'हीरोइन छोड़ गई, लड़के से फ़िल्म न बनानी पड़े'

इमेज स्रोत, Spice PR
अभिनेता नवाज़ुद्दीन सिद्दीक़ी का कहना है कि उनकी ख़राब क़िस्मत की वजह से ही उनकी फ़िल्म की हीरोइन ने फ़िल्म छोड़ दी.
इन दिनों फ़िल्म 'रमन राघव 2.0' के प्रमोशन में व्यस्त नवाज़ुद्दीन सिद्दीक़ी ने बीबीसी से बातचीत में ऐसा कहा है.
हाल ही में नवाज़ की फ़िल्म ''बाबूमोशाय बंदूकबाज'' की हीरोइन चित्रांगदा सिंह फ़िल्म से अलग हो गई हैं.
चित्रांगदा सिंह के अचानक फ़िल्म छोड़ने पर नवाज़ कहते हैं, ''मेरी किस्मत ऐसी है कि इतनी मुश्क़िल से हीरोइन मिली थी और एक अंतरंग दृश्य को फ़िल्माने के दौरान वो भी छोड़ कर भाग गईं. अब शायद किसी लड़के के साथ ही फ़िल्म बनानी पड़ेगी.''

इमेज स्रोत, Spice PR
हॉलीवुड का रूख करने के बारे में वो कहते हैं, "जिस तरह से पाकिस्तानी कलाकारों को बॉलीवुड का जुनून होता है, उसी तरह बॉलीवुड के कलाकारों को हॉलीवुड का जुनून है.''
उन्होंने कहा, ''जो कलाकार अपने अाप को अाधा अधूरा समझते होंगे या जिनकी गाड़ी यहां नहीं चल रही होगी, वो वहां जाते होंगे."
विश्वस्तरीय सिनेमा के बारे में नवाज़ ने कहा, "विश्व का बेस्ट सिनेमा फिलहाल मराठी फ़िल्म सिनेमा है. एक अर्टिस्ट के तौर पर मैं पहले मराठी फ़िल्में करना चाहूंगा.''

इमेज स्रोत, Spice PR
वो आगे कहते हैं कि हॉलीवुड में भी बॉलीवुड की ही तरह गिन के 4 -5 फ़िल्में अच्छी बनती हैं, बाकी तो प्रोजेक्ट बनते हैं.
वो कहते है कि हॉलीवुड भी उन फ़िल्मों से दर्शकों को अाकर्षित करने की कोशिश करता है और उन्हीं में अफ्रीका, एशिया से कलाकार लिए जाते हैं.
फ़िल्मों के कंटेंट पर टिप्पणी करते हुए नवाज़ ने कहा, "हॉलीवुड में सुपरमैन, स्पाईडरमैन साइंस फिक्शन फ़िल्में ही बनती हैं, जो बच्चों के लिए होती हैं. वहां फिलहाल धारावाहिक अच्छे बन रहे हैं. वहां जाने के लिए पैसा लगता है."
साठ के दशक की मुंबई के सीरियल किलर रमन राघव पर अाधारित फ़िल्म "रमन राघव 2.0" में नवाज़ रमन राघव की भूमिका निभा रहे हैं.

इमेज स्रोत, Spice PR
अपनी इस भूमिका के बारे में नवाज़ कहते हैं, "गब्बर तो काल्पनिक था, लेकिन रमन राघव से तो बच्चे असल में डरते थे."
हालांकि नवाज़ुद्दीन को इस बात की खुशी है कि उनकी फ़िल्म पर सेंसर की कैची नहीं चली.
अनुराग कश्यप द्वारा निर्देशित यह फ़िल्म 24 जून को रिलीज़ हो रही हैं. इस फ़िल्म में विक्की कौशल भी अहम भूमिका मे नज़र अाएंगे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें<link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
































