सड़क पर पिटकर हो गए हिट

ऑनलाइन हिट वीडियो, वायरल

इमेज स्रोत, kristoffer borgli

ऑनलाइन हिट वीडियो बनाने के लिए नॉर्वे में एक आदमी ने एक बेहद ख़तरनाक खेल खेला. उसकी चाल तो काम कर गई, लेकिन उसका एक्टर इस कवायद में अपनी नाक तुड़वा बैठा.

इंटरनेट पर कोई वीडियो 'वायरल' कैसे होता है? यक़ीनन बिल्लियों, बच्चों और पैरोडी के वीडियो बेहद पसंद किए जाते हैं और इसके अलावा बहुत अजीब चीज़ें भी लोकप्रिय होती हैं-लेकिन हिंसा?

नॉर्वे के एक फ़िल्म निर्माता ने एक डॉक्यूमेंट्री बनाई है जिसका नाम है 'इंटरनेट फ़ेमस'. इस फ़िल्म के केंद्र में एक एक्टर है जो आम लोगों से सड़क पर सचमुच में लड़ने लगता है. इनमें से कुछ वीडियो वायरल हो गए.

25 फ़रवरी को अपलोड किए गए एक ऐसे ही वीडियो को दस दिन में ही दस लाख से ज़्यादा बार देखा गया.

इंटरनेट पर परोसे जाने वाले सेक्स और हिंसा का विरोध करने वाली वेबसाइट वर्ल्डस्टारहिपहॉप डॉटकॉम पर इस वीडियो पर 4,000 से ज़्यादा कमेंट आए.

इसे फ़ेसबुक, ट्विटर और रैडिट जैसे सोशल मीडिया नेटवर्क पर भी काफ़ी ज़्यादा शेयर किया गया.

प्रयोगधर्मी फ़िल्म

इस वीडियो में नॉर्वे के एक कॉमेडियन आमिर अस्ग़ारनेजाद को ओस्लो स्ट्रीट की पटरी के किनारे बैठे एक बाउंसर को जान-बूझकर उकसाते दिखाया गया है.

अस्ग़ारनेजाद उसे बेसबॉल बैट से मारने की धमकी देते हैं और थोड़ी देर की तनातनी के बाद बाउंसर घूसा मारकर उन्हें लहुलूहान कर ज़मीन पर गिरा देता है.

सवाल यह है कि क्या वीडियो बनाने वाले हद से आगे बढ़ गए?

इसे बनाने वाली टीम के डायरेक्टर क्रिस्टोफ़र ब्रोगली की मानें, तो ऐसा नहीं था. उन्होंने बीबीसी ट्रेंडिंग को बताया कि उनकी फ़िल्म का उद्देश्य कुछ 'रचनात्मक' करना था.

लेकिन कुछ लोगों का कहना है कि यह एक ख़तरनाक मिसाल कायम कर रही है. न सिर्फ़ इसके आपराधिक होने की आशंका है बल्कि यह दिखाती है कि कुछ लोग इंटरनेट पर लोकप्रिय होने के लिए कितने ख़तरनाक कदम उठा सकते हैं.

अस्ग़ारनेजाद का कहना है कि उन्हें हिंसा पसंद नहीं है लेकिन यह एक प्रयोगधर्मी फ़िल्म थी और फिर "एक कॉमेडियन के रूप में इसे देखते हुए मैं इसके मज़ाकिया अंश की प्रशंसा करूंगा. यह एक बचकाना और बेवकूफ़ाना काम है."

मुख्यधारा की ज़्यादातर वीडियो साइट्स हिंसात्मक तत्वों को सेंसर कर देती हैं लेकिन इस वीडियो की लोकप्रियता बताती है कि बेहद विवादित और वैकल्पिक वीडियो को शेयर करने वाले प्लेटफ़ॉर्म भी अब उभर रहे हैं.

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi " platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi " platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi " platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>