झारखंडः रघुबर दास बने दसवें मुख्यमंत्री

इमेज स्रोत, Javed
रघुबर दास झारखंड के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं. वह राज्य के पहले ग़ैर आदिवासी मुख्यमंत्री हैं.
रविवार को रांची स्थित बिरसा मुंडा फ़ुटबॉल स्टेडियम में राज्यपाल डॉक्टर सैयद अहमद ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.
दास झारखंड के दसवें मुख्यमंत्री हैं. उनके साथ साथ चार विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली.
इनमें भाजपा के सीपी सिंह, नीलकंठ सिंह मुंडा, डॉक्टर लुइस मरांडी और आजसू पार्टी के चंद्रप्रकाश चौधरी शामिल हैं.

इमेज स्रोत, RAGHUBAR DAS FB
सीपी सिंह रांची से, नीलकंठ सिंह मुंडा खूंटी से, लुइस मरांडी दुमका से और चंद्रप्रकाश चौधरी रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीते हैं.
लुइस ने दुमका में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पराजित किया है. शपथ ग्रहण समारोह में सोरेन भी मौजूद थे.
मंत्रिमंडल का बाद में विस्तार किया जा सकता है. झारखंड में मुख्यमंत्री समेत 12 मंत्री हो सकते हैं.
पीएम नहीं आए

इमेज स्रोत, AP
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह शपथ ग्रहण समारोह में नहीं आए. प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे.
हालांकि शपथ ग्रहण समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमण सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राधामोहन सिंह, वेंकैया नायडू, जयंत सिन्हा, रामकृपाल यादव, उपेंद्र कुशवाहा समेत कई शीर्ष नेता मौजूद थे.
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद रघुबर दास ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में कहा है कि पारदर्शी और भ्रष्टाचार से मुक्त शासन देना उनकी पहली प्राथमिकता होगी.
उनका कहना है कि उनकी सरकार झारखंड की 3.29 करोड़ जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>
































