उम्र 13 साल, ले भागा कार, दो देश पार

अपने पिता की कार लेकर यूरोप में लगभग 1000 किलोमीटर तक भागे एक लड़के को उसके परिवार से दोबारा मिलाया जा रहा है.
इस लड़के की उम्र 13 वर्ष है और ऐसा कहा जाता है कि वह इटली में अपनी मां से लड़कर भागा था.
कार चलाते हुए यह लड़का इटली से ऑस्ट्रिया पहुंच गया और जर्मनी की ओर बढ़ रहा था कि पुलिस ने उसे रोक लिया.
लड़के के परिवार ने इंटरपोल को उसके भागने के बारे में जानकारी दी थी.
मामला दरअसल यह है कि इस लड़के को दो वर्ष पहले गोद लिया गया था और कहा जाता है कि वह अपने मूल घर पोलैंड जा रहा था.
यह किशोर उत्तरी इटली के मोंटेबेलुना में रहता है.
जिस परिवार ने उसे गोद लिया था, वहां उसकी सौतेली मां से बहस हुई. कहा जाता है कि विवाद की वजह मोबाइल फोन का बिल था.
इसके बाद यह किशोर गुरुवार दोपहर अपने पिता की मर्सिडीज़ कार लेकर घर से भाग गया.
इटली के मीडिया में छपी खबरों के मुताबिक, किशोर के माता पिता का कहना है कि उसे शायद अपनी बहन की याद आ रही थी जो पोलैंड में रहती है. भाई-बहन इंटरनेट के जरिए सम्पर्क में थे.
पुलिस इस बात से हैरान है कि कैसे यह किशोर कार चलाता हुआ दो अंतरराष्ट्रीय सीमाओं को पार कर गया.
बताया जाता है कि गोद लेने वाले माता पिता इस किशोर को वापस लेने के लिए जर्मनी गए हैं.
































