महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफ़ी: भारत ने थाईलैंड को 13-0 से हराया
बिहार के राजगीर में हो रहे महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफ़ी के एक मैच में भारतीय महिला हॉकी टीम ने गुरुवार को थाईलैंड को एकतरफा मुक़ाबले में 13-0 से हरा दिया.
डोमिनिका ने अपना सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार पीएम मोदी को देने का एलान किया है
लाइव कवरेज
अभिषेक पोद्दार और अश्वनी पासवान
नमस्कार!
अभी तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान इस लाइव पेज के ज़रिए आप तक ख़बरों को पहुंचा रहे थे.
शुक्रवार को कुछ नई और महत्वपूर्ण ख़बरों के साथ आपसे फिर जुड़ेंगे, लेकिन जाने से पहले बता दें कि आप दिन की महत्वपूर्ण ख़बरें नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
बांग्लादेश के अटॉर्नी जनरल ने संविधान से 'सेक्युलर' शब्द हटाने का दिया सुझाव, क्या बताई वजह? पूरी रिपोर्ट विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
अमेरिका की तुलसी गबार्ड कौन हैं जिन्हें ट्रंप ने इतना अहम पद दिया. पूरी ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
उत्तर प्रदेश: डीजीपी की नियुक्ति पर योगी सरकार की नई नियमावली में ऐसा क्या है, जिस पर हो रहा है विवाद. इस ख़बर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफ़ी: भारत ने थाईलैंड को 13-0 से हराया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफ़ी: भारत ने थाईलैंड को हराय़ा
बिहार के राजगीर में हो रहे महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफ़ी के एक मैच में भारतीय महिला हॉकी टीम ने गुरुवार को थाईलैंड को एकतरफा मुक़ाबले में 13-0 से हरा दिया.
दीपिका ने टीम की ओर से तीसरे, 19वें, 43वें, 45वें और 45वें मिनट में गोल किए. वहीं टीम के लिए अन्य गोल प्रीति दुबे, मनीषा चौहान, लालरेमसियामी, ब्युटी डुंग और नवनीत कौर ने किए.
भारतीय महिला हॉकी टीम ने लगातार तीसरी जीत दर्ज की है. टीम ने इससे पहले मलेशिया और दक्षिण कोरिया को हराया था.
दुनिया का सबसे बड़ा और ब्लू व्हेल से बड़ा कोरल मिला
इमेज स्रोत, Photograph by Manu San Félix, National Geographic Pristine Sea
इमेज कैप्शन, सबसे बड़ा कोरल
दुनिया का सबसे बड़ा कोरल दक्षिण-पश्चिमी प्रशांत महासागर में मिला है. खोज करने वाली टीम ने कहा कि ये ब्लू व्हेल से भी बड़ा है.
नेशनल ज्योग्राफिक शीप के लिए काम कर रहे वीडियोग्राफर को कोरल मिला है. वो जलवायु परिवर्तन का क्या असर हुआ है, ये देखने के लिए यहां पहुंचे थे.
वैज्ञानिकों ने बताया कि कोरल 34 मीटर चौड़ा, 32 मीटर लंबा और 5.5 मीटर ऊंचा है.
ये भी बताया गया है कि जलवायु परिवर्तन के कारण कोरल का काफ़ी नुकसान हो रहा है.
सबसे बड़े कोरल मिलने की घोषणा ऐसे समय पर की गई है जब वैश्विक तापमान में वृद्धि को रोकने के मक़सद से अज़रबैजान में कॉन्फ्रेंस ऑफ द पार्टीज़ (सीओपी29) की बैठक हो रही है.
सोलोमन आइलैंड्स के जलवायु मंत्री ने बीबीसी से कहा कि नए मिले कोरल से उनके देश को गर्व होगा.
दिल्ली के प्राइमरी स्कूलों में होगी ऑनलाइन क्लास, मुख्यमंत्री आतिशी ने की घोषणा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी
दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए यहां के प्राइमरी स्कूलों के लिए ऑनलाइन क्लास की घोषणा की गई है. मुख्यमंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया है कि अगली घोषणा तक यह व्यवस्था लागू रहेगी.
दिल्ली में गुरुवार को भी कई हिस्सों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘गंभीर’ श्रेणी में रहा.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार सुबह आठ बजे लगभग सभी जगहों पर एक्यूआई 400 से ऊपर ही रहा.
कई जगहों पर एक्यूआई 450 से भी ऊपर दर्ज किया गया.
सुबह आठ बजे आनंद विहार का एक्यूआई 472 था
पटपड़गंज का एक्यूआई भी 472 ही रहा
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार एक्यूआई 401-500 के बीच हो तो यह ‘गंभीर’ (सिवियर) श्रेणी में होता है और इस दौरान प्रदूषण स्तर स्वस्थ लोगों पर भी असर डालता है.
मोहम्मद शमी का रणजी मुकाबले में शानदार प्रदर्शन, बंगाल की टीम से की है लंबे समय बाद मैदान पर वापसी
इमेज स्रोत, Getty Images
सर्जरी की वजह से क्रिकेट के मैदान से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी ने रणजी मुकाबले से शानदार वापसी की है.
बंगाल की ओर से खेलते हुए मध्य प्रदेश की टीम के ख़िलाफ़ रणजी मैच में उन्होंने 54 रन देकर चार विकेट लिए.
ये मैच इंदौर के होल्कर स्टेडियम में हो रहा है.
पहली पारी में बंगाल ने 228 रन बनाए थे और मध्य प्रदेश की टीम 167 रन ही बना सकी.
फिलहाल बंगाल की टीम दूसरी पारी में बल्लेबाज़ी कर रही है और तीन विकेट खोकर 120 रन बना चुकी है. बंगाल को मध्य प्रदेश पर 180 रनों की बढ़त मिल चुकी है.
ब्रेकिंग न्यूज़, आम आदमी पार्टी के महेश खिची ने जीता दिल्ली मेयर चुनाव, बीजेपी के कृष्ण लाल को तीन वोटों से हराया
इमेज स्रोत, @AamAadmiParty
इमेज कैप्शन, महेश खिची ने जीता दिल्ली मेयर चुनाव
आम आदमी पार्टी के महेश खिची दिल्ली के नए मेयर चुन लिए गए हैं. अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के लिए ये जीत अहम मानी जा रही है.
दलित समुदाय से आने वाले महेश खिची ने बीजेपी के कृष्ण लाल को महज़ तीन वोटों से हराया. महेश खिची को 133 मत मिले तो वहीं लाल के खाते में 130 वोट गए. दो मतों को अवैध घोषित किया गया.
इमेज स्रोत, @AamAadmiParty
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार दिल्ली में कांग्रेस के आठ पार्षदों ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया. डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए मतों की गिनती जारी है.
कनाडा में अर्श डल्ला की गिरफ़्तारी से जुड़ी ख़बरों पर भारत ने दिया ये बयान
इमेज स्रोत, ANI
विदेश मंत्रालय ने भारत की ओर घोषित 'आतंकवादी' अर्श डल्ला के कनाडा में गिरफ़्तार होने के सवाल पर टिप्पणी की है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "हमने 10 नवंबर से कनाडा के घोषित अपराधी अर्श सिंह गिल उर्फ़ अर्श डल्ला की गिरफ़्तारी से जुड़ी ख़बरें देखी है. वह ख़ालिस्तान टाइगर फ़ोर्स के चीफ़ हैं. कनाडाई प्रिंट और विज़ुअल मीडिया में इस गिरफ़्तारी के बारे में कई ख़बरें आई हैं. हमारी जानकारी के मुताबिक, ओंटेरियो कोर्ट में ये मामला सुनवाई के लिए लिस्ट हुआ है."
उन्होंने कहा कि अर्श डल्ला हत्या, हत्या की कोशिश, उगाही, टेरर फंडिंग समेत कई आतंकी गतिविधियों जैसे 50 से अधिक मामलों में नामित हैं. मई 2022 में उनके ख़िलाफ़ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था. उन्हें भारत ने साल 2023 में आतंकवादी घोषित किया था. जुलाई 2023 में भारत सरकार ने कनाडा की सरकार से डल्ला की गिरफ़्तारी की अपील की थी. हालांकि, कनाडा ने ये निवेदन ख़ारिज कर दिया था. लेकिन इस मामले में अतिरिक्त जानकारी साझा की गई.
इमेज स्रोत, MEA
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि म्यूचुअल लीगल असिस्टेंस ट्रीटी (एमएलएटी) के तहत कनाडा को अलग से भी एक निवेदन भेजा गया था जिसमें अर्श डल्ला के संदिग्ध पता, भारत में उनके वित्तीय लेन-देन, चल-अचल संपत्ति, मोबाइल नंबर से जुड़ी जानकारियां इत्यादि वेरिफ़ाई करने के लिए कहा गया था. इसकी सारी जानकारियां कनाडा को जनवरी 2023 में ही मुहैया करा दी गई थीं. दिसंबर 2023 में कनाडा के न्याय मंत्रालय ने केस में अतिरिक्त जानकारी मांगी थी. इसका जवाब इसी साल मार्च में भेजा गया.
भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि मौजूदा गिरफ़्तारी के बाद भारतीय एजेंसियां प्रत्यपर्ण की अर्ज़ी देने की तैयारियां करेंगी. भारत में अर्श डल्ला की आपराधिक रिकॉर्ड और कनाडा में भी इसी तरह की अवैध गतिविधियों को देखते हुए, ये उम्मीद की जा रही है कि उन्हें भारत प्रत्यर्पित कर दिया जाएगा और यहां उन्हें क़ानून का सामना करना होगा.
स्नेहल कौथांकर और कश्यप बाकले ने ऐसा क्या किया जो रणजी ट्रॉफ़ी के इतिहास में कभी नहीं हुआ?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, गोवा ने अरुणाचल प्रदेश के ख़िलाफ़ जीत दर्ज की (सांकेतिक फोटो)
गोवा के लिए खेलने वाले स्नेहल कौथांकर और कश्यप बाकले ने अरुणाचल प्रदेश के ख़िलाफ़ इतिहास रचा है. प्लेट ग्रुप मैच में दोनों ने रणजी ट्रॉफ़ी के इतिहास की सबसे बड़ी नाबाद 606 रनों की साझेदारी खेली.
बीसीसीआई डोमेस्टिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी.
इमेज स्रोत, Screengrab
अरुणाचल प्रदेश के ख़िलाफ़ गोवा के स्नेहल कौथांकर ने 215 गेंद में 314 रनों की पारी खेली. वहीं कश्यप बाकले ने 269 गेंद में 300 रन बनाए. दोनों खिलाड़ी इस दौरान नाबाद रहे.
अरुणाचल प्रदेश की टीम पहली पारी में 84 रनों पर आउट हो गई था. वहीं गोवा ने 727 रन दो विकेट खोकर बनाए और इसके बाद पारी घोषित कर दी.
इसके जवाब में अरुणाचल प्रदेश के खिलाड़ी 92 रन ही बना सके. गोवा ने एक पारी और 551 रनों से जीत हासिल कर ली.
ब्रेकिंग न्यूज़, शेख़ हसीना के बयानों पर बांग्लादेश ने भारत से ये कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, शेख़ हसीना पाँच अगस्त को सरकार गिरने के बाद भारत आ गई थीं
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा है कि भारत से उनके देश ने ये अपील की है कि वो पूर्व पीएम शेख हसीना को बयान देने से रोके.
गुरुवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता तौफ़ीक हसन ने कहा कि शेख़ हसीना अक्सर राजनीतिक बयानबाज़ी करती रहती हैं.
हसन ने कहा कि इस बारे में भारतीय उच्चायुक्त और भारत सरकार को सूचित कर दिया गया है कि बांग्लादेश भारत में रह रहीं शेख़ हसीना के राजनीतिक बयान देने के पक्ष में नहीं है. साथ ही ये भी कहा गया है कि दोनों देशों के ऐतिहासिक रिश्तों के मद्देनज़र भी शेख़ हसीना को ऐसे बयान देने से रोकना ज़रूरी है.
बीती पाँच अगस्त को बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख़ हसीना भारत आ गई थीं. अब उन्हें भारत में रहते हुए 100 से अधिक दिन हो गए हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, यूपी लोकसेवा आयोग ने प्रदर्शनकारी छात्रों की मांगें मानी, अब एक ही दिन होगी परीक्षा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन सोमवार से जारी है
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में राज्य लोक सेवा आयोग के दफ़्तर के बाहर गुरुवार को भी हुए अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बीच यूपीपीएससी ने प्रदर्शनकारियों की मांग मान ली है.
यूपीपीएससी ने पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 2024 को एक दिन में कराए जाने का निर्णय लिया है. वहीं आरओ एआरओ (प्रा.) परीक्षा-2023 को स्थगित कर इसके लिए आयोग ने समिति का गठन किया है. समिति सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद रिपोर्ट देगी.
अभ्यर्थियों की मांग थी कि पीसीएस-प्री परीक्षा एक दिन और एक ही शिफ्ट में कराई जाए. इसके अलावा अभ्यर्थियों ने नॉर्मलाइज़ेशन व्यस्था लागू होने का भी विरोध किया था.
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पांच नवंबर को नोटिस जारी कर यह सूचना दी थी कि पीसीएस-प्री की परीक्षा 7-8 दिसंबर को दो शिफ़्ट में और आरओ-एआरओ की परीक्षा 22-23 दिसंबर को तीन शिफ़्ट में होगी.
इस मामले पर यूपी लोकसेवा आयोग की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि अब पहले की तरह ही पीसीएस-प्री की परीक्षा एक ही दिन में कराई जाएगी.
इमेज स्रोत, UPPSC
अमेरिका के विदेश मंत्री बनने जा रहे मार्को रूबियो का इसराइल-हमास जंग समेत इन बड़े वैश्विक मुद्दों पर क्या रुख़ है?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिका के होने वाले विदेश मंत्री
अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मार्को रूबियो को विदेश मंत्री के रूप में नामित किया है. ट्रंप कह चुके हैं कि राष्ट्रपति का पदभार संभालने के बाद उनकी ख़ास नज़र आप्रवासन और विदेश नीति पर होगी.
ऐसे में चर्चा हो रही है कि आख़िर अमेरिका के होने वाले विदेश मंत्री मार्को रूबियो का महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर रुख़ क्या है?
यूक्रेन- मार्को रूबियो यूक्रेन और रूस के बीच चल रही जंग खत्म करने का पक्ष में हैं. उन्होंने इस साल यूक्रेन को 6 अरब डॉलर की सैन्य सहायता पैकेज देने के ख़िलाफ़ मतदान किया था.
चीन- मार्को रूबियो ने चीन को अमेरिका का अब तक का सबसे बड़ा विरोधी बताया है.
ताइवान- मार्को रूबियो सार्वजनिक तौर पर ताइवान की संप्रुभता और स्वतंत्रता की वकालत कर चुके हैं.
इसराइल-ग़ज़ा जंग- अमेरिका के होने वाले विदेश मंत्री ग़ज़ा में युद्धविराम के ख़िलाफ़ हैं. रूबियो कह चुके हैं कि वो चाहते हैं कि इसराइल हमास का अंत कर दे.
ईरान- मार्को रूबियो ईरान को 'आंतकवादी शासन' वाला बता चुके हैं. इस साल की शुरुआत में हुए हमले के बाद उन्होंने इसराइल से जवाबी कार्रवाई करने का आग्रह किया था.
पीएम मोदी को ये देश देगा अपना सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार, वजह भी बताई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, डोमिनिका ने पीएम मोदी को सच्चा साथी बताया है
डोमिनिका ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने देश कासर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार ‘द डोमिनिका अवॉर्ड ऑफ़ ऑनर’ देने का एलान किया है.
डोमिनिका ने बताया कि पीएम मोदी को ये सम्मान कोविड-19 की महामारी के दौरान डोमिनिका की सहायता करने को लेकर दिया जा रहा है. सहायता को दोनों देशों (भारत और डोमिनिका) की साझेदारी मज़बूत करने वाला बताया है.
पीएम मोदी को डोमिनिका का सर्वोच्च सम्मान वहां की राष्ट्रपति सिल्वनी बर्टन 19 से 21 नवंबर तक गयाना के जॉर्जटाउन में होने वाले भारत-कैरिकॉम शिखर सम्मेलन के दौरान देंगी.
इमेज स्रोत, Dominica Government
इमेज कैप्शन, डोमिनिका का बयान
फ़रवरी 2021 में पीएम मोदी ने एस्ट्राज़ेनेका कोविड-19 वैक्सीन की 70 हजार डोज डोमिनिका पहुंचाई थी. इसके ज़रिए डोमिनिका ने अपने पड़ोसी देशों की भी मदद की थी.
डोमिनिका ने बयान में कहा कि ये पुरस्कार पीएम मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य, शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हमारा साथ देने को लेकर भी मान्यता देता है.
डोमिनिका ने पीएम मोदी को सच्चा साथी बताया है.
नरेश मीणा की गिरफ़्तारी के बाद टोंक ज़िले के एसपी ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Mohar Singh Meena
इमेज कैप्शन, एसडीएम अधिकारी को थप्पड़ मारते नरेश मीणा
राजस्थान विधानसभा उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी नरेश
मीणा की गिरफ़्तारी के बाद टोंक ज़िले के एसपी विकास सांगवान ने कहा है कि उनपर (मीणा पर) सरकारी काम में बाधा डालने और आगजनी से जुड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई होगी.
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने कहा, “उनको संदेश दिया गया कि वे क़ानून
को हाथ में ना लें और ख़ुद को क़ानून के आगे समर्पित कर दें. पहले वह ऐसा नहीं
करना चाह रहे थे लेकिन पुलिस की तैयारी को देखकर उनको झुकना पड़ा.”
नरेश मीणा पर होने वाली संभावित क़ानूनी कार्रवाई पर टोंक
ज़िले के एसपी ने कहा, “उन पर सरकारी कार्य में बाधा और
आगजनी से जुड़ी धाराएं लगाई जाएंगी. वह जिन पुराने मामलों में वांछित थे उनका भी
रिकॉर्ड मंगाया गया है और उनमें भी गिरफ़्तारी होगी. पूरे मामले में 50-60 लोगों
को हिरासत में लिया गया है.”
टोंक ज़िले की देवली-उनियारा सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने बुधवार को उपचुनाव की वोटिंग के दौरान ड्यूटी पर तैनात
एक एसडीएम अधिकारी को थप्पड़ मार दिया था.
नरेश मीणा का आरोप था कि एसडीएम अधिकारी तीन लोगों से
फर्ज़ी वोटिंग करवा रहे थे, जिसके बाद क्षेत्र में बवाल बढ़ गया था.
राजस्थान: नरेश मीणा की गिरफ़्तारी के विरोध में कई जगह आगजनी, पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज कैप्शन, अधिकारी को निर्दलीय प्रत्याशी के थप्पड़ मारने के बाद कई जगह आगजनी हुई
राजस्थान के टोंक में देवली उनियारा विधानसभा सीट से उपचुनाव के निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा की गिरफ़्तारी के विरोध में उनके समर्थकों ने कई जगह आगजनी और हाइवे जाम किया है.
उनके समर्थकों ने पुलिस की गाड़ियों को भी रोकने का प्रयास किया. पुलिस ने ऑंसू गैस के गोले छोड़े और नरेश मीणा के समर्थकों को तितर-बितर किया है.
इलाक़े में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. भारी पुलिसबल तैनात है और जयपुर से डीजी लॉ एंड ऑर्डर को मौके पर भेजा गया है. टोंक ज़िले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बृजेन्द्र सिंह भाटी ने कहा, "जाम खुलवा दिया है और फिलहाल स्थिति कंट्रोल में है."
उपचुनाव की वोटिंग के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने एसडीएम को थप्पड़ मारा था. इसके बाद से मामले ने तूल पकड़ा और रात भर आगजनी, फ़ायरिंग और पथराव की घटना हुई.
आरएएस को थप्पड़ मारने के विरोध में एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर खराड़ी के नेतृत्व में राजस्थान सचिवालय में धरने पर है. पूरे प्रदेश में अधिकारियों ने काम बंद कर दिया है.
इधर, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, "नरेश मीणा किसकी शह से चुनाव में खड़े हुए इसकी जानकारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी ले रही है. कल जो हुआ वो मामूली बात नहीं है."
उन्होंने कहा, "एक एसडीओ लेवल के अधिकारी को कोई व्यक्ति ऐसे थप्पड़ लगा दे. ऐसे हालात कैसे बने? इतनी हिम्मत कैसे हुई, सरकार का अब कोई इक़बाल बचा है क्या?"
मरियम नवाज़ ने खुद को कैंसर होने की अफ़वाहों पर क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मरयम नवाज़ (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज़
ने अपनी सेहत पर चल रही अफ़वाहों पर प्रतिक्रिया दी है.
लंदन में अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं से बात करते
हुए मरियम नवाज़ ने कहा, “मेरी सेहत को लेकर ग़लत प्रचार
किया जा रहा है. अफ़वाह फ़ैलाई जा रही है कि मुझे कैंसर है.”
उन्होंने कहा, “सोशल मीडिया पर मेरी बीमारी के बारे में अफ़वाह फ़ैल रही है. ब्लॉग बनाए जा रहे हैं और ऐसा झूठ फैलाया जा रहा है कि
मैंने अपना इलाज पाकिस्तान में क्यों नहीं कराया.”
मरियम ने कहा, “मैं ऐसे लोगों को बता दूं कि मेरा
इलाज पाकिस्तान में ही होता है. लेकिन पैराथॉइराइड एक ऐसी बीमारी है जिसका इलाज
केवल दुनिया के दो ही देशों-स्विटज़रलैंड और अमेरिका में होता है. इसका इलाज
इंग्लैंड में भी संभव नहीं है.”
नमस्कार
अभी तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक पोद्दार इस लाइव पेज
के ज़रिए आप तक ख़बरों को पहुंचा रहे थे.
अब बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक दिन भर की
ख़बरों को पहुंचाने की ज़िम्मेदारी निभाएंगे.
दोपहर दो बजे तक हमारे बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद
कुछ बड़ी खबरें उनके लिंक के साथ नीचे दी जा रही हैं. आपको उन ख़बरों को पढ़ना
चाहिए.
- बिहार का राजगीर खेल परिसर क्या खिलाड़ियों के लिए 'गेम चेंजर' साबित होगा? पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
- सऊदी अरब में बशर अल-असद के भाषण के दौरान अर्दोआन के इस रुख़ की हो रही है चर्चा? पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
- तिलक वर्मा को लेकर सूर्यकुमार यादव का वो फ़ैसला और बदल गया पूरा खेल- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
- जवाहरलाल नेहरू के कुछ अनसुने क़िस्से, सऊदी में ख़ुद से लाइट ऑफ करना तो कार रोककर नल बंद करना- पूरी ख़बर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
राजस्थान: निर्दलीय प्रत्याशी के एसडीएम को थप्पड़ मारने के बारे में अशोक गहलोत क्या बोले?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अशोक गहलोत ने कहा है कि कांग्रेस की कमेटी भी इस मामले की जानकारी ले रही है
राजस्थान में बुधवार को विधानसभा उपचुनाव के दौरान एसडीएम अधिकारी को थप्पड़
मारने वाले निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा को गिरफ़्तार कर लिया गया है.
नरेश मीणा की गिरफ़्तारी के विरोध में उनके समर्थकों ने कई जगह आगजनी की है और हाइवे जाम करने की तैयारी कर रहे हैं.
इस पूरी घटना पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, “इसकी जानकारी प्रदेश की कांग्रेस कमेटी ले रही है कि ऐसी नौबत ही क्यों आई? कल की घटना के बाद
सरकार का कोई भरोसा बचा है क्या?”
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “अच्छा शासन तब होता है
जब लोगों का सरकार पर भरोसा बना रहे. वह ख़त्म हो गया है. कल जो घटना घटित हुई है
वह मामूली नहीं थी. एक एसडीएम स्तर के अधिकारी को कोई थप्पड़ मार दे ऐसी स्थिति ही
क्यों बनी? किसी की इतनी हिम्मत ही कैसे
हुई? हम बार-बार सरकार से कहते हैं कि आप अच्छा प्रशासन दो ताकि राज्य के लोगों का
भला हो.”
अशोक गहलोत ने सरकार से कहा, “हमारी आलोचना को
सकारात्मक तौर पर लिया जाना चाहिए और अगर उसमें दम है तो सरकार को सुधार करना
चाहिए.”
बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “बीजेपी के अदंर यह है ही
नहीं कि वे विपक्ष की भावनाओं का आदर करें, उनकी बातों को सुने. आलोचना को सह सकें.”
इमेज स्रोत, Mohar Singh Meena
इमेज कैप्शन, नरेश मीणा को गिरफ़्तार कर लेजाती पुलिस
बुधवार को क्या हुआ था
बुधवार को वोटिंग के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने ड्यूटी कर रहे एसडीएम अमित चौधरी को थप्पड़ मार दिया था.
नरेश मीणा का आरोप था कि एसडीएम अधिकारी अमित चौधरी ने तीन सरकारी कर्मचारियों से फर्ज़ी वोटिंग करवाई.
निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग की इस दौरान आक्रोश बढ़ता गया.
इसमें पुलिस लाठीचार्ज और आग़ज़नी की भी घटनाएं सामने आई हैं.
ट्रंप सरकार में शामिल होने वाली तुलसी गबार्ड का तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन पर पुराना बयान चर्चा में
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने तुलसी गबार्ड को इंटेल चीफ़ नियुक्त किया है
अमेरिका के राष्ट्रपति बनने जा रहे डोनाल्ड ट्रंप ने तुलसी गबार्ड को नेशनल इंटेलिजेंस
का डायरेक्टर बनाया है. इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
हालांकि, सबसे अधिक चर्चा तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन के प्रति तुलसी गबार्ड के रुख की हो रही है.
तुर्की नेटो का सदस्य देश है लेकिन तुलसी गबार्ड रेचप तैय्यप अर्दोआन की मुखर आलोचक रही हैं.
अब 'एक्स' पर यूज़र्स अर्दोआन पर दिए गबार्ड के
पुराने बयानों को दोबारा पोस्ट कर रहे हैं.
अपने एक पुराने 'एक्स' पोस्ट में तुलसी गबार्ड ने अर्दोआन
पर आईएसआईएस और अलक़ायदा की सहायता करने का आरोप लगाया था.
खुद को पत्रकार बताने वाले एक्स यूज़र रागिप सैयलू ने गबार्ड की नियुक्ति पर तंज़ करते हुए लिखा, “तुर्की के लिए एक और अच्छी ख़बर. ट्रंप ने तुलसी
गबार्ड को नेशनल इंटेलिजेंस का डायरेक्टर नियुक्त किया है. वे यह मानती हैं कि
अर्दोआन आईएसआईएस का समर्थन करते हैं.”
वहीं पेशे से खुद को अर्थशास्त्री बताने वाले हैरिस समारास ने गबार्ड का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा,
“ना ही तुर्की और ना ही अर्दोआन अमेरिका के दोस्त
हैं.”
तुलसी गबार्ड ने 2019 में ही कहा था, “कई सालों से पर्दे के पीछे से आईएसआईएस और अल-क़ायदा के
आतंकियों का समर्थन करने वाले अर्दोआन अमेरिका के दोस्त नहीं हैं. वह दुनिया के
सबसे ख़तरनाक तानाशाह हैं.”
पत्रकार जोएस कारम ने गबार्ड लेकर दावा किया कि वह बशर अल असद और व्लादिमीर पुतिन के प्रति
मित्रवत हैं, इसराइल के साथ हैं, अर्दोआन के ख़िलाफ़ हैं, सऊदी अरब की आलोचक हैं और
फ़लस्तीनी प्रदर्शनकारियों को हमास की कठपुतली मानती हैं.
उद्यमी मारिओस करात्ज़ियास ने अपने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा,
“मैं तुलसी
गबार्ड को पसंद करता हूं. वह राष्ट्रभक्त, बहादुर और दुनिया ख़ास तौर पर अर्दोआन को लेकर स्पष्ट विचार रखती हैं.”
ब्रेकिंग न्यूज़, आम आदमी पार्टी के विधायक अमानातुल्लाह ख़ान को वक्फ़ बोर्ड से जुड़े मामले में ज़मानत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमानातुल्लाह ख़ान पर वक्फ़ बोर्ड में कथित अनियमितताओं से जुड़ा मामला ईडी ने दर्ज किया था
दिल्ली की एक अदालत ने वक्फ़ बोर्ड केस में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानातुल्लाह ख़ान को ज़मानत दे दी है. कोर्ट ने अमानातुल्लाह के ख़िलाफ़ प्रवर्तन निदेशालय की ओर से दाख़िल की गई सप्लीमेंट्री चार्जशीट का संज्ञान लेने से भी इनकार कर दिया.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार स्पेशल जज जितेंद्र सिंह ने कहा कि अमानातुल्लाह ख़ान के ख़िलाफ़ मुक़दमा चलाने के लिए पर्याप्त सबूत हैं. हालांकि, अदालत ने ख़ान को न्यायिक हिरासत से रिहा करने के लिए बेल दे दी.
इससे पहले की सुनवाइयों में ईडी ने अदालत से ये अपील की थी कि वह ख़ान के ख़िलाफ़ दायर सप्लीमेंट्री चार्जशीट को भी संज्ञान में ले. ईडी की दलील थी कि ख़ान पर प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत मुक़दमा चलाने के लिए पर्याप्त सबूत हैं.
बीती 29 अक्तूबर को ईडी ने इस मामले में 110 पन्नों की सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाख़िल की थी. इसमें अमानातुल्लाह ख़ान की पत्नी मरयम सिद्दीक़ी भी नामज़द थीं.
अमानातुल्लाह ख़ान पर वक्फ़ बोर्ड में कथित अनियमितताओं और आय से अधिक संपत्ति का मामला दिल्ली पुलिस की एंटी करप्शन यूनिट ने दर्ज किया था.
ईडी का दावा है कि ख़ान ने दिल्ली वक्फ़ बोर्ड में कर्मचारियों की अवैध भर्ती के एवज़ में पैसे लिए थे और उन्होंने इस पैसे से अपने सहयोगियों के नाम पर अचल संपत्तियां खरीदीं.
राजस्थान: एसडीएम को थप्पड़ मारने के बाद आगजनी और फ़ायरिंग, नरेश मीणा समेत 60 से अधिक गिरफ़्तारी, मोहर सिंह मीणा, जयपुर से बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Mohar Singh Meena
इमेज कैप्शन, वाहनों में हुई आगजनी
राजस्थान की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए
बुधवार को वोटिंग के
दौरान मचे बवाल पर अब आक्रोश बढ़ गया है.
यह बवाल तब बढ़ा जब बुधवार को वोटिंग के दौरान निर्दलीय
प्रत्याशी नरेश मीणा ने ड्यूटी कर रहे एसडीएम अधिकारी को थप्पड़ मार दिया.
नरेश मीणा का आरोप है कि एसडीएम अधिकारी अमित चौधरी
ने तीन सरकारी कर्मचारियों से फर्ज़ी वोटिंग करवाई.
निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने कलेक्टर को मौके पर
बुलाने की मांग की इस दौरान आक्रोश बढ़ता गया.
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला लगातार तूल
पकड़ रहा है. नरेश मीणा की गिरफ़्तारी की मांग को लेकर प्रदेश भर में अधिकारी
हड़ताल पर हैं.
इमेज स्रोत, Mohar Singh Meena
इमेज कैप्शन, समर्थकों के बीच कुर्सी पर बैठे नरेश मीणा
आरएएस एसोसिएशन (राजस्थान एडमिनिस्ट्रेटिव एसोसिएशन) अध्यक्ष महावीर खराड़ी ने निर्वाचन
विभाग के आयुक्त, मुख्य सचिव से मुलाकात कर नरेश मीणा की गिरफ़्तारी नहीं
होने पर हड़ताल की चेतावनी दी थी. आईएएस एसोसिएशन समेत प्रदेश के सभी अधिकारी
संगठन भी घटना के विरोध में उतर आए हैं.
वोटिंग समय पूरा होने के बाद बुधवार शाम पुलिस नरेश
मीणा को गिरफ़्तार करने पहुंची. इस दौरान मीणा समर्थक और पुलिस आमने-सामने आ गए.
पथराव, आगजनी और फ़ायरिंग भी की गई. पुलिस
की ओर से भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी दागे गए.
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान नरेश मीणा पुलिस हिरासत से
फ़रार हो गए और गुरुवार सुबह वह ख़ुद सरेंडर करने समरावता गांव पहुंचे. जयपुर
से पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंचे.
राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉक्टर किरोड़ी लाल मीणा
भी देवली उनियारा के लिए जयपुर से रवाना हुए हैं.
गुरुवार की सुबह अजमेर रेंज आईजी ने मीडिया को घटना
की जानकारी देते हुए बताया, "इस मामले में चार एफ़आईआर दर्ज हुई
हैं. सरकारी काम में रुकावट डालने, पुलिस हिरासत से भागने और
सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धाराओं में एफ़आईआर दर्ज की गई है."
इमेज स्रोत, Mohar Singh Meena
इमेज कैप्शन, अंधेरे में नरेश मीणा के समर्थकों पर लाठी चार्ज करती पुलिस
पूरे मामले में नरेश मीणा समेत 60 लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
पुलिस का कहना है कि लोगों की शिनाख़्त की जा रही है और लोगों के गिरफ़्तारी हो सकती है.
राजस्थान के आईजी ओम प्रकाश ने कहा है, "इस घटनाक्रम में दस पुलिसकर्मी चोटिल हुए हैं. नरेश मीणा के समर्थकों ने
अंधेरे में पथराव किया है इसमें कई ग्रामीण भी घायल हुए हैं."
आईजी के मुताबिक़, "दो सरकारी वाहनों समेत कई
वाहनों में आगजनी की गई. नरेश मीणा के ख़िलाफ़ आरएएस अधिकारी अमित चौधरी ने भी
एफ़आईआर दर्ज करवाई है. नरेश मीणा के ख़िलाफ़ कई मामले दर्ज हैं जहां इनकी
गिरफ़्तारी होनी है. हम उन सभी मामलों में भी गिरफ़्तारी करेंगे."
नरेश मीणा सुबह समरावता गांव पहुंचे और मीडिया से
बातचीत में उन्होंने कहा कि, "पुलिस वालों ने मेरे साथियों और
गांव वालों को पीटा है. आंसू गैस के गोले छोड़े और मिर्ची बम फेंके."
नरेश ने कहा, "मैं बेहोश हो गया था, मेरे साथी मुझे पांच किलोमीटर दूर खेतों में लेकर गए. यहां पुलिसवालों ने
लोगों के घरों को तोड़ा और घर में घुसकर महिलाओं को मारा. बच्चे भी मिर्ची बम से
बेहोश हुए, रातभर पुलिस ने गांव में ऐसा हुड़दंग मचाया."