You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

टी20 सिरीज़ के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराया

टी20 के चार मैचों की सिरीज़ के दूसरे मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को रविवार को हरा दिया है

सारांश

  • बांग्लादेश की अंतरिम सरकार शेख़ हसीना को वापस लाने के लिए इंटरपोल की मदद लेगी
  • कश्मीर के किश्तवाड़ ज़िले में शनिवार को चरमपंथियों के साथ हुई सेना की मुठभेड़ में एक सिपाही की मौत हो गई है.
  • रूस और यूक्रेन ने किए एक दूसरे पर ड्रोन हमले
  • क़तर, हमास और इसराइल के बीच मध्यस्थता से पीछे हट गया है.
  • डोनाल्ड ट्रंप को एरिज़ोना में मिली जीत, सातों स्विंग स्टेट में हारीं कमला हैरिस.
  • दिल्ली में ‘बहुत ख़राब’ श्रेणी में पहुंचा एक्यूआई, पाकिस्तान में भी हवा का हाल बेहाल.

लाइव कवरेज

अभिषेक पोद्दार, कीर्ति रावत

  1. टी20 सिरीज़ के दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को हराया

    टी20 के चार मैचों की सिरीज़ के दूसरे मैच में दक्षिण अफ़्रीका ने भारत को रविवार को हरा दिया है. एक तरफ टीम के विकेट गिरते रहे, लेकिन ट्रिस्टन स्टब्स क्रीज पर मौजूद रहे और उन्होंने 47 रनों की पारी खेली.

    दरअसल, पहले बैटिंग करते हुए भारत छह विकेट पर 124 रन ही बना सका था. इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने 7 विकेट खोकर 19 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया. भारत की ओर से वरुण चक्रवर्ती ने 5 विकेट लिए.

    मैच का टॉस दक्षिण अफ़्रीका ने जीता और पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला लिया था. दक्षिण अफ़्रीका ने अच्छी शुरुआत करते हुए शुरू के तीन बल्लेबाजों को जल्द आउट कर दिया.

    पिछले मैच में शतक लगाने वाले बैट्समैन संजू सैमसन इस मैच में शून्य पर आउट हो गए, इसके बाद अभिषेक शर्मा चार और भारतीय कप्तान सूर्य कुमार यादव भी चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

    दूसरे बल्लेबाज़ों ने पारी को संभालने की कोशिश की. इनमें अक्षर पटेल ने 21 गेंदों पर 27 रन और तिलक वर्मा ने 20 गेंदों पर 20 रन की पारी खेली. हार्दिक पांड्या ने सबसे अधिक 39 रन बनाए.

    इस सिऱीज का पहला मैच भारत ने जीता था.

  2. नमस्कार!

    अभी तक बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत इस लाइव पेज के ज़रिए आप तक ख़बरों को पहुंचा रही थीं.

    सोमवार को कुछ नई और महत्वपूर्ण ख़बरों के साथ आपसे फिर जुड़ेंगे, लेकिन जाने से पहले बता दें कि आप दिन की महत्वपूर्ण खबरें नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    - ट्रंप के सहयोगी रहे ब्रायन लांज़ा ने यूक्रेन युद्ध रोकने को लेकर एक बयान दिया जिसके बाद यूक्रेन ने कड़ी प्रतिक्रिया दी. बाद में ट्रंप की टीम ने आगामी ट्रंप प्रशासन को इस बयान से अलग कर लिया. ब्रायन लांज़ा ने क्या कहा और इसे लेकर बहस क्यों छिड़ गई - पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - उत्तर प्रदेश में एक मकान को ध्वस्त करने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा. इस मामले में कोर्ट ने याचिकाकर्ता को राहत देते हुए यूपी सरकार को 'फटकार' लगाई. साथ ही कोर्ट ने यूपी सरकार को याचिकाकर्ता को मुआवज़ा देने के लिए भी कहा. क्या है पूरा मामला और याचिकाकर्ता का क्या कहना - पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - दशकों तक संघर्ष की साथी रहीं भारत की दो बेहतरीन महिलाएं सैय्यदा हमीद और अरूणा रॉय ने बीबीसी से बात की है. इस वीडियो को देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - कनाडा सरकार के छात्रों के लिए ‘स्टूडेंट डायरेक्ट स्ट्रीम’ को ख़त्म करने का ऐलान कर दिया है. कहा जा रहा है कि इसका सीधा असर भारतीय छात्रों पर पड़ेगा. कनाडा के इस फ़ैसले का भारतीय छात्रों पर क्या अलग होगा - पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

    - देश के सबसे प्रभावशाली मुख्य न्यायाधीशों में से एक रहे जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ के कार्यकाल की कई वजहों से आलोचना हो रही है. जस्टिस चंद्रचूड़, अपने भाषणों और इंटरव्यू से मीडिया की सुर्ख़ियों में बने रहे, ऐसा इतिहास में उनसे पहले शायद ही देखा गया हो. इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

  3. टी20 सिरीज़ के दूसरे मैच में भारत ने दक्षिण अफ़्रीका को दिया 125 रनों का लक्ष्य

    टी20 के चार मैचों की सिरीज़ के दूसरे मैच में भारत ने दक्षिण अफ़्रीका के सामने छह विकेट पर 125 रनों का लक्ष्य दिया है.

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका के बीच दूसरा मैच दक्षिण अफ्रीका के गकेबरहा के सेंट जॉर्ज पार्क स्टेडियम में हो रहा है.

    मैच का टॉस दक्षिण अफ़्रीका ने जीता और पहले गेंदबाज़ी का फैसला लिया था.

    हालांकि भारतीय टीम के बल्लेबाज़ों के प्रदर्शन ने दक्षिण अफ़्रीका के कैप्टन को सही साबित किया जब शुरू के तीन बल्लेबाज बहुत जल्द आउट हो गए.

    ओपेनिंग बैट्समैन संजू सैमसन शून्य पर आउट हो गए, इसके बाद अभिषेक शर्मा चार, और भारतीय कप्तान सूर्य कुमार यादव भी चार रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

    पिछले मैच में संजू सैमसन ने शतक लगाया था.

    हालांकि बीच के बल्लेबाज़ों ने पारी को संभालने की कोशिश की और अक्षर पटेल ने 21 गेंदों पर 27 रन और तिलक वर्मा ने 20 गेंदों पर 20 रन की पारी खेली है.

    हार्दिक पांड्या ने सर्वाधिक 39 रन बनाए.

    इस सिऱीज का पहला मैच दक्षिण अफ़्रीका के डरबन में खेला गया था. जिसमें भारत ने 61 रनों से जीत हासिल की थी और सिऱीज में 1-0 के बढ़त बनाई थी.

  4. बाबा सिद्दीकी मर्डर मामले में तीसरा शूटर यूपी के बहराइच से गिरफ़्तार

    बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में यूपी पुलिस ने एक बड़ी सफ़लता हासिल करने का दावा किया है.

    रविवार को यूपी एसटीएफ़ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि बाबा सिद्दीकी मामले में लॉरेंस विश्नोई गैंग के मुख्य शूटर शिव कुमार उर्फ़ शिवा और उसके चार साथियों को बहराइच से गिरफ़्तार किया गया है.

    बाकी चार अभियुक्तों के नाम हैं- अनुराग कश्यप (शूटर धर्मराज का भाई), ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, आकाश श्रीवास्तव और अखिलेंद्र प्रताप सिंह.

    12 अक्टूबर को रात 11.30 बजे महाराष्ट्र के ठाणे में राज्य सरकार के पूर्व मंत्री और अभिनेता सलमान ख़ान के क़रीबी बाबा सिद्दीकी की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी.

    पुलिस के अनुसार, इस हत्या में तीन शूटर शामिल थे जिनमें दो शूटर धर्मराज कश्यप और गुरमेल सिंह को मौके पर ही गिरफ़्तार कर लिया गया था, जबकि तीसरा शूटर शिव कुमार फ़रार हो गया था.

    यूपी एसटीएफ़ का कहना है कि गिरफ़्तार अभियुक्तों ने कबूल किया था कि जेल में बंद कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई के इशारे पर उन्होंने क़त्ल को अंजाम दिया था. साथ ही ये भी बताया था कि महाराष्ट्र निवासी शुभम लोनकर और जालंधर के यासीन अख़्तर इन शूटरों के गाइड और मददगार थे.

    एसटीएफ़ के अनुसार, मुंबई पुलिस ने तीसरे शूटर शिव कुमार की गिरफ़्तारी के लिए यूपी पुलिस से मदद मांगी थी.

  5. झारखंड: लालू यादव ने पार्टी उम्मीदवार के लिए किया चुनाव प्रचार, पीएम मोदी पर क्या कहा?

    काफ़ी दिनों से बीमार चल रहे लालू प्रसाद यादव झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान में पार्टी उम्मीदवार का प्रचार करते नज़र आए.

    झारखंड के कोडरमा में चतरा विधानसभा क्षेत्र से आरजेडी उम्मीदवार सुभाष यादव के समर्थन में रविवार को उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया.

    रैली को संबोधित करते हुए उन्हें पुराने अंदाज़ में देख समर्थक उत्साहित हो गए.

    उन्होंने कहा, "इंडिया गठबंधन एकजुट है और हर कोई गठबंधन को याद करता है...नरेंद्र मोदी नाम की कोई चीज नहीं है. नरेंद्र मोदी कौन हैं?. मैं आपसे आरजेडी उम्मीदवार सुभाष यादव को वोट देने का आग्रह करता हूं...आपको बीजेपी को उखाड़ फेंकना होगा."

    चुनाव प्रचार के लिए लालू यादव सुबह हेलीकॉप्टर से जाने वाले थे लेकिन तकनीकी ख़राबी के चलते उन्हें सड़क मार्ग से जाना पड़ा.

    अपने पुराने अंदाज़ में लालू यादव ने जनसभा में आए लोगों से कहा सुबह उन्हें देखकर हेलीकॉप्टर डर गया इसलिए वो सड़क मार्ग से सोते हुए आए हैं.

    उन्होंने कहा, “पूरे देश में इंडिया गठबंधन मजबूत है और झारखंड में भी ये गठबंधन काफ़ी मजबूत स्थिति में है.”

    अपने जाने पहचाने पुराने अंदाज़ में लालू यादव ने जनता से मुखातिब होकर कहा, "सुभाष यादव को जिताइए." फिर बोले, "बोलिए, जीत का माला पहना दूं?" इसके बाद भीड़ से नारों को शोर सुनाई देने लगता है.

    दो साल पहले सिंगापुर में लालू यादव का किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था. इसके बाद से उनकी राजनीतिक सक्रियता कम हो गई थी.

  6. लेबनान और उत्तरी ग़ज़ा में इसराइली हमले में '50 से अधिक' मौतें

    बचावकर्ताओं और अधिकारियों का कहना है कि लेबनान के उत्तरी हिस्से और ग़ज़ा पर हुए इसराइली हमलों में दर्जनों जानें गई हैं, इनमें कई बच्चे भी शामिल हैं.

    लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, राजधानी बेरुत के उत्तर में बिबलोस में अलमत के नज़दीक एक हमले में कम से कम 23 लोगों की मौत हुई है. मरने वालों में सात बच्चे भी हैं.

    मंत्रालय का कहना है कि बचावकर्मी अभी भी मलबे के भीतर लोगों की तलाश कर रहे हैं.

    वहीं फ़लस्तीनी न्यूज़ एजेंसी वफ़ा और ग़ज़ा में हमास के नियंत्रण वाली सिवेल डिफेन्स एजेंसी का कहना है कि जबालिया में एक घर पर हुए हमले में कम से कम 30 लोगों की मौत हुई है.

    सिविल डिफेन्स एजेंसी का कहना है कि मरने वालों में 13 बच्चे शामिल हैं.

    इसराइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ़) ने अब तक लेबनान पर हुए हमले के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है.

    हालांकि सेना ने कहा है कि ग़ज़ा में जबालिया में उन्होंने जिस जगह हमला किया था वहां "आतंकवादी सक्रिय थे".

    इसराइली सेना का कहना है कि आम लोगों को कम से कम नुक़सान पहुंचे इसके लिए ज़रूरी कदम उठाए गए थे. इस हमले से जुड़े विवरण की समीक्षा की जा रही थी.

  7. शेख़ हसीना को वापस लाने के लिए अब इंटरपोल की मदद लेगी बांग्लादेश की अंतरिम सरकार

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार का कहना है कि वह अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को भारत से वापस लाने और उनकी पार्टी के अन्य भगोड़े नेताओं को ढूंढने के लिए ग्लोबल पुलिस एजेंसी इंटरपोल की मदद लेगी.

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार इंटरपोल से 'रेड कॉर्नर नोटिस' अलर्ट जारी करने के लिए कह रही है.

    बांग्लादेश में छात्रों की अगुवाई वाले विरोध प्रदर्शनों पर पुलिस कार्रवाई के दौरान 700 से अधिक लोग मारे गए थे.

    हसीना और अवामी लीग के अन्य फ़रार नेताओं पर आरोप है कि जुलाई अगस्त में हुए विरोध प्रदर्शनों के दमन का उन्होंने ही आदेश दिया था.

    नई अंतरिम सरकार ने हसीना पर मानवता के ख़िलाफ़ अपराध के आरोप लगाए हैं.

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार की अगुवाई मुहम्मद यूनुस कर रहे हैं जिन्होंने व्यापक विरोध प्रदर्शनों के कारण पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना सरकार के पतन के बाद 8 अगस्त को सत्ता की बागडोर संभाली थी.

  8. मल्लिकार्जुन खड़गे ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के गेरुआ पहनावे पर कसा तंज

    कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुबंई में चल रहे संविधान बचाओ सम्मेलन में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज किया है.

    उन्होंने कहा, "एक नेता साधु के वेश में रहते हैं और अब अच्छे राजनेता बन गए हैं, मुख्यमंत्री भी बन गए हैं. वे 'गेरुआ' कपड़े पहनते हैं और उनके सिर पर बाल नहीं हैं. ऐसे एक नेता है जो बीजेपी ने पैदा किया है. मैं बीजेपी से यहीं कहूंगा कि या तो सफेद कपड़े पहनें और आप संन्यासी हैं या गेरुआ कपड़े पहनते हैं तो राजनीति से बाहर चले जाएं."

    उन्होंने कहा, "उस कपड़े की पवित्रता क्या रही? एक तरफ आप गेरुआ कपड़ा पहनते हो और दूसरी तरफ आप 'बटेंगे तो कटेंगे' कहते हो. ये लोग आराम से बड़ी-बड़ी गाड़ियों में घूम रहे हैं और गरीबों की बात करते हैं. लोगों में विष भर रहे हैं और तोड़ने का काम कर रहे हैं."

    बीते दिनों यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने झारखंड और महाराष्ट्र की रैलियों में 'बंटेंगे तो कटेंगे' और 'एक रहेंगे तो नेक रहेंगे' जैसे नारे दिए थे.

    वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी महाराष्ट्र में अपनी चुनावी रैलियों में 'एक रहेंगे सेफ रहेंगे' का नारा दिया है.

  9. जम्मू कश्मीर: किश्तवाड़ में चरमपंथियों के साथ मुठभेड़ में एक सिपाही की मौत

    कश्मीर के किश्तवाड़ ज़िले में शनिवार को चरमपंथियों के साथ हुई सेना की मुठभेड़ में एक सिपाही की मौत हो गई है.

    सेना की व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी है.

    पोस्ट में कहा गया है कि "नायब सुबेदार राकेश कुमार नौ नवंबर को किश्तवाड़ में चल रहे साझा अभियान का हिस्सा थे. उनकी बहादुरी को व्हाइट नाइट कोर और सभी रैंक के अधिकारी सलाम करते हैं."

    इससे कुछ घंटे पहले व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया पर बताया था कि "विशेष ख़ुफ़िया जानकारी मिलने के बाज 10 नवंबर को आतंकवादियों के ख़िलाफ़ सुरक्षा बलों ने किश्तवाड़ में अभियान शुरू किया है."

    इस बयान में दावा किया है कि यह वही समूह है जिसने दो दिन पहले किश्तवाड़ में "दो निर्दोष ग्राम सुरक्षा गार्ड्स का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी थी."

  10. पीएम मोदी और यूपी के सीएम योगी के बयानों पर क्या बोले अशोक गहलोत

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान पर राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने कहा, "यह देश का दुर्भाग्य है कि "एक हैं तो सेफ हैं" और "बटेंगे तो कटेंगे" जैसे शब्दों से काम लिया जा रहा है. आज़ादी के बाद मैंने आज तक नहीं देखा कि किसी नेता ने इन शब्दों से कभी काम लिया हो, चाहे वो किसी भी पार्टी का हो, उन्होंने ये शब्द कभी काम में नहीं लिए."

    उन्होंने सवाल किया, "बटेंगे तो कटेंगे- क्या मतलब है इसका?"

    "पहली बार ये शब्द काम में लिए जा रहे हैं, ये देश का दुर्भाग्य है."

    बीते दिनों यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने झारखंड और महाराष्ट्र की रैलियों में 'बंटेंगे तो कटेंगे' और 'एक रहेंगे तो नेक रहेंगे' जैसे नारे दिए थे.

    वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी महाराष्ट्र में अपनी चुनावी रैलियों में 'एक रहेंगे सेफ रहेंगे' का नारा दिया है.

  11. रूस और यूक्रेन का एक दूसरे पर बड़ा ड्रोन हमला, रूस में कई उड़ानें प्रभावित

    युद्ध की शुरुआत के बाद से रूस और यूक्रेन ने एक दूसरे अब तक के अपने सबसे बड़े ड्रोन हमले किए हैं.

    यूक्रेन की वायु सेना का कहना है कि रूस ने देश के सभी हिस्सों पर 145 ड्रोन हमले किए हैं. यूक्रेन का दावा है इनमें से ज़्यादातर को गिरा दिया गया है.

    वहीं रूस का कहना है कि यूक्रेन की ओर से भेजे गए 34 ड्रोन को राजधानी मॉस्को के पास पहुंचने से पहले गिरा दिया गया है.

    हालांकि इसका असर राजधानी मॉस्को के तीन प्रमुख एयरपोर्ट की उड़ानों पर पड़ा है.

    इससे पहले रूस के पश्चिमी इलाके पर भी बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले हुए थे.

    ये ड्रोन हमला ऐसे वक्त हुआ है जब अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप नए राष्ट्रपति चुन लिए गए हैं और कहा जा रहा है कि उनके नेतृत्व में प्रशासन दोनों देशों पर युद्ध ख़त्म करने का दबाव डालेगा.

  12. जम्मू कश्मीर में चरमपंथियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़, सेना ने क्या बताया

    जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ ज़िले में हथियारबंद चरमपंथियों की मौजूदगी को लेकर रविवार को भारतीय सेना अभियान चला रही है.

    सेना की व्हाइट नाइट कोर की ओर से सोशल मीडिया एक्स पर किए गए एक पोस्ट में कहा गया है, "10 नवंबर को आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में विशेष ख़ुफ़िया जानकारी मिली. इसके बाद सुरक्षा बलों ने किश्तवाड़ में अभियान शुरू किया है."

    इस बयान में दावा किया है कि यह वही समूह है जिसने दो दिन पहले किश्तवाड़ में "दो निर्दोष ग्राम सुरक्षा गार्ड्स का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी थी."

    बयान के अनुसार, "इस समूह का पता लगा लिया गया है और इलाक़े की घेराबंदी कर दी गई है. मुठभेड़ अभी जारी है."

    भारतीय सेना के चिनार कोर ने सोशल मीडिया एक्स पर श्रीनगर के पास चल रही एक और मुठभेड के बारे में जानकारी दी है.

    उन्होंने इस बारे में जानकारी साझा करते हुए कहा है, "ज़ाबरवान फ़ॉरेस्ट, इशबार निशात, श्रीनगर के इलाक़े में सुरक्षा बल संयुक्त अभियान चला रहे हैं."

    "निगरानी दस्तों ने कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी थीं और जब आतंकवादियों को ललकारा गया तो उन्होंने अंधाधुन फ़ायरिंग शुरू कर दी. सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की है. मुठभेड़ जारी है."

    इससे पहले बीते गुरुवार को दो विलेज डिफ़ेंस गॉर्ड्स के अपहरण और उनकी हत्या पर जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्लाह ने चिंता जताई था और घटना की निंदा की थी.

    उमर अब्दुल्लाह ने एक्स पर किए एक पोस्ट में लिखा, "किश्तवाड़ के कुंतवाड़ा में स्थानीय ग्राम रक्षा समिति के सदस्य कुलदीप कुमार और नज़ीर अहमद पद्दर की हत्या से मैं बहुत दुखी और चिंतित हूं. आतंकवादियों ने दो निर्दोष लोगों की हत्या कर दी जो अपने पशुओं को चराने ले गए थे. मैं इस हमले की स्पष्ट रूप से निंदा करता हूं."

    इस घटना की राज्य के उपराज्यपाल ने भी निंदा की है.

    पिछले कुछ समय से जम्मू-कश्मीर में चरमपंथी हमलों की कई घटनाएं लगातार हो रही हैं.

  13. असदुद्दीन ओवैसी का आरोप- मोदी चाहते हैं कि देश की विविधता ख़त्म हो जाए

    महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार के दौरान ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख और हैदराबाद से लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री मोदी के "एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे" बयान पर प्रतिक्रिया दी.

    एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "मोदी बोल रहे हैं कि एक हैं तो सेफ हैं लेकिन मजलिस कहती है अनेक हैं तो अखंड हैं."

    उन्होंने कहा, "मोदी बोल रहे है एक हो जाओ. भारत में अनेक लोग हैं, मराठा हैं, दलित हैं, मुसलमान हैं, ईसाई हैं, ओबीसी हैं, तमिल के हैं, तेलंगाना के हैं... कैसे हो जाएं. कोई अपने कल्चर को छोड़ेगा? मोदी चाहते हैं कि भारत की सारी विविधता ख़त्म हो जाए."

    ओवैसी ने इसका एक वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी पोस्ट किया.

    "मोदी एक करना चाहते है, आरएसएस एक करना चाहती है. मैं मोदी को जवाब दे रहा हूं- इंसाफ़ है तो इंडिया सेफ़ है,संविधान है तो सम्मान है,आंबेडकर ज़िंदा हैं तो गोडसे मुर्दा है."

    इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने महाराष्ट्र में एक चुनावी रैली में कहा था "हम एक हैं तो सेफ़ हैं, हमें एकजुट रहकर कांग्रेस के ख़तरनाक़ खेल को नाक़ाम करना है."

  14. दिल्ली में कनाडा उच्चायोग के बाहर विरोध प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस ने रोका

    दिल्ली में कनाडा उच्चायोग के बाहर रविवार को विरोध प्रदर्शन के लिए जा रहे हिंदू सिख ग्लोबल फ़ोरम के कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने तीन मूर्ति मार्ग पर रोक दिया.

    यह विरोध प्रदर्शन कनाडा में एक हिंदू मंदिर पर हुए कथित हमले के विरोध में था.

    हिंदू सिख ग्लोबल फ़ोरम के अध्यक्ष तरविंदर सिंह मारवाह कहा, "हम ये बताने आए हैं कि हम सब एक हैं. एक सच्चा सिख कभी भी एक खालिस्तानी नहीं हो सकता है. हमारे देश भारत और इस तिरंगे का सम्मान करना चाहिए. हिंदुस्तान का सिख तिरंगे के साथ हैं, वो खालिस्तानियों का समर्थन कभी नहीं करता है."

    तीन नवंबर को कनाडा के ब्रैम्पटन में हिन्दू सभा मंदिर में भारतीय उच्चायोग के अधिकारी पहुंचे थे, जिसका अलगाववादी सिख संगठनों से जुड़े लोग विरोध रहे थे.

    इसी दौरान कथित तौर पर दोनों पक्षों में झड़प हुई थी. इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कनाडा सरकार से क़ानून व्यवस्था बनाए रखने को कहा था.

    निज्जर हत्याकांड के बाद से कनाडा और भारत के बीच राजनयिक तनाव बढ़ गया है. कनाडा ने निज्जर की हत्या में भारत सरकार के उच्च अधिकारियों के शामिल होने के आरोप लगाए थे.

  15. ब्रिटेन के रक्षा प्रमुख का दावा, युद्ध में रूस को बीते अक्टूबर हुआ सबसे ज़्यादा नुक़सान

    ब्रिटेन के रक्षा प्रमुख एडमिरल टोनी राडाकिन ने बीबीसी से कहा है युद्ध शुरू होने के बाद अक्टूबर का महीना रूस के लिए सबसे ज़्यादा ख़राब बीता है.

    ब्रिटेन के रक्षा प्रमुख ने बीबीसी वन के एक कार्यक्रम 'संडे विद लॉरा कुएन्सबर्ग' में बताया, “अक्टूबर के महीने में रूसी सेना के सबसे ज़्यादा सैनिक या तो मारे गए या घायल हुए.”

    टोनी राडाकिन के मुताबिक़, “अक्टूबर के महीने में हर दिन औसत रूप से 1500 रूसी सैनिकों की या तो जान गई या फिर वे घायल हुए.”

    साथ ही फ़रवरी 2022 में यूक्रेन के साथ युद्ध शुरू होने के बाद अब तक कुल सात लाख रूसी सैनिक या तो मारे गए हैं या घायल हुए हैं.

    ग़ौरतलब है कि रूस युद्ध में मारे गए सैनिकों की संख्या का खुलासा नहीं करता है. अपनी बातचीत में ब्रिटेन के रक्षा प्रमुख ने बताया, “रूसी लोग पुतिन के हमले की असाधारण क़ीमत चुका रहे हैं."

  16. नमस्कार

    अभी तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार इस लाइव पेज के ज़रिए आप तक ख़बरों को पहुंचा रहे थे.

    अब बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक दिन भर की ख़बरों को पहुंचाने की ज़िम्मेदारी निभाएंगीं.

    दोपहर दो बजे तक हमारे बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी खबरें उनके लिंक के साथ नीचे दी जा रही हैं. आपको उन ख़बरों को पढ़ना चाहिए.

    - सीजेआई चंद्रचूड़ से क्या-क्या उम्मीदें थीं, क्या-क्या फ़ैसले दिए- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - ट्रंप की नई टॉप टीम में कौन-कौन शामिल हो सकते हैं? इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - पीएम राजीव गांधी के दफ़्तर के चर्चित जासूसी कांड की पूरी कहानी - इस हफ़्ते की विवेचना पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

    - डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने से क्या रुक जाएगी दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में जारी जंग?- इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.

  17. मल्लिकार्जुन खड़गे ने महाविकास अघाड़ी का घोषणा पत्र जारी करते हुए ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ पर क्या कहा

    महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को भारतीय जनता पार्टी के बाद अब महाविकास अघाड़ी ने भी अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है.

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महाविकास अघाड़ी के नेताओं, शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत और एनसीपी (शरद पवार गुट) की नेता सुप्रिया सुले के साथ महाविकास अघाड़ी का संयुक्त घोषणा पत्र जारी किया.

    घोषणा पत्र जारी करते हुए उन्होंने राज्य से कई चुनावी वादे किए. साथ ही उन्होंने बीजेपी नेताओं के ‘बटेंगे तो कटेंगे’ के नारे पर भी बयान दिया.

    मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “बंटेंगे तो कटेंगे. आपने मनुस्मृति को स्वीकार करके पहले ही समाज को बांट दिया है. अब और बांटना चाहते हैं. कौन काटने को कहता है. आप 140 करोड़ जनता को काटेंगे.”

    कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “बंटना नहीं है इसीलिए इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपनी क़ुर्बानी दे दी. योगी जी और मोदी जी का स्लोगन अलग-अलग है. मोदी जी कहते हैं कि 'एक हैं तो सेफ़ हैं.' हमने एकता और आज़ादी के लिए जान क़ुर्बान की है. हमारे लोगों ने लड़ा है और आज़ादी दिलाई है. जिन्होंने आज़ादी दिलाई उनको ही मारने वाले लोगों में से आप हैं.”

  18. वक़्फ़ संसदीय कमेटी को लेकर कांग्रेस सांसद के सवालों पर जेपीसी के अध्यक्ष क्या बोले?

    वक़्फ़ संशोधन विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने समिति के ही सदस्य मोहम्मद जावेद के आरोपों पर बयान दिया.

    उन्होंने कहा, “संसद भी जब चलती है तो ऐसा नहीं होता कि हर एक सांसद मौजूद रहता है. इस जेपीसी के स्टडी टूर का मकसद यह है कि वह उस राज्य के सरकारी कर्मचारियों को, अल्पसंख्यक कमेटी को, वक्फ बोर्ड को या जो भी हितधारक हैं ऐसे लोगों को अपनी बात कहने का मौका देती है.”

    जगदंबिका पाल ने कहा, “वे अपने तर्क देते हैं. फिर हम दिल्ली में जेपीसी में बैठ कर उस पर गौर करते हैं. कांग्रेस के सांसद जेपीसी को लेकर जो कह रहे हैं वह ध्यान भटकाने वाली बात है.”

    रविवार की सुबह ही वक़्फ़ संशोधन विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के सदस्य मोहम्मद जावेद ने केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए थे.

    उन्होंने कहा था, “मोदी जी के राज में हर चीज़ मनमाने तरीके से होती है. मीटिंग में ऐसे-ऐसे लोगों को बुलाया जाता है जिनका वक़्फ़ से कोई ताल्लुक़ नहीं होता है.”

    मोहम्मद जावेद ने आरोप लगाते हुए कहा था, “ये लोग जेपीसी के ज़रिए वक़्फ़ क़ानून ख़त्म कर देना चाहते हैं. इससे उनको मुसलमानों की लाखों एकड़ की ज़मीन को कब्ज़ा करने का मौका मिल जाएगा.”

  19. डोनाल्ड ट्रंप ने डेमोक्रेटिक पार्टी की मदद करने की अपील क्यों की?

    डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार की सुबह डेमोक्रेटिक पार्टी को लेकर एक्स पर एक पोस्ट किया है. इस पोस्ट के ज़रिए उन्होंने आर्थिक तौर पर डेमोक्रेटिक पार्टी की सहायता करने को कहा है.

    ट्रंप ने अपनी लिखा, “मुझे हैरानी है कि डेमोक्रेटिक पार्टी जिसने साल 2020 के चुनाव को बहादुरी से लड़ा और रिकॉर्ड फंड जुटाए, उनके पास अब ज़्यादा फंड नहीं बचा है.”

    ट्रंप ने कहा, “मैं एक पार्टी के तौर पर कहना चाहता हूं कि इस कठिन वक्त में हमें उनके लिए जो भी हो सके करना चाहिए. हमारे पास बहुत सारा पैसा बचा हुआ है, क्योंकि अभियान में हमारी सबसे बड़ी संपत्ति 'अर्न्ड मीडिया' (पब्लिसिटी) थी, और इसकी कीमत बहुत ज़्यादा नहीं है.”

    ट्रंप ने अपनी पोस्ट के आख़िर में अमेरिका को फिर से महान बनाने की अपील भी की.

    अमेरिका में इस बार के राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार थे, जो कि डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रतिद्वंदी है.

    ट्रंप ने डेमोक्रेटिक पार्टी की कमला हैरिस को हराकर यह चुनाव जीता है. साल 2020 के चुनाव में ट्रंप को डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडन से हार मिली थी.

  20. महाराष्ट्र चुनाव: अमित शाह ने जारी किया बीजेपी का घोषणा पत्र, उद्धव ठाकरे का नाम लेकर क्या कहा

    गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को महाराष्ट्र चुनाव के मद्देनज़र बीजेपी का घोषणा पत्र जारी किया.

    अमित शाह ने मुंबई में एक रैली के दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फणवीस, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और महाराष्ट्र बीजेपी के दूसरे नेताओं के साथ पार्टी का घोषणा पत्र जारी किया.

    महाराष्ट्र की रैली में भी अमित शाह ने अल्पसंख्यक आरक्षण के मुद्दे पर बयान दिया.

    उन्होंने अपने बयान में कहा, “मैं महाराष्ट्र की जनता से पूछना चाहता हूं कि क्या महाराष्ट्र की जनता का एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण को कम करके अल्पसंख्यकों को दिया जाना चाहिए. संविधान में धर्म के आधार पर आरक्षण का कोई प्रावधान नहीं है.”

    अमित शाह ने उद्धव ठाकरे का नाम लेते हुए कहा, “आप कहां बैठेंगे ये आपका फ़ैसला है. लेकिन आप कहां बैठे हैं ये मैं बताना चाहता हूं. आप अनुच्छेद 370 का समर्थन करने वालों के साथ बैठे हैं.”

    अमित शाह ने कहा, “मैं उद्धव ठाकरे से पूछना चाहता हूं कि क्या वह कांग्रेस के नेता राहुल गांधी से कह सकते हैं कि वह वीर सावरकर के लिए दो शब्द बोल दें? क्या कांग्रेस का कोई नेता बाला साहब ठाकरे के सम्मान में दो वाक्य बोल सकता है?”

    महाराष्ट्र में 20 नवंबर को मतदान होगा और 23 नवंबर को नतीजे आएंगे. राज्य में दो राजनीतिक गठबंधनों महायुति और महाविकास अघाड़ी के बीच चुनावी मुक़ाबला है.

    महायुति में बीजेपी, शिव सेना (शिंदे गुट) और एनसीपी (अजित पवार गुट) जैसी पार्टियां शामिल हैं. महाविकास अघाड़ी में शिव सेना (उद्धव गुट), एनसीपी (शरद पवार गुट) और कांग्रेस है.