पटना के हादसे पर शोक, सरकार पर आरोप

पटना में छठ पूजा के दौरान हुए हादसे पर विभिन्न राजनीतिक दलों और कई लोगों ने गहरा दुख जताया है.
राजनीतिक दलों ने घटना की सीबीआई जाँच करवाने की मांग की है. हालांकि सरकार की ओर से हादसे की वजह जानने के लिए गृह सचिव से जाँच करवाने के आदेश दिए हैं.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों और घायलों को मुआवज़ा देने की घोषणा की है.
पटना में छठ पूजा के दौरान सोमवार शाम हुई <link type="page"> <caption> भगदड़ में 17 लोगों की मौत</caption> <url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/india/2012/11/121119_patna_chhath_death_arm.shtml" platform="highweb"/> </link> हो गई है जबकि काफी लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है.
मारे जाने वाले लोगों में नौ बच्चे शामिल हैं. अपुष्ट खबरों के अनुसार मृतकों की संख्या 21 तक हो सकती है.
संवेदना
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने घटना पर दुख जताते हुए मारे गए लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की है.
वहीं कांग्रेस पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष चौधरी महबूब अली कैसर और पार्टी प्रवक्ता एचके वर्मा ने घटना के लिए बिहार सरकार को दोषी ठहराया है.
इन लोगों ने घटना की सीबीआई चांच की मांग की है और राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से नैतिकता के आधार पर त्यागपत्र देने की मांग की है.
वहीं स्थानीय सांसद और भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. उनका कहना है कि दोषी पाए गए लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.
इस बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. पार्टी के वरिष्ठ नेता सुधीर महतो ने दोषी अधिकारियों को दंडित करने की मांग की है.
गृहसचिव करेंगे जाँच
वहीं राष्ट्रीय जनता दल नेता लालू प्रसाद यादव ने भी घटना पर दुख जताया. पत्रकारों से उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार ने पुख्ता इंतजाम की गारंटी दी थी और करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी ये हादसा हो गया.
उन्होंने कहा कि, "नीतीश कुमार ने लोगों को राम भरोसे छोड़ दिया."
इससे पहले, राजद प्रवक्ता रामकृपाल यादव ने भारतीय टेलीविजन चैनल आज तक पर नीतीश सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा “एक दिन पहले नीतीश खुद घाट का मुआयना करने आए थे इसके बावजूद उन्होंने नहीं देखा और इतना बड़ा हादसा हो गया. इसके लिए सरकार जिम्मेदार है.”
महतो ने पीड़ित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा देने की भी राज्य सरकार से मांग की है.
वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी घटना पर दुख जताते हुए घटना की जाँच करवाने की घोषणा की है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुल टूटने से हादसा नहीं हुआ बल्कि भीड़ का रास्ता दूसरे पुल की तरफ कर देने से मची भगदड़ में ये हादसा हुआ. उन्होंने कहा, "भगदड़ क्यो मची और बिजली के तार के गिरने की बात की जांच राज्य के गृह सचिव से कराई जा रही है."
मुख्य मंत्री नीतीश कुमार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की है.
































