड ने भी इस योजना का विरोध किया है.
इसराइली बंधकों और हमास-इसराइल संघर्ष में मारे गए लोगों के परिजनों का कहना है कि ग़ज़ा में प्रस्तावित हमलों से बंधकों और सैनिकों की जान को ख़तरा होगा.
उनके इस फै़सले की अंतरराष्ट्रीय समुदाय की तरफ से इसकी आलोचना की जा रही है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइली पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू के फैसले के खिलाफ इसराइल में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं
रविवार को इसराइली पीएम ने एक बार फिर कहा कि ग़ज़ा का विसैन्यीकरण किया जाएगा, जिसे लेकर उन्होंने एक रूपरेखा पेश की है. इसमें पांच बातें कही गई हैं-
हमास का निरस्त्रीकरण
सभी बंधकों की रिहाई
ग़ज़ा का विसैन्यीकरण (सेना को हटाना)
ग़ज़ा पट्टी की 'सुरक्षा' पर इसराइल का नियंत्रण
ग़ज़ा में एक अलग 'नागरिक प्रशासन' की स्थापना, जिसमें हमास और फ़लस्तीनी अथॉरिटी के लोग न हों.
बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इसराइल के पास 'काम पूरा करने' और हमास को 'हराने' के अलावा कोई और विकल्प नहीं है.
इसराइली पीएम ने कहा, "ग़ज़ा का 70-75 प्रतिशत हिस्सा इसराइली सेना के नियंत्रण में है लेकिन अब भी ग़ज़ा में हमास के दो गढ़ बचे हैं. उनमें से एक ग़ज़ा शहर है और दूसरा सेंट्रल कैंप्स हैं.
नेतन्याहू ने कहा, "इसराइल आम लोगों को जंग वाले क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकालेगा और उन्हें तय किए गए सुरक्षित स्थानों पर ले जाएगा. उन्हें पहले की तरह खाना, पानी और स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी."
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- कोई हमें छेड़े तो हम उसे छोड़ते नहीं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के ज़रिए भारत ने दुनिया को संदेश दिया है
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मध्य प्रदेश में एक फैक्ट्री के शिलान्यास के दौरान 'ऑपरेशन सिंदूर' और भारत के रक्षा निर्यात पर अपनी बात रखी है.
'ऑपरेशन सिंदूर' पर रक्षा मंत्री ने कहा है, "ऑपरेशन सिंदूर में हमने दुनिया को यह संदेश दिया कि हम किसी को छेड़ते नहीं हैं, लेकिन अगर कोई हमें छेड़े तो हम उसे छोड़ते भी नहीं हैं."
राजनाथ सिंह ने कहा है, "आज हम भारत में ऐसे हथियार भी बना रहे हैं, जो हम कभी दूसरे देशों से खरीदा करते थे. अगर हम हथियार बेचने की बात करें, तो आज भारत का रक्षा निर्यात लगभग 24,000 करोड़ रूपए सालाना हो गया है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है."
पाकिस्तान की कैद से भागने वाले एयर फ़ोर्स के अधिकारी डीके पारुलकर का निधन
इमेज स्रोत, Dilip Parulkar
इमेज कैप्शन, 1972 में डीके पारुलकर अपने साथियों के साथ रावलपिंडी के युद्धबंदी कैंप से भाग निकले थे
पाकिस्तान की कैद से अपने साथियों के साथ भागने वाले भारतीय वायु सेना के पूर्व अधिकारी ग्रुप कैप्टन डीके पारुलकर का निधन हो गया है.
भारतीय वायु सेना अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी दी है.
इस पोस्ट में लिखा गया है, "1971 की जंग के हीरो ग्रुप कैप्टन डीके पारुलकर, जिन्होंने पाकिस्तान की कैद से बहादुरी से निकलकर भारतीय वायु सेना के साहस, चतुराई और गौरव का परिचय था, उनका निधन हो गया है."
ग्रुप कैप्टन डीके पारुलकर 13 अगस्त, 1972 को अपने साथी मलविंदर सिंह गरेवाल और हरीश सिंह जी के साथ रावलपिंडी के युद्धबंदी कैंप से भाग निकले थे.
इराक़: क्लोरीन गैस रिसाव के कारण 600 से ज़्यादा लोग अस्पताल में भर्ती
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा है (फ़ाइल फोटो)
इराक़ के कर्बला में क्लोरीन गैस के रिसाव के कारण 600 से ज्यादा श्रद्धालुओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मिल रही रिपोर्टों के अनुसार इन लोगों को सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था.
समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार यह घटना इराक़ के दो पवित्र माने जाने वाले शहरों नज़फ़ और कर्बला के बीच हुई है.
स्थानीय प्रशासन के अनुसार नज़फ़-कर्बला रोड पर एक वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट से हो रहे क्लोरीन गैस के रिसाव के कारण यह घटना हुई है.
इराक़ के स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा है, "कर्बला में क्लोरीन गैस के रिसाव के कारण दम घुटने के 621 मामले दर्ज किए गए हैं. सभी को ज़रूरी स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई गईं और सभी लोग सही सलामत अस्पताल से चले गए हैं."
ग़ज़ा में युद्ध तेज़ करने के इसराइल के फ़ैसले पर क्या बोला अंतरराष्ट्रीय समुदाय?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ग़ज़ा में युद्ध तेज़ करने के इसराइल के फै़सले पर अमेरिका, जर्मनी, ब्रिटेन सहित कई देशों ने प्रतिक्रिया दी है.
इसराइल ने ग़ज़ा में अपने सैन्य अभियान को और तेज़ करने का फै़सला किया है. इसराइल के भीतर और बाहर इसका विरोध किया जा रहा है. कई मुल्कों ने इसका विरोध किया है.
जर्मनी के चांसलर फ़्रिड्रिख़ मर्त्ज़ ने कहा है कि वह इसराइल को निर्यात किए जाने वाले उन हथियारों पर रोक लगाएंगे, जिनका इस्तेमाल ग़ज़ा पट्टी में किया जा सकता है.
वहीं ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने इस फै़सले को ग़लत बताया है और कहा है कि इससे सिर्फ और ज्यादा खू़न ख़राबा होगा.
चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि ग़ज़ा पर फ़लस्तीन के लोगों का हक है और यह फ़लस्तीन का एक अटूट हिस्सा है. चीनी विदेश मंत्रालय ने तत्काल युद्धविराम की अपील की है.
अमेरिकी उप राष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि ट्रंप प्रशासन हमास का सफाया चाहता है ताकि वह दोबारा इसराइल पर हमला न कर सके. साथ ही वो ग़ज़ा में मानवीय संकट का समाधान भी चाहता है.
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार के प्रमुख वोल्कर तुर्क ने चेतावनी दी है कि इसराइल के इस कदम के कारण ग़ज़ा में बड़े पैमाने पर जबरन विस्थापन, अधिक हत्याएं और लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा.
यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा है कि इस फै़सले पर दोबारा विचार करना चाहिए.
वहीं फ़लस्तीनी अथॉरिटी के प्रमुख महमूद अब्बास ने इसे घोर अपराध बताया है.
ग़ज़ा को लेकर इसराइली सरकार की इस योजना के विरोध में आए विपक्षी नेता
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल के विपक्षी नेता यायर लैपिड ने ग़ज़ा में युद्ध तेज़ करने की योजना का विरोध किया है
इसराइल के विपक्षी नेता यायर लैपिड ने ग़ज़ा में युद्ध और तेज़ करने की सरकार की योजना के विरोध में देशव्यापी हड़ताल की अपील का समर्थन किया है.
उन्होंने कहा है, “अगले रविवार को होने वाला विरोध प्रदर्शन उचित और न्यायपूर्ण है.”
इससे पहले हमास के कब्ज़े में मौजूद एक बंधक की मां ने देशव्यापी हड़ताल की अपील की थी.
इसराइली बंधकों और हमास-इसराइल संघर्ष में मारे गए लोगों के परिजनों का कहना है कि ग़ज़ा में प्रस्तावित हमलों से बंधकों और सैनिकों की जान को ख़तरा होगा.
इसराइल की ओर से तैयार की गई हमले की इस योजना पर चर्चा करने के लिए न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक भी होने वाली है. इस बीच प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू एक न्यूज़ कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं.
इसराइल के फै़सले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीखी और बड़ी आलोचना हुई है.
कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी ने राहुल गांधी को जारी किया नोटिस
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी ने राहुल गांधी से उनकी तरफ से लगाए गए आरोपों से जुड़े दस्तावेजों की मांग की है
राहुल गांधी ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर चुनाव आयोग पर आरोप लगाए थे. अब कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी ने राहुल गांधी को नोटिस जारी किया है.
कर्नाटक के मुख्य चुनाव अधिकारी की ओर से जारी किए नोटिस में लिखा है, "आपने अपनी प्रेजेंटेशन में कहा था कि यह डेटा चुनाव आयोग का है और आपने यह भी कहा था कि पोलिंग ऑफिसर की ओर से दिए गए रिकॉर्ड में शकुन रानी नाम की महिला ने दो बार वोट डाला है."
"आपने कहा था इस वोटर कार्ड पर दो बार वोट डाली गई है, वो जो टिक का निशान है वो पोलिंग बूथ के ऑफिसर का है."
नोटिस में कहा गया है, "जांच में शकुन रानी ने कहा है कि उन्होंने सिर्फ एक बार वोट डाला है, दो बार नहीं, जैसा कि आप आरोप लगा रहे हैं. शुरुआती जांच में यह बात भी सामने आई है कि जिस टिक लगे दस्तावेज को आपने दिखाया था, वो दस्तावेज पोलिंग ऑफिसर की ओर से नहीं जारी किया गया था."
नोटिस में आगे कहा गया है, "इसलिए आपसे निवेदन है कि जिन दस्तावेजों के आधार पर आपने यह दावा किया है कि शकुन रानी या किसी अन्य ने दो बार वोट डाला है, उन दस्तावेजों को उपलब्ध कराएं ताकि मामले की ठीक से जांच हो सके."
एशिया कप और शुभमन गिल पर क्या बोले सौरव गांगुली?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सौरव गांगुली ने कहा है कि आगामी एशिया कप में भारत को हराना बहुत मुश्किल हो सकता है.
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि शुभमन गिल भारत के कप्तान हैं और वो भारतीय टीम का भविष्य हैं.
आगामी एशिया कप पर गांगुली ने कहा है, "नौ तारीख से एशिया कप शुरू होने जा रहा है. भारत बहुत मज़बूत टीम है."
उन्होंने कहा है, "भारतीय टीम जितनी लाल बॉल के साथ मजबूत है, उससे कहीं ज्यादा व्हाइट बॉल के साथ मज़बूत है. मेरे हिसाब से भारतीय टीम एशिया कप में फेवरेट्स हैं."
सौरव गांगुली ने कहा है, "दुबई की उन अच्छी विकटों पर भारत को हराना बहुत मुश्किल होगा."
इस साल सितंबर में एशिया कप टूर्नामेंट खेला जाना है. इसमें भारत के अलावा अफ़ग़ानिस्तान, बांग्लादेश, हॉन्ग कॉन्ग, ओमान, पाकिस्तान, श्रीलंका और यूएई की टीमें खेलेंगी.
राजनाथ सिंह बोले- कुछ लोगों को भारत का विकास रास नहीं आ रहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत का विकास कुछ लोगों को रास नहीं आ रहा है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत पर अमेरिका के लगाए गए टैरिफ़ की ओर इशारा करते हुए टिप्पणी की है.
राजनाथ सिंह ने कहा, "कुछ लोग हैं, जिन्हें तेज़ी के साथ हो रहा भारत का विकास रास नहीं आ रहा है. उन्हें अच्छा नहीं लग रहा है."
उन्होंने कहा, "उन्हें लगता है सबके बॉस तो हम हैं, भारत कैसे इतनी तेज़ी के साथ बढ़ रहा है."
रक्षा मंत्री मध्य प्रदेश के रायसेन में एक फैक्ट्री के भूमिपूजन समारोह में शिरकत कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने इशारों में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर लगाए गए टैरिफ़ को लेकर टिप्पणी की.
रक्षा मंत्री ने कहा है, "बहुतों के द्वारा यह कोशिश की जा रही है कि कुछ ऐसा किया जाए ताकि भारत में भारतवासियों के हाथों जो चीज़ें तैयार हो रही हैं, वो दुनिया के देशों में जाएं तो उन देशों में बनने वाली चीज़ों से महंगी हो जाएं. भारत के लोगों के हाथों से बनी चीज़ें जब महंगी हो जाएंगी तो दुनिया के लोग उसे नहीं खरीदेंगे, यह कोशिश की जा रही है.”
राजनाथ सिंह ने कहा है, "लेकिन भारत जितनी तेज़ी के साथ आगे बढ़ रहा है, मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूं कि अब भारत को दुनिया की कोई ताकत विश्व की एक बड़ी शक्ति बनने रोक नहीं सकती है."
नितिन गडकरी बोले- आर्थिक रूप से संपन्न देश दादागिरी करते हैं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, नितिन गडकरी ने कहा है कि भारत अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है
नितिन गडकरी ने नागपुर के वीएनआईटी कॉलेज में देश की आर्थिक तरक्की और तकनीक के संबंध में बात करते हुए आर्थिक रूप से संपन्न देशों पर टिप्पणी की है.
नितिन गडकरी ने कहा है, “विश्व में हम अनेक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं. इन सभी समस्याओं का उपाय एक ही है और वो है साइंस एंड टेक्नोलॉजी.”
उन्होंने कहा है, “आज जो दादागिरी करते हैं वो इसलिए करते हैं क्योंकि वो आर्थिक रूप से संपन्न हैं, इसलिए करते हैं क्योंकि उनके पास तकनीक है. अगर उनसे अच्छी तकनीक और संसाधन हमारे पास आएंगे तो हमें दादागिरी नहीं करनी है. हमारी संस्कृति कहती है कि विश्व का कल्याण हो.”
उन्होंने कहा है, “हमें अगर विश्व गुरु बनना है तो हमारे वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को उस दिशा में काम करना होगा तभी देश की प्रगति होगी और विकास की दर और तेज़ी से बढ़ेगी. हमारा निर्यात बढ़ेगा और मुझे नहीं लगता कि हमें किसी के पास जाना पड़ेगा.”
नितिन गडकरी ने कहा है, “आने वाले समय में विश्व की दृष्टि से, राष्ट्र की दृष्टि से और समाज के शोषित और पीड़ित लोगों की दृष्टि से अगर तकनीक का विकास होगा तो अच्छा होगा.”
चुनाव आयोग पर राहुल गांधी के आरोप को लेकर चिराग पासवान ने दिया ये जवाब
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, चिराग पासवान ने कहा है कि विपक्ष देश में अराजकता का माहौल बनाना चाहता है.
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा है कि चुनाव आयोग को बदनाम करने की साजिश की जा रही है.
चिराग पासवान ने कहा, "राहुल जी ने दो दिन पहले पूरा इवेंट किया और प्रेजे़ेटेशन दी. वो भी कहां (कर्नाटक) को लेकर, जहां पर उनकी खुद की सरकार है."
उन्होंने इसे साजिश करार देते हुए आरोप लगाया कि ये पूरी साजिश "चुनाव आयोग को बदनाम करने की सोच के साथ" की जा रही है.
उन्होंने कहा है, "राहुल जी ने प्रेस कॉफ़्रेंस कर दी. जब उनको कहा गया कि सत्यापित करके दिखाओ तो वो सत्यापित नहीं करेंगे. जब आपको इतना विश्वास है कि जो आप कह रहे हैं सही कह रहे हैं, तो जाइए एक बार शिकायत तो कीजिए."
चिराग पासवान ने कहा, "अगर एसआईआर कर्नाटक में किया जाएगा तो इनको फिर से दिक्कत होगी. फिर यही लोग बोलेंगे कि यहां पर एसआईआर क्यों किया जा रहा है."
उन्होंने कहा है, "हकीकत यह है कि यह लोग संवैधानिक संस्थाओं के अस्तित्व को ही ख़त्म कर देना चाहते हैं."
अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
चुनाव आयोग को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा, "आप यहां लोकतंत्र को मजबूत करने, निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए हैं. अगर विपक्ष सवाल उठा रहा है, प्रक्रिया पर शिकायत या सुझाव दे रहा है, तो कम से कम इस प्रक्रिया को सरल बनाया जाना चाहिए."
उन्होंने कहा, "राहुल गांधी ने कई सबूत पेश किए हैं कि किस तरह हेराफेरी हुई है, और अब बिहार में यह नए तरीके से हो रही है. ये चलने वाला नहीं है."
तेजस्वी ने कहा "चुनाव आयोग अगर ग़लत पाया जाए तो चुनाव आयुक्त को एसआईआर वापस लेना चाहिए और माफ़ी मांगनी चाहिए."
दो मतदाता पहचान पत्र रखने के तेजस्वी यादव के आरोपों पर बोले बिहार के डिप्टी सीएम
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बिहार के उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फ़ॉर्म भरा था
बिहार के उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दो मतदाता पहचान पत्र रखने के तेजस्वी यादव के आरोपों पर जवाब दिया है.
उन्होंने कहा, "जब हम पटना कदमकुआं में रहते थे तब हमारे पूरे परिवार का नाम बांकीपुर में था."
विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि अप्रैल 2024 में हमने लखीसराय विधानसभा में नाम जुड़वाने का फ़ॉर्म भरा था और उसी समय हमने बांकीपुर से नाम हटाने का फ़ॉर्म भी भरा था.
उन्होंने कहा, "किसी कारण से नाम नहीं हटा. फिर जब मतदाता सूची प्रकाशित हुई तो किसी ने बताया कि हमारा नाम उसमें है तो फिर से बीएलओ को बुलाकर नाम हटाने का फ़ॉर्म भरा. इन दोनों बातों का प्रमाण मेरे पास है."
उन्होंने बताया, "मैं लखीसराय से ही वोट देता हूं और इस बार भी हमने लखीसराय से ही मतदाता सूची के लिए फ़ॉर्म भरा है."
रविवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि राज्य के उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के पास दो मतदाता पहचान पत्र हैं.
पीएम मोदी ने बेंगलुरु में तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेट्रो फ़ेज़-3 परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के केएसआर रेलवे स्टेशन से तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई.
इनमें बेंगलुरु-बेलगावी, अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा और नागपुर (अजनी)-पुणे वंदे भारत ट्रेनें शामिल हैं.
इसके बाद वह आरवी रोड (रगीगुड्डा) से बोम्मासंद्रा मेट्रो स्टेशन के बीच नम्मा मेट्रो की बहुप्रतीक्षित येलो लाइन का उद्घाटन करेंगे.
साथ ही प्रधानमंत्री मेट्रो फ़ेज़-3 परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे.
प्रधानमंत्री का यह दौरा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की बेंगलुरु में हुई 'वोट अधिकार रैली' के दो दिन बाद हो रहा है.
इस रैली में राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव 2024 में "मतदाता धोखाधड़ी" का आरोप लगाया था.
तेजस्वी यादव का आरोप- डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के दो मतदाता पहचान पत्र हैं
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, तेजस्वी यादव ने बीजेपी से सवाल किया है कि 'कौन फ़र्ज़ीवाड़ा कर रहा है'
बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि राज्य के उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के पास दो मतदाता पहचान पत्र हैं.
उन्होंने राज्य में हुए स्पेशल इंटेंसिव रिवीज़न (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए हैं.
इन आरोपों पर विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि तेजस्वी यादव जनता को गुमराह कर रहे हैं.
तेजस्वी यादव ने प्रेस वार्ता में कहा, "यह जानकारी चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है. इसके अलावा सभी पार्टियों को दी गई वोटर लिस्ट में भी उनका नाम दो विधानसभाओं में दर्ज है."
उन्होंने सवाल करते हुए कहा, "अब इसमें कौन फ़र्ज़ीवाड़ा कर रहा है और कौन नहीं कर रहा है. यह बात लोगों को अब पता होनी चाहिए. इनका नाम लखीसराय और बांकीपुर विधानसभा में दर्ज है."
"ऐसे में या तो चुनाव आयोग की एसआईआर की पूरी प्रक्रिया ही फ़र्ज़ीवाड़ा है या तो बिहार के उप मुख्यमंत्री ही फ़र्ज़ी हैं."
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "अब सवाल यह है कि क्या चुनाव आयोग या पटना ज़िला प्रशासन और लखीसराय ज़िला प्रशासन उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा को नोटिस भेजेगा? क्या विजय सिन्हा पर कोई कार्रवाई होगी?"
यूरोप के सहयोगी बोले- शांति वार्ता बिना यूक्रेन को शामिल किए नहीं हो सकती, स्टुअर्ट लाउ, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, EPA
इमेज कैप्शन, मैक्रों, ज़ेलेंस्की और स्टार्मर ने मई में यूक्रेन में बैठक की थी
यूक्रेन के यूरोपीय सहयोगियों ने कहा है कि रूस के साथ किसी भी शांति वार्ता में कीएव को शामिल किया जाना चाहिए.
सहयोगियों ने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि उसके बिना कोई भी शांति वार्ता नहीं हो सकती.
यह ख़बर ऐसे समय में आई है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 15 अगस्त को अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ यूक्रेन में युद्ध को लेकर वार्ता करने की तैयारी कर रहे हैं.
ब्रिटेन, फ्रांस, इटली, जर्मनी, पोलैंड, फ़िनलैंड और यूरोपियन यूनियन के नेताओं द्वारा जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया, "यूक्रेन में शांति का मार्ग कीएव के बिना तय नहीं किया जा सकता है."
ट्रंप और पुतिन के बीच होने जा रही वार्ता में यूक्रेन को अभी तक आमंत्रित नहीं किया गया है.
यूक्रेन को शामिल न करने से चिंतित यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन के बिना कोई भी समझौता "अमान्य" होगा.
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि ट्रंप, पुतिन और ज़ेलेंस्की के साथ त्रिपक्षीय बैठक करने के इच्छुक हैं लेकिन पुतिन की इच्छा के अनुसार 15 जुलाई की बैठक ट्रंप और पुतिन के बीच होगी.
इसराइल की ग़ज़ा सिटी पर नियंत्रण की योजना के ख़िलाफ़ यरूशलम में प्रदर्शन
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बंधकों के समर्थन में इसराइल की योजना के ख़िलाफ़ यरूशलम में प्रदर्शन किया गया (फ़ाइल फ़ोटो)
बंधकों के समर्थन में इसराइल की ग़ज़ा सिटी पर नियंत्रण की योजना के ख़िलाफ़ शनिवार को यरूशलम में हज़ारों लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया.
प्रदर्शनकारी यरूशलम की सड़कों पर उतर आए और प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के आधिकारिक निवास की ओर मार्च किया,
जिससे ग़ज़ा सिटी पर पूर्ण रूप से नियंत्रण करने की उनकी सरकार की योजना के ख़िलाफ़ अपना आक्रोश व्यक्त कर सकें.
इसराइल के पूर्व सैनिक मैक्स क्रेश ने एक तख़्ती लेकर मार्च किया जिस पर लिखा था "मैं इनकार करता हूं."
उन्होंने बीबीसी के अमीर नादेर से कहा, "हम 350 से अधिक सैनिक हैं, जिन्होंने युद्ध लड़ा लेकिन हमें नेतन्याहू के राजनीतिक युद्ध से इनकार है."
इसराइल के तेल अवीव, हाइफ़ा सहित कई शहरों में विरोध प्रदर्शन हुए.
इसराइल की ग़ज़ा सिटी योजना को लेकर संयुक्त राष्ट्र के अलावा ब्रिटेन, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, तुर्की, जर्मनी, फ़िनलैंड और कनाडा समेत कई देशों ने इसकी निंदा की है.
संयुक्त राष्ट्र ने चेतावनी दी है कि इसराइल की इस कार्रवाई से ग़ज़ा में इसराइली बंधकों और फ़लस्तीनी नागरिकों के लिए "विनाशकारी" परिणाम हो सकता है.
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने एक्स पर पोस्ट कर बताया है कि जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ ज़िले में भारतीय सेना और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है.
इस पोस्ट में बताया गया है, "हमें ख़ुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ आतंकवादी इलाके़ में मौजूद हैं. इसी जानकारी के आधार पर 10 अगस्त 2025 को किश्तवाड़ के ढुल में ऑपरेशन शुरू किया. इसके बाद दोनों तरफ से हुई गोलीबारी के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई. यह ऑपरेशन अभी भी जारी है."
इससे पहले शनिवार को जम्मू-कश्मीर के अखाल में चरमपंथियों के साथ हुई मुठभेड़ में भारतीय सेना के दो जवानों की मौत हो गई थी.