बीबीसी हिंदी के लाइव इवेंट पन्ने पर आपका स्वागत है. गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजों को लेकर हम हाज़िर हैं.
चुनावी नतीजों से जुड़ी पल-पल की ख़बर आप तक पहुँचाने के लिए आपके साथ हैं पंकज प्रियदर्शी, विनोद वर्मा और अरविंद छाबड़ा.
गुजरात में कुल 182 विधानसभा सीटें हैं. सवाल है कि क्या नरेंद्र मोदी इस बार भी जीत हासिल करेंगे.
हालांकि चुनाव सर्वेक्षणों का कहना है कि गुजरात में नरेंद्र मोदी की जीत होगी, लेकिन पिछली बार की तुलना में लगभग 10 प्रतिशत अधिक मतदान होने से कई कयास लगाए जा रहे हैं.
भारतीय समयानुसार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी और जल्द ही रुझान आने शुरू हो जाएँगे.

गुजरात में मतगणना के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है.
19 सालों में पहली बार है कि हिमाचल के तीन जनजातीय क्षेत्रों सहित सभी 68 सीटों पर एक साथ चुनाव हुए.
हिमाचल प्रदेश में कुल 68 विधानसभा सीटें हैं जिनका चुनाव 46 दिन पहले यानी 4 नवंबर को हुआ था.

17 दिसंबर को मतदान के दिन 'विक्टरी साइन' वाली नरेंद्र मोदी की इस तस्वीर पर काफ़ी विवाद हुआ था.
साल 2007 के हिमाचल के चुनाव में बीजेपी ने 41 जबकि कांग्रेस ने 23 सीटें जीतीं थी.
bbchindi.com के साथ साथ आज शाम बीबीसी हिंदी रेडियो का एक विशेष प्रसारण 7:30 से लेकर 8:30 pm तक. दिल्ली स्टूडियो से नितिन के साथ होंगे वरिष्ठ पत्रकार अजय सिंह जबकि राजेश जोशी अहमदाबाद से कार्यक्रम प्रस्तुत करेंग.
हमने अपना काम किया है. हमें नतीजों को लेकर कोई चिंता नहीं- प्रेम कुमार धूमल, मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश
खबरों के अनुसार गुजरात में 3,000 से अधिक सुरक्षा कर्मी मतगणना केंद्रों पर तैनात हैं
इस बार पोस्टल बैलट की संख्या काफी अधिक है यानी लगभग 34,000. पहले इनकी गिनती होगी. आधे घंटे बाद ईवीएम खुलेंगे- शिमला से वरिष्ठ पत्रकार अश्विनी शर्मा
हिमाचल ने हर क्षेत्र में विकास किया है और कोई सरकार विरोधी लहर नही हैं: बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में अच्छी धूप खिली हुई है. मतगणना शुरु हो चुकी है.
गुजरात में भाजपा दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी- अमित शाह

प्रेम कुमार धूमल दो बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. क्या तीसरी बार उन्हें गद्दी मिलेगी?
गुजरात में एक सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने बढ़त हासिल कर ली है.
चुनाव आयोग के मुताबिक़ गुजरात में एक पर भाजपा और दो सीटों पर कांग्रेस आगे है.
हिमाचल से कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के दावेदार वीरभद्र सिंह शिमला ग्रामीण से चुनाव लड़ रहे हैं.
गुजरात में नौ सीटों के रुझान सामने आए हैं. छह पर भाजपा, दो पर कांग्रेस और एक पर अन्य पार्टी का उम्मीदवार आगे चल रहा है.
चुनाव आयोग के अनुसार दोनो राज्यों में दोपहर दो बजे तक नतीजे आने की उम्मीद
गुजरात में अब 26 सीटों के रूझान सामने आ गए हैं. भाजपा 16, कांग्रेस आठ, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी एक और अन्य एक सीट पर आगे है.
चुनाव आयोग के मुताबिक़ हिमाचल में एक पर कांग्रेस और दो सीटों पर भाजपा आगे है

गुजरात में इस बार रिकॉर्ड मतदान हुआ है.
जिन्होंने कांग्रेस की जीत का अनुमान लगाया था अब उनको अंदाज़ा हो गया होगा कि हमें क्यों खुद पर आत्मविश्वास है: हिमाचल के मुख्यमंत्री पीके धूमल
गुजरात में 47 सीटों के रूझान सामने आए हैं. भाजपा 27, कांग्रेस 18, नेशनलिस्ट कांग्रेस एक और अन्य एक पर आगे है.
चुनाव आयोग के मुताबिक़ हिमाचल में 16 रुझान आए हैं जिनमें सात पर भाजपा और नौ सीटों पर कांग्रेस आगे है.
गुजरात में अब 71 सीटों के रूझान आ गए हैं. भाजपा 41, कांग्रेस 28, नेशनलिस्ट कांग्रेस एक और अन्य एक पर आगे है.
हिमाचल में फिलहाल कांटे का मुकाबला: कांग्रेस और बीजेपी दोनों 12-12 में आगे
हिमाचल में कांग्रेस के मुख्यमंत्री पद के दावेदार वीरभद्र 78 साल के हैं जबकि बीजेपी के पीके धूमल 68 साल के
गुजरात में भाजपा को बढ़त मिलती नज़र आ रही है. 97 सीटों में से भाजपा 60, कांग्रेस 34, नेशनलिस्ट कांग्रेस एक और अन्य दो पर आगे है.
चुनाव आयोग के ताज़े रुझानों के अनुसार हिमाचल में बीजीपी पिछड़ने लगी है: कांग्रेस 19, बीजेपी 13, अन्य 3

नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार में तकनीक का ख़ूब इस्तेमाल किया.
जैसे वहां मौसम बदलता है वैसै ही हिमाचल में रुझान बदल रहे हैं. पहले बीजेपी आगे थी, फिर बराबरी हुई और अब कांग्रेस आगे है. आगे क्या होगा?
गुजरात के ताज़ा रुझान: भाजपा-79, कांग्रेस-43, नेशनलिस्ट कांग्रेस- 01, अन्य-02
हिमाचल में 22 सीटों पर कांग्रेस आगे हो चुकी है, बीजेपी 14 पर और अन्य 4 पर आगे हैं. यह चुनाव आयोग के मुताबिक है
हमीरपुर से हिमाचल के मुख्य मंत्री पीके धूमल आगे हैं
गुजरात से अपडेट- भाजपा 92 पर, कांग्रेस 47 पर आगे चल रही है.
हिमाचल के ताज़ा रुझान: कुल 50, कांग्रेस 28, बीजेपी 18, अन्य 4
गुजरात में अब 159 सीटों के रुझान सामने आ गए हैं. भाजपा 105, कांग्रेस 49, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी एक और अन्य चार सीटों पर आगे हैं.
हमें आत्मअवकोलकन की आवश्यकता है.- अभिषेक मनु सिंघवी, कांग्रेस प्रवक्ता
गुजरात अपडेट: 175 सीटों के रुझान सामने आए हैं. भाजपा 109 सीटों पर, कांग्रेस 61, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी एक और अन्य चार सीटों पर आगे हैं.
वीरभद्र सिंह: मुझे पूरा भरोसा है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी.
हिमाचल में 58 रुझान आए हैं. 30 सीटों पर कांग्रेस आगे हैं, 23 में बीजेपी और एक पर सीपीएम, चार पर अन्य आगे हैं

अहमदाबाद में एक मतगणना केंद्र के बाहर उत्सुक भीड़
हिमाचल से 62 के रुझान सामने आए हैं. बीजेपी 24 पर आगे हैं जबकि कांग्रेस 33 पर
शिमला से सीपीएम के प्रत्याशी आगे हैं लेकिन कांग्रेस के उम्मीदवार कुछ खास पीछे नहीं है.
गुजरात से ताज़ा अपडेट: 181 में से भाजपा 116 और कांग्रेस 61 पर आगे चल रही है
चुनाव आयोग के अनुसार अभी दोनो राज्यों में कोई नतीजा नहीं आया है.
वीरभद्र सिंह: मैं इस समय ये नहीं कह सकता कि मैं मुख्यमंत्री पद का दावेदार बनूँगा या नहीं.
हिमाचल के दोनों पड़ोसी राज्यों हरियाणा और पंजाब में वही पार्टी दोबारा सत्ता में आई थी. लेकिन धूमल की बीजेपी का ऐसा करना फिलहाल तो मुश्किल लग रहा है
मणिनगर में नरेंद्र मोदी श्वेता भट्ट से क़रीब 48 हज़ार वोटों से आगे चल रहे हैं.
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल छह हज़ार वोटों से आगे हैं.
नरेद्र मोदी अपने चुनावी क्षेत्र में श्वेता भट्ट से 56,000 से अधिक वोटो से आगे हैं
शिमला में कांटे की टक्कर जारी है. कांग्रेस के हरीश बीजेपी के सुरेश भारद्वाज से कुछ ही वोटों से आगे हैं.
कांग्रेस इस समय हिमाचल में 36 सीटों पर आगे है, बीजेपी 26 पर. रुझान 65 सीटों के आए हैं
हिमाचल से पहले घोषित नतीजे में बैजनाथ से कांग्रेस के किशोरी लाल जीत गए हैं.
शिमला ग्रामीण से वीरभद्र अपनी बढ़त बनाए हुए हैं, शिमला क्षेत्र मे बीजेपी के सुरेश भारद्वाज आगे हैं

अहमदाबाद में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है.
पी चिदंबरम- गुजरात में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया है. अगर भाजपा 117 से कम सीट जीतती है, तो ये हमारी जीत होगी.
एएनआई न्यूज़: नरेंद्र मोदी ने अपने निवास के बाहर जमा भीड़ के लिए मिठाई भेजी.
हिमाचल में कांग्रेस के वीरभद्र सिंह, विद्या सटोक्स और कौल सिंह अपने अपने क्षेत्रों में बढ़त बनाए हुए हैं
हिमाचल के थियोग से कांग्रेस की विद्या स्टोक्स 3,000 से अधिक वोटों से आगे हैं
भाजपा के मुख़्तार अब्बास नक़वी: जो जीता, वो ही सिकंदर
हिमाचल से दो और परिणाम: नाहन से बीजेपी के राजीव बिंदल और पौंटा साहिब से आज़ाद उम्मीदवार किरनेश सिंह जीते हैं
गुजरात अपडेट: सभी 182 सीटों के रुझान हासिल हुए. भाजपा 117 और कांग्रेस 60 सीटों पर आगे है.
हिमाचल से पांच नतीजे आए हैं जिनमें से बीजेपी और कांग्रेस को दो-दो सीटें मिली हैं जबकि अन्य के खाते में एक सीट आई है
हिमाचल अपडेट: कांग्रेस--33 मे आगे, जीते 3. बीजेपी--24 मे आगे, दो में जीत. अन्य--पांच में आगे 1 में जीत

गुजरात में नतीजे आने शुरू. पहली तीन सीटें भाजपा के खाते में.
हिमाचल से आठ नतीजे आए हैं जिनमें से कांग्रेस ने 5, बीजेपी ने 2 और अन्य ने एक सीट जीती है
प्रेम कुमार धूमल: हम जनता के फ़ैसले का सम्मान करते हैं.
हिमाचल के हमीरपुर से मुख्यमंत्री धूमल जीत गए हैं लेकिन पार्टी कांग्रेस से पिछड़ रही है
वीरभद्र सिंह: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री का नाम सोनिया गांधी तय करेंगी.
तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता ने गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को फ़ोन करके बधाई दी.
पीटीआई: गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिनगर में जीत हासिल की. उन्होंने श्वेता भट्ट को 86 हज़ार से ज़्यादा मतों से मात दी.
गुजरात अपडेट: छह सीटों के नतीजे जारी. सभी छह पर भाजपा की जीत.
ज़ी न्यूज़: नरेंद्र मोदी की माँ ने कहा, मेरे बेटे को अब पीएम बनना चाहिए.

गुजरात में भाजपा समर्थक सड़कों पर उतरे. तस्वीर: राजेश जोशी, बीबीसी संवाददाता
हिमाचल से 25 नतीजें आ चुके हैं. कांग्रेस ने 15 सीटें जीती हैं, बीजेपी ने 8 और अन्य ने दो
श्वेता भट्ट: कांग्रेस जितना समर्थन कर सकती थी, उतना किया.
गुजरात में भाजपा ने सात और कांग्रेस ने तीन सीटें जीती.
एएनआई न्यूज़: नितिन गडकरी ने कहा, गुजरात की जनता ने पाँचवीं बार भाजपा को और तीसरी बार नरेंद्र मोदी को चुना है.
बीजेपी के सुरेश भारद्वाज ने शिमला सीट जीत ली है; कांग्रेस के हरीश केवल 628 वोटों से हारे
हिमाचल के नतीजे तेज़ी से आते हुए. कुल घोषित 37 में से कांग्रेस ने 22 सीटें जीती हैं, बीजेपी को 13 और अन्य को दो सीटें मिली हैं
गुजरात अपडेट: भाजपा 18 और कांग्रेस छह सीटों पर विजयी.
हिमाचल के मुख्यमंत्री पद के कांग्रेस के दावेदार वीरभद्र सिंह शिमला ग्रामीण से 20,000 वोटों से जीत गए हैं. यह सबसे बड़ी जीतों में से एक है