
प्रशांत भूषण अरविंद केजरीवाल के साथ हैं
क्या अरविंद केजरीवाल एक अलग ही आंदोलन का नेतृत्व करने जा रहे हैं? क्या वे अन्ना हजारे और किरण बेदी से अलग रास्ता अपना रहे हैं?
अब ऐसे सवाल उठने शुरु हो गए हैं.
सोमवार को संसद के बाहर अरविंद केजरीवाल के प्रदर्शन और जेल भरो आंदोलन को लेकर एक ओर जहाँ अन्ना हजारे ने अपनी अनभिज्ञता जताई, तो दूसरी ओर किरण बेदी ने इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया.
पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल के घेराव को भी किरण बेदी का समर्थन नहीं मिला था.
अन्ना हजारे ने कहा, "मुझे अरविंद केजरीवाल के जेल भरो आंदोलन के बारे में कोई जानकारी नहीं हैं."
इनकार
हालाँकि उन्होंने इससे इनकार किया कि पूर्व में टीम अन्ना कहे जाने वाले ग्रुप के सदस्यों में कोई मतभेद है.
लेकिन किरण बेदी ने अपने को इस जेल भरो आंदोलन से अलग रखते हुए ये ट्वीट किया है कि वे ग़ैर राजनीतिक व्यक्ति हैं और आगे भी ऐसी ही रहेंगी.
किरण बेदी ने आगे लिखा है, "कई ग़ैर राजनीतिक लोगों की स्वतंत्र आवाज़ें मौजूद रहती हैं, जिनका ध्यान मुद्दों पर रहता है. मैं भी उनमें से ही हूँ."
पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल को नेताओं के घरों का घेराव करने में भी किरण बेदी का समर्थन नहीं मिला था.
उस समय ये अफ़वाह उड़ी थी कि किरण बेदी भारतीय जनता पार्टी से जुड़ सकती हैं, जिसे किरण बेदी ने सिरे से ख़ारिज किया था.








