हांगकांग: चीन ने दी 'सख़्ती की चेतावनी'

इमेज स्रोत, Getty
चीन के विदेश मंत्री ने हांगकांग में लोकतंत्र के समर्थन में जारी प्रदर्शनों पर सख़्त चेतावनी जारी करते हुए इन्हें 'अवैध क़रार दिया' है.
वॉशिंगटन यात्रा पर गए वांग यी ने कहा कि यह चीन का 'आंतरिक मामला' है.
वांग ने कहा, "हांगकांग में जो हो रहा है वह चीन का आंतरिक मामला है. सभी देशों को चीन की संप्रभुता का सम्मान करना चाहिए. कोई भी देश, कोई भी समाज क़ानून व्यवस्था का उल्लंघन करने वाली ऐसी अवैध गतिविधियों की इजाज़त नहीं दे सकता है."
हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि हांगकांग का प्रशासन क़ानून के भीतर रहते हुए स्थिति से निपटने में सक्षम है.
अमरीकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने वांग से मुलाक़ात के बाद हांगकांग से प्रदर्शनकारियों के प्रति नरमी बरतने का आह्वान किया है.

इमेज स्रोत, Reuters
अकल्पनीय परिणाम
दूसरी ओर चीन के प्रमुख अख़बार पीपल्स डेली में प्रकाशित एक संपादकीय में कहा गया है कि 'यदि प्रदर्शन जारी रहते हैं तो इसके अकल्पनीय परिणाम होंगे'. वहीं सरकारी टीवी चैनल ने कहा है कि हांगकांग में जल्द से जल्द क़ानून व्यवस्था लागू करने में हांगकांग पुलिस की मदद की जानी चाहिए.
छात्र नेताओँ ने चेतावनी दी है कि शहर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीवाई लियुंग अपने पद से नहीं हटे तो वे विरोध-प्रदर्शन और तेज़ कर देंगे.
शहर में मुख्य जगहों पर चीन विरोधी हज़ारों लोग जुटे हुए हैं. छात्रों ने चेतावनी दी है कि गुरुवार तक उनकी मांग पर विचार नहीं किया गया तो वे सरकारी इमारतों पर क़ब्ज़ा कर लेंगे.
हांगकांग में जारी लोकतंत्र समर्थकों का प्रदर्शन शहर के कुछ और हिस्सों में फैल गया है जहां हज़ारों लोगों ने चीन के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया है.
ये प्रदर्शन ऐसे समय हुए हैं जब चीन ने एक अक्तूबर को अपना 65वां राष्ट्रीय दिवस मनाया.
कम्युनिस्ट पार्टी के सत्तारूढ़ होने के 65 वर्ष पूरे होने के मौके पर जब चीन का राष्ट्रगीत बजाया गया, कुछ प्रदर्शनकारियों ने इसकी अवहेलना की.
प्रदर्शनकारी हांगकांग की राजनीति में चीन के दख़ल का विरोध कर रहे हैं.

इमेज स्रोत, Reuters
हांगकांग में नए नेतृत्व के लिए वर्ष 2017 में चुनाव होने हैं.
चीन का कहना है कि ''वो हांगकांग की समृद्धि और स्थायित्व की रक्षा करेगा.''
हांगकांग के मध्य इलाकों में शनिवार से ही हज़ारों प्रदर्शनकारी डटे हुए हैं.
हांगकांग के मुख्य कार्यकारी सीवाई लियुंग ने लोगों से चीन के नए राजनीतिक नियमों को स्वीकार करने की अपील की है.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>
































